फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs RCB Highlights: आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया, सॉल्ट और कोहली ने जड़े अर्धशतक

Sun, 13 Apr 2025 06:47 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

RR vs RCB Indian Premier League 2025: आरसीबी ने सॉल्ट और कोहली के शानदार अर्धशतकों की मदद से राजस्थान को नौ विकेट से हराया। कोहली ने इस दौरान सीजन का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। आरसीबी इस जीत के साथ ही अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
कोहली और सॉल्ट - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:47 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: आरसीबी की जीत

आरसीबी ने विराट कोहली और फिल सॉल्ट के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 17.3 ओवर में एक विकेट पर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। आरसीबी के लिए सॉल्ट ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि कोहली 45 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 62 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 28 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 40 रन बनाए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए सॉल्ट और कोहली ने आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई जिससे टीम ने पावरप्ले में ही बिना किसी नुकसान के 60 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। कोहली और सॉल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे जिससे आरसीबी का स्कोर छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 65 रन हो गया था। कोहली और सॉल्ट के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई जिसे कुमार कार्तिकेय ने सॉल्ट को आउट कर तोड़ा। इसके बाद कोहली ने पडिक्कल के साथ पारी आगे बढ़ाई और रन गति को धीमे नहीं पड़ने दिया। 

कोहली ने इस दौरान अर्धशतक पूरा किया। वह टी20 में 100 पचासा लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। कोहली का इस आईपीएल सीजन का यह तीसरा पचासा है। उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की अविजित साझेदारी की। पडिक्कल ने इस दौरान आरसीबी के लिए 1000 रन पूरे किए। वह कोहली के बाद ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। राजस्थान के लिए एकमात्र विकेट कार्तिकेय ने लिया, जबकि अन्य गेंदबाज खाली हाथ रहे। 

06:30 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: कोहली का पचासा

राजस्थान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने अर्धशतक जड़ दिया है। कोहली का इस आईपीएल सीजन का यह तीसरा पचासा है। यह कोहली का टी20 में 100वां पचासा है। कोहली और पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। आरसीबी ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 146 रन बना लिए हैं। आरसीबी को अब 30 गेंदों पर 28 रन बनाने हैं। 

06:18 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: आरसीबी का स्कोर 100 के पार

राजस्थान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। सॉल्ट के आउट होने के बाद आरसीबी की पारी धीमी पड़ गई है। आरसीबी ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 106 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
06:07 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: आरसीबी को लगा पहला झटका

कुमार कार्तिकेय ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया। सॉल्ट आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे। हालांकि, बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। सॉल्ट ने कोहली के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 92 रन जोड़े। वह 33 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। 

06:02 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: सॉल्ट का अर्धशतक

आरसीबी के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। सॉल्ट ने 28 गेंदों पर आईपीएल करियर का अपना आठवां अर्धशतक पूरा किया। सॉल्ट की आतिशी बल्लेबाजी से आरसीबी का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है। 

विज्ञापन
05:54 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: आरसीबी का स्कोर 60 के पार

फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई है। राजस्थान ने आरसीबी के सामने 174 रनों का लक्ष्य रखा है। कोहली और सॉल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे आरसीबी का स्कोर छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 65 रन हो गया है। आरसीबी को अब जीत के लिए 84 गेंदों पर 109 रन चाहिए। 

05:35 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: आरसीबी की तेज शुरुआत

राजस्थान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने तेज शुरुआत की है। आरसीबी के लिए विराट कोहली और फिल सॉल्ट बल्लेबाजी के लिए आए हैं। सॉल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

05:10 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान की पारी समाप्त

राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की मदद से आरसीबी को 174 रनों का लक्ष्य दिया है। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। यशस्वी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाए जिससे राजस्थान 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाने में सफल रहा। यशस्वी के अलावा राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने 23 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत धीमी रही। यशस्वी और कप्तान संजू सैमसन के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन क्रुणाल पांड्या ने सैमसन को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया। सैमसन 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी और रियान पराग ने दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की, लेकिन यश दयाल ने रियान को आउट कर दिया। रियान 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

यशस्वी ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। यशस्वी एक छोर से पारी को संभाले हुए थे, लेकिन हेजलवुड ने यशस्वी को एलबीडब्ल्यू कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। शिमरॉन हेटमायर इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। शिमरॉन नौ रन बनाकर आउट हुए। अंत में जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे राजस्थान 170 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। नीतीश राणा एक गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर, यश दयाल, जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या को एक-एक विकेट मिले। 
 

05:01 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान का स्कोर 150 के पार

आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। राजस्थान के लिए शिमरॉन हेटमायर और ध्रुव जुरेल क्रीज पर मौजूद हैं।

04:50 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को लगा तीसरा झटका

जोश हेजलवुड ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को तीसरा झटका दिया है। यशस्वी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे, लेकिन हेजलवुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। यशस्वी 47 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। 

04:42 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान का स्कोर 110 के पार

आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 110 के पार पहुंच गया है। राजस्थान के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे टीम ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। 

04:31 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को लगा दूसरा झटका

यश दयाल ने रियान पराग को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका दिया। रियान अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कोहली को आसान सा कैच थमा बैठे। रियान ने 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। 

04:26 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: यशस्वी का अर्धशतक

राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आरसीबी के खिलाफ 35 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। यशस्वी का यह इस आईपीएल सीजन का दूसरा पचासा है। राजस्थान ने 13 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 104 रन बना लिए हैं। 

04:18 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान का स्कोर 75 के पार

आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 10 ओवर के बाद एक विकेट पर 77 रन हो गया है। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल और रियान पराग क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी को सैमसन के रूप में एक सफलता मिली है। 

04:03 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को पहला झटका लगा

राजस्थान को पहला झटका संजू सैमसन के रूप में लगा। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने अपना शिकार बनाया। वह 15 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रियान पराग और यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 50/1 है।

03:59 PM, 13-Apr-2025

IPL Live Score RR vs RCB: पावरप्ले समाप्त हुआ

राजस्थान ने आरसीबी के खिलाफ सधी शुरुआत की है और पावरप्ले समाप्त होने के बाद उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 45 रन है। आरसीबी के गेंदबाज पावरप्ले के दौरान कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। 

03:44 PM, 13-Apr-2025

IPL Live Score RR vs RCB: राजस्थान की धीमी शुरुआत

आरसीबी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने धीमी शुरुआत की है। राजस्थान ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 19 रन बनाए हैं। संजू सैमसन और यशस्वी क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:31 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू

आरसीबी के खिलाफ राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर उतरे हैं। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

03:14 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: हरी जर्सी पहनकर उतरी आरसीबी

आरसीबी की टीम रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में हरी जर्सी में खेलने उतरी है। इससे पहले भी यह टीम हर सीजन कम से कम एक मैच हरी जर्सी में खेलती है। दरअसल, बेंगलुरु की टीम पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए हरे रंग की जर्सी पहनकर खेलती है। आरसीबी ने 2011 में पहली बार हरी जर्सी में मैच खेला था। 2011 से आरसीबी ने 'गो ग्रीन' नाम की इस पहल को जारी रखा हुआ है। यह कदम ग्लोबल वार्मिंग के बारे लोगों को जागरूक करने के लिए उठाया गया है।

03:06 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेत्मायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे। 
इम्पैक्ट प्लेयरः शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह चरक, फजलहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, कुणाल सिंह राठौर। 

आरसीबीः फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयरः देवदत्त पडिक्कल, राशिख डार सलाम, मनोज भांडगे, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह।
 

03:01 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: आरसीबी ने जीता टॉस

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। आरसीबी ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है। राजस्थान ने इस मैच के लिए एक बदलाव किया है और फारूकी की जगह वानिंदु हसरंगा की वापसी हुई है। 

02:34 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: आरसीबी प्लेइंग-11 में करेगी बदलाव?

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने बताया था कि वानिंदु हसरंगा दोबारा टीम से जुड़ गए हैं और वह आरसीबी के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध होंगे। आरसीबी इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करेगी इसकी संभावना कम है। हालांकि, उसके पास लियाम लिविंगस्टोन की जगह जैकब बेथेल को मौका देने का अवसर रहेगा। अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश में लगी आरसीबी के पास जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, लेकिन स्पिन गेंदबाजों को थोड़ा और निरंतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।

02:24 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: आर्चर से निपटने की होगी चुनौती

आरसीबी के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट और कोहली के सामने राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से निपटने की चुनौती होगी। आईपीएल के इस सत्र के शुरुआती मैच में इस लीग में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बने आर्चर ने लय में वापसी कर ली है। उनकी तेज रफ्तार गेंदें पिछले दो मैचों से कहर बरपा रहीं हैं। उन्होंने  गुजरात टाइटंस के खिलाफ 152.3 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी। आर्चर के सामने कोहली और सॉल्ट की आक्रामक जोड़ी को रोकने की चुनौती होगी। आर्चर के अलावा राजस्थान के लिए गेंदबाजी में सिर्फ संदीप शर्मा ही प्रभावित कर सके हैं।

02:20 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Live: तिलिस्म तोड़ रही है आरसीबी

आरसीबी की टीम इस सीजन अच्छी फॉर्म में दिखी है और उसने मुंबई इंडियंस को 10 साल बाद वानखेड़े, चेन्नई सुपर किंग्स को 17 साल में पहली बार चेपॉक पर और गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को ईडेन गार्डेंस पर हराया था। राजस्थान को अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि आरसीबी को दिल्ली कैपिटल्स ने मात दी थी। राजस्थान के लिए आरसीबी को हराना आसान नहीं होगा क्योंकि उसके पास विराट कोहली जैसा स्टार बल्लेबाज है जो इस वक्त फॉर्म में चल रहा है। 

02:16 PM, 13-Apr-2025

RR vs RCB Highlights: आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया, सॉल्ट और कोहली ने जड़े अर्धशतक

IPL Live Cricket Score, RR vs RCB Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज राजस्थान का सामना आरसीबी से हो रहा है। दोनों टीमों ने अपने पिछले मुकाबले गंवाए थे और इनकी नजरें जीत की पटरी पर लौटने की होंगी। मैच के दौरान विराट कोहली पर भी नजरें रहेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें