फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs GT Highlights: गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया, सीजन में सातवीं जीत दर्ज की

Fri, 05 May 2023 10:44 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

RR vs GT Highlights, Indian Premier League 2023 : आईपीएल के 48वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को अपने घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार (पांच मई) को गुजरात टाइटंस ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उसे नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। राजस्थान की टीम 17.5 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। जवाब में गुजरात ने 13.5 ओवर में एक विकेट पर 119 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
राशिद खान - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:26 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात की शानदार जीत

गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में शानदार जीत हासिल की है। उसकी सीजन में यह सातवीं जीत है। उसके अब 10 मैच में 14 अंक हो गए हैं। गुजरात की टीम सिर्फ तीन मुकाबलों में हारी है। दूसरी ओर, राजस्थान इस हार के बाद चौथे स्थान पर ही है। उसके 10 मैच में 10 अंक हैं। राजस्थान को पांच जीत और पांच हार मिली है।

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। राजस्थान की टीम 17.5 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। जवाब में गुजरात ने 13.5 ओवर में एक विकेट पर 119 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। गुजरात ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में 71 रन की साझेदारी की। शुभमन गिल 35 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। गिल के आउट होने के बाद ऋद्धिमान ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मैच को समाप्त किया। साहा ने 34 गेंद पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 41 रन बनाए। वहीं, हार्दिक 15 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए।

10:07 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: राजस्थान को मिली सफलता

स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने राजस्थान रॉयल्स को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर शुभमन गिल को आउट कर दिया। गिल को संजू सैमसन ने स्टंप किया। उन्होंने 35 गेंद पर 36 रन बनाए। इस दौरान गिल ने छह चौके लगाए। राजस्थान ने 10 ओवर में एक विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 10 ओवर में 47 रन चाहिए।

09:51 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात ने पावरप्ले में बनाए 49 रन

गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में एक भी विकेट नहीं गंवाया है। उसने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 49 रन बना लिए हैं। ऋद्धिमान साहा 15 गेंद पर 25 और शुभमन गिल 22 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
09:37 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात की पारी शुरू

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस की पारी शुरू हो चुकी है। ओपनर शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। गुजरात ने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 16 रन बना लिए हैं।

09:12 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात को मिला आसान लक्ष्य

गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 17.5 ओवर में 118 रन पर ऑल आउट कर दिया। गुजरात को 119 रन का आसान लक्ष्य मिला है। गुजरात के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। राशिद खान ने तीन और नूर अहमद ने दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी, हार्दिक पांड्या और जोश लिटिल को एक-एक सफलता मिली। जयपुर में राजस्थान का यह सबसे न्यूनतम स्कोर है।

राजस्थान के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। ट्रेंट बोल्ट ने 15, यशस्वी जायसवाल ने 14 और देवदत्त पडिक्कल ने 12 रन बनाए। इन चार बल्लेबाजों के अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

 

विज्ञापन
09:04 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: ट्रेंट बोल्ट हुए आउट

मोहम्मद शमी ने ट्रेंट बोल्ट को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को नौवां झटका दिया। बोल्ट ने 11 गेंद पर 15 रन बनाए। राजस्थान ने 17 ओवर में नौ विकेट पर 113 रन बना लिए हैं। एडम जम्पा और संदीप शर्मा नाबाद हैं।

08:50 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: राजस्थान को लगा दोहरा झटका

राजस्थान रॉयल्स को 14वें ओवर में सातवां झटका लगा। ध्रुव जुरेल को नूर अहमद ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। ध्रुव आठ गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक चौका लगाया। इसके बाद 15वें ओवर में शिमरॉन हेटमायर को राशिद खान ने आउट कर दिया। हेटमायर 13 गेंद पर सात रन ही बना सके।

08:34 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: देवदत्त पडिक्कल का भी नहीं चला बल्ला

राजस्थान रॉयल्स को छठा झटका देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। उन्हें 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर नूर अहमद ने क्लीन बोल्ड कर दिया। पडिक्कल ने 12 गेंद पर 12 रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया। राजस्थान ने 12 ओवर में छह विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। ध्रुव जुरेल पांच और शिमरॉन हेटमायर चार रन बनाकर नाबाद हैं।

08:22 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: नहीं चले रियान पराग

राशिद खान ने राजस्थान रॉयल्स को पांचवां झटका दिया। उन्होंने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग को आउट कर दिया। रियान पराग इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे थे, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए। रियान पराग छह गेंद पर चार रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। राजस्थान ने 10 ओवर में पांत विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। शिमरॉन हेटमायर और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं।

08:14 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: अश्विन हुए क्लीन बोल्ड

राशिद खान ने गुजरात टाइटंस को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रविचंद्रन अश्विन को क्लीन बोल्ड कर दिया। अश्विन छह गेंद पर दो रन ही बना सके। राजस्थान ने आठ ओवर में चार विकेट पर 63 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल के साथ रियान पराग क्रीज पर हैं।

08:06 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात को मिली तीसरी सफलता

राजस्थान रॉयल्स को तीसरा झटका सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। जोश लिटिल ने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच करा दिया। सैमसन ने 20 गेंद पर 30 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। राजस्थान ने सात ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल छह और रविचंद्रन अश्विन ने एक रन बनाकर नाबाद हैं।

07:58 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: यशस्वी जायसवाल हुए रनआउट

राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका छठे ओवर की पहली गेंद पर लगा। ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 11 गेंद पर 14 रन बनाकर रनआउट हो गए। राशिद खान की पहली गेंद को कप्तान संजू सैमसन ने ऑफसाइड की ओर खेला। यशस्वी जायसवाल नॉन-स्ट्राइकर एंड से दौड़ चुके थे। वह एक रन लेना चाहते थे, लेकिन सैमसन क्रीज में ही थे। उन्होंने यशस्वी को वापस जाने के लिए कहा। तब तक मोहित शर्मा ने राशिद खान की ओर शानदार थ्रो कर दिया। यशस्वी क्रीज तक नहीं पहुंच सके। उन्हें राशिद ने रनआउट कर दिया। राजस्थान ने छह ओवर में दो विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। सैमसन 17 गेंद पर 25 और देवदत्त पडिक्कल दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

07:41 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: गुजरात को मिली पहली सफलता

गुजरात टाइटंस को पहली सफलता कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिलाई। उन्होंने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर राजस्थान के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर को पवेलियन भेज दिया।बटलर छह गेंद पर आठ रन बनाकर मोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। बटलर ने अपनी पारी में दो चौके लगाए।

07:28 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: राजस्थान की पारी शुरू

गुजरात के खिलाफ राजस्थान की पारी शुरू हो गई है। ओपनर यशस्वी जायसवाल के साथ जोस बटलर क्रीज पर उतरे हैं। गुजरात के लिए गेंदबाजी की शुरुआत मोहम्मद शमी ने की है।

07:11 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी, जोशुआ लिटिल।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शिमरॉन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, एडम जम्पा, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।
 

07:01 PM, 05-May-2023

RR vs GT Live Score: राजस्थान की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। उन्होंने टीम में एक बदलाव किया। जेसन होल्डर की जगह एडम जम्पा की वापसी हुई है। 

06:40 PM, 05-May-2023

RR vs GT Highlights: गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया, सीजन में सातवीं जीत दर्ज की

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 48वें मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। गुजरात के 12 और राजस्थान के 10 अंक हैं। अगर इस मैच में राजस्थान की टीम जीत जाती है तो वह पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें