लखनऊ सुपर जाएंट्स ने आईपीएल 2024 के 15वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 28 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 181 रन बनाए थे। जवाब में बेंगलुरु की टीम 19.4 ओवर में 153 रन पर सिमट गई। मयंक यादव ने एक बार फिर कहर बरपाया और तीन विकेट झटके। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ भी उन्होंने तीन विकेट लेकर मैच जिताया था।
बेंगलुरु की यह चार मैचों में तीसरी हार है। वहीं, लखनऊ की यह तीन मैचों में लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ लखनऊ की टीम अंक तालिका में चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर आ गई है। वहीं, बेंगलुरु की टीम मुंबई से एक स्थान ऊपर नौवें स्थान पर है।
बेंगलुरु को 18वें ओवर में दो झटके लगे। मयंक डागर ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हुए। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर यश ठाकुर ने महिपाल लोमरोर को निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए। 18 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर नौ विकेट पर 138 रन है। सिराज और टॉप्ली क्रीज पर हैं। दो ओवर में 44 रन की जरूरत है।
बेंगलुरु को 17वें ओवर में नवीन उल हक ने सातवां झटका दिया। उन्होंने दिनेश कार्तिक को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। कार्तिक आठ गेंद में चार रन बना सके। बेंगलुरु को 18 गेंद में 46 रन की जरूरत है। फिलहाल महिपाल लोमरोर और मयंक डागर क्रीज पर हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 103 के स्कोर पर छठा झटका लगा। मयंक ने रजत पाटीदार को देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया। रजत ने 29 रन बनाए। फिलहाल दिनेश कार्तिक और महिपाल लोमरोर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर छह विकेट पर 104 रन है। उन्हें 30 गेंद में 78 रन की जरूरत है। मयंक ने अपने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए।
बेंगलुरु को 94 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस ने अनुज रावत को पडिक्कल के हाथों कैच कराया। वह 11 रन बना सके। फिलहाल महिपाल लोमरोर और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।
नौ ओवर के बाद बेंगलुरु ने चार विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल अनुज रावत और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं। बेंगलुरु की टीम अच्छी शुरुआत को भुनाने में कामयाब नहीं हो सकी है। मयंक यादव ने एक बार फिर अपनी तेज गेंदबाजी से कहर बरपाया है। उन्होंने अपने दो ओवर में 10 रन देकर दो विकेट झटके हैं। मयंक ने ग्लेन मैक्सवेल और कैमरन ग्रीन को पवेलियन भेजा। इसके अलावा फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली भी पवेलियन लौट चुके हैं।
बेंगलुरु को 58 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। मयंक यादव ने कैमरन ग्रीन को क्लीन बोल्ड किया। उनकी पेस बॉलिंग को ग्रीन समझ नहीं सके और क्लीन बोल्ड हुए। मयंक लगातार दूसरे मैच में अपनी तेज गेंदबाजी से कहर बरपा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने मैक्सवेल को भी आउट किया था। आठ ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर चार विकेट पर 59 रन है। फिलहाल अनुज रावत और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।
विराट कोहली के आउट होने के बाद बेंगलुरु को दो और बड़े झटके लगे हैं। तेज गेंदबाजी सनसनी मयंक यादव के पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल को आउट हुए। ओवर की पहली गेंद पर डुप्लेसिस रन आउट हो गए। पडिक्कल के डायरेक्ट थ्रो पर वह आउट हुए। डुप्लेसिस ने 13 गेंद पर 19 रन बनाए। इसके बाद ओवर की चौथी गेंद पर मयंक ने मैक्सवेल को पूरन के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल खाता नहीं खोल सके। छह ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन है।
बेंगलुरु की टीम को 40 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। विराट कोहली को 22 रन के निजी स्कोर पर सिद्धार्थ ने पवेलियन भेजा। फिलहाल फाफ डुप्लेसिस और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।
बेंगलुरु की पारी की शुरुआत हो चुकी है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर बिना किसी विकेट के 25 रन है। डुप्लेसिस 14 और कोहली 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 182 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। निकोलस पूरन ने 21 गेंद में एक चौका और पांच छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली। आखिरी पांच ओवर में लखनऊ ने दो विकेट गंवाकर 50 रन बटोरे। इसमें 19वें ओवर में 20 रन और 20वें ओवर में 13 रन शामिल है। पूरन के अलावा डिकॉक ने 81 रन की पारी खेली। बेंगलुरु की ओर से मैक्सवेल ने दो विकेट लिए।
लखनऊ को 148 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। यश दयाल ने आयुष बदोनी को डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। बदोनी खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल निकोलस पूरन और क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं।
लखनऊ को 143 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। क्विंटन डिकॉक 56 गेंद में आठ चौके और पांच छक्के की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रीस टॉप्ली ने मयंक डागर के हाथों कैच कराया। फिलहाल निकोलस पूरन और आयुष बदोनी क्रीज पर हैं। 17 ओवर पूरे हो चुके हैं।
लखनऊ ने 16 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 141 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन दो रन और क्विंटन डिकॉक 80 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ये दोनों अगले चार ओवर में ज्यादा रन बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं बेंगलुरु के गेंदबाजों ने पिछले तीन ओवर में शानदार गेंदबाजी की है और केवल 20 रन दिए हैं।
लखनऊ को 129 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस 15 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैक्सवेल ने मयंक डागर के हाथों कैच कराया। स्टोइनिस ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। 14 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 129 रन है। फिलहला डिकॉक और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।
क्विंटन डिकॉक ने 36 गेंद पर आईपीएल करियर का 22वां अर्धशतक जड़ा। 12 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 102 रन है। फिलहाल डिकॉक 38 गेंद में 58 रन और मार्कस स्टोइनिस नौ गेंद में नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
लखनऊ की टीम को नौवें ओवर में 73 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। सिराज ने देवदत्त पडिक्कल को विकेटकीपर अनुज रावत के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंद में छह रन बना सके। फिलहाल डिकॉक 43 रन बनाकर और स्टोइनिस क्रीज पर हैं। इससे पहले मैक्सवेल ने केएल राहुल (20) को आउट किया था।
लखनऊ सुपरजाएंट्स को 53 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान केएल राहुल 14 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैक्सवेल ने मयंक डागर के हाथों कैच कराया। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 54 रन है।
लखनऊ की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रीस टॉप्ली के पहले ओवर में लखनऊ के बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने तीन चौके की मदद से 12 रन बटोरे। डिकॉक के साथ राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। दो ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 19 रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक, रीस टॉप्ली, मयंक डागर, मोहम्मद सिराज, यश दयाल।इम्पैक्ट प्लेयर्स: सुयश प्रभुदेसाई, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, विजयकुमार विषाक, स्वप्निल सिंह।
लखनऊ सुपरजाएंट्सः केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, नवीन उल हक, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, मयंक यादव। इम्पैक्ट प्लेयर्स: एम सिद्धार्थ, शमर जोसेफ, दीपक हुड्डा, अमित मिश्रा, कृष्णप्पा गौतम।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ की जगह तेज गेंदबाज रीस टॉप्ले को शामिल किया गया है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मोहसिन खान की जगह यश ठाकुर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
दूसरी ओर लखनऊ सुपरजाएंट्स की अपनी चिंताएं हैं। नियमित कप्तान केएल राहुल की फिटनेस पर टीम प्रबंधन की निगाह है। पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ 21 रन की जीत में वह इंपैक्ट सब के रूप में उतरे थे। ऐसे में देखना होगा कि पिछले मैच की तरह क्या राहुल फिर से इंपैक्ट सब के रूप में उतरेंगे और निकोलस पूरन ही कप्तान बनेंगे या फिर राहुल कप्तान, बल्लेबाज और विकेटकीपर की अपनी तिहरी भूमिका निभाएंगे। टीम में नए तेज गेंदबाज मयंक यादव पर भी निगाह होंगी जिन्होंने इकाना स्टेडियम में सीजन की 155.8 किमी प्रति घंटे की सबसे तेज गेंद फेंकी थी। चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच कुछ धीमी है और बाउंड्री भी छोटी है।
मोहम्मद सिराज ने अभी तक केवल दो विकेट लिए हैं और दस रन प्रति ओवर तक खर्च किए हैं। टीम पावरप्ले में शुरुआती विकेट चटकाने में सफल नहीं हो रही है। पिछले सीजन में टीम के गेंदबाजों ने पहले छह ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम ने तेज गेंदबाज अल्जारी जोसफ को 11.5 करोड़ रुपये में लिया था लेकिन वह भी अब तक कुछ खास नहीं कर पाए। गेंदबाजी में रीस टॉप्ले या लॉकी फर्ग्यूसन को अल्जारी जोसफ की जगह लिया जा सकता है।
आरसीबी को अपने निचले क्रम के बल्लेबाजों पर भी निर्भर रहना पड़ रहा है जिसमें दिनेश कार्तिक, अनुज रावत और महीपाल लोमरोर शामिल हैं। लगता है कि टीम रजत पाटीदार को लखनऊ के खिलाफ मैच में आराम दे सकती है और उनकी जगह सुयश प्रभुदेसाई को मौका दे सकती है जो एक-दो ओवर भी फेंक सकते हैं। आरसीबी के गेंदबाज भी ज्यादा अच्छा नहीं कर पाए हैं।
फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी वाली टीम को हालांकि कमतर नहीं आंका जा सकता। स्टार बल्लेबाज विराट तीन मैचों में दो अर्धशतक लगाकर अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं लेकिन उनके अलावा बाकी शीर्ष क्रम अच्छी लय में नहीं है। खुद कप्तान डु प्लेसिस रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार और कैमरन ग्रीन भी अपनी क्षमताओं के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। डुप्लेसिस की औसत 15.33 की है तो मैक्सवेल (10.33), कैमरन ग्रीन (18.00) और रजत पाटीदार (07.00) को भी बड़ी पारी खेलने की जरूरत है।
प्रदर्शन में अनियमितता के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम मंगलवार को अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ सुपरजाएंट्स की मेजबानी करेगी। आरसीबी फिलहाल अंक तालिका में निचले स्थान पर चल रही है। उसके तीन मैचों में दो अंक हैं। उसकी नेट रनरेट भी अच्छी नहीं है। पिछले हफ्ते यहां उसे कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ उसे 19 गेंद शेष रहते सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। लखनऊ की टीम उसे घर में चुनौती दे सकती है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से है। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों टीमें अब तक लीग में एक-एक मैच ही जीत पाई हैं। बेंगलुरु ने तीन में से एक और लखनऊ ने दो में एक मैच में जीत हासिल की है। इस मुकाबले की जीतकर दोनों ही टीमें अंक तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत करने उतरेंगी।