फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs PBKS Highlights : पंजाब किंग्स ने राजस्थान को पांच विकेट से हराया, करन अर्धशतक लगाकर नाबाद लौटे

Wed, 15 May 2024 11:22 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

खास बातें

RR vs PBKS Indian Premier League 2024 : प्लेऑफ में पहुंच चुकी राजस्थान रॉयल्स को नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुकी पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान की टीम की यह लगातार चौथी हार है, लेकिन वह 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर, लगातार हार का सामना कर रही पंजाब को आखिरकार जीत मिली। 
विज्ञापन
राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:13 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : पंजाब ने राजस्थान को हराया

कप्तान सैम करन के ऑलराउंडर प्रदर्शन के दम पर पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर जीत का स्वाद चखा। राजस्थान की यह लगातार चौथी हार है। हालांकि राजस्थान की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। पंजाब किंग्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान को नौ विकेट पर 144 रन पर रोक दिया था। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन उसकी बल्लेबाजी बेहद खराब रही। पंजाब ने शुरुआती झटकों के बाद करन के 41 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन के दम पर जीत दर्ज की। पंजाब के लिए आशुतोष शर्मा 11 गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से आवेश खान और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। 

राजस्थान की टीम 13 मैचों के बाद आठ जीत और पांच हार के साथ 16 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद है, जबकि पंजाब की टीम 13 मैचों में पांच जीत और आठ हार के साथ 10 अंक लेकर नौवें स्थान पर है। राजस्थान का आखिरी मैच तालिका में शीर्ष पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से है, जबकि पंजाब को अब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ना है। 

 

11:09 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : करन ने जड़ा अर्धशतक

पंजाब किंग्स के कप्तान सैम करन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम को संभाला। पंजाब को अब जीत के लिए 12 गेंदों पर 15 रनों की जरूरत है और उसके पांच विकेट शेष है। करन 56 रन और आशुतोष शर्मा नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:55 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : जितेश शर्मा आउट हुए

युजवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए जितेश शर्मा को आउट कर पंजाब को पांचवां झटका दिया। जितेश 20 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर सैम करन मौजूद हैं। 

विज्ञापन
10:42 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : करन-जितेश क्रीज पर मौजूद

शुरुआती झटकों के बाद कप्तान सैम करन और जितेश शर्मा ने पंजाब की पारी को संभाला। 13 ओवर की समाप्ति के बाद पंजाब ने चार विकेट पर 81 रन बना लिए हैं। करन 26 रन और जितेश 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:20 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : बेयरस्टो पवेलियन लौटे

राजस्थान के गेंदबाजों ने पंजाब की पारी लड़खड़ा दी है। जॉनी बेयरस्टो को युजवेंद्र चहल ने आउट कर पंजाब को चौथा झटका दिया। बेयरस्टो 22 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले, एक ही ओवर में आवेश खान ने राइली रूसो और शशांक सिंह को आउट किया था। रूसो 22 रन बनाकर पवेलियन लौेटे थे, जबकि शशांक खाता भी नहीं खोल सके थे। 

विज्ञापन
09:42 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : प्रभसिमरन सिंह आउट हुए

राजस्थान द्वारा 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह का विकेट गंवा दिया। प्रभसिमरन चार गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। प्रभसिमरन का विकेट ट्रेंट बोल्ट ने लिया। 

09:23 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : पंजाब को मिला 145 रनों का लक्ष्य

पंजाब किंग्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान को नौ विकेट पर 144 रन पर रोक दिया। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन उसकी बल्लेबाजी बेहद खराब रही। राजस्थान के लिए रियान पराग ने 48 रन बनाए जिसके दम पर टीम 140 रन का स्कोर पार करने में सफल रही। पंजाब की ओर से कप्तान सैम करन, हर्षल पटेल और राहुल चाहर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए और राजस्थान को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। 

प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी राजस्थान की टीम की बल्लेबाजी लगातार दूसरे मैच में खराब रही। इससे पहले राजस्थान ने चेन्नई के खिलाफ पिछले मैच में भी टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन टीम प्रभावशाली प्रदर्शन करने में विफल रही थी। इस मैच में भी राजस्थान के बल्लेबाज विफल रहे है और टीम शुरुआती झटकों के दबाव से अंत तक नहीं उबर सकी। पराग ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली और रविचंद्न अश्विन के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। यह राजस्थान के लिए इस मैच की सर्वोच्च साझेदारी रही। अश्विन के आउट होने के बाद राजस्थान का अन्य कोई बल्लेबाज पराग का साथ नहीं निभा सका। अंतिम ओवर में पराग भी अपना विकेट गंवा बैठे और अर्धशतक बनाने से चूक गए। 

09:19 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : रियान अर्धशतक से चूके

शानदार बल्लेबाजी कर रहे रियान पराग अर्धशतक से चूक गए और 48 रन बनाकर आठवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। रियान को हर्षल पटेल ने आउट किया। 

09:07 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : फेरेरा आउट हुए

इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे फेरेरा हर्षल पटेल की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। फेरेरा आठ गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। रियान पराग क्रीज पर मौजूद हैं और 44 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनका साथ देने ट्रेंट बोल्ट उतरे हैं। 

09:03 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : रियान अर्धशतक के करीब

लगातार गिरते विकेटों के बीच रियान पराग ने सधी हुई बल्लेबाजी कर राजस्थान को संभाला। रियान अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और उनकी पारी के दम पर राजस्थान ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 122 रन बना लिए हैं। पराग 43 रन और फेरेरा पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:46 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : चाहर ने पोवेल को आउट किया

स्पिनर राहुल चाहर ने रोवमैन पोवेल को आउट राजस्थान को छठा झटका दिया। पोवेल पांच गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई है और अब टीम को संतोषजनक स्कोर तक ले जाने की जिम्मेदारी पूरी तरह रियान पराग पर है जो 20 गेंदों पर 28 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर फेरेरा मैदान पर उतरे हैं। 

08:41 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : खाता खोले बिना आउट हुए जुरेल

पंजाब के गेंदबाजों ने राजस्थान की पारी लड़खड़ा दी है। सैम करन ने ध्रुव जुरेल को आउट कर राजस्थान को पांचवां झटका दिया। जुरेल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। राजस्थान की टीम अब तक 100 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी है और उसके आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। अब क्रीज पर पराग के साथ देने रोवमैन पोवेल उतरे हैं। 

08:37 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : अश्विन पवेलियन लौटे

रियान पराग और अश्विन के बीच चल रही साझेदारी को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। अर्शदीप ने अश्विन को आउट किया जिससे रियान के साथ चौथे विकेट के लिए हुई उनकी साझेदारी टूट गई। राजस्थान को इस तरह चौथा झटका लगा। राजस्थान ने 13 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 92 रन बनाए हैं। रियान पराग 22 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनका साथ देने ध्रुव जुरेल उतरे हैं। 

08:22 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे राजस्थान के बल्लेबाज

पंजाब के गेंदबाजों ने राजस्थान के बल्लेबाजों को हाथ खोलने से रोके रखा और शुरुआती झटके भी दिए। राजस्थान की टीम 10 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 58 रन ही बना सकी है। फिलहाल क्रीज पर अश्विन 10 रन और रियान पराग आठ रन बनाकर मौजूद हैं। 

08:09 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : कैडमोर बने चाहर का शिकार

राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई है और राहुल चाहर ने सलामी बल्लेबाज कैडमोर को आउट कर उसे तीसरा झटका दिया है। कैडमोर 23 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान ने महज 42 रन के अंदर ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। अब क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन उतरे हैं। 

08:04 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : सैमसन आउट हुए

नाथन एलिस ने कप्तान संजू सैमसन को आउट कर राजस्थान को दूसरा झटका दिया। सैमसन एलिस की गेंद पर राहुल चाहर को कैच थमा बैठे। सैमसन 15 गेंदों पर 18 रन की पारी खेलकर आउट हुए। अब क्रीज पर रियान पराग उतरे हैं। 

08:01 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : पावरप्ले में अधिक रन नहीं बना सका राजस्थान

राजस्थान की बल्लेबाजी पावरप्ले में कुछ खास नहीं रही और टीम ने छह ओवर के बाद एक विकेट पर 38 रन बनाए। राजस्थान को पावरप्ले में यशस्वी जायसवाल के रूप में पहला झटका लगा जिसके बाद सैमसन और कैडरमोर ने पारी को संभाला, लेकिन पंजाब के गेंदबाज उसकी रन गति पर अंकुश लगाने में सफल रहे। 

07:51 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : सैमसन-कैडमोर ने राजस्थान को संभाला

शुरुआती झटका लगने के बाद संजू सैमसन ने कैडमोर के साथ मिलकर राजस्थान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान ने चार ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 31 रन बनाए हैं। सैमसन 16 रन और कैडमोर 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:35 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : यशस्वी पवेलियन लौटे

सैम करन ने राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को आउट कर पंजाब को पहली सफलता दिलाई। यशस्वी चार गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान संजू सैमसन उतरे हैं और उनके साथ टॉम कोहलर कैडमोर मौजूद हैं। 

07:07 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, टॉम कोहलर कैडरमोर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रोवमैन पोवेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा, आवेश खान, युजवेंद्र चहल। इंपैक्ट सबः नांद्रे बर्गर, तनुष कोटियान, केशव महाराज, कुलदीप सेन, दोनावन फेरेरा। 

पंजाब किंग्सः प्रभसिमरन सिंह, जॉनी बेयरस्टो, राइली रूसो, शशांक सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सैम करन (कप्तान), हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, नाथन एलिस, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह। इंपैक्ट सबः तनय त्यागराजन, ऋषि धवन, विदवत कावेरप्पा, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत सिंह भाटिया। 

07:01 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : राजस्थान ने जीता टॉस

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। राजस्थान की टीम में जोस बटलर की जगह टॉम कोहलर कैडरमोर को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। पंजाब ने नाथन एलिस और हरप्रीत बराड़ को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। 

06:34 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : शशांक-आशुतोष ने किया प्रभावित

पंजाब किंग्स के लिए मौजूदा सत्र में शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम एकजुट होकर प्रभावी प्रदर्शन करने में विफल रही। सत्र के अधिकांश हिस्से से चोट के कारण कप्तान शिखर धवन की अनुपस्थिति ने मामले को और बिगाड़ दिया क्योंकि कार्यवाहक कप्तान सैम कुरेन कप्तानी करते हुए प्रभावी नजर नहीं आए।

06:34 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Live : रियान ने किया शानदार प्रदर्शन 

पराग के लिए इस साल घर वापसी खास है क्योंकि उन्होंने 153 के स्ट्राइक रेट से 483 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन ने पराग को अगली टी-20 शृंखला के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का दावेदार बना दिया है जहां उनके अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने की उम्मीद है। जब भी ऐसा होगा तब पराग सीनियर टीम की प्रतिष्ठित नीली जर्सी पहनने वाले पूर्वोत्तर के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। यहां इस 22 वर्षीय खिलाड़ी के लिए समर्थन स्वाभाविक होगा और इससे पंजाब के खिलाफ संजू सैमसन और उनकी टीम को भी मदद मिलेगी।

06:28 PM, 15-May-2024

RR vs PBKS Highlights : पंजाब किंग्स ने राजस्थान को पांच विकेट से हराया, करन अर्धशतक लगाकर नाबाद लौटे

IPL Live Cricket Score, RR vs PBKS Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज प्लेऑफ में पहुंच चुकी राजस्थान रॉयल्स का सामना नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुकी पंजाब किंग्स से है। राजस्थान की टीम ने पिछले तीन मैच हारे हैं और उसकी कोशिश जीत की राह पर लौटकर तालिका में शीर्ष-दो पर स्थान सुनिश्चिचत करने पर टिकी होंगी। दूसरी ओर, पंजाब भी हार के सिलसिले को समाप्त करना चाहेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें