राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को तीन विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान की टीम ने नामुमकिन से दिख रहे लक्ष्य को क्रिस मोरिस की मैच जिताऊ पारी के दम पर हासिल किया।
मैच की बात करें तो राजस्थान ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 37 रन पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत (51) और टीम के नीचले क्रम के बल्लेबाजों ने मिलकर टीम के स्कोर को 147 रन तक पहुंचाया और राजस्थान को 148 रन का लक्ष्य दिया।
राजस्थान की तरफ से जयदेव उनादकट ने सर्वाधिक तीन विकेट और मुस्तफिजुर ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत भी बेहद खराब रही और उसके 42 रन पर ही पांच विकेट गिर गए। हालांकि डेविड मिलर (62) ने राजस्थान की उम्मीदों को बरकरार रखने की कोशिश की लेकिन वह भी आउट होकर पवेलियन लौट गए। एक समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान की टीम मैच हार जाएगी और दिल्ली आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगी। लेकिन अंत में क्रिस मोरिस ने 18 गेंदों में 36 रन जड़े और आखिरी दो ओवर में चार छक्के लगाकर राजस्थान को रोमांचक जीत दिला दी।
दिल्ली की तरफ से आवेश खान ने सर्वाधिक तीन और वोक्स-रबाडा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचा। रबाडा के 19वें ओवर से आए 15 रन। राजस्थान को जीत के लिए आखिरी छह गेंदों में 12 रन की दरकार
जयदेव उनादकट को बड़ा जीवनदान मिला है। जयदेव दो रन लेना चाहते थे लेकिन मोरिस ने मना किया। उधर उनादकट काफी आगे आ गए थे और पीछे लौटते वक्त पिच पर ही लड़खड़ा गए। फिल्डर द्वारा फेंकी गई थ्रो गेंद पंत के दस्ताने में लगी और गिर गई और पंत ने बिना गेंद पकडे ही गिल्लियां बिखेर दी। बाल-बाल बचे उनादकट
राजस्थान की जीत की सबसे बड़ी उम्मीद भी टूट गई है। डेविड मिलर अर्धशतकीय पारी खेलकर आवेश का शिकार हुए। मिलर ने आवेश के ओवर में लगातार दो छक्के लगाए और तीसरे के चक्कर में ललित यादव को कैच दे बैठे। मिलर ने 43 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली।
आखिरकार आज के मैच का पहला छक्का डेविड मिलर के बल्ले से निकल गया है। यह छक्का मैच की दूसरी पारी के 16वें ओवर में लगा। मिलर ने आवेश खान की गेंद पर यह छक्का लगाया।
सीजन का पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर राजस्थान को उम्मीदों को बरकरार रखे हुए हैं। मिलर ने 40 गेंदों में अपना 10वां अर्धशतक पूरा किया।
राजस्थान की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखर गई है। आवेश खान ने रॉयल्स को एक और झटका देते हुए रियान पराग को भी पवेलियन भेज दिया है। पराग सिर्फ दो रन ही बना पाए। 10 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 52/5, डेविड मिलर (30*), राहुल तेवतिया (1*)
दूसरी पारी में दिल्ली के गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए राजस्थान के बल्लेबाजों को घुटने पर ला दिया है। राजस्थान को शिवम दुबे के रूप में चौथा झटका लगा है। शिवम सात गेंदों में दो रन ही बना पाए। आठ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 36/4, डेविड मिलर (17*), रियान पराग (0*)
दिल्ली के 148 रन का लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब हुई है। उसके शीर्ष के तीनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए हैं. पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले संजू सैमसन को रबाडा ने चार रन के स्कोर पर धवन के हाथों कैच करवा दिया। चार ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 18/3, शिवम दुबे (0*), डेविड मिलर (1*)
क्रिस वोक्स ने राजस्थान को एक ही ओवर में दो बड़े झटके दिए। उन्होंने तीसरे ओवर में पहले मनन वोहरा को आउट किया और फिर जोस बटलर को भी पवेलियन की राह दिखा दी। बटलर सात गेंदों में दो रन ही बना पाए। तीन ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 13/2, संजू सैमसन (0*), शिवम दुबे (0*)
क्रिस वोक्स के दूसरे ओवर में लगातार दो चौके लगाने के बाद मनन वोहरा खुद पर काबू नहीं रख पाए। उन्होंने तीसरा शॉट भी उठाकर मारने की कोशिश की और रबाडा के हाथ में आसान कैच दे बैठे। वोहरा 11 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।
क्रिस वोक्स और आवेश खान ने दिल्ली की तरफ से शानदार शुरुआत की है और राजस्थान के बल्लेबाजों पर लगाम लगाकर रखा है। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 5/0, जॉस बटलर (2*), मनन वोहरा (1*)
दिल्ली कैपिटल्स के 148 रन के लक्ष्य में राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी में इस बार जोस बटलर ओपनिंग करने उतरे हैं। उनके साथ दूसरी छोर पर मनन वोहरा मौजूद हैं। दिल्ली की तरफ से क्रिस वोक्स ने पहला ओवर डाला है।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन बनाए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अब राजस्थान रॉयल्स की जीत के लिए 148 रनों की दरकार है।
मैच में दिल्ली के बल्लेबाजों की शुरुआत बेहद खराब रही। जयदेव उनादकट ने दिल्ली के शीर्ष क्रम को पूरी तरह से बिखेर दिया। लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी पारी खेलते हुए दिल्ली को संभाला और अपना अर्धशतक पूरा किया। पंत के आउट होने के बाद नीचले क्रम के खिलाड़ियों ने छोटी-छोटी पारियों के दम पर दिल्ली के स्कोर को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। दिल्ली की तरफ से ललित यादव (20), टॉम करन (21) और क्रिस वोक्स ने 15 रनों की नाबाद पारी खेली।
राजस्थान की तरफ से जयदेव उनादकट सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं मुस्तफिजुर रहमान को भी दो विकेट मिले।
दिल्ली की टीम अब पूरी तरह से मुश्किल में नजर आ रही है। उसके कप्तान ऋषभ पंत भी अर्धशतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। पंत को 51 रन के स्कोर पर रियान पराग ने डायरेक्ट थ्रो से रन आउट किया। 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 93/5, ललित यादव (19*), टॉम करन (0*)
दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत मुश्किल में फंसी टीम को उबारने में लगे हुए हैं। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 13वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। पंत ने 30 गेंदों में अपना यह महत्वपूर्ण अर्धशतक पूरा किया। 12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 85/4, ऋषभ पंत (50*), ललित यादव (12*)
जयदेव उनादकट ने इस सीजन के पहले मैच में जबरदस्त गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ अहम मुकाबले में चार ओवर में सिर्फ 15 रन दिए और तीन विकेट हासिल किए। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 57/4, ऋषभ पंत (25*), ललित यादव (10*)
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम शुरुआती झटकों से लड़खड़ा गई है। टीम के स्टार ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें मुस्तफिजुर ने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर धीमी गेंद पर फंसाया। स्टोइनिस ने पांच गेंदों का सामना किया और बिना रन बनाए बटलर को कैच दे बैठे। सात ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 37/4, ऋषभ पंत (16*), ललित यादव (0*)
जयदेव उनादकट की तेज घूमती गेंदों ने दिल्ली के शीर्ष क्रम को तोड़कर रख दिया है। उनादकट के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर रहाणे ने फॉलो थ्रू में जयदेव के हाथों में कैच दे दिया। रहाणे आठ गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए।
जयदेव उनादकट ने दिल्ली को दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अपने दो ओवर में सात रन देकर दो विकेट लिए हैं।
सीजन का पहला मैच खेल रहे जयदेव उनादकट ने अपने दो ओवरों में दिल्ली को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने पहले ओवर में पृथ्वी शॉ को आउट करने के बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर शिखर धवन को भी पवेलियन की राह दिखा दी है। उनादकट की गेंद पर धवन फाइन लेग की दिशा में लैप शॉट खेलना चाहते थे लेकिन विकेट के पीछे मौजूद संजू सैमसन ने अपनी बाईं तरफ हवा में छलांग लगाते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा। धवन 11 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।
पहले मैच में शानदार पारी खेलने वाले पृथ्वी शॉ इस बार फ्लॉप हो गए। उन्हें दूसरे ही ओवर में जयदेव उनादकट ने मिलर के हाथों कैच करवाया। शॉ पांच गेंदों में दो रन बनाकर आउट। दो ओवर की समाप्ति के बाद दिल्ली का स्कोर: 5/1, शिखर धवन (3*), अजिंक्य रहाणे (0*)
राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज चेतन साकरिया ने शानदार गेंदबाजी के साथ शुरुआत की है। उन्होंने पहले ओवर में शॉ और धवन पर लगाम लगाए रखी। एक ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 2/0, शिखर धवन (1*), पृथ्वी शॉ (1*)
दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। एक बार फिर से दिल्ली की तरफ से पृथ्वी शॉ और शिखर धवन की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की है। वहीं राजस्थान के लिए चेतन साकरिया पहला ओवर डाल रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस मैच में बाएं हाथ के तीन तेज गेंदबाजों को शामिल किया है। ये तीन गेंदबाज हैं इसमें चेतन साकरिया, जयदेव उनादकट और मुस्तफिजुर रहमान। 2017 के बाद आज पहली बार ऐसा हुआ है कि 3 लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज़ एक टीम में शामिल किए गए है।
दिल्ली कैपिटल्स
ऋषभ पंत, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अंजिक्य रहाणे, ललित यादव, मार्कस स्टोइनिस, टॉम करन, क्रिस वोक्स, कागिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, आवेश खान
राजस्थान रॉयल्स:
संजू सैमसन, जॉस बटलर, मनन वोहरा, डेविड मिलर, रियान पराग, राहुल तेवतिया, शिवम दुबे, क्रिस मॉरिस, जयदेव उनादकट, मुस्तफ़िजुर रहमान, चेतन साकरिया
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने दो खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो चुके श्रेयस अय्यर की जगह पर अनिरुद्ध जोशी को बतौर रिप्लेसमेंट शामिल किया है। वहीं कोरोना से संक्रमित अक्षर पटेल की जगह पर शम्स मुलानी को बतौर कोविड-19 रिप्लेसमेंट टीम से जोड़ा गया है। अक्षर पटेल के ठीक होने तक मुलानी टीम का हिस्सा रहेंगे।
अंगुली में फ्रेक्चर के कारण बाकी बचे टूर्नामेंट से बाहर हो गए स्टोक्स की गैरमौजूदगी में जोस बटलर, शिवम दुबे और रियान पराग जैसे खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन और कप्तान को सहयोग देने का दबाव होगा। पहले मैच में मनन वोहरा (12), बटलर (25), दुबे (23) और पराग (25) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। रॉयल्स की टीम के लिए सबसे बड़ी समस्या हालांकि गेंदबाजी है। पहले मैच में टीम के गेंदबाज बिल्कुल भी लय में नजर नहीं आए।
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम एक बार फिर से नए मुकाबले के लिए तैयार है। यहां हमेशा से बल्लेबाजों को मदद मिली है और खूब रन देखने को मिले हैं। पिछले मुकाबले में राजस्थान और पंजाब के बीच मुकाबले में भी 400 से अधिक रन देखने को मिले थे। ऐसे में एक बार फिर से यहां रनों का पहाड़ देखने को मिल सकता है।
आईपीएल में दोनों टीमों के बीच हमेशा से टक्कर का मुकाबला देखने को मिला है।