कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल कर ली। बुधवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 151 रन बनाए। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 17.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर 153 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को मोईन अली और क्विंटन डिकॉक ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी हुई। अली को महीश तीक्षणा ने रनआउट किया। इसके बाद डिकॉक को कप्तान अजिंक्य रहाणे का साथ मिला। दोनों ने 24 गेंदों में 29 रन जोड़े।
रहाणे को वानिंदु हसरंगा ने 11वें ओवक की पहली गेंद पर तुषार देशपांडे के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज डिकॉक को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए अंगकृष रघुवंशी का साथ मिला। दोनों ने 83 रनों की नाबाद साझेदारी के साथ टीम को जीत दिलाई। डिकॉक इस मुकाबले में 97 और रघुवंशी 22 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए हसरंगा के अलावा किसी भी गेंदबाज को कोई सफलता नहीं मिली।
कोलकाता को दूसरा झटका वानिंदु हसरंगा ने दिया। उन्होंने अजिंक्य रहाणे को शिकार बनाया। वह 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अंगकृष रघुवंशी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक मौजूद हैं।
कोलकाता को पहला झटका सातवें ओवर की पहली गेंद पर लगा। मोईन अली रनआउट हो गए। वह सिर्फ पांच रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। मोईन अली और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता की घातक गेंदबाजी ने राजस्थान के बल्लेबाजों को 151 रन के स्कोर पर रोक दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रियान पराग की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 152 रन का लक्ष्य तैयार किया है। केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, मोईन अली और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, स्पेंसर जॉनसन को आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर के रूप में एक सफलता मिली।
इस मैच में राजस्थान की शुरुआत शानदार हुई थी। यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन के बीच पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी हुई। वैभव अरोड़ा ने चौथे ओवर में विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन को बोल्ड किया। वह 11 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा रियान पराग और जायसवाल ने संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 34 रन जोड़े। कप्तान पराग 25 रन बना पाए।
राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने सर्वाधिक 33 रनों की पारी खेली। उनके अलावा नीतीश राणा ने आठ, वानिंदु हसरंगा ने चार, शुभम दुबे ने नौ, जोफ्रा आर्चर ने 16 रन बनाए। वहीं, महीश तीक्षणा और तुषार देशपांडे क्रमश: एक और दो रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान को सातवां झटका हर्षित राणा ने दिया। उन्होंने ध्रुव जुरेल को अपना शिकार बनाया। वह 28 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोफ्रा आर्चर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शिमरन हेटमायर क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान का छठा विकेट शुभम दुबे के रूप में गिरा। उन्हें वैभव अरोड़ ने अपना शिकार बनाया। वह नौ रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए शिमरोन हेटमायर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ध्रुव जुरेल क्रीज पर मौजूद हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर 110/6 है।
82 के स्कोर पर पांच विकेट खो चुकी राजस्थान को अब एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर शुभम दुबे (इम्पैक्ट प्लेयर) और ध्रुव जुरेल के बीच साझेदारी पनप रही है।
राजस्थान को पांचवां झटका मोईन अली ने दिया। उन्होंने नीतीश राणा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर ध्रुव जुरेल और शुभम दुबे मौजूद हैं।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए वानिंदु हसरंगा सिर्फ चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया। अब बल्लेबाजी के लिए ध्रुव जुरेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए नीतीश राणा क्रीज पर मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 76/4 है।
राजस्थान रॉयल्स को तीसरा झटका इस मैच में केकेआर के लिए डेब्यू कर रहे 37 वर्षीय गेंदबाज मोईन अली ने दिया। उन्होंने शानदार फॉर्म में नजर आ रहे यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह 24 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वानिंदु हसरंगा उतरे हैं। 8.4 ओवर के बाद स्कोर 69/3 है।
राजस्थान का दूसरा विकेट 67 रन के स्कोर पर गिरा। वरुण चक्रवर्ती ने कप्तान रियान पराग को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नीतीश राणा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं।
पावरप्ले में राजस्थान के बल्लेबाजों ने 50 स्कोर बना लिया है और एक विकेट खोया है। संजू सैमसन 13 रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल क्रीज पर रियान पराग और यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं। शुरुआती छह ओवर के बाद स्कोर 54/1 है।
राजस्थान को पहला झटका वैभव अरोड़ा ने दिया। उन्होंने संजू सैमसन को बोल्ड किया। वह 13 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रियान पराग उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। चार ओवर के बाद स्कोर 34/1 है।
राजस्थान की इस मैच में सधी हुई शुरुआत हुई है। संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल के बीच साझेदारी पनप रही है। तीन ओवर के बाद स्कोर 30/1 है।
राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। कोलकाता के लिए पारी का पहला ओवर स्पेंसर जॉनसन फेंक रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: कुणाल सिंह राठौड़, शुभम दुबे, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, क्वेन मफाका।
कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, मोइन अली, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: एनरिक नॉर्त्जे, मनीष पांडे, अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, लवनीथ सिसोदिया।
कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया कि सुनील नरेन इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह मोईन अली को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। वहीं, राजस्थान के कप्तान रिायन पराग ने बताया कि उनकी टीम में भी एक बदलाव हुआ है। फजलहक फारुकी की जगह वानिंदु हसरंगा खेलते हुए नजर आएंगे।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेत्मायर, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, फजलहक फारुकी।
केकेआरः क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन/एनरिच नॉर्त्जे, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
राजस्थान की टीम को अगर वापसी करनी है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सनराइजर्स के खिलाफ पिछले मैच में उसके मुख्य तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 76 रन लुटाए, जबकि फजल हक फारूकी और महेश थीक्षाना भी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाए थे। इन सभी के पास गुवाहाटी में वापसी करने का मौका रहेगा।
केकेआर की निगाह एनरिच नॉर्त्जे की फिटनेस पर भी टिकी रहेंगी जो पीठ की जकड़न से उबर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज अगर फिट घोषित होता है तो उन्हें स्पेंसर जॉनसन की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। नॉर्त्जे का मैच में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। अगर नॉर्त्जे फिट नहीं हुए तो इस बात की संभावना कम है कि केकेआर मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई खास बदलाव करे।
केकेआर के लिए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का खराब प्रदर्शन चिंता का विषय है। ईडन गार्डंस की पिच पर फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने वरुण के खिलाफ आसानी से रन बटोरे। केकेआर को उम्मीद होगी कि वरुण राजस्थान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करें। पिछले मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन के आउट होने के बाद केकेआर का मध्यक्रम बिखर गया था। वेंकटेंश अय्यर और आंद्रे रसेल गलत शॉट खेलकर आउट हुए। टीम प्रबंधन को अब उम्मीद रहेगी कि वह शॉट चयन में सतर्कता बरतेंगे।
राजस्थान और केकेआर दोनों ही टीमें अभी जीत का खाता नहीं खोल सकी हैं, लेकिन कागजों में केकेआर का पलड़ा ज्यादा भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग की भी परीक्षा होगी क्योंकि पहले मैच में वह कुछ फैसले करते हुए असमंजस की स्थिति में दिखे। राजस्थान के लिए नियमित कप्तान सैमसन ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरकर अच्छी बल्लेबाजी की थी और टीम को मैच में बनाए रखा था, लेकिन राजस्थान की टीम विशाल लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी थी।
राजस्थान और केकेआर के बीच बराबरी का मुकाबला है। दोनों टीमों के हेड टु हेड की बात करें तो राजस्थान और केकेआर के बीच आईपीएल में अब तक कुल 29 मैच हुए हैं जिसमें ने दोनों ही टीमों ने 14-14 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। राजस्थान और कोलकाता की टीमें इस सीजन अपने पहले मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में आक्रामकता दिखाने में असफल रही। दोनों टीमें अब वापसी करना चाहेंगी।
हार के साथ आईपीएल 2025 सीजन की शुरुआत करने वाली गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स की टीम की नजरें जीत की पटरी पर लौटने पर होगी। कोलकाता को पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हार मिली, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान को हराया था। राजस्थान की टीम नियमित कप्तान के बिना उतर रही है। संजू सैमसन पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और इस मैच में भी वह इसी भूमिका में उतर सकते हैं।
IPL Live Cricket Score, RR vs KKR Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का छठा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच के जरिये जीत की पटरी पर लौटने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।