राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से हराकर सीजन की सातवीं जीत हासिल की। अंक तालिका में राजस्थान की स्थिति मजबूत हो गई है। टीम पहले स्थान पर 14 अंकों के साथ बनी हुई है। वहीं, मुंबई सातवें स्थान पर है। टीम के खाते में छह अंक हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 18.4 ओवर में एक विकेट खोकर 183 रन बनाए।
जायसवाल-सैमसन के बीच हुई शतकीय साझेदारी
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर के बीच पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। बारिश से प्रभावित इस मैच में पीयूष चावला ने जोस बटलर को सातवें ओवर में शिकार बनाया। पिछले मैच के विजेता रहे बटलर ने मुंबई के खिलाफ छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए। इसके बाद मोर्चा संजू सैमसन ने संभाला जिन्होंने जायसवाल के साथ 109 रनों की विशाल साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई।
जायसवाल ने जड़ा शतक
मुंबई इंडियंस के खिलाफ यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, गेराल्ड कोएत्जी जैसे गेंदबाजों को निशाना बनाकर जोरदार शतक ठोका। युवा बल्लेबाज ने इसके लिए 59 गेंदों का सहारा लिया। दिलचस्प बात यह है कि जायसवाल का यह इस सीजन का पहला शतक है। इसके अलावा उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक है। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने इस मैच में 60 गेंदों का सामना किया और नौ चौकों और सात छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। वहीं, सैमसन ने दो चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज अंत तक नाबाद रहे।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल 2024 का पहला शतक ठोका है। उन्होंने 59 गेंदों में सैकड़ा लगाया। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक है।
राजस्थान रॉयल्स मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। जायसवाल 65 और सैमसन 20 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। टीम को जीत के लिए 41 गेंदों में 56 रनों की जरूरत है।
राजस्थान को पहला झटका पीयूष चावला ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को बोल्ड किया। वह 35 रन बनाकर लौटे। बटलर और जायसवाल के बीच पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन उतरे हैं।
बारिश की वजह से प्रभावित हुआ राजस्थान बनाम मुंबई मैच एक बार फिर शुरू हो गया है। यह मुकाबला बिना किसी कटौती के खेला जा रहा है। राजस्थान की सलामी जोड़ी क्रीज पर पहुंच चुकी है। पारी का सातवां ओवर मोहम्मद नबी फेंकेंगे।
सभी कवर हटा दिए गए हैं। राजस्थान बनाम मुंबई मैच की शुरुआत 10:45 बजे से होगी।
बारिश एक बार फिर शुरू हो गई है, जिसकी वजह से मुकाबला बीच में रुका हुआ है। डीएलएस नियम के अनुसार, इस स्टेज पर डीएलएस पार स्कोर 41 रन है। हालांकि, राजस्थान का स्कोर 61/0 है। संजू सैमसन की टीम मजबूत स्थिति में है।
बारिश रुक गई है और कवर हटाए जा रहे हैं। राजस्थान बनाम मुंबई मैच की शुरुआत 10.33 बजे से होगी।
राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच में बारिश ने दस्तक दी है। जयपुर में हल्की बूंदा-बांदी हो रही है जिसकी वजह मुकाबला रुका हुआ है। कवर्स मैदान पर लगे हुए हैं।
जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों मुंबई के गेंदबाजों की जमकर पिटाई कर रहे हैं। जायसवाल ने 18 गेंदों में 31 रन और बटलर ने 28 रन बना लिए हैं। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 61/0 है। राजस्थान को जीत के लिए 84 गेंदों में 119 रनों की जरूरत है।
राजस्थान रॉयल्स की अच्छी शुरुआत हुई है। जायसवाल पांच और जोस बटलर 14 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 19/0 है।
मुंबई इंडियंस द्वारा दिए गए 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने को राजस्थान रॉयल्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल उतरे हैं। दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। पारी का पहला ओवर हार्दिक पांड्या फेंकेंगे।
मुंबई ने राजस्थान के खिलाफ 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 179 रन बनाए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। 20 रन के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट खो दिए। पहले ओवर में बोल्ट ने रोहित (छह) को आउट किया। दूसरे ओवर में संदीप शर्मा ने ईशान किशन को शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद संदीप ने पारी के चौथे ओवर में सूर्या (10) को आउट किया। इसके बाद तिलक वर्मा और मोहम्मद नबी के बीच चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों की साझेदारी हुई। हालांकि, आठवें ओवर में चहल ने नबी को बोल्ड कर दिया। वह 17 गेंदों में 23 रन बनाने में कामयाब हुए। 52 रनों के स्कोर पर मुंबई चार विकेट खो चुकी थी। ऐसे में टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी।
तिलक-नेहल ने पारी को संभाला
तिलक वर्मा और नेहल वढेरा के बीच पांचवें विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ने दमदार प्रदर्शन के साथ मुंबई का स्कोर 150 रनों के पार पहुंचाया। ट्रेंट बोल्ट ने 17वें ओवर में वढेरा को आउट किया। वह 24 गेंदों में 49 रन बनाने में कामयाब हुए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और चार छक्के निकले। सातवें नंबर पर उतरे हार्दिक पांड्या सिर्फ 10 रन बना सके। उन्हें आवेश खान ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इस मैच में गेराल्ड कोएत्जी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे जबकि टिम डेविड तीन रन बना सके। वहीं, पियूष चावला और जसप्रीत बुमराह क्रमश: एक और दो रन बनाकर नाबाद रहे।
संदीप शर्मा को मिला फाइव-फर
इस मुकाबले में संदीप शर्मा ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने मुंबई के खिलाफ पांच विकेट हासिल किए। यह उनके आईपीएल करियर का पहला फाइव-फर है। इसी के साथ वह इस सीजन में पांच विकेट हॉल हासिल करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने फाइव-फर हासिल किया। मुंबई के खिलाफ बोल्ट को दो सफलताएं मिलीं। वहीं, आवेश खान और चहल को एक-एक विकेट मिला।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हार्दिक पांड्या कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। उन्हें आवेश खान ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। कप्तान 10 गेंदों में सिर्फ 10 रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टिम डेविड उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए तिलक वर्मा मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस को पांचवां झटका नेहल वढेरा के रूप में लगा। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने शिकार बनाया। नेहल 24 गेंदों में 49 रन बनाकर लौटे। वह एक रन से अर्धशतक बनाने से चूके। नेहल और तिलक के बीच पांचवें विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं।
मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 38 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है। वह दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। यह उनके आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक है। वर्मा और नेहल वढेरा के बीच 99 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 151/4 है।
तिलक वर्मा और नेहल वढेरा के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों के 35 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 95/4 है।
मुंबई को चौथा झटका मोहम्मद नबी के रूप में लगा। उन्हें युजवेंद्र चहल ने अपने पहले ओवर में शिकार बनाया। इसी के साथ चहल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 200वां विकेट हासिल किया है।
राजस्थान के खिलाफ मुंबई इंडियंस की पारी लड़खड़ा गई है और संदीप शर्मा ने सूर्यकुमार यादव को आउट कर उसे तीसरा झटका दे दिया है। सूर्यकुमार यादव आठ गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं हुई है और टीम ने महज 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं।
मुंबई को दूसरा झटका दूसरे ही ओवर में ईशान किशन के रूप में लगा। उन्हें संदीप शर्मा ने अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो गए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 9/2 है।
मुंबई इंडियंस को पहला झटका पहले ओवर में ही लगा। ट्रेंट बोल्ट ने रोहित शर्मा को शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सके। तीसरें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं।
आईपीएल में पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
26* ट्रेंट बोल्ट
25 भुवनेश्वर कुमार
15 प्रवीण कुमार
13 संदीप शर्मा
12 दीपक चाहर/जहीर खान
मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी, गेराल्ड कोएत्ज़ी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह। इम्पैक्ट सब: नुवान तुषारा, आकाश मधवाल, नमन धीर, शम्स मुलानी, डेवॉल्ड ब्रेविस।
राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: जोस बटलर, केशव महाराज, शुभम दुबे, नवदीप सैनी, टॉम कोहलर-कैडमोर।
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया है। इस मैच में मुंबई तीन बदलावों के साथ उतरेगी। आकाश मधवाल, रोमारियो शेफर्ड और श्रेयस गोपाल के स्थान पर नुवान तुषारा, नेहल वढेरा और पीयूष चावला आए हैं। वहीं, राजस्थान की प्लेइंग 11 में एक बदलाव हुआ है। संदीप शर्मा की कुलदीप सेन की जगह वापसी हुई है। इस मैच में एमआई तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलती नजर आएगी। इनमें टिम डेविड, मोहम्मद नबी और गेराल्ड कोएत्जी का नाम शामिल है। वहीं, राजस्थान की तरफ से तीन विदेशी खिलाड़ी खेलते दिखेंगे। इनमें शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल और ट्रेंट बोल्ट का नाम शामिल है।
आवेश को अंतिम ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई है और उन्होंने इसे बखूबी निभाया है। कुलदीप सेन ने भी अपना कौशल दिखाया है, लेकिन उन्हें अपने इकोनोमी पर काम करने की जरूरत है। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल 12 विकेट के साथ राजस्थान के गेंदबाजी विभाग के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं, हालांकि अश्विन जूझते दिखे हैं और उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। राजस्थान के लिए रियान पराग उनके सत्र के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे हैं। असम के इस युवा बल्लेबाज ने अभी तक 318 रन बना लिए हैं जिससे टीम को काफी मदद मिल रही है। टीम की बल्लेबाजी उनके इर्द-गिर्द घूमती रही है।
कप्तान संजू सैमसन ने भी टीम के लिए कुछ उपयोगी पारियां खेली हैं और अभी 276 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर ने अकेले दम पर कोलकाता के खिलाफ अंतिम मैच में 200 से ज्यादा रन का स्कोर हासिल कर राजस्थान रॉयल्स केा जीत दिलाई थी। लेकिन साथी सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है क्योंकि वह शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पा रहे। शिमरोन हेतमायर भी जरूरत के समय अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हें।
बल्लेबाजी में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का शानदार शतक सुर्खियों में रहा है, लेकिन इसके बावजूद टीम हार गई थी। वहीं, ईशान किशन भी निरंतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। हार्दिक ने भी अभी तक प्रभावित नहीं किया है जबकि तिलक वर्मा ने इन सबकी तुलना में अच्छा किया है। मुंबई के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक चीज सूर्यकुमार यादव की फॉर्म में वापसी है। पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी 53 गेंद में 78 रन की पारी मुंबई के लिए अहम रही और अगर वह लय में आ जाएं तो किसी भी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में मुंबई की हालत काफी खराब रही थी जिसमें ट्रेंट बोल्ट ने उनके तीन शीर्ष क्रम बल्लेबाजों को खाता भी नहीं खेलने दिया था और यह अनुभवी तेज गेंदबाज फिर से उनके लिए बड़ा खतरा होगा।
पांच बार की चैंपियन मुंबई ने पिछले मैच में आशुतोष शर्मा के अंत में लगाए गए अर्धशतक के बावजूद पंजाब के खिलाफ नौ रन से जीत हासिल की थी। एक बार फिर बुमराह ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई और तीन विकेट झटके। भारत के इस स्टार तेज गेंदबाज ने नई गेंद से चमकदार प्रदर्शन किया और ज्यादा रन लुटाए बिना ही ये विकेट हासिल किए। बुमराह 13 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं तो वहीं उनके साथी गेंदबाज ऐसा करने में जूझ रहे हैं।
गेराल्ड कोएत्जी ने भी 12 विकेट लेकर प्रभावित किया है, लेकिन उन्होंने काफी ज्यादा रन लुटाए हैं। श्रेयस गोपाल ने अभी तीन मैच खेले हैं और प्रत्येक में एक-एक विकेट झटका है। मुंबई को अपने अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बतौर गेंदबाज अनुभव का इस्तेमाल करने की जरूरत है। आज के मैच में दो शतक लगा चुके राजस्थान के जोस बटलर और बुमराह के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। वहीं, ट्रेंट बोल्ट और रोहित शर्मा के बीच भी मजेदार भिड़ंत होगी।
दोनों टीमों के आंकड़े की बात करें तो राजस्थान और मुंबई के बीच अब तक आईपीएल में कुल 29 मैच खेले गए हैं। इनमें से राजस्थान ने 13 और मुंबई ने 15 मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। वहीं, जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में दोनों के बीच सात मुकाबले हुए हैं। पांच मैच राजस्थान और दो मैच मुंबई ने जीते हैं। इस वेन्यू पर मुंबई को पिछली जीत मई 2012 में मिली थी।
आईपीएल 2024 के 38वें मैच में आज जब मुंबई इंडियंस की टीम जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी तो उसकी निगाहें अपनी गेंदबाजी खामियों को दूर करके मेजबान टीम से बदला चुकता करने पर लगी होगी। दोनों टीमों के बीच हुई पिछली भिड़ंत में राजस्थान ने मुंबई को उसके घर में छह विकेट से हराया था। पिछले चार मैच में तीन जीत से कप्तान हार्दिक पांड्या की टीम मुंबई उबरने की राह पर चल रही है, जबकि राजस्थान की टीम के 12 अंक हैं। अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान टीम की अगुआई संजू सैमसन कर रहे हैं। वहीं, मुंबई की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।