फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs RR: राजस्थान ने बैंगलोर से लिया बदला, 29 रन से हराया, पराग के अर्धशतक के बाद अश्विन और कुलदीप का कमाल

Tue, 26 Apr 2022 11:21 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

RCB vs RR: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम 115 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
राजस्थान की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:15 PM, 26-Apr-2022

राजस्थान ने बैंगलोर को 29 रन से हराया

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2022 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 29 रन से हरा दिया। इसी के साथ राजस्थान ने बैंगलोर से पिछले मैच का बदला भी ले लिया। इसी सीजन दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मैच में बैंगलोर ने राजस्थान को चार विकेट से हराया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 144 रन बनाए थे। रियान पराग ने 31 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से 56 रन की नाबाद पारी खेली। जवाब में बैंगलोर की टीम 19.3 ओवर में 115 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। राजस्थान की ओर से कुलदीप सेन ने चार  विकेट झटके। वहीं, रविचंद्रन अश्विन को तीन विकेट मिले।

इस जीत के साथ राजस्थान की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने अब तक आठ में से छह मैच जीते हैं। दो हार और 12 अंकों के साथ टीम टॉप पर है। गुजरात से नेट रन रेट में राजस्थान की टीम आगे है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम नौ मैचों में पांच जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसके 10 अंक हैं।

11:02 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर को आठवां झटका

17वें ओवर में 102 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आठवां झटका लगा। कुलदीप सेन ने वनिंदु हसरंगा को अपने ही गेंद पर कैच आउट किया। वे 13 गेंदों पर 18 रन बना सके। फिलहाल हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं।

10:57 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर को 24 गेंदों पर 51 रन की जरूरत

16वें ओवर में 92 रन के स्कोर पर बैंगलोर को सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने शाहबाज अहमद को रियान पराग के हाथों कैच कराया। शाहबाज 27 गेंदों पर 17 रन बना सके। यह अश्विन को मिली तीसरी सफलता रहा। इससे पहले उन्होंने रजत पाटीदार और सुयश प्रभुदेसाई को पवेलियन भेजा था। 16 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर सात विकेट पर 94 रन है और उसे 24 गेंदों पर 51 रन की जरूरत है। फिलहाल वनिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
10:52 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर का स्कोर 90/6

15 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने छह विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल वनिंदु हसरंगा पांच गेंदों पर आठ रन और शाहबाज अहमद 26 गेंदों पर 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। आरसीबी को 30 गेंदों पर 55 रन की जरूरत है। 

10:44 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: कार्तिक रन आउट हुए

13वें ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। चहल के ओवर की चौथी गेंद को शाहबाज ने मिड ऑन पर खेला। वहां मौजूद प्रसिद्ध कृष्णा ने बॉल पिक करके चहल को सिंपल थ्रो किया। गेंद चहल के हाथों से छूट गई। ऐसा लगा कि चहल ने बिना गेंद कलेक्ट किए स्टंप्स उखाड़ दिए और दिनेश कार्तिक रन आउट से बच गए। हालांकि, फील्ड अंपायर ने इसे थर्ड अंपायर के पास भेजा। रिप्ले में दिखा कि चहल ने बॉल पिक करने से पहले स्टंप्स उखाड़ दिए थे और तब तक कार्तिक क्रीज में नहीं पहुंचे थे। इस तरह कार्तिक रन आउट हुए। वे चार गेंदों पर छह रन बना सके। 13 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर छह विकेट पर 72 रन है। फिलहाल शाहबाज अहमद 10 रन और वनिंदु हसरंगा क्रीज पर हैं।  


कार्तिक को रन आउट करने के बाद चहल को साथी खिलाड़ियों ने इस तरह उठा लिया

विज्ञापन
10:38 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर को पांचवां झटका

12वें ओवर में 66 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पांचवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने सुयश प्रभुदेसाई को रियान पराग के हाथों कैच कराया। सुयश सात गेंदों पर दो रन बना सके। फिलहाल शाहबाज अहमद और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। 

10:21 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर को चौथा झटका

10वें ओवर में 58 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चौथा झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने रजत पाटीदार को क्लीन बोल्ड किया। रजत 16 गेंदों पर 16 रन बना सके। उन्होंने शाहबाज अहमद के साथ चौथे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 21 रन की साझेदारी निभाई। 10 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर चार विकेट पर 58 रन है। फिलहाल सुयश प्रभुदेसाई और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं।


रजत पाटीदार क्लीन बोल्ड हुए

10:05 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: कुलदीप सेन ने दो बड़े झटके दिए

सातवें ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को दो बड़े झटके लगे। मध्य प्रदेश के रीवा के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने इस ओवर में लगातार दो गेंदों पर फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन भेजा। कुलदीप ने डुप्लेसिस को बटलर के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस 21 गेंदों पर 23 रन बना सके। वहीं, मैक्सवेल पहली ही गेंद पर पडिक्कल के हाथों स्लिप में लपके गए। वह खाता भी नहीं खोल सके। सात ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन है। फिलहाल शाहबाज अहमद और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं। 

09:52 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: डुप्लेसिस और रजत क्रीज पर

चार ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान फाफ डुप्लेसिस 11 गेंदों पर 11 रन और रजत पाटीदार एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली नौ रन बनाकर आउट हुए।

09:35 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर को पहला झटका, कोहली आउट

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को दूसरे ओवर में 10 के स्कोर पर पहला झटका लगा। विराट कोहली का खराब फॉर्म जारी है। पहले ओवर में ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर कोहली ने दो चौके जरूर लगाए थे, लेकिन दूसरे ओवर में वह प्रसिद्ध कृष्णा की शॉर्ट बॉल पर वह कैच आउट हो गए। कोहली ने 10 गेंदों पर दो चौके की मदद से नौ रन बनाए। दो ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है। फिलहाल रजत पाटीदार और फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर हैं। 

09:15 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान ने बनाए 144 रन

राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। बैंगलोर के सामने 145 रन का लक्ष्य है। रियान पराग ने 31 गेंदों पर 56 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल है। उनके अलावा राजस्थान का कोई बल्लेबाज नहीं चला। रियान पराग के आईपीएल करियर का यह दूसरा अर्धशतक रहा। यह आईपीएल में पराग का हाईएस्ट स्कोर भी है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत खराब रही। देवदत्त पडिक्कल सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर रविचंद्रन अश्विन बल्लेबाजी के लिए आए और पहली दो गेंदों पर ही दो चौके लगाए। हालांकि, वह ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके और नौ गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके शामिल हैं।

शानदार फॉर्म में चल रहे जोस बटलर नौ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। कप्तान संजू सैमसन 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। इसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल हैं। डेरिल मिशेल 24 गेंदों पर 16 रन, शिमरोन हेटमायर सात गेंदों पर तीन रन और ट्रेंट बोल्ट सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। प्रसिद्ध कृष्णा दो रन बनाकर आउट हुए।

इस दौरान रियान पराग ने एक छोर से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने 29 गेंदों पर आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक जमाया। आखिरी दो ओवर में राजस्थान ने 30 रन बनाए। वहीं, आखिरी पांच ओवर में राजस्थान ने तीन विकेट गंवाकर 44 रन बनाए। बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और वनिंदु हसरंगा को दो-दो विकेट मिले। वहीं, हर्षल पटेल को एक विकेट मिला। 

09:10 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को आठवां झटका

19वें ओवर में 121 रन के स्कोर पर राजस्थान को आठवां झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा रन आउट हुए। फिलहाल रियान पराग 25 गेंदों पर 38 रन और युजवेंद्र चहल क्रीज पर हैं। इसी ओवर में वनिंदु हसरंगा ने रियान पराग का आसान कैच छोड़ दिया था।

09:03 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को सातवां झटका

18वें ओवर में 110 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स को सातवां झटका लगा। हर्षल पटेल ने ट्रेंट बोल्ट को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। कोहली ने डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा। 18 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर सात विकेट पर 114 रन है। फिलहाल रियान पराग 21 गेंदों पर 26 रन और प्रसिद्ध कृष्णा दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। 
 

08:53 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को छठा झटका

राजस्थान की टीम के सामने मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 16वें ओवर में वनिंदु हसरंगा ने शिमरोन हेटमायर को सुयश प्रभुदेसाई के हाथों कैच कराया। हेटमायर सात गेंदों पर तीन रन बना सके। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर छह विकेट पर 104 रन है। फिलहाल रियान पराग 17 गेंदों पर 22 रन और ट्रेंट बोल्ट एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:44 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को पांचवां झटका

15वें ओवर में 99 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स को पांचवां झटका लगा। डेरिल मिशेल 24 गेंदों पर 16 रन की धीमी पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। मिशेल और पराग के बीच 29 गेंदों पर 31 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल रियान पराग 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर और शिमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर पांच विकेट पर 100 रन है।

08:34 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: पराग और मिशेल ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल रियान पराग 10 गेंदों पर 16 रन और डेरिल मिशेल 16 गेंदों पर 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। संजू सैमसन 27 रन बनाकर आउट हुए। बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले। वहीं, जोश हेजलवुड और वनिंदु हसरंगा को एक-एक विकेट मिला। 


विकेट मिलने के बाद हसरंगा

08:25 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को लगा चौथा झटका

10वें ओवर में 68 के स्कोर पर राजस्थान को चौथा झटका लगा। वनिंदु हसरंगा ने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को क्लीन बोल्ड किया। सैमसन रिवर्स स्वीप लगाने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हुए। वे एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। सैमसन 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। 10 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 69 रन है। फिलहाल रियान पराग और डेरिल मिशेल क्रीज पर हैं। 

08:14 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान का स्कोर 65/3

आठ ओवर के बाद राजस्थान ने तीन विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 14 गेंदों पर 26 रन और डेरिल मिशेल नौ गेंदों पर पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। मिशेल का यह आईपीएल में डेब्यू मैच है। आठवें ओवर में स्पिनर शाहबाज अहमद की लगातार दो गेंदों पर सैमसन ने दो छक्के लगाए। 

07:59 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को लगे तीन बड़े झटके

राजस्थान रॉयल्स की टीम मुश्किल में पड़ती हुई नजर आ रही है। 33 रन पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। दूसरे ओवर में देवदत्त पडिक्कल आउट हुए थे। उन्हें सिराज ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। इसके बाद चौथे ओवर में सिराज ने रविचंद्रन अश्विन को पवेलियन भेजा। अश्विन नौ गेंदों पर चार चौके की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके अगले ही ओवर (पांचवें) में जोश हेजलवुड ने जोस बटलर को पवेलियन भेजा। हेजलवुड ने बटलर को सिराज के हाथों कैच कराया। सिराज ने मिड ऑन पर बेहतरीन कैच लपका। बटलर नौ गेंदों पर आठ रन बना सके। पांच ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 33 रन है। डेरिल मिशेल और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। 

07:44 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: राजस्थान को पहला झटका

दूसरे ओवर में 11 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका लगा। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने देवदत्त पडिक्कल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। पडिक्कल सात गेंदों पर सात रन बना सके। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने पहली दो गेंदों पर दो चौके लगाए। वह दो गेंदों पर 400 के स्ट्राइक रेट से आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, बटलर तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है।


पडिक्कल के खिलाफ अपील करते सिराज

07:36 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: एक ओवर के बाद राजस्थान 5/0

राजस्थान के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और जोस बटलर क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन बना लिए हैं। बैंगलोर के लिए पहले ओवर में गेंदबाजी शाहबाज अहमद ने की। 

07:07 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

बैंगलोर के चार विदेशी खिलाड़ी कप्तान डुप्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, वनिंदु हसरंगा और जोश हेजलवुड हैं। राजस्थान के चार विदेशी खिलाड़ी जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर, ट्रेंट बोल्ट और डेरिल मिशेल हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, सुयश प्रभुदेसाई, रजत पाटीदार, शाहबाज अहमद, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हर्षल पटेल, वनिंदु हसरंगा, जोश हेजलवुड, मोहम्मद सिराज।



राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, डेरिल मिशेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, कुलदीप सेन, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल

07:02 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बैंगलोर ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टॉस के दौरान कप्तान डुप्लेसिस ने कहा कि विराट कोहली ओपनिंग करेंगे। अनुज रावत को प्लेइंग-11 से बाहर किया गया है। वहीं, रजत पाटीदार को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। वहीं, राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टीम में दो बदलाव किए हैं। करुण नायर की जगह डेरिल मिशेल और ओबेड मैकॉय की जगह कुलदीप सेन को प्लेइंग-11 में मौका मिला है।

06:57 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: पिच रिपोर्ट

पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन छह मैच खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम तीन मैच जीती है। इन तीन मैचों में पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने 210, 198 और 171 रन का स्कोर डिफेंड किया। वहीं, बाद में बैटिंग करने वाली टीमों को भी तीन मैचों में जीत हासिल हुई। लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए टीमों ने 169 रन, 161 रन और 151 रन बनाए।

06:33 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: हर्षल-हेजलवुड पर रहेगा जिम्मा

आरसीबी के पास हर्षल पटेल के रूप में डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने वाला सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है लेकिन इस तेज गेंदबाज को मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड से सहयोग की जरूरत है। श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा के चार ओवर भी आरसीबी के लिए काफी महत्वपूर्ण होंगे क्योंकि वह भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
 

06:33 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: शानदार फॉर्म में हैं बटलर

राजस्थान के लिए सलामी बल्लेबाज जोस बटलर बेहतरीन फॉर्म में हैं और मौजूदा सत्र में पहले ही तीन शतक जड़ चुके हैं। सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और कप्तान संजू सैमसन भी बल्ले से योगदान दे रहे हैं जबकि शिमरोन हेतमायर ने भी कुछ आकर्षक पारियां खेली हैं। राजस्थान की बल्लेबाजी का कमजोर पक्ष करुण नायर और रियान पराग हैं और इस जोड़ी को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

06:32 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: बोल्ट-चहल रखेंगे रनों पर अंकुश

राजस्थान के पास विविधता भरा गेंदबाजी आक्रमण है जिसकी अगुआई ट्रेंट बोल्ट कर रहे हैं। बोल्ट  विराट को परेशान करते आए हैं। प्रसिद्ध कृष्ण के अलावा रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी भी आरसीबी के बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है। चहल टूर्नामेंट में अब तक 18 विकेट चटका चुके हैं। अश्विन भी अपने दिन किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने में सक्षम हैं।

06:32 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR Live: कार्तिक-मैक्सवेल से रहेंगी उम्मीदें

सभी की नजरें कोहली पर होंगी लेकिन कप्तान फॉफ डुप्लेसी, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद जैसे बल्लेबाज भी हैं जो बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं। इनका बल्ला चलता है तो राजस्थान के गेंदबाजों की राह आसान नहीं होने वाली। बेंगलोर की ओर से मौजूदा सत्र में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले डु प्लेसी की फॉर्म में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। कार्तिक भी बड़े शॉट खेलने की अपनी क्षमता के कारण फिनिशर की अपनी भूमिका अच्छी तरह निभा रहे हैं।पिछले मैच में वह हालांकि खाता नहीं खोल सके थे।

06:23 PM, 26-Apr-2022

RCB vs RR: राजस्थान ने बैंगलोर से लिया बदला, 29 रन से हराया, पराग के अर्धशतक के बाद अश्विन और कुलदीप का कमाल

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) का सामना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से है। फाफ डुप्लेसिस की बैंगलोर टीम पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर नए सिरे से शुरुआत करना चाहेगी। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बैंगलोर की टीम 68 रन पर सिमट गई थी। वहीं, राजस्थान की टीम दिल्ली के खिलाफ अपना पिछला मैच जीतकर आ रही है। ऐसे में संजू सैमसन की टीम का मनोबल ऊंचा होगा।


 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें