लखनऊ ने आरसीबी को एक विकेट से हराकर मैच जीत लिया है। इस जीत के साथ ही लखनऊ की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने दो विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में लखनऊ ने नौ विकेट खोकर 213 रन बनाए और मैच जीत लिया।
इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विराट कोहली ने 44 गेंद में 61, ग्लेन मैक्सवेल ने 29 गेंद में 59 और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 46 गेंद में नाबाद 79 रन बनाए। वहीं, लखनऊ के लिए मार्क वुड और अमित मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया। इसके जवाब में लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब थी। 23 रन पर टीम के तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद मार्कस स्टोइनिस ने 30 गेंद में 65 रन की पारी खेल। लखनऊ की मैच में वापसी कराई। इसके बाद निकोलस पूरन ने 19 गेंद में 62 रन बनाकर अपनी जीत को जीत के करीब ला दिया। हालांकि, वह 17वें ओवर में आउट हो गए और 19वें ओवर में आयुष बदोनी भी हिट विकेट हो गए। इसके बाद आखिरी ओवर में पुछल्ले बल्लेबाजों ने लखनऊ को जीत दिलाई। आखिरी गेंद में आवेश खान ने बाई का एक रन लिया और यही हार जीत का अंतर साबित हुआ।
212 रन के स्कोर पर लखनऊ का नौवां विकेट गिरा है। जयदेव उनादकट को हर्षल पटेल ने फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। उन्होंने नौ रन बनाए।
209 रन के स्कोर पर लखनऊ का आठवां विकेट गिरा है। मार्क वुड एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हर्षल पटेल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
189 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपरजाएंट्स का छठा विकेट गिरा है। निकोलस पूरन 19 गेंद में 62 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद आउट हो चुके हैं। अब आयुष बदोनी और जयदेव उनादकट क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 189 रन है और इस टीम को जीत के लिए 18 गेंद में 24 रन की जरूरत है।
निकलोस पूरन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया है। उन्होंने 18 गेंद में 62 रन बनाए हैं और अब तक सात छक्के और चार चौके लगा चुके हैं। उनकी पारी के चलते लखनऊ का स्कोर 16 ओवर के बाद पांच विकेट पर 185 रन हो चुका है। उन्होंने बदोनी के साथ 29 गेंद में 80 रन की साझेदारी की है। अब लखनऊ को जीत के लिए 24 गेंद में 28 रन की जरूरत है।
निकोलस पूरन ने 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह आईपीएल 2023 का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और छह छक्के लगाए हैं। 15 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 171 रन है। पूरन और बदोनी के बीच बेहतरीन अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। अब लखनऊ की टीम आसानी से मैच जीत सकती है।
पांच विकेट के नुकसान पर लखनऊ सुपरजाएंट्स का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। निकोलस पूरन और आयुष बदोनी क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं।
105 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपरजाएंट्स का पांचवां विकेट गिरा है। कप्तान लोकेश राहुल 20 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। अब आयुष बदोनी और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 136 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं। राहुल संभलकर खेल रहे हैं, जबकि पूरन ने दूसरे गेंद में ही छक्का लगाया है। अब ये दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे।
99 रन के स्कोर पर लखनऊ सुपरजाएंट्स का चौथा विकेट गिरा है। मार्कस स्टोइनिस 30 गेंद में 65 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कर्ण शर्मा ने उन्हें शाहबाज अहमद के हाथों कैच कराया। स्टोइनिस ने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। अब लोकेश राहुल के साथ निकोलस पूरन क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 105 रन है।
मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते लखनऊ की टीम का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है।
लोकेश राहुल और मार्कस स्टोइनिस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। राहुल संभलकर खेल रहे हैं और स्टोइनिस तेजी से रन बना रहे हैं। स्टोइनिस अपने अर्धशतक के करीब भी पहुंच गए हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। राहुल और स्टोइनिस अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को मैच में वापस ले आए हैं।
लखनऊ की टीम ने 213 रन का पीछा करते हुए पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 37 रन बनाए हैं। कप्तान लोकेश राहुल और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। दोनों अब बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।
23 रन के स्कोर पर लखनऊ की टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं और मुश्किल में दिख रही है। क्रुणाल पांड्या खाता खोले बिना आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया और वेन पार्नेल ने उन्हें विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 23 रन है।
23 रन के स्कोर पर लखनऊ की टीम का दूसरा विकेट गिरा है। दीपक हुड्डा 10 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वेन पार्नेल ने उन्हें विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। अब कप्तान लोकेश राहुल के साथ क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं।
213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही है। एक रन के स्कोर पर ही टीम का पहला विकेट गिर चुका है। कायेल मेयर्स खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने तीन गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए। मोहम्मद सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर पांच रन है। कप्तान राहुल और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं।
213 रन के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए लखनऊ की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान लोकेश राहुल और कायेल मेयर्स ने पारी की शुरुआत की है। दोनों पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगे। आरसीबी के लिए सिराज पहला ओवर कर रहे हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 121 रन बनाए हैं। बैंगलोर के लिए विराट कोहली ने 44 गेंद में 61, ग्लेन मैक्सवेल ने 29 गेंद में 59 और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 46 गेंद में नाबाद 79 रन बनाए। वहीं, लखनऊ के लिए मार्क वुड और अमित मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया।
211 रन के स्कोर पर आरसीबी का दूसरा विकेट गिरा है। ग्लेन मैक्सवेल 29 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में छह छक्के और तीन चौके लगाए। मैक्सवेल ने डुप्लेसिस के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। पारी के आखिरी ओवर में मार्क वुड ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
एक विकेट के नुकसान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और ये दोनों अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले आए हैं।
फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच 42 गेंद में शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज शानदार लय में दिखे और तेजी से रन बनाए हैं। दोनों अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं।
ग्लेन मैक्सवेल ने 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्के और तीन चौके लगाए हैं। उन्होंने प्लेसिस के साथ शानदार साझेदारी की है और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया है।
फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने तूफानी बल्लेबाजी की है और तेजी से रन बनाकर आरसीबी का स्कोर 180 रन के पार पहुंचा दिया है। मैक्सवेल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और आरसीबी की टीम 200 रन के करीब पहुंचती दिख रही है।
एक विकेट के नुकसान पर आरसीबी का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 17 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 160 रन है।
फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं। इस जोड़ी ने 27 गेंद में 50 रन जोड़े हैं। अब आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 150 रन के करीब है।
विराट कोहली के बाद फाफ डुप्लेसिस ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक तीन छक्के और तीन चौके लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 150 रन के करीब पहुंच गया है।
एक विकेट के नुकसान पर आरसीबी का स्कोर 130 रन के पार जा चुका है। फाफ डु प्लेसिस ने ग्लेन मैक्सवेल के साथ भी शानदार साझेदारी की है। दोनों ने मिलकर आरसीबी का स्कोर 130 रन के पार पहुंचा दिया है। फाफ डुप्लेसिस अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
एक विकेट के नुकसान पर आरसीबी का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। दोनों अब तेज गति से रन बनाने की कोशिश करेंगे और आरसीबी को अच्छे स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे। 14 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 117 रन है।
96 रन के स्कोर पर आरसीबी का पहला विकेट गिरा है। विराट कोहली 44 गेंद में 66 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अमित मिश्रा ने उन्हें मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। अब फाफ डुप्लेसिस के साथ ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 99 रन है।
विराट कोहली ने आईपीएल में अपना 46वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 35 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। कोहली अब तक अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने कोहली के साथ शानदार साझेदारी की है। 10 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर बिना नुकसान 87 रन हो चुका है।
विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस शानदार लय में खेल रहे हैं। खासकर विराट कोहली तेज गति से रन बना रहे हैं। बैंगलोर का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। पावरप्ले में इस टीम ने बिना कोई विकेट खोए 56 रन बनाए हैं। कोहली अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। वहीं, प्लेसिस संभलकर खेल रहे हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शानदार शुरुआत की है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं। कोहली तेज गति रन बना रहे हैं, जबकि प्लेसिस संभलकर खेल रहे हैं। चार ओवर में आरसीबी ने बिना कोई विकेट खोए 33 रन बना लिए हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। लखनऊ के लिए जयदेव उनादकट ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। पहले ओवर का खेल होने के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), महिपाल लोमरोर, ग्लेन मैक्सवेल, शाहबाज अहमद, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अनुज रावत, डेविड विली, वेन पार्नेल, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज।
सब्स्टीट्यूट्सः कर्ण शर्मा, सुयश प्रभुदेसाई, आकाशदीप, माइकल ब्रेसवेल।
लखनऊ सुपर जायंट्स: केएल राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), जयदेव उनादकट, अमित मिश्रा, आवेश खान, मार्क वुड, रवि बिश्नोई।
सब्स्टीट्यूट्सः आयुष बदोनी, स्वप्निल सिंह, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम, डेनियल सम्स।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान लोकेश राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में मार्क वुड की टीम में वापसी हुई है। वहीं, बैंगलोर की टीम भी कुछ बदलाव के साथ मैदान में उतरेगी। बैंगलोर के लिए वेन पार्नेल खेल रहे हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए अब तक यह सीजन मिला-जुला रहा है। पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तान फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की थी। इन दोनों के अर्धशतकों के चलते आरसीबी ने मुंबई को आठ विकेट से हराया था। हालांकि, दूसरे मैच में कोलकाता के खिलाफ टीम के बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। इस वजह से टीम को 81 रन की हार झेलनी पड़ी। टीम के अहम तेज गेंदबाज रीसी टॉप्ली चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में इस टीम की परेशानी और भी बढ़ गई है।
लोकेश राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ की टीम ने दो मैच जीत लिए हैं। पहले मैच में इस टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया था, लेकिन दूसरे मैच में उसे चेन्नई के खिलाफ 12 रन से हार का सामना करना पड़ा था। तीसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट से जीत हासिल की। अब इस टीम की नजर तीसरी जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने पर होगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज लखनऊ सुपर जाएंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। लखनऊ की टीम दो मुकाबले जीत चुकी है और यहां जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी। वहीं, आरसीबी की टीम पिछला मैच भूलकर जीत हासिल करने उतरेगी।