वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल की अर्धशतकीय पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में वैभव ने धुआंधार बल्लेबाजी की और उनके आउट होने के बाद जुरेल ने दम दिखाया जिससे राजस्थान ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 225 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान ने इस तरह प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है।
राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा 93 रन बनाए। वैभव और जुरेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। जुरेल 38 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि डोनोवान फरेरा 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल ने 43 और लुहान ड्रि प्रिटोरियस ने सात रनों का योगदान दिया। लखनऊ के लिए आकाश और मोहसिन को एक-एक विकेट मिला।
राजस्थान रॉयल्स को लुहान ड्रि प्रिटोरियस के रूप में तीसरा झटका लगा है। प्रिटोरियस रन आउट हुए और छह गेंदों पर सात रन ही बना सके।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी दमदार पारी की मदद से आईपीएल में नया कीर्तिमान बना लिया है। वैभव एक आईपीएल सीजन में 50+ छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इतना ही नहीं वैभव एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। वैभव अब तक मौजूदा सीजन में 53 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2019 सीजन में 52 छक्के लगाए थे। इस सूची में क्रिस गेल सबसे ऊपर हैं जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे।
मोहसिन खान ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका दिया है। सूर्यवंशी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक के करीब थे। मोहसिन की गेंद पर हालांकि, वह अब्दुल समद को कैच थमा बैठे। वैभव 38 गेंदों पर सात चौकों और 10 छक्के की मदद से 93 रन बनाकर आउट हुए। मोहसिन ने उन्हें जीवनदान भी दिया था, लेकिन वैभव इसका फायदा नहीं उठा सके और शतक लगाने से चूक गए। वैभव और जुरेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 105 रनों की साझेदारी हुई।
वैभव और जुरेल धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 12 ओवर की समाप्ति के बाद 166 रन हो गया है। वैभव और जुरेल ने मयंक यादव के ओवर से 29 रन जुटाए।
वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ के खिलाफ 23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यशस्वी के आउट होने के बाद वैभव ने राजस्थान की पारी को संभाले रखा और ध्रुव जुरेल के साथ साझेदारी निभा रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल के रूप में पहला झटका लगा है। यशस्वी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 23 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।
यशस्वी और वैभव ने राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई है। इन दोनों ने लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बनाया जिससे टीम ने चार ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 49 रन बना लिए हैं।
लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी के साथ यशस्वी जायसवाल पारी का आगाज करने उतरे हैं। वैभव इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं।
मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस के अर्धशतकों की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को 221 रनों का लक्ष्य दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन बनाए। लखनऊ के लिए मिचेल मार्श ने 57 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 96 रनों की पारी खेली। वह आखिरी ओवर में तेजी से रन चुराने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। वहीं, जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों के सहारे 60 रन बनाए।
इंग्लिस और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के टूटने के बाद राजस्थान ने कुछ हद तक वापसी की, लेकिन मार्श ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की जिससे टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। पंत 23 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन, निकोलस पूरन 16 और आयुष बदोनी खाता खोले बिना आउट हुए। राजस्थान की ओर से यश राज पुंजा ने दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को एक विकेट मिला।
मिचेल मार्श और ऋषभ पंत की साझेदारी जारी है जिससे लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। मार्श और पंत के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है।
मिचेल मार्श और ऋषभ पंत के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे लखनऊ का स्कोर 180 के पार पहुंच गया है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स को निकोलस पूरन के रूप में दूसरा झटका लगा है। पूरन 11 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए।
मिचेल मार्श ने 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। लखनऊ की बल्लेबाजी अच्छी चल रही है और फिलहाल मार्श के साथ निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।
यश राज पुंजा ने जोश इंग्लिस को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को पहली सफलता दिलाई है। इंग्लिस और मिचेल मार्श के बीच शानदार साझेदारी हुई। इंग्लिस ने 29 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। इंग्लिस और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी हुई।
जोश इंग्लिस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। इंग्लिस और मार्श ने टीम को दमदार शुरुआत दिलाई है और राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया है।
राजस्थान रॉयल्स की टीम पावरप्ले में एक भी सफलता हासिल नहीं कर सकी। लखनऊ के लिए मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने शानदार बल्लेबाजी की है जिससे टीम ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 83 रन बनाए हैं।
राजस्थान के खिलाफ लखनऊ ने तेज शुरुआत की है। इंग्लिस और मार्श के बीच साझेदारी पनप रही है। राजस्थान को अब विकेट की तलाश है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। लखनऊ के लिए मिचेल मार्श के साथ जोश इंग्लिस पारी का आगाज करने उतरे हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाद अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: मुकुल चौधरी, मणिमरन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह राठी, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल (कप्तान), लुहान ड्रि प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवान फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
इम्पैक्ट सब: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, रियान पराग।
राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। राजस्थान और लखनऊ दोनों ही टीमों में कुछ बदलाव हुए हैं। लखनऊ की टीम में मोहम्मद शमी नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह मोहसिन ने ली है। वहीं, एडेन की जगह बदोनी आए हैं।
राजस्थान रॉयल्स की कमान एक बार फिर यशस्वी जायसवाल संभाल रहे हैं। नियमित कप्तान रियान पराग इस मैच में भी नहीं खेल रहे हैं।
रॉयल्स की टीम अच्छी शुरुआत के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर काफी हद तक निर्भर रही है, लेकिन इस युवा खिलाड़ी को दूसरे छोर से यशस्वी जायसवाल से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला है। ध्रुव जुरेल ने कुछ शानदार पारियां खेली हैं, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने कुछ धीमी पारी खेली, जबकि दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। कप्तान रियान पराग ने हाल के मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह चाहेंगे कि उनकी टीम आखिरी पांच ओवरों में बल्लेबाजी में और अधिक सटीक प्रदर्शन करे।
रॉयल्स ने अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है और यहां होने वाला अंतिम मैच घरेलू टीम के लिए करो या मरो जैसा बन गया है। रॉयल्स इसके बाद लीग चरण के अपने अंतिम मैच में मुंबई इंडियंस का सामना करेगा।
IPL Live Cricket Score, RR vs LSG Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से हो रहा है। लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर है, लेकिन राजस्थान को अपनी उम्मीद बरकरार रखने के लिए हर हाल में जीत चाहिए।