आईपीएल के 13वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम ने 19.1 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद की तूफानी पारी ने राजस्थान के हाथों से मैच छीन लिया।
एक वक्त बैंगलोर की टीम ने 12.3 ओवर में 87 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कार्तिक और शाहबाज ने 33 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी कर मैच बैंगलोर की झोली में डाल दिया। कार्तिक 23 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शाहबाज ने 26 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।
यह इस आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की पहली हार है। टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक की बदौलत प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है। वह नेट रन रेट में सबसे आगे है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार और चार अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।
18वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे शाहबाज अहमद को बोल्ड किया। हालांकि, बोल्ड होने से पहले शाहबाज ने 26 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन की बेहतरीन पारी खेली। बैंगलोर को अब 12 गेंदों पर 15 रन की जरूरत है। फिलहाल दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल क्रीज पर हैं।
16 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पांच विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। फिलहाल शाहबाज अहमद 19 गेंदों पर 31 रन और दिनेश कार्तिक 15 गेंदों पर 33 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बैंगलोर को 24 गेंदों पर 32 रन की जरूरत है।
14 और 15 ओवर को मिलाकर बैंगलोर ने 37 रन बटोरे। 14वें ओवर में अश्विन ने 21 और 15वें ओवर में नवदीप सैनी ने 16 रन लुटाए। दिनेश कार्तिक के आने के बाद से मैच का रुख बैंगलोर की ओर मुड़ गया है। फिलहाल शाहबाज अहमद 15 गेंदों पर 20 रन और दिनेश कार्तिक 13 गेंदों पर 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
14 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पांच विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक नौ गेंदों पर 20 रन और शाहबाज अहमद 13 गेंदों पर 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 14वें ओवर में रविचंद्रेन अश्विन ने 21 रन लुटाए। इस ओवर में कार्तिक ने तीन चौके और एक छक्का लगाया।
13वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने शेरफेन रदरफोर्ड को नवदीप सैनी के हाथों कैच कराया। रदरफोर्ड 10 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद बैंगलोर ने पांच विकेट गंवाकर 88 रन बना लिए हैं। फिलहाल शाहबाज अहमद और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं।

रदरफोर्ड को आउट करने के बाद बोल्ट को बधाई देते साथी खिलाड़ी
नौवें ओवर में युजवेंद्र चहल अपनी पुरानी टीम के खिलाफ गेंदबाजी के लिए। उनके सामने तब विराट कोहली और डेविड विली थे। इस ओवर की चौथी गेंद पर विली ने शॉट लगाया। फिर कोहली रन लेने के लिए दौड़ पड़े। तब तक सैमसन के थ्रो पर चहल ने कोहली को रन आउट कर दिया। कोहली छह गेंदों पर पांच रन बना सके। चहल ने अपने पुराने कप्तान को चलता किया। इसकी अगली गेंद पर उन्होंने डेविड विली को क्लीन बोल्ड किया। विली शून्य पर आउट हुए। 11 ओवर के बाद बैंगलोर ने चार विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेरफेन रदरफोर्ड चार और शाहबाज अहमद एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
आठवें ओवर में 61 के स्कोर पर बैंगलोर को दूसरा झटका लगा। नवदीप सैनी ने अनुज रावत को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। रावत 25 गेंदों पर 26 रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और डेविड विली क्रीज पर हैं।
सातवें ओवर में 55 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पहला झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने अपनी पुरानी टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को ट्रेंट बोल्ट के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस 20 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल विराट कोहली और अनुज रावत क्रीज पर हैं।

पांच ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बिना कोई विकेट गंवाए 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल फाफ डुप्लेसिस 12 गेंदों पर 18 रन और अनुज रावत 18 गेंदों पर 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
एक ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान फाफ डुप्लेसिस और अनुज रावत क्रीज पर हैं। राजस्थान ने बैंगलोर के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा है।
राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेविड विली ने क्लीन बोल्ड किया। यशस्वी छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 70 रन की साझेदारी निभाई।
इस दौरान राजस्थान की पारी के सातवें ओवर में बटलर को दो जीवनदान मिले। एक कैच खुद अपनी बॉलिंग पर आकाश दीप ने और एक कैच डेविड विली ने छोड़ी। इसकी अगली ही गेंद पर बटलर ने छक्का लगाकर बैंगलोर के जख्म पर नमक छिड़का। पडिक्कल और बटलर की साझेदारी को हर्षल पटेल ने तोड़ा। हर्षल ने पडिक्कल को कोहली के हाथों कैच कराया।
पडिक्कल 29 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। सैमसन हसरंगा को ब्लफ करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हसरंगा ने उन्हें अपनी मिस्ट्री गेंद पर उलझा लिया। 86 पर तीन विकेट गिरने के बाद बटलर ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर राजस्थान को 20 ओवर में 169 रन तक पहुंचाया।
इस बीच बटलर ने आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। वह 47 गेंदों पर 70 रन बनाकर नाबाद रहे। इसमें छह छक्के शामिल हैं। बटलर ने एक भी चौका नहीं लगाया। उन्होंने हेटमायर के साथ 51 गेंदों पर 83 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में दोनों ने मिलकर 66 रन बनाए।
आखिरी ओवर में बटलर और हेटमायर ने मिलकर 23 रन बटोरे। हेटमायर 31 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। बैंगलोर की ओर से डेविड विली, हसरंगा और हर्षल को एक-एक विकेट मिला।
16 ओवर के बाद राजस्थान ने तीन विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर 36 गेंदों पर 39 रन और शिमरोन हेटमायर 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बैंगलोर के गेंदबाजों ने अब तक अपनी लाइन लेंथ टाइट रखी है और राजस्थान के बल्लेबाजों को खुलकर बल्लेबाजी करने नहीं दी है।
12वें ओवर में 86 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स टीम को तीसरा झटका लगा। वनिंदु हसरंगा ने कप्तान संजू सैमसन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। सैमसन हसरंगा को ब्लफ करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हसरंगा ने उन्हें अपनी मिस्ट्री गेंद पर उलझा लिया। सैमसन आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हसरंगा फुटबॉलर नेमार स्टाइल में जश्न भी मनाया। 13 ओवर के बाद राजस्थान ने तीन विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिमरोन हेटमायर एक रन और जोस बटलर 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

हसरंगा का नेमार सेलिब्रेशन
10वें ओवर में 76 के स्कोर पर राजस्थान को दूसरा झटका लगा। हर्षल पटेल ने देवदत्त पडिक्कल को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। पडिक्कल अपनी पुरानी टीम के खिलाफ 29 गेंदों पर 37 रन बना सके। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। पडिक्कल और जोस बटलर के बीच 49 गेंदों पर 70 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल कप्तान संजू सैमसन और जोस बटलर क्रीज पर हैं।
नौ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने एक विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 25 गेंदों पर 36 रन और जोस बटलर 23 गेंदों पर 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी हो चुकी है। बटलर को सातवें ओवर में दो जीवनदान मिले थे। आकाश दीप और डेविड विली ने उनके कैच छोड़े।
सातवें ओवर में जोस बटलर को दो जीवनदान मिले। आकाश दीप इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। पहले ही गेंद पर आकाश दीप ने अपनी गेंद पर कैच छोड़ा। इसके बाद इस ओवर की चौथी गेंद पर डेविड विली ने बटलर का कैच छोड़ दिया। तब बटलर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसकी अगली ही गेंद पर बटलर ने छक्का लगाकर बैंगलोर के जख्मों पर नमक छिड़क दिया। सात ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 47 रन है। पडिक्कल 20 रन और बटलर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

छह ओवर यानी पावरप्ले के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 35 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 16 गेंदों पर 19 रन और जोस बटलर 14 गेंदों पर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। राजस्थान ने आज धीमी शुरुआत की है।
तीन ओवर के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 17 रन बना लिए हैं। तीसरे ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल ने लंबा छक्का लगाया। पडिक्कल पिछले दो सीजन बैंगलोर की टीम से ही खेले थे। हालांकि, इस साल मेगा ऑक्शन में बैंगलोर ने उन्हें नहीं खरीदा और राजस्थान ने उन्हें खरीद लिया। फिलहाल पडिक्कल पांच गेंदों पर नौ रन और जोस बटलर सात गेंदों में तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दूसरे ही ओवर में छह के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका लगा। डेविड विली ने यशस्वी जायसवाल को क्लीन बोल्ड किया। यशस्वी छह गेंदों पर चार रन बना सके। फिलहाल जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। पडिक्कल पिछले सीजन बैंगलोर की ही टीम में थे।
विली को बधाई देते साथी खिलाड़ी
राजस्थान के ओपनर जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल मैदान पर हैं। बटलर ने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ा था। वहीं, बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज ने पहले ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए दो रन है।
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, नवदीप सैनी, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहबाज अहमद, वनिन्दु हसरंगा, डेविड विली, हर्षल पटेल, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। बैंगलोर ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। आरसीबी के चार विदेशी खिलाड़ी डुप्लेसि, शेरफेन रदरफोर्ड, वनिंदु हसरंगा और डेविड विली हैं। वहीं, राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने भी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। राजस्थान टीम तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ ही मैदान पर उतरी है। इसमें जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में एक साइड 62 मीटर और दूसरा साइड 64 मीटर का है। स्ट्रेट बाउंड्री 74 मीटर लंबी है। सुनील गावस्कर ने मैच से पहले बताया कि इस सीजन पहले के मैचों में पहले छह ओवरो में विकेट ज्यादा गिरती थी, लेकिन आज पिच पर घास है। इससे बल्लेबाजों को रन बनाना आसान होगा।।
इसके अलावा स्पिनरों को भी ज्यादा मदद मिलेगी। इसमें भी पहली पारी में स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिल सकती है। गावस्कर के मुताबिक 180 के करीब रन बन सकते हैं। थोड़ी देर में टॉस होगा और इसे जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।

आज का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला बैंगलोर के बल्लेबाजों और राजस्थान के स्पिनर युजवेंद्र चहल के बीच देखने को मिलेगा। चहल इससे पहले आठ सीजन बैंगलोर में गुजार चुके हैं। वह वहां के स्ट्राइक गेंदबाज थे। हालांकि, इस सीजन से पहले उन्हें फ्रेंचाइजी ने रिटेन नहीं किया और मेगा ऑक्शन में राजस्थान ने उन्हें खरीदा। चहल से फ्रेंचाइजी के मालिकों से सैलरी को लेकर अनबन की भी खबर सामने आई थी। ऐसे में आज चहल और बैंगलोर टीम के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।
आरसीबी की गेंदबाजी की अगुवाई श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा कर रहे हैं। उनके अलावा डेविड विली, आकाश दीप और मोहम्मद सिराज को भी पिछले मैच की तरह अच्छा प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी को अगर राजस्थान के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना है तो डेथ ओवरों के विशेषज्ञ हर्षल पटेल को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
आरसीबी के लिए गेंदबाजी से अधिक बल्लेबाजी चिंता का विषय है। सलामी बल्लेबाज अनुज रावत निरंतरता नहीं दिखा पा रहे हैं, जबकि डुप्लेसी को फिर से बड़ा स्कोर बनाने की जरूरत होगी। वहीं कोहली भी अपने शानदार फॉर्म को आगे बढ़ाना चाहेंगे।
राजस्थान की तरफ से सलामी बल्लेबाज जोस बटलर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं । उन्होंने शनिवार को मुंबई के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। हालांकि उन्हें यशस्वी और देवदत्त पडिक्कल से सहयोग की जरूरत पड़ेगी। पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन मुंबई के खिलाफ अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए थे।
सैमसन अपने नेतृत्व करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। वहीं वेस्टइंडीज के बल्लेबाज हेतमायर ने पहले दोनों मैचों में ताबड़तोड़ रन जुटाए। ये पांचों बल्लेबाज आरसीबी के गेंदबाजों के लिये मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा और नवदीप सैनी ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि स्पिनर अश्विन और चहल के आठ ओवर बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) से है। संजू सैमसन की राजस्थान टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। उसने अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है। आज संजू की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी। वहीं, बैंगलोर की टीम दो मैचों में एक जीत और एक हार के बाद दो अंकों के साथ सातवें नंबर पर है। बैंगलोर के लिए आज सबसे बड़ी चुनौती युजवेंद्र चहल होंगे, जो पिछले साल तक आरसीबी के लिए ही खेल रहे थे। इस साल मेगा ऑक्शन में उन्हें राजस्थान ने खरीदा था।