फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs SRH Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 42 रनों से हराया, सॉल्ट की कोशिश गई बेकार

Fri, 23 May 2025 11:34 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

PBKS vs DC Indian Premier League 2025: प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के शीर्ष दो में बरकरार रहने की संभावनाओं को बड़ा झटका दिया। सनराइजर्स ने आरसीबी को 42 रनों से हराकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसका दिया। 
विज्ञापन
कमिंस और उनादकट - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:34 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी जीत

सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 42 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है। सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की दमदार पारी से 20 ओवर में छह विकेट पर 231 रन बनाए। जवाब में फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन आरसीबी की टीम 19.5 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है, लेकिन इस हार से उसके शीर्ष दो में जगह मजबूत करने की संभावनाओं को झटका लगा है।

कोहली और सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। कोहली के आउट होने के बाद सॉल्ट ने मोर्चा संभाला और अर्धशतक भी जड़ा। सॉल्ट के आउट होने के बाद आरसीबी की पारी लड़खड़ा गई और उसने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने शुरू कर दिए। पैट कमिंस की अगुआई में गेंदबाजों ने दमदार वापसी की। इसमें सबसे बड़ा योगदान ईशान मलिंगा का रहा जिन्होंने रोमारियो शेफर्ड और टिम डेविड जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के विकेट लिए। 

आरसीबी के लिए सॉल्ट 32 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कोहली ने 25 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा अन्य कोई बड़ी पारी नहीं खेल सका। रजत पाटीदार ने 18 और जितेश शर्मा ने 24 रन का योगदान दिया। आरसीबी के निचले क्रम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और उसके चार बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके, जबकि दो खाता भी नहीं खोल पाए। सनराइजर्स के लिए कमिंस ने तीन विकेट झटके, जबकि मलिंगा ने दो विकेट लिए। इन दोनों के अलावा जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी को एक-एक विकेट मिला। 

11:20 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: टिम डेविड पवेलियन लौटे

ईशान मलिंगा ने टिम डेविड को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को सातवीं सफलता दिलाई। डेविड एक रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर क्रुणाल पांड्या के साथ भुवनेश्वर कुमार मौजूद हैं। 

11:14 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: जितेश शर्मा आउट

आरसीबी को जितेश शर्मा के रूप में छठा झटका लगा है। जितेश 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। जितेश को जयदेव उनादकट ने अपना शिकार बनाया। 

विज्ञापन
11:10 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: शेफर्ड खाता खोले बिना आउट

ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रोमारियो शेफर्ड को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर आउट किया। शेफर्ड खाता खोले बिना आउट हुए। आरसीबी ने 16 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 174 रन बनाए हैं। 

11:08 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: रजत पाटीदार आउट हुए

आरसीबी को रजत पाटीदार के रूप में चौथा झटका लगा है। पाटीदार रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 18 रन बनाए। 

विज्ञापन
11:02 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी का स्कोर 165 के पार

सनराइजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 165 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। आरसीबी ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 167 रन बनाए हैं। उसे अभी जीत के लिए 30 गेंदों पर 65 रन बनाने हैं। फिलहाल क्रीज पर जितेश शर्मा और रजत पाटीदार मौजूद हैं। 

10:43 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सॉल्ट पवेलियन लौटे

पैट कमिंस ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया। सॉल्ट 32 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। 

10:38 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी को लगा दूसरा झटका

आरसीबी को मयंक अग्रवाल के रूप में दूसरा झटका लगा है। मयंक 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नीतीश रेड्डी ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नियमित कप्तान रजत पाटीदार उतरे हैं। हालांकि, वह इस मैच में कप्तानी नहीं कर रहे हैं। 

10:30 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सॉल्ट का पचासा

आरसीबी के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। सॉल्ट का इस सीजन यह तीसरा पचासा है और दिलचस्प बात यह है कि तीनों अर्धशतक लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाए हैं। 

10:28 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी का स्कोर 100 के पार

सनराइजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने अच्छी शुरुआत की है और स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। आरसीबी ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। कोहली के आउट होने के बाद सॉल्ट ने मोर्चा संभाले रखा है। 

10:18 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: कोहली अर्धशतक से चूके

हर्ष दुबे ने विराट कोहली को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया। कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक के करीब थे, लेकिन 25 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने सॉल्ट के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। 

10:12 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी की दमदार शुरुआत

सनराइजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने अच्छी शुरुआत की है और पावरप्ले तक एक भी विकेट नहीं गंवाया है। कोहली और सॉल्ट की सलामी जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे आरसीबी ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 72 रन बना लिए हैं।  

09:52 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी की सधी शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने सधी हुई शुरुआत की है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 31 रन है। 

09:38 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी की पारी शुरू

सनराइजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। आरसीबी की ओर से विराट कोहली और फिल सॉल्ट बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। सनराइजर्स ने आरसीबी के सामने 232 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। 

09:20 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी को मिला 232 रनों का लक्ष्य

सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी के सामने 232 रनों का लक्ष्य रखा है। ईशान ने 48 गेंदों पर सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 94 रन बनाए जिससे सनराइजर्स की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 231 रन बनाने में सफल रही। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। 

लुंगी एनगिडी ने अभिषेक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जिन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजा जो 10 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाए। इसके बाद हेनरिच क्लासेन और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी। इस साझेदारी को सुयश शर्मा ने क्लासेन को आउट कर तोड़ा जिन्होंने 13 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। 

इसके बाद ईशान का साथ देने अनिकेत वर्मा आए और उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की। अनिकेत नौ गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश रेड्डी इस मैच में प्रभावित नहीं कर सके और चार रन बनाकर रोमारियो शेफर्ड का शिकार बनें। शेफर्ड ने फिर अभिनव मनोहर को आउट किया जो 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, ईशान टिके रहे और लगातार बड़े शॉट खेलकर टीम की रन गति को धीमी नहीं पड़ने दिया। ईशान की बल्लेबाजी की मदद से ही सनराइजर्स 230 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। पैट कमिंस छह गेंदों पर एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी की ओर से शेफर्ड ने दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर, एनगिडी, सुयश और क्रुणाल को एक-एक विकेट मिला। 

09:03 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सनराइजर्स को छठा झटका

रोमारियो शेफर्ड ने अभिनव मनोहर को आउट कर सनराइजर्स को छठा झटका दिया। अभिनव 11 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। 

08:58 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सनराइजर्स का स्कोर 170 के पार

सनराइजर्स का स्कोर 170 के पार पहुंच गया है। क्रीज पर ईशान किशन टिके हुए हैं। 16 ओवर की समाप्ति के बाद सनराइजर्स ने पांच विकेट पर 177 रन बनाए हैं। ईशान के साथ अभिनव मनोहर क्रीज पर हैं। 

08:44 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: ईशान का पचासा

ईशान किशन ने 28 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। ईशान के साथ क्रीज पर नीतीश कुमार रेड्डी भी मौजूद हैं। 

08:32 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: अनिकेत पवेलियन लौटे

सनराइजर्स हैदराबाद को अनिकेत वर्मा के रूप में चौथा झटका लगा है। अनिकेत विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन नौ गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद ने 12 ओवर में चार विकेट पर 147 रन बनाए हैं। 

08:18 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: क्लासेन आउट हुए

सुयश शर्मा ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर सनराइजर्स को तीसरा झटका दिया है। क्लासेन और ईशान किशन के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 48 रनों की साझेदारी कर ली थी, लेकिन सुयश ने इस साझेदारी को तोड़ा। हैदराबाद का स्कोर हालांकि, 100 रन के पार पहुंच गया है। 

08:02 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: पावरप्ले समाप्त

सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ पावरप्ले की समाप्ति तक 70 रन के पार स्कोर कर दिया है। सनराइजर्स ने छह ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 71 रन बनाए हैं। अभिषेक और हेड ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन आरसीबी ने वापसी करते हुए इन दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। फिलहाल क्रीज पर ईशान किशन और हेनरिच क्लासेन मौजूद हैं। 

07:53 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: हेड पवेलियन लौटे

सनराइजर्स हैदराबाद को तीन गेंदों के अंदर दो झटके लगे हैं। पहले एनगिडी ने अभिषेक शर्मा को आउट किया और अब भुवनेश्वर कुमार ने ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजा। हेड 10 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। 

07:50 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: हैदराबाद को लगा पहला झटका

सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। अभिषेक और हेड के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 54 रन भी जोड़ लिए थे, लेकिन लुंगी एनगिडी ने अभिषेक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक 17 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। 

07:33 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: सनराइजर्स की पारी शुरू

आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा के साथ ट्रेविस हेड पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

07:07 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिच क्लासेन, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा। 
इम्पैक्ट सबः मोहम्मद शमी, हर्ष दुबे, सचिन बेबी, जीशान अंसारी, सिमरजीत सिंह। 

आरसीबीः फिल सॉल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, लुंग एनगिडी, सुयश शर्मा। 
इम्पैक्ट सबः रजत पाटीदार, रासिख डार सलाम, मनोज भंडागे, स्वप्निल सिंह।

07:02 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: आरसीबी ने जीता टॉस

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी के नियमित कप्तान रजत पाटीदार इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह जितेश शर्मा कमान संभाल रहे हैं। यह पहली बार है जब जितेश आरसीबी की कप्तानी कर रहे हैं। इससे पहले, उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए सनराइजर्स के खिलाफ ही कप्तानी की थी। जितेश ने टॉस के दौरान बताया कि पाटीदार इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलेंगे, जबकि देवदत्त पडिक्कल की जगह मयंक को शामिल किया गया है। सनराइजर्स ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए हैं। ट्रेविस हेड की टीम में वापसी हो गई है, जबकि अभिनव मनोहर और जयदेव उनादकट को भी जगह मिली है। 

06:41 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: कोहली पर रहेगा दारोमदार

आरसीबी का दारोमदार विराट कोहली पर रहेगा जिन्होंने अब तक इस सीजन 505 रन बनाए हैं। कप्तान रजत पाटीदार (239 रन) और फिल सॉल्ट (239) भी फॉर्म में हैं। बिग हिटर टिम डेविड और रोमारिया शेफर्ड की मौजूदगी भी आरसीबी के लिए फायदेमंद रहेगी। 

06:28 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: कप्तान पाटीदार फिट

आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने कहा है कि लंबे ब्रेक से उनकी टीम की लय नहीं बिगड़ी है बल्कि इससे कप्तान रजत पाटीदार समेत कुछ खिलाड़ियों को प्लेऑफ से पहले फिट होने का मौका मिला है। पाटीदार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घरेलू मैच के दौरान अंगुली में चोट लगी थी। फ्लावर ने बताया था कि अब पाटीदार पूरी तरह फिट हैं। 

06:19 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Live: शीर्ष दो में रहने के हैं फायदे

आईपीएल में शीर्ष दो में रहने वाली टीमों को फाइनल में प्रवेश करने के लिए दो मौके मिलते हैं। इन टीमों को क्वालिफायर-1 में हारने के बावजूद क्वालिफायर-2 में खेलने का मौका मिलता है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में प्लेऑफ के लिए चार टीमें तय हो चुकी हैं, लेकिन इनके बीच शीर्ष दो में रहने की होड़ चल रही है। 

06:14 PM, 23-May-2025

RCB vs SRH Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 42 रनों से हराया, सॉल्ट की कोशिश गई बेकार

IPL Live Cricket Score, PBKS vs DC Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। आरसीबी की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है, लेकिन उसकी नजरें शीर्ष स्थान पर दावा मजबूत करने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें