फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs KKR Highlights: कोलकाता ने बैंगलोर को 21 रन से हराया, कोहली के अर्धशतक पर भारी जेसन-नीतीश की पारी

Wed, 26 Apr 2023 11:39 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु

खास बातें

IPL 2023, RCB vs KKR Highlights : आईपीएल 2023 के 36वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से था। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 179 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
कोलकाता की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 26-Apr-2023

कोलकाता ने बैंगलोर को 21 रन से हराया

आईपीएल 2023 के 36वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 21 रन से हरा दिया है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। जेसन रॉय ने 29 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 56 रन बनाए। वहीं, कप्तान नीतीश राणा ने 21 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली। जवाब में बैंगलोर की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 179 रन ही बना सकी। कप्तान विराट कोहली ने 37 गेंदों में छह चौके की मदद से 54 रन की पारी खेली। 

कोलकाता की टीम लगातार चार मैच हारने के बाद पहला मैच जीती है। वहीं, बैंगलोर की टीम को लगातार दो जीत के बाद हार मिली है। केकेआर के आठ मैचों में तीन जीत और पांच हार हैं। छह अंकों के साथ टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, बैंगलोर की टीम आठ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।

11:04 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कार्तिक भी आउट

बैंगलोर को 18वें ओवर में 154 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। दिनेश कार्तिक 18 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेविड विली और विजयकुमरा विशाक क्रीज पर हैं। बैंगलोर को 12 गेंदों में 44 रन की जरूरत है। कोलकाता ने मैच में अपनी पकड़ बना ली है।

10:55 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को सातवां झटका

बैंगलोर को 17वें ओवर में 152 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। 17 ओवर के बाद आरसीबी ने सात विकेट पर 153 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड विली और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। टीम को 18 गेंदों में 48 रन की जरूरत है। इस ओवर में वानिंदु हसरंगा रसेल की गेंद पर अनुकूल रॉय को कैच थमा बैठे। वह पांच रन बना सके। 

विज्ञापन
10:44 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: सुयश प्रभुदेसाई रन आउट

15 ओवर के बाद बैंगलोर ने छह विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। टीम को 30 गेंदो में 63 रन की जरूरत है। फिलहाल दिनेश कार्तिक और वानिंदु हसरंगा क्रीज पर हैं। 15वें ओवर में सुयश प्रभुदेसाई रन आउट हो गए। वह नौ गेंदों में 10 रन बना सके। 

10:33 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को पांचवां झटका

13वें ओवर में 115 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। आंद्रे रसेल ने विराट कोहली को वेंकटेश अय्यर के हाथों कैच कराया। वह 37 गेंदों में छह चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल दो नए बल्लेबाज सुयश प्रभुदेसाई और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। बैंगलोर को अब 42 गेंदों में 80 रन की जरूरत है। फिलहाल उनका स्कोर पांच विकेट पर 117 रन है।

विज्ञापन
10:24 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को चौथा झटका

बैंगलोर को 113 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने महिपाल लोमरोर को रसेल के हाथों कैच कराया। लोमरोर 18 गेंदों में 34 रन बना सके। फिलहाल दिनेश कार्तिक एक रन और विराट कोहली 54 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कोहली ने सीजन का पांचवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। यह कोहली के आईपीएल करियर का 49वां अर्धशतक रहा। बैंगलोर को अब 48 गेंदों में 86 रन की जरूरत है।

10:13 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर का स्कोर 80 रन के पार

नौ ओवर के बाद बैंगलोर ने तीन विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं। फिलहाल महिपाल लोमरोर 10 गेंदों में 13 रन और विराट कोहली 28 गेंदों में 42 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम को 66 गेंदों में 121 रन की जरूरत है। 

09:58 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को तीसरा झटका

छठे ओवर में 58 के स्कोर पर बैंगलोर को तीसरा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन मैक्सवेल को डेविड वीज के हाथों कैच कराया। वह चार गेंदों में पांच रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली 19 गेंदों में 33 रन और महिपाल लोमरोर क्रीज पर हैं। इससे पहले सुयश ने फाफ डुप्लेसिस और शाहबाज अहमद को पवेलियन भेजा था। बैंगलोर को 84 गेंदों में 143 रन की जरूरत है।

09:51 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को दूसरा झटका

बैंगलोर को पांचवें ओवर में 51 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। लेग स्पिनर ने फाफ डुप्लेसिस के बाद शाहबाज अहमद को पवेलियन भेजा। शाहबाज पांच गेंदों में दो रन बना सके। सुयश ने अपने लगातार दूसरे ओवर में दूसरा विकेट लिया। पांच ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर दो विकेट पर 53 रन है। फिलहाल विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं।

09:38 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर को पहला झटका

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को तीसरे ओवर में 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा। लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने फाफ डुप्लेसिस को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह सात गेंदों में 17 रन बना सके। फिलहाल कप्तान विराट कोहली और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर एक विकेट पर 33 रन है।

09:13 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता ने बनाए 200 रन

कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सामने 201 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। जेसन रॉय और नारायण जगदीशन ने पहले विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी निभाई।

जेसन ने इस सीजन अपना लगातार दूसरा अर्धशतक 22 गेंदों में पूरा किया। यह उनका ओवरऑलर आईपीएल का चौथा अर्धशतक रहा। 10वें ओवर में विजयकुमार वैशाक ने जगदीशन और जेसन दोनों को आउट किया। वैशाक ने पहले जगदीशन को डेविड विली के हाथों कैच कराया। वह 29 गेंदों में 27 रन बना सके।

इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर जेसन रॉय को क्लीन बोल्ड किया। जेसन 29 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 56 रन बना सके। इसके बाद कप्तान नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई। सिराज और हर्षल ने नीतीश के दो कैच छोड़े और दो जीवनदान दिए।

इसकी बदौलत कप्तान ने 21 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली। 18वें ओवर में वानिंदु हसरंगा ने नीतीश और वेंकटेश दोनों को पवेलियन भेजा। पहले उन्होंने नीतीश को वैशाक के हाथों कैच कराया। इसके बाद वेंकटेश को मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। वेंकटेश 26 गेंदों में तीन चौके की मदद से 31 रन बना सके।

आंद्रे रसेल एक बार फिर फेल हुए और एक रन बनाकर सिराज की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। रिंकू सिंग 10 गेंदों में 18 रन और डेविड वीज तीन गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। बैंगलोर की ओर से वानिंदु हसरंगा और वैशाक ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, सिराज को एक विकेट मिला। आखिरी पांच ओवर में कोलकाता ने तीन विकेट गंवाए और 69 रन बनाए। आखिरी ओवर में केकेआर ने 15 रन जोड़े।

09:01 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता को एक ओवर में दो झटके

कोलकाता ने 18 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 170 रन बना लिए हैं। 18वें ओवर में वानिंदु हसरंगा ने कप्तान नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर को पवेलियन भेजा। नीतीश 21 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 48 रन बना सके। वहीं, वेंकटेश 26 गेंदों में 31 रन बना सके। फिलहाल रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं।

08:54 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता का स्कोर 150 रन के पार

16 ओवर के बाद कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर 150 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा 16 गेंदों में 33 रन और वेंकटेश अय्यर 22 गेंदों में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। इस मैच में नीतीश को दो जीवनदान मिले। पहले सिराज और फिर हर्षल पटेल ने उनका कैच छोड़ा।

08:43 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: नीतीश और वेंकटेश क्रीज पर

14 ओवर के बाद कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर 126 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेंकटेश अय्यर 15 गेंदों में 20 रन और नीतीश राणा 11 गेंदों में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

08:16 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता को एक ओवर में दो झटके

10वें ओवर में कोलकाता को दो झटके लगे। विजयकुमार वैशाक ने इस ओवर में नारायण जगदीशन और जेसन रॉय को पवेलियन भेजा। वैशाक ने पहले जगदीशन को विली के हाथों कैच कराया। वहीं, ओवर की आखिरी गेंद पर वैशाक ने जेसन रॉय को बेहतरीन यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। नारायण जगदीशन 29 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। वहीं, जेसन ने 29 गेंदों में 56 रन की अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए।

08:07 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: जेसन रॉय का लगातार दूसरा अर्धशतक

जेसन रॉय ने 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है, जबकि आईपीएल में ओवरऑल चौथा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। आठ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना विकेट गंवाए 75 रन है। फिलहाल जेसन 24 गेंदों में 52 रन और जगदीशन 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

08:01 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: जेसन रॉय की तूफानी पारी

छह ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 66 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेसन रॉय 20 गेंदों में 48 रन और नारायण जगदीशन 16 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शाहबाज के छठे ओवर में 25 रन आए। इस ओवर में जेसन रॉय ने चार छक्के लगाए। 

07:51 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता की तेज शुरुआत

चार ओवर के बाद कोलकाता ने बिना कोई विकेट गंवाए 35 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेसन रॉय 10 गेंदों में 19 रन और नारायण जगदीशन 14 गेंदों में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

07:40 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: जेसन रॉय-जगदीशन कर रहे बल्लेबाजी

कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। जेसन रॉय और नारायण जगदीशन ओपनिंग के लिए आए हैं। दोनों ने दो ओवर में 13 रन जोड़ लिए हैं। पहले ओवर में सिराज ने आठ रन और दूसरे ओवर में डेविड विली ने पांच रन लुटाए।

07:03 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), शाहबाज अहमद, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुयश प्रभुदेसाई, वानिंदु हसरंगा, डेविड विली, विजयकुमार वैशक, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: फाफ डुप्लेसिस, आकाश दीप, कर्ण शर्मा, फिन एलन, अनुज रावत।

कोलकाता नाइट राइडर्स: एन जगदीशन (विकेटकीपर), जेसन रॉय, वेंकटेश अय्यर, नीतीश राणा (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, डेविड वीज, वैभव अरोड़ा, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।

कोलकाता नाइट राइडर्स के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: मनदीप सिंह, लिटन दास, अनुकुल रॉय, सुयश शर्मा, कुलवंत खेजरोलिया।

06:41 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: बैंगलोर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टीम के नियमित कप्तान फाफ डुप्लेसिस आज भी इम्पैक्ट प्लेयर का रोल निभाएंगे और कोहली ही कप्तानी करते दिखेंगे। कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। कुलवंत खेजरोलिया की जगह वैभव अरोड़ा खेल रहे हैं।

06:38 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: दोनों टीमों के आंकड़े

बैंगलोर और कोलकाता की टीमें 31 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें कोलकाता का पलड़ा भारी रहा है। केकेआर ने 17 मैच जीते हैं, जबकि बैंगलोर ने 14 मुकाबले जीते हैं। वहीं, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमें 11 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से कोलकाता ने सात और बैंगलोर ने चार मुकाबले जीते हैं। दोनों के बीच हुए पिछले पांच मैचों में केकेआर ने तीन और बैंगलोर ने दो मैच जीते हैं।

06:38 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: शानदार फॉर्म में सिराज

गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज अच्छी लय में हैं। अभी तक उन्होंने सात रन प्रति ओवर से खर्च किए हैं और 89 गेंद ऐसी फेंकी हैं, जिन पर कोई रन नहीं दिया है। सिराज को तेज गेंदबाजी विभाग में वेन पॉर्नेल और हर्षल पटेल से अच्छा समर्थन मिल रहा है। श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा के शामिल होने से गेंदबाजी और मजबूत हुई है।

06:38 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: आरसीबी के मध्यक्रम ने किया निराश

आरसीबी की बल्लेबाजी फाफ, विराट और मैक्सवेल पर ही टिकी है, बाकी बल्लेबाज उतना अच्छा नहीं कर पाए हैं। मध्यक्रम में शामिल दिनेश कार्तिक, महीपाल लोमरोर, शाहबाज अहमद और सुयश प्रभुदेसाई से टीम को अपेक्षाएं होंगी। आरसीबी को केकेआर के स्पिनरों वरुण चक्रवर्ती, सुयश शर्मा और सुनील नरेन से सतर्क रहना होगा। 

06:37 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: टॉप गियर में आरसीबी की बल्लेबाजी

दूसरी ओर, आरसीबी का मनोबल ऊंचा होगा। उसने राजस्थान रॉयल्स को सात रन से हराया था और अपनी जीत के सिलसिले को वह आगे जारी रखना चाहेगी। फाफ डुप्लेसिस की टीम ने इस सीजन में अब तक सात में से चार मैच जीते हैं। आरसीबी को यह जीत अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों की वजह से मिली हैं। डुप्लेसिस शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल के साथ कई शतकीय साझेदारियां निभाई हैं। बल्लेबाज विराट और मैक्सवेल भी अच्छे टच में हैं।

06:37 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: रसेल की फॉर्म चिंता का सबब

फिनिशर की भूमिका में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल भी विफल हो रहे हैं। वह बड़े शॉट नहीं खेल पा रहे हैं और उन्हें नंबर सात और आठ पर भेजना उपयोगी साबित नहीं हो रहा है। वह पूरी तरह फिट भी नहीं हैं। गेंदबाजी में इस सत्र में वह अब तक अपने कोटे के चार ओवर नहीं फेंक पाए हैं। हालांकि, केकेआर के लिए यह राहत भरी बात हो सकती है कि इस सीजन में उन्होंने आरसीबी को पिछले मैच में 81 रन से हराया था।

06:36 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता के बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी

पिछले मैच में ईडन गार्डन में केकेआर को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 49 रन से हरा दिया। टीम को 230 से ज्यादा का स्कोर का पीछा करना था और बड़े लक्ष्य के दबाव में वेंकटेश अय्यर, नीतीश राणा और एन जगदीशन बेहतर नहीं कर सके। टीम में सुनील नरेन, जेसन रॉय और रहमनुल्लाह गुरबाज हैं जिन्हें बड़ी जिम्मेदारी लेनी होगी। हालांकि, चेन्नई के खिलाफ सुनील नरेन और एन जगदीशन से पारी की शुरुआत कराने का दांव नहीं चला। सुनील नरेन खाता खोले बगैर आउट हो गए। जेसन रॉय और अलीगढ़ के करिश्माई बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अर्धशतकीय पारियां नहीं खेली होती हार का अंतराल और भी बड़ा होता।

06:36 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Live: कोलकाता के बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा

दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स पिछले चार मैचों से हार रही है। घरेलू मैदान पर भी उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम सात मैचों में दो जीत के साथ सातवें स्थान पर चल रही है। बल्लेबाज उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहे हैं। टीम को नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर और ऑलराउंडर शाकिब अल हसन की कमी खल रही है। श्रेयस तो सीजन से पहले ही चोट के कारण हट गए थे। ऐसे में नीतीश राणा को कप्तान बनाया गया था।

06:22 PM, 26-Apr-2023

RCB vs KKR Highlights: कोलकाता ने बैंगलोर को 21 रन से हराया, कोहली के अर्धशतक पर भारी जेसन-नीतीश की पारी

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 36वें मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से है। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में है। बैंगलोर की टीम पिछले दोनों मैच जीत चुकी है, जबकि कोलकाता को पिछले चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में नीतीश राणा की टीम बाउंस बैक करना चाहेगी, जबकि आरसीबी जीत के लय को बरकरार रखना चाहेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि आज भी कोहली कप्तानी करेंगे या फाफ डुप्लेसिस की वापसी होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें