फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs PBKS Highlights: पंजाब किंग्स ने आरसीबी को पांच विकेट से हराया, नेहाल वढेरा 33 रन बनाकर नाबाद लौटे

Sat, 19 Apr 2025 12:14 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू

खास बातें

RCB vs PBKS Indian Premier League 2025: पंजाब किंग्स ने बारिश से बाधित मुकाबले में आरसीबी को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पंजाब की टीम 10 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। 
विज्ञापन
आरसीबी बनाम पंजाब किंग्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:14 AM, 19-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब किंग्स जीता

पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा की शानदार बल्लेबाजी की मदद से आरसीबी को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। आरसीबी और पंजाब के बीच यह मुकाबला बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ था और मैच को 14-14 ओवर कराने का फैसला किया गया था। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। आरसीबी की टीम 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन ही बना सकी। जवाब में पंजाब ने 12.1 ओवर में पांच विकेट पर 98 रन बनाकर मैच जीत लिया। 

पंजाब के लिए नेहाल वढेरा ने सबसे ज्यादा 19 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दो सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने 32 रन पर दो विकेट गंवा दिए। प्रभसिमरन सिंह 13 और प्रियांश आर्या 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पंजाब का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा तो टीम ने कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट भी गंवा दिया जो सात रन बनाकर आउट हुए। 

श्रेयस के आउट होने के तुरंत बाद हेजलवुड ने जोश इंग्लिस को आउट किया जो 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर नेहाव वढेरा ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन शशांक सिंह के रूप में पंजाब ने पांचवां विकेट भी गंवा दिया। शशांक एक रन बनाकर आउट हुए। मैच रोमांचक स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन नए बल्लेबाज के रूप में उतरे मार्कस स्टोइनिस ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। स्टोइनिस दो गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद लौटे। 

पंजाब की टीम इस जीत से अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक हैं। वहीं, आरसीबी की टीम की सात मैचों में यह तीसरी हार है और वह चार जीत के साथ आठ अंक लेकर फिलहाल चौथे स्थान पर है। 

12:09 AM, 19-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब की आधी टीम पवेलियन लौटी

आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। पंजाब ने पांचवां विकेट गंवा दिया है। भुवनेश्वर कुमार ने शशांक सिंह को आउट किया जो एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। पंजाब का स्कोर हालांकि, 80 रन के पार पहुंच गया है।  

11:51 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब को चौथा झटका

जोश हेजलवुड ने जोश इंग्लिस को आउट कर पंजाब को चौथा झटका दिया है। इंग्लिस 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
11:49 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: श्रेयस पवेलियन लौटे

पंजाब किंग्स को कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में तीसरा झटका लगा। श्रेयस 10 गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। पंजाब का स्कोर हालांकि, 50 रन के पार पहुंच गया है। 

11:33 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: प्रियांश आर्या पवेलियन लौटे

जोश हेजलवुड ने प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दिया। प्रियांश 11 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
11:25 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब को पहला झटका

भुवनेश्वर कुमार ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया है। प्रभसिमरन नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 23 रन बना लिए हैं। 

11:03 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी की पारी समाप्त

टिम डेविड की शानदार बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 96 रनों का लक्ष्य रखा है। पंजाब ने बारिश से बाधित इस मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। आरसीबी की बल्लेबाजी बेहद खराब रही, लेकिन अंत में डेविड ने 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए जिससे आरसीबी 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन बनाने में सफल रहा। बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ और प्रत्येक पारी 14-14 ओवर कराने का फैसला हुआ। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत खराब रही और उसकी आधी टीम 33 रन पर पवेलियन लौट गई। आरसीबी का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। टिम डेविड के अलावा सिर्फ कप्तान रजत पाटीदार ही दहाई अंक तक पहुंच सके। पाटीदार 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल और हरप्रीत बरार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जेवियर बार्टलेट को एक विकेट मिला। 

10:51 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी की पारी लड़खड़ाई

पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 12 ओवर की समाप्ति तक 63 रन पर नौ विकेट गंवा दिए हैं। हरप्रीत बरार ने पहले भुवनेश्वर कुमार को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर यश दयाल को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। बरार के पास हैट्रिक पूरा करने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। 

10:50 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी को आठवां झटका

हरप्रीत बरार ने भुवनेश्वर कुमार को आउट कर आरसीबी को आठवां झटका दिया। भुवनेश्वर आठ रन बनाकर आउट हुए। 

10:35 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: भंडागे आउट हुए

मार्को यानसेन ने आईपीएल का अपना पहला मुकाबला खेल रहे मनोज भंडागे को आउट कर आरसीबी को सातवां झटका दिया। भंडागे इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे, लेकिन प्रभावित नहीं कर सके। 

10:29 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी को छठा झटका

युजवेंद्र चहल ने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को आउट कर पंजाब को छठी सफलता दिलाई है। पाटीदार 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। 

10:23 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौटी

आरसीबी की आधी टीम 33 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। मार्को यानसेन ने क्रुणाल पांड्या को आउट कर आरसीबी को पांचवां झटका दिया। 

10:20 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी को लगा चौथा झटका

आरसीबी को जितेश शर्मा के रूप में चौथा झटका लगा है। जितेश दो रन बनाकर आउट हुए। जितेश को चहल ने आउट किया। 

10:16 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी को तीसरा झटका

जेवियर बार्टलेट ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया। लिविंगस्टोन छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। 

10:01 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: कोहली पवेलियन लौटे

आरसीबी के बल्लेबाज विराट कोहली एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। अर्शदीप सिंह ने आरसीबी को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने पहले फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया था। 

09:51 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी को लगा पहला झटका

अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया। सॉल्ट चार गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी और पंजाब के बीच बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ। यह मैच 14-14 ओवर का हो रहा है। 

09:40 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

आरसीबीः फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, यश दयाल। 
इम्पैक्ट प्लेयरः देवदत्त पडिक्कल, रासिख डार सलाम, मनोज भांगडगे, जैकब बैथेल, स्वप्निल सिंह। 

पंजाब किंग्सः प्रियांश आर्या, नेहाल वढेरा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल। 
इम्पैक्ट प्लेयरः प्रभसिमरन सिंह, विजयकुमार विशाक, सूर्यांश शेडगे, ग्लेन मैक्सवेल, प्रवीण दुबे।

09:33 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब ने जीता टॉस

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आरसीबी के खिलाफ बारिश से बाधित मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में बदलाव किया है। मार्कस स्टोइनिस की टीम में वापसी हुई है। स्टोइनिस ग्लेन मैक्सवेल की जगह वापस आए हैं, जबकि हरप्रीत बरार को भी खेलने का मौका मिला है। आरसीबी ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

09:26 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: थोड़ी देर में होगा टॉस

बंगलुरू में बारिश रुक गई है और 9.30 बजे टॉस कराया जाएगा। 9.45 बजे खेल शुरू होगा। हालांकि, आरसीबी और पंजाब के बीच यह मुकाबला 14-14 ओवर का कराया जाएगा। 

09:02 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: बंगलुरू में बारिश रुकी

बंगलुरू में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स भी हटाए जा चुके हैं। हालांकि, मुख्य पिच अभी भी कवर से ढकी हुई है। आशा जताई जा रहा है कि मैच शुरू होगा, लेकिन अब ये 20-20 ओवरों का मुकाबला नहीं हो सकेगा। 

08:34 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: ओवर में कटौती

बारिश के कारण आरसीबी और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला अब तक शुरू नहीं हो सका है। यहां तक कि मैच में टॉस भी नहीं हुआ है। बंगलुरू में बारिश हल्की पड़ गई है, लेकिन अब तक कवर्स नहीं हटाए गए हैं। 8.30 बजे कटऑफ टाइम था जो अब पूरा हो चुका है। इसका मतलब है कि मैच शुरू होने की स्थिति में अब यह मुकाबला 20-20 ओवर का नहीं हो सकेगा। 

08:16 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में मौजूद

बारिश के कारण आरसीबी और पंजाब के बीच मैच में अब तक टॉस नहीं हो सका है। इस कारण दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में हैं। फिलहाल बारिश हल्की हो रही है, लेकिन मैदान कवर्स से ढके हुए हैं। 

07:35 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: बंगलुरू में बारिश जारी

बंगलुरू में बारिश जारी है जिस कारण अब तक टॉस भी नहीं हो सका है। बारिश हालांकि हल्की हो रही है, लेकिन मैदान कवर्स से ढका हुआ है। 

07:00 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: टॉस में देरी

बंगलुरू में बारिश हो रही है जिस कारण आरसीबी और पंजाब के बीच मैच के टॉस में देरी हो रही है। मैदान पर कवर्स ढके हुए हैं। 

06:21 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण में ये अनुभवी

आरसीबी के पास क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा के रूप में अच्छे स्पिनर हैं और टीम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पंजाब टीम के पास अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन के रूप में अच्छे तेज गेंदबाज हैं, हालांकि वे आरसीबी के जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जितने अनुभवी नहीं हैं।

05:55 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: पंजाब का स्पिन आक्रमण बन सकता है मुसीबत

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चार विकेट लेकर फॉर्म में लौटने वाले चहल का सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता जबकि मैक्सवेल को बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन के बावजूद अंतिम एकादश में जगह मिलना तय है। चहल जादुई गेंदों के बजाय लेंथ के मास्टर हैं। यह लेग स्पिनर ऑफ-स्टंप के बाहर गेंद करके बल्लेबाजों को लंबे शॉट खेलने का लालच देता है जिससे कि वह सीमा रेखा के करीब कैच दे देते हैं। वह अपनी गति में भी काफी चतुराई से बदलाव करते हैं और यदि बल्लेबाजों को उनके खिलाफ छक्के मारने हैं तो उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत होती है। मैक्सवेल भी एक ऐसे स्पिनर हैं, जो बड़े टर्न या डिपर्स के बजाय नियंत्रण पर भरोसा करते हैं।

05:34 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Live: चहल और मैक्सवेल से रहना होगा सावधान

आरसीबी के बल्लेबाजों को बंगलुरू की धीमी पिच पर गुजरात टाइटंस के आर साई किशोर तथा दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव और विपराज निगम के सामने संघर्ष करना पड़ा था। अब युजवेंद्र चहल और ग्लेन मैक्सवेल उनकी इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यही नहीं, चहल और मैक्सवेल लंबे समय तक आरसीबी की तरफ से खेलते रहे हैं और यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

05:23 PM, 18-Apr-2025

RCB vs PBKS Highlights: पंजाब किंग्स ने आरसीबी को पांच विकेट से हराया, नेहाल वढेरा 33 रन बनाकर नाबाद लौटे

IPL Live Cricket Score, RCB vs PBKS Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपक स्वागत है। आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना पंजाब किंग्स से हो रहा है। आरसीबी और पंजाब दोनों ही टीमों का सफर अब तक इस सीजन अच्छा रहा है, लेकिन बेंगलुरु की टीम घर में जीत दर्ज नहीं कर सकी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें