राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 50 रन से हराकर उनका विजय रथ रोक दिया। शनिवार को मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में पंजाब निर्धारित ओवर में नौ विकेट गंवाकर सिर्फ 155 रन बना सकी। इस तरह संजू सैमसन के नेतृत्व वाली टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस मैदान पर पंजाब को छह मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, इस सत्र की यह उनकी पहली शिकस्त है। इससे पहले श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली टीम ने गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स को मात दी थी। वहीं, राजस्थान को चार में से दो मैचों में जीत मिली है। इस शिकस्त के साथ पंजाब अंक तालिका में चौथे पायदान पर लुढ़क गई जबकि राजस्थान सातवें स्थान पर पहुंच गई। शीर्ष पर दिल्ली कैपिटल्स है जिसने चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराया था।
43 के स्कोर पर चार विकेट खो चुकी पंजाब को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। ऐसे में टीम को नेहल वढेरा और ग्लेन मैक्सवेल का साथ मिला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 88 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, दोनों टीम को जीत नहीं दिला सके और एक के बाद एक विकेट आउट हो गए। पहले महीश तीक्षणा ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैक्सवेल (30) को कैच आउट कराया। इसके बाद वानिंदु हसरंगा ने वढेरा को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया। वह 41 गेंदों में 62 रन बनाकर लौटे। वढेरा ने 32 गेंदों में इस सत्र का अपना पहला पचासा जड़ा।
नेहल और मैक्सवेल के बाद पंजाब की पारी लड़खड़ा गई। उनके लिए सूर्यांश शेडगे ने दो, मार्को यानसेन ने तीन और अर्शदीप सिंह ने एक रन बनाया। वहीं, शशांक सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन क्रमश: 10 और चार रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट लिए जबकि संदीप शर्मा और महीश तीक्षणा को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा कुमार कार्तिकेय और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
पंजाब किंग्स को सातवां झटका सूर्यांश शेडगे के रूप में लगा। उन्हें संदीप शर्मा ने हेटमायर के हाथों कैच कराया। वह दो रन बनाकर आउट हुए। अब शशांक का साथ देने के लिए मार्को यानसेन उतरे हैं।
नेहल वढेरा और ग्लेन मैक्सवेल 52 गेंदों में 88 रनों की शानदार साझेदारी निभाकर पवेलियन लौट गए। पहले महीश तीक्षणा ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैक्सवेल (30) को कैच आउट कराया। इसके बाद वानिंदु हसरंगा ने वढेरा को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया। वह 41 गेंदों में 62 रन बनाकर लौटे। फिलहाल क्रीज पर सूर्यांश शेडगे और शशांक सिंह मौजूद हैं।
नेहल वढेरा-ग्लेन मैक्सवेल ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 13 ओवर के बाद स्कोर 110/4 है।
नौ ओवर के बाद स्कोर 59/4 है। फिलहाल क्रीज पर नेहल वढेरा और ग्लेन मैक्सवेल मौजूद हैं।
पंजाब को चौथा झटका कुमार कार्तिकेय ने दिया। उन्होंने प्रभसिमरन सिंह को अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बना पाए। अब बल्लेबाजी के लिए ग्लेन मैक्सवेल उतरे हैं।
पंजाब को तीसरा झटका संदीप शर्मा ने दिया। उन्होंने चौथे ओवर में मार्कस स्टोइनिस को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब प्रभसिमरन का साथ देने के लिए नेहल वढेरा उतरे हैं।
पंजाब को दूसरा झटका भी पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने श्रेयस अय्यर को बोल्ड किया, जो सिर्फ 10 रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए मार्कस स्टोयनिस उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए प्रभसिमरन सिंह मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स को पहला झटका जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्या को बोल्ड किया। अब बल्लेबाजी के लिए तीसरे नंबर पर श्रेयस अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 206 रन का लक्ष्य तैयार कर लिया है। शनिवार को मुल्लांपुर में खेले जा रहे सत्र के 18वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने 20 ओवर मेंचार विकेट खोकर 205 रन बनाए हैं। पंजाब के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए जबकि अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन को एक-एक सफलता मिली।
यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ने इस मुकाबले में अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी हुई। लॉकी फर्ग्यूसन ने दोनों बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। बतौर कप्तान इस मुकाबले में खेलने उतरे सैमसन 26 गेंदों में 38 रनों की पारी खेलकर आउट हुए जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाज यशस्वी ने तीन चौकों और पांच छक्कों की सहायता से 67 रन बनाए। उन्होंने 40 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 10वां पचासा पूरा किया। यह उनका सबसे धीमा अर्धशतक भी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इससे पहले मुंबई इंडियंस (आईपीएल 2024) के खिलाफ 31 गेंदों में पचासा जड़ा था। सैमसन-जायसवाल के अलावा रियान पराग ने 43*, नीतीश राणा ने 12, शिमरन हेटमायर ने 20 और ध्रुव जुरेल ने 13* रन बनाए।
19वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने शिमरन हेटमायर को ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। वह 20 रन बनाकर आउट हुए। अब ध्रुव जुरेल बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। 19 ओवर के बाद स्कोर 186/4 है।
17 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और राजस्थान ने तीन विकेट खोकर 160 रन बना लिए हैं। शिमरन हेटमायर और रियान पराग क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 20 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है।
मार्को यानसेन ने नीतीश राणा के रूप में तीसरा झटका दिया। वह सिर्फ 12 रन बना सके। अब रियान पराग का साथ देने के लिए शिमरन हेटमायर उतरे हैं।
राजस्थान को दूसरा झटका भी लॉकी फर्ग्यूसन ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड किया। वह 45 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए नीतीश राणा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रियान पराग मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने संजू सैमसन को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया है। सैमसन 26 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब के गेंदबाजों पर संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल दबाव बनाते दिख रहे हैं। नौ ओवर का खेल समाप्त हो चुका है और स्कोर 79/0 है।
सैमसन और जायसवाल ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई है। पावरप्ले समाप्त हो चुका है स्कोर 53/0 है।
राजस्थान रॉयल्स की सधी शुरुआत हुई है। संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल के बीच 20 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 21/0 है।
राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, युद्धवीर सिंह चरक, संदीप शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: कुणाल सिंह राठोड़, शुभम दुबे, फजलहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रियांश आर्या, हरप्रीत बरार, प्रवीण दुबे, विष्णु विनोद, विजयकुमार विशाक।
पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम बिना किसी बदलाव के खेलने उतरी है। वहीं, राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने बताया कि तुषार देशपांडे इस मैच में नहीं खेलेंगे। वह चोटिल हैं। उनकी जगह युद्धवीर सिंह को एकादश में शामिल किया गया है।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसेन, लोकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह। नेहल वढेरा/हरप्रीत बराड़ में से कोई एक इम्पैक्ट सबस्टीट्यूट हो सकता है।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे। कुमार कार्तिकेय इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट हो सकते हैं।
जहां तक राजस्थान रॉयल्स का सवाल है तो संजू सैमसन की कप्तान के रूप में वापसी से उसकी टीम का हौसला बढ़ेगा, लेकिन पंजाब किंग्स के विजयी अभियान पर रोक लगाने के लिए उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। साथ ही गेंदबाजों को भी सधी हुई गेंदबाजी करनी होगी। चेन्नई के मैच को छोड़ दिया जाए तो जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए हैं। वहीं, टीम के बाकी तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा भी काफी महंगे साबित हुए हैं। इन सभी को कसी लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करनी होगी। साथ ही महीश तीक्षणा को विकेट निकालने होंगे।
राजस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे जिन्होंने लगातार दो अर्धशतक जमा कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है। वह लंबे शॉट खेलने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। इसका सबूत यह है कि उन्होंने अभी तक केवल दो मैच में 13 छक्के लगाए हैं। श्रेयस ने आईपीएल 2024 में 16 मैच में इतने छक्के लगाए थे। यही नहीं श्रेयस ने अपने कप्तानी कौशल का भी शानदार नमूना पेश किया है। उन्होंने पहले दो मैच में जिस तरह से ग्लेन मैक्सवेल का स्पिन गेंदबाज के रूप के रूप में इस्तेमाल किया, वह सराहनीय है।
सैमसन की अंगुली में चोट के कारण राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को पहले तीन मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि यशस्वी को यह फैसला भी पसंद नहीं आया था कि उन पर पराग को तरजीह दी गई। हालांकि, यह बात किसी से छुपी नहीं है कि जायसवाल आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं, लेकिन अभी उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करना होगा क्योंकि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में फॉर्म बद से बदतर होने में देर नहीं लगती।
इस मैच सभी की निगाहें खराब फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल पर टिकी रहेंगी। लह मैदान के बाहर की घटनाओं के बजाय अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरना चाहेंगे। यशस्वी हाल में तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने मुंबई की टीम के अपने एक सीनियर साथी के साथ कथित मतभेदों के कारण घरेलू क्रिकेट में गोवा की तरफ से खेलने का फैसला किया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज आईपीएल में अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उन्होंने दिन मैच में केवल 34 रन बनाए हैं जिसका उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स पर काफी प्रभाव पड़ रहा है।
आईपीएल 2025 में शनिवार को डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के एमवाईएस क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। पंजाब की टीम जीत की रथ पर सवार है और उसने अपने दोनों मैच जीते हैं। आज टीम जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद चेन्नई के खिलाफ पिछले मैच में जीत की पटरी पर लौटी। संजू सैमसन को विकेटकीपिंग करने के लिए क्लीयरेंस मिल चुकी है और वह बतौर कप्तान आज के मैच में वापसी करेंगे।
IPL Live Cricket Score, RR vs PBKS Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 में आज पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। इस सत्र में पंजाब की टीम अब तक अजेय रही है जबकि राजस्थान को तीन में से दो में हार और एक में जीत मिली है।