फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs PBKS: संजू सैमसन का शतक नहीं आया काम, रोमांचक मैच में रॉयल्स की हार

Mon, 12 Apr 2021 11:54 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

RR vs PBKS HIGHLIGHTS: आईपीएल 2021 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने आखिरी गेंद पर राजस्थान रॉयल्स को हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में संजू सैमसन ने शतक लगाया लेकिन राजस्थान को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
विज्ञापन
राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स - फोटो : twitter@RajasthanRoyals
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:51 PM, 12-Apr-2021

पंजाब की रोमांचक जीत

पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को चार रनों से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार को खेले गए मुकाबले में आखिरी गेंद पर जीत-हार का फैसला हुआ। संजू सैमसन ने बतौर कप्तान पहला शतक जड़ा लेकिन आखिरी गेंद पर जीत से चूक गए।

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने कप्तान लोकेश राहुल (91) और दीपक हूडा (64) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 221 रन का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही बावजूद इसके संजू सैमसन ने जोस बटलर, शिवम दुबे और रियान पराग के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए और अहम साझेदारियां की। हालांकि संजू (119) को छोड़कर कोई दूसरा खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया और अंत में राजस्थान की टीम आखिरी गेंद पर चार रनों से मैच हार गई।
 
 

11:29 PM, 12-Apr-2021

संजू सैमसन का रिकॉर्ड शतक

संजू सैमसन ने बतौर कप्तान पहले ही मैच शतक जड़ दिया है। यह उनका आईपीएल करियर का तीसरा शतक है। वह डेब्यू कप्तान के रूप में सबसे अधिक रन बनाने के मामले श्रेयस अय्यर (93) से आगे निकल गए हैं। यही नहीं संजू पहले ही कप्तानी मैच में शतक लगाने वाले आईपीएल के पहले और एकमात्र खिलाड़ी भी बन गए हैं।
 

11:20 PM, 12-Apr-2021

आखिरी 18 गेंदें

आखिरी 18 गेंदों का खेल बाकी। राजस्थान को जीत के लिए 40 रन की दरकार। रॉयल्स की तरफ से कप्तान सैमसन और राहुल तेवतिया क्रीज पर।

विज्ञापन
11:17 PM, 12-Apr-2021

रियान पराग आउट 

पंजाब के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आखिरकार राजस्थान की खतरनाक साझेदारी को तोड़ दिया है। शमी ने पटकी हुई गेंद से पराग को चकमा दिया और विकेट के पीछे राहुल के हाथों कैच करवाया। पराग 11 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए।

11:12 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान के लिए बढ़िया ओवर 

मुरुगन अश्विन के कोटे का आखिरी ओवर पंजाब के लिए काफी महंगा साबित हुआ। उन्होंने इस ओवर में 20 रन लुटाए। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 174/4, संजू सैमसन (83*), रियान पराग (25*)

विज्ञापन
11:10 PM, 12-Apr-2021

सैमसन-पराग की तूफानी बल्लेबाजी 

संजू सैमसन और रियान पराग के बीच महज 19 गेंदों में ही 50 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ही खिलाड़ी पंजाब के गेंदबाजों पर भारी पड़ रहे हैं।

11:02 PM, 12-Apr-2021

आखिरी छह ओवर का खेल बाकी 

मैच रोमांचक स्थिति में जाता दिख रहा है फिलहाल। राजस्थान को आखिरी 36 गेंदों में 81 रनों की दरकार है और उसकी तरफ से कप्तान सैमसन और रियान पराग क्रीज पर मौजूद हैं। 14 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 141/4, संजू सैमसन (64*), रियान पराग (11*)   

10:59 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान का चौथा विकेट गिरा 

अर्शदीप ने एक बार फिर से पंजाब को अहम सफलता दिलाई है। अर्शदीप ने शिवम दुबे को हूडा के हाथों आउट कराकर राजस्थान को चौथा झटका दिया है। शिवम 15 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए।

10:44 PM, 12-Apr-2021

सैमसन का अर्धशतक 

आईपीएल में बतौर कप्तान खेल रहे संजू सैमसन ने चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। परिस्थिति के लिहाज से यह पारी टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है। संजू ने 33 गेंदों में अपने पचास रन पूरे किए।

10:34 PM, 12-Apr-2021

सैमसन को दूसरा जीवनदान 

पंजाब की फील्डिंग आज खराब रही है लेकिन संजू सैमसन के लिए राहत भरी। राजस्थान के कप्तान को दूसरा जीवनदान मिला। उन्हें मेरेडिथ की गेंद पर दो खिलाड़ियों की कन्फ्यूजन का फायदा मिला जब दोनों ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। 9 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 87/3, संजू सैमसन (37*), शिवम दुबे (9*)
 

10:27 PM, 12-Apr-2021

जोस बटलर आउट 

झाय रिचर्डसन ने पंजाब की बड़ी सफलता दिलाई है। रिचर्डसन ने धीमी गति से यॉर्कर डालकर जोस बटलर को चकमा दिया और बोल्ड कर दिया। खतरनाक फॉर्म में दिख रहे बटलर 13 गेंद में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 
 

10:11 PM, 12-Apr-2021

मेरेडिथ की खराब शुरुआत

आईपीएल में डेब्यू कर रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ की शुरुआत बेहद खराब हुई है। उनके पहले ओवर की शुरुआती चार गेंदों पर बटलर ने लगातार चार चौके जड़े। ओवर से 18 रन आए जो राजस्थान के लिहाज से बढ़िया साबित हुआ। पांच ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 48/2, संजू सैमसन (17*), जोस बटलर (18*)

10:07 PM, 12-Apr-2021

संजू को जीवनदान 

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन बाल-बाल बचे। अर्शदीप की गेंद पर राहुल ने विकेट के पीछे सैमसन का आसान कैच छोड़ दिया। सैमसन को 12 रन पर यह जीवनदान मिला। चार ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 30/2, संजू सैमसन (16*), जोस बटलर (1*)
 

10:04 PM, 12-Apr-2021

मनन वोहरा आउट

राजस्थान रॉयल्स के लिए सबकुछ सही नहीं चल रहा है। अच्छी लय में दिख रहे मनन वोहरा का अर्शदीप सिंह ने अपनी ही गेंदबाजी पर शानदार कैच पकड़ा। चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर मनन मिड ऑन की तरफ मारना चाहता थे लेकिन अर्शदीप ने फॉलो थ्रू में जबरदस्त कैच पकड़ लिया। वोहरा आठ गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए।

09:50 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान की खराब शुरुआत

पंजाब के 222 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान की खराब शुरुआत हुई है। मोहम्मद शमी के पहले ही ओवर में बेन स्टोक्स बिन खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें तीसरी ही गेंद पर शमी ने अपना शिकार बनाया और अपनी गेंदबाजी में खुद ही कैच पकड़ा। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 4/1, मनन वोहरा (0*), संजू सैमसन (4*)

09:41 PM, 12-Apr-2021

पंजाब ने बनाए 221 रन

पंजाब किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यानी राजस्थान को मैच जीतने के लिए अब 222 रन बनाने होंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22 रन पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। हालांकि इसके बाद केएल राहुल और क्रिस गेल ने पारी को आगे बढ़ाया और महत्वपूर्ण साझेदारी की।  इसके बाद बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए दीपक हूडा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। 

पंजाब की तरफ से कप्तान राहुल ने सर्वाधिक 91 रन बनाए जबकि हूडा (64) और गेल (40) ने भी अहम योगदान दिया। राजस्थान की तरफ से चेतन सकारिया सबसे सफल गेंदबाज रहे और तीन विकेट चटकाए। वहीं मोरिस को भी दो सफलता मिली। 
 

09:27 PM, 12-Apr-2021

केएल राहुल शतक से चूके

पंजाब के कप्तान केएल राहुल अपने तीसरे आईपीएल शतक से चूक गए हैं। आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने डीप मिड विकेट पर हवा में शॉट खेला लेकिन बाउंड्री पर मौजूद राहुल तेवतिया ने जबरदस्त कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेज दिया। राहुल 50 गेंदों में 91 रन बनाकर आउट हुए।

09:17 PM, 12-Apr-2021

चेतन का हैरतअंगेज कैच

चेतन सकारिया ने इस आईपीएल का अभी तक का सबसे अद्भुत कैच पकड़ा। मोरिस की गेंद पर चेतन ने हवा में छलांग लगाकर निकोलस पूरन का एक नामुमकिन सा कैच पकड़ा। पूरन अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

09:12 PM, 12-Apr-2021

दीपक हूडा आउट

क्रिस मोरिस ने आखिरकार पंजाब की खतरनाक साझेदारी को तोड़ दिया है। मोरिस ने दीपक हूडा को पराग के हाथों कैच करवाकर उनके तूफान को रोक दिया है। आउट होने से पहले हूडा ने 28 गेंदों में 64 रन बनाए। 18 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 201/4, केएल राहुल (79*), निकोलस पूरन (0)

09:03 PM, 12-Apr-2021

हूडा-राहुल में शतकीय साझेदारी

पंजाब की तरफ से बल्लेबाजी में ऊपर भेजे गए दीपक हूडा ने मैच का रुख बदलकर रख दिया है। हूडा ने राहुल के साथ मिलकर राजस्थान के सभी गेंदबाजों की धुनाई की है। दोनों के बीच अभी तक 45 गेंदों में 105 रन की साझेदारी हो चुकी है।   

09:00 PM, 12-Apr-2021

हूडा का तूफानी अर्धशतक

दीपक हूडा ने जबरदस्त अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने महज 20 गेंदों में 50 रन बनाए। इस दौरान हूडा ने छह छक्के और एक चौके लगाया। 
 

08:47 PM, 12-Apr-2021

राहुल का अर्धशतक 

पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। राहुल ने शिवम दुबे के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का जड़कर 30 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
 

08:30 PM, 12-Apr-2021

क्रिस गेल आउट 

पंजाब के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल छक्का मारने के चक्कर में रियान पराग का शिकार हो गए हैं। उन्हें पराग ने अपने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर बेन स्टोक्स के हाथों कैच करवाया। गेल 28 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। 10 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 89/2, केएल राहुल (32*), दीपक हू़डा (0*)

08:17 PM, 12-Apr-2021

गेल के 350 छक्के 

क्रिस गेल ने आईपीएल में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। बेन स्टोक्स की गेंद पर छक्का लगाते ही उन्होंने आईपीएल में अपने 350 छक्के पूरे कर लिए हैं। गेल यह उपलब्धि हासिल करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
 

08:13 PM, 12-Apr-2021

पंजाब का पहला छक्का  

यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने पंजाब की पारी का पहला छक्का जड़ा है। गेल ने बेन स्टोक्स के पहले ओवर की तीसरी ही गेंद पर गेंद को हवाई मार्ग से बाउंड्री के पार पहुंचा दिया है।

08:05 PM, 12-Apr-2021

पहला पावरप्ले समाप्त

पंजाब की टीम ने शुरुआत के छह ओवरों में ठीक ठाक रन बनाए हैं। हालांकि उसकी तरफ से पावरप्ले में एक भी छक्का नहीं लगा है। छह ओवर की समाप्ति के बाद किंग्स का स्कोर: 46/1, क्रिस गेल (14*), केएल राहुल (15*)

08:02 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान की बढ़िया गेंदबाजी 

राजस्थान के तेज गेंदबाजों ने अभी तक पंजाब के बल्लेबाजों पर लगाम लगा रखी है। पंजाब के लिहाज से धीमी शुरुआत हुई है। पांच ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 39/1, केएल राहुल (15*), क्रिस गेल (7*)
 

07:49 PM, 12-Apr-2021

चेतन को पहली सफलता

आईपीएल में डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने मयंक अग्रवाल के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को तीसरे ही ओवर में पहली बड़ी सफलता दिलाई है। चेतन का शानदार ओवर, एक रन के साथ एक विकेट भी। मयंक 9 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 22/1, केएल राहुल (7*), क्रिस गेल (0*)
 

07:38 PM, 12-Apr-2021

पंजाब की बढ़िया शुरुआत

पंजाब ने पहले ओवर में अच्छे रन बटोरे। राहुल और मयंक दोनों ने मिलकर चेतन के ओवर में कुल 10 रन बनाए। एक ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: केएल राहुल (5*), मयंक अग्रवाल (5*)

 

07:30 PM, 12-Apr-2021

मैच शुरू 

पंजाब की तरफ से कप्तान केएल राहुल और उनके साथी मयंक अग्रवाल पारी की शुरुआत कर रहे हैं। जबकि राजस्थान ने चेतन साकरिया को गेंदबाजी की कमान सौंपी है।

07:10 PM, 12-Apr-2021

प्लेइंग XI:

राजस्थान रॉयल्स:
मनन वोहरा, बेन स्टोक्स, संजू सैमसन, जोस बटलर, शिवम दुबे,  रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मोरिस, श्रेयस गोपाल, चेतन सकरिया, मुस्तफिजुर रहमान  

पंजाब किंग्स:
केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, निकोलस पूरन, दीपक हूडा, शाहरुख खान, झाय रिचर्डसन, मुरुगन अश्विन, मोहम्मद शमी, रिले मेरेडिथ, अर्शदीप सिंह

06:58 PM, 12-Apr-2021

टॉस रिपोर्ट

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।
 

06:54 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान से तीन डेब्यू

शिवम दुबे, मुस्तफिजुर रहमान और मनन वोहरा को मिली राजस्थान की कैप। तीनों खिलाड़ी आज के मैच में राजस्थान के लिए डेब्यू करेंगे।

06:48 PM, 12-Apr-2021

पंजाब के डेब्यूटेंट्स

शाहरुख खान, झाय रिचर्डसन और रिले मेरेडिथ को पंजाब की तरफ से कैप मिला, इसका मतलब है यह तीनों खिलाड़ी आज के मुकाबले में पंजाब की तरफ से डेब्यू करेंगे।
 

06:43 PM, 12-Apr-2021

सिक्सर किंग गेल पर पंजाब की निगाह 

दूसरी तरफ पंजाब के पास राहुल, मयंक अग्रवाल (पिछले सत्र में 424 रन) और क्रिस गेल जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। राहुल और अग्रवाल ने पिछले सत्र में मजबूत सलामी जोड़ी बनाई थी और इस जोड़ी के बरकरार रहने की उम्मीद है। गेल पहले ही मैच से उतर सकते हैं। टीम के पास इंग्लैंड के डेविड मलान, तमिलनाडु के एम शाहरुख खान और वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन जैसे अच्छे हिटर मौजूद हैं। 
 

06:42 PM, 12-Apr-2021

राजस्थान के लिए क्रिस मौरिस पर बड़ा जिम्मा

चोट के कारण तेज गेंदबाज जोफरा आर्चर की गैरमौजूदगी में रॉयल्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई क्रिस मौरिस करेंगे जिन्हें टीम ने इसी साल खिलाड़ियों की नीलामी में 16 करोड़ 25 लाख रुपये की भारी भरकम राशि में खरीदा। राजस्थान को अपना सही संयोजन उतारने की जरूरत होगी क्योंकि कोई भी टीम अंतिम एकादश में चार विदेशी खिलाड़ियों को ही उतार सकती है। देखना होगा कि रॉयल्स बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को मैदान में उतारती है या जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी और चेतन सकारिया के बीच में से चयन करती है।

06:39 PM, 12-Apr-2021

सैमसन के हाथ में राजस्थान की कमान

संजू सैमसन की कप्तानी में राजस्थान आजमाएगी किस्मत। आईपीएल में पहली बार कप्तानी करेंगे सैमसन।
 

06:38 PM, 12-Apr-2021

आमने-सामने के रिकॉर्ड 

06:24 PM, 12-Apr-2021

RR vs PBKS: संजू सैमसन का शतक नहीं आया काम, रोमांचक मैच में रॉयल्स की हार

नमस्कार, अमर उजाला डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल 2021 के चौथे मुकाबला में आज पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम आमने-सामने हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें आज अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। केएल राहुल जहां पंजाब किंग्स की अगुवाई करेंगे वहीं संजू सैमसन पहली बार राजस्थान रॉयल्स की कमान संभालेंगे। पंजाब की टीम जहां बदले हुए नाम, जर्सी और खिलाड़ियों के साथ अपनी किस्मत आजमाएगी वहीं राजस्थान की टीम नए कप्तान के साथ अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार करना चाहेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें