पिछले साल फाइनल में पहुंचने वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम इस बार प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई। उसे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने 112 रनों से हरा दिया। इस हार के बाद राजस्थान की टीम छठे स्थान पर खिसक गई। उसके 13 मैच में छह जीत और सात हार के बाद 12 अंक हैं। राजस्थान का नेट रनरेट +0.140 है। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ 19 मई को अपने आखिरी लीग में बड़ी जीत हासिल करनी होगी। साथ ही अन्य टीमों के प्रदर्शन पर भी नजर रखनी होगी।
आरसीबी की बात करें तो इस जीत ने उसे प्लेऑफ की दौड़ में कायम रखा है। उसके 12 मैच में 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में पांचवे स्थान पर पहुंच गई है। आरसीबी का नेट रनरेट +0.166 है। उसे 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है। अगर दोनों मैचों में आरसीबी की टीम जीत लेती है तो प्लेऑफ में पहुंच सकती है।
राजस्थान की सबसे बड़ी हार
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में राजसअथान की टीम 10.3 ओवर में 59 रन पर सिमट गई। आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स की यह सबसे बड़ी हार है।
बल्लेबाजों ने डुबोई लुटिया
राजस्थान के लिए शिमरॉन हेटमायर और जो रूट को छोड़कर कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। हेटमायर ने 19 गेंद पर 35 और जो रूट ने 15 गेंद पर 10 रन बनाए। राजस्थान के पांच बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए। इनमें यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, रविचंद्रन अश्विन, केएम आसिफ और संदीप शर्मा शामिल हैं। संजू सैमसन और देवदत्त पडिक्कल ने चार-चार रन बनाए। एडम जम्पा दो और ध्रुव जुरेल एक रन बनाकर पवेलियन लौटे।
आरसीबी के गेंदबाजों ने बरपाया कहर
मोहम्मद सिराज ने पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल को आउट कर आरसीबी के खिलाड़ियों में जोश भर दिया। इसके बाद तो आरसीबी के सभी गेंदबाजों ने खतरनाक गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के वेन पार्नेल ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। माइकल ब्रैसवेल और कर्ण शर्मा को दो-दो सफलता मिली। सिराज और ग्लेन मैक्सवेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
डुप्लेसिस-मैक्सवेल ने लगाया अर्धशतक
इससे पहले, आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने अर्धशतक लगाया। अनुज रावत ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को 170 रन के पार पहुंचाया। डुप्लेसिस ने 55 और मैक्सवेल ने 54 रन बनाए। अनुज रावत ने 11 गेंद पर नाबाद 29 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। विराट कोहली 18 रन बनाए। माइकल ब्रैसवेल नौ गेंद पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। दिनेश कार्तिक का खाता नहीं खुला और महिपाल लोमरोर एक रन ही बना सके। राजस्थान के लिए केएम आसिफ और एडम जम्पा ने दो-दो विकेट लिए। संदीप शर्मा को एक सफलता मिली।
शिमरॉन हेटमयार के रूप में राजस्थान को आठवां झटका लगा। ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर माइकल ब्रैसवेल ने उनका कैच लिया। हेटमायर ने 19 गेंद पर 34 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और चार छक्के लगाए। हेटमायर के बाद 11वें ओवर की पहली गेंद पर कर्ण शर्मा ने एडम डम्पा को क्लीन बोल्ड कर दिया। जम्पा ने छह गेंद पर दो रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स को छठा झटका सातवें ओवर में लगा। माइकल ब्रैसवेल ने ध्रुव जुरेल को आउट कर दिया। जुरेल सात गेंद पर एक रन ही बना सके। बाउंड्री पर महिपाल लोमरोर ने उनका कैच लिया। जुरेल के बाद रविचंद्रन अश्विन आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। वह गेंद खेले बिना ही रन आउट हो गए। राजस्थान ने आठ ओवर में सात विकेट पर 50 रन बनाए हैं। शिमरॉन हेटमायर 13 गेंद पर 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। एडम जम्पा को अभी अपना खाता खोलना है।
जो रूट आईपीएल का आईपीएल में यह तीसरा मैच था और उन्हें पहली बार बल्लेबाजी का मौका मिला। वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके। रूट 15 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक चौका लगाया। रूट को वेन पार्नेल ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पावरप्ले में पांच विकेट गंवा दिए। उसने छह ओवर में 28 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स को चौथा झटका देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। वह पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर माइकल ब्रैसवेल का शिकार बन गए। पडिक्कल चार गेंद पर चार रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक चौका लगाया। राजस्थान ने पांच ओवर में चार विकेट पर 26 रन बनाए हैं। जो रूट 13 गेंद पर नौ और शिमरॉन हेटमायर चार गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद हैं।
राजस्थान रॉयल्स को दूसरे ओवर में दो झटके लगे। वेन पार्नेल ने दूसरी गेंद पर जोस बटलर को आउट कर दिया। बटलर खाता नहीं खोल पाए। मोहम्मद सिराज ने उनका कैच लिया। बटलर के बाद कप्तान संजू सैमसन भी आउट हो गए। चौथी गेंद पर पार्नेल ने उन्हें अनुज रावत के हाथों कैच करा दिया। सैमसन पांच गेंद पर चार रन ही बना सके। उन्होंने एक चौका लगाया। राजस्थान ने दो ओवर में तीन विकेट पर 11 रन बनाए हैं। देवदत्त पडिक्कल चार और जो रूट एक रन बनाकर नाबाद हैं।
राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका पहले ही ओवर में लगा। मोहम्मद सिराज ने दूसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को आउट कर दिया। जायसवाल ने दो गेंदों का सामना किया। वह खाता नहीं खोल पाए। विराट कोहली ने जायसवाल का कैच लिया। उनके आउट होने के बाद कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर जोस बटलर खड़े हैं।
आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए 172 रन का लक्ष्य दिया है। उसने 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए। आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने अर्धशतक लगाया। अनुज रावत ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को 170 रन के पार पहुंचाया। डुप्लेसिस ने 55 और मैक्सवेल ने 54 रन बनाए। अनुज रावत ने 11 गेंद पर नाबाद 29 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। विराट कोहली 18 रन बनाए। माइकल ब्रैसवेल नौ गेंद पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। दिनेश कार्तिक का खाता नहीं खुला और महिपाल लोमरोर एक रन ही बना सके। राजस्थान के लिए केएम आसिफ और एडम जम्पा ने दो-दो विकेट लिए। संदीप शर्मा को एक सफलता मिली।
आरसीबी को दोहरा झटका एडम जम्पा ने दिया। उन्होंने 16वें ओवर की पहली गेंद पर महिपाल लोमरोर को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। लोमरोर दो गेंद पर एक रन ही बना सके। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए दिनेश कार्तिक भी फेल हो गए। कार्तिक को जम्पा ने तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। वह दो गेंदों का सामना करने के बाद खाता नहीं खोल पाए। आरसीबी ने 16 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाए हैं।
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में यह उनका सातवां अर्धशतक है। वह अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। डुप्लेसिस ने 44 गेंद पर 55 रन बनाए। इस दौरान तीन चौके और दो छक्के लगाए। केएम आसिफ की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने डुप्लेसिस का कैच लिया।
विराट कोहली के बाद फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने पारी को संभाल लिया है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 30 रन से ज्यादा की साझेदारी कर ली है। आरसीबी ने 12 ओवर में एक विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। डुप्लेसिस 37 गेंद पर 42 रन और मैक्सवेल 16 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद हैं।
आरसीबी को पहला झटका सातवें ओवर में लगा। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली केएम आसिफ का शिकार बन गए। यशस्वी जायसवाल ने उनका कैच लिया। कोहली ने 19 गेंद पर 18 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ एक चौका लगाया। कोहली के आउट होने के बाद ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर आए। आरसीबी ने आठ ओवर में एक विकेट पर 61 रन बना लिए हैं।
आरसीबी के पारी के छह ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने बिना किसी नुकसान के 42 रन बना लिए हैं। कप्तान फाफ डुप्लेसिस 19 गेंद पर 23 और विराट कोहली 17 गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आरसीबी की पारी शुरू हो गई है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस के साथ विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। आरसीबी ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के नौ रन बना लिए हैं। विराट चार गेंद पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर नाबाद हैं। डुप्लेसिस ने दो गेंद पर नाबाद दो रन बनाए हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेटमेयर, रविचंद्रन अश्विन, एडम जम्पा, संदीप शर्मा, केएम आसिफ, युजवेंद्र चहल।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, वेन पार्नेल, कर्ण शर्मा, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। जोश हेजलवुड की जगह वेन पार्नेल और वनिंदु हसरंगा की जगह माइकल ब्रैसवेल की वापसी हुई है। राजस्थान की बात करें तो ट्रेंट बोल्ट की जगह एडम जम्पा को चुना गया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 60वें मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की चुनौती है। दोनों टीमें जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच अहमद है। जीतने वाली टीम के लिए आगे की राह आसान होगी। वहीं, हारने पर बाहर होने का खतरा बढ़ जाएगा।