महिला प्रीमियर लीग के 11वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 150 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने 19.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह बैंगलोर टीम की लगातार पांचवीं हार है। टीम अब तक इस लीग में एक भी मैच नहीं जीत सकी है और अंक तालिका में सबसे नीचे पांचवें स्थान पर है। वहीं, दिल्ली की टीम की यह पांच मैचों से चौथी जीत थी। टीम एकमात्र मैच मुंबई के खिलाफ हारी थी। दिल्ली की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसके आठ अंक हैं।
दिल्ली को 15वें ओवर में चौथा झटका लगा। आशा शोभना ने जेमिमा रॉड्रिग्स को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। जेमिमा 28 गेंदों में तीन चौके की मदद से 32 रन बना सकीं। फिलहाल जेस जोनासेन पांच रन और मारिजाने कैप 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 114 रन है। अब उन्हें 30 गेंदों पर 37 रन की जरूरत है।
11 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवाकर 88 रन बना लिए हैं। अब दिल्ली की टीम को 54 गेंदों में 63 रन की जरूरत है। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स 15 गेंदों में 17 रन और मारिजाने कैप आठ गेंदों में 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले कप्तान मेग लैनिंग आज कुछ खास नहीं कर सकीं और 18 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुईं।
दिल्ली को पांचवें ओवर में 45 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। एलिस कैप्सी 24 गेंदों में 38 रन की शानदार पारी खेलने के बाद आउट हुईं। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके लगाए। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग और जेमिमा रॉड्रिग्स क्रीज पर हैं। दिल्ली को अब 84 गेंदों में 106 रन की जरूरत है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को पारी के पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। मेगन शुट्ट ने शेफाली वर्मा को क्लीन बोल्ड किया। शेफाली खाता भी नहीं खोल सकीं। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग और एलिस कैप्सी क्रीज पर हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 151 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। बैंगलोर के लिए एलिस पेरी ने 52 गेंदों पर 67 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा ऋचा घोष ने 16 गेंदों में 37 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका।
बैंगलोर की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान स्मृति मंधाना एकबार फिर फेल रहीं और 15 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद सोफी डिवाइन भी 19 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गईं। इन दोनों को शिखा पांडे ने पवेलियन भेजा। इसके बाद हीथर नाइट भी 12 गेंदों में 11 रन बनाकर तारा नॉरिस की गेंद पर आउट हुईं।
63 रन पर तीन विकेट गिर जाने के बाद पेरी और ऋचा ने कमान संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 34 गेंदों में 74 रन की साझेदारी निभाई। ऋचा को शिखा ने विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराया।
अपनी पारी में ऋचा ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। पेरी ने 67 रन की नाबाद पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। आखिरी पांच ओवर में पेरी की बदौलत आरसीबी ने 70 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। दिल्ली की ओर से शिखा ने तीन और नॉरिस ने एक विकेट लिया।
19वें ओवर में शिखा पांडे ने ऋचा घोष को विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराया। ऋचा 16 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। एलिस पेरी के साथ मिलकर उन्होंने चौथे विकेट के लिए 34 गेंदों में 74 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल श्रेयंका पाटिल और एलिस पेरी क्रीज पर हैं।
18 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने तीन विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋचा घोष 15 गेंदों में 37 रन और एलिस पेरी 47 गेंदों में 57 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। पेरी ने छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों में अर्धशतक लगाया।
आरसीबी को 13वें ओवर में तीसरा झटका लगा। तारा नॉरिस ने हीथर नाइट को शिखा पांडे के हाथों कैच कराया। शिखा ने शॉर्ट फाइन लेग पर डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। हीथर 12 गेंदों में 11 रन बना सकीं। फिलहाल एलिस पेरी और ऋचा घोष क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर तीन विकेट पर 68 रन है।
10 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दो विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिस पेरी 24 गेंदों में 19 रन और हीथर नाइट दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। शिखा पांडे ने स्मृति मंधाना (8) के बाद सोफी डिवाइन को भी पवेलियन भेजा। डिवाइन 19 गेंदों में तीन चौके की मदद से 21 रन बना सकीं।
आठ ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 38 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिस पेरी 16 गेंदों में 10 रन और सोफी डिवाइन 17 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। स्मृति मंधाना आठ रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें शिखा पांडे ने जेमिमा रॉड्रिग्स के हाथों कैच कराया।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 24 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान स्मृति मंधाना 15 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका लगाया। फिलहाल एलिस पेरी और सोफी डिवाइन क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है।
बैंगलोर ने मैच में सधी हुई शुरुआत की है। टीम ने तीन ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 17 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान स्मृति मंधाना 11 गेंदों पर छह रन और सोफी डिवाइन सात गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, एलिस कैप्सी, जेमिमाह रॉड्रिग्स, मरिजाने कैप, तान्या भाटिया (विकेटकीपर), जेस जोनासेन, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, शिखा पांडे, तारा नॉरिस।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: स्मृति मंधाना (कप्तान), सोफी डिवाइन, एलिस पेरी, हीथर नाइट, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्रेयंका पाटिल, दिशा कासत, मेगन शुट्ट, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह, प्रीति बोस।
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। लैनिंग ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। एलिस कैपसी और अरुंधति रेड्डी को टीम में जगह दी गई है। एल हैरिस और मिन्नू मनी को बाहर किया गया है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान स्मृति मंधाना ने भी कुछ बदलाव किए हैं।
दोनों टीमों के बीच यह इस सीजन में दूसरा मुकाबला है। दोनों टीमें इससे पहले मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में भी आमने-सामने आई थी। तब दिल्ली ने आरसीबी को 60 रन से हराया था। तब दिल्ली ने लैनिंग और शेफाली के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट पर 223 रन बनाए थे। जवाब में बैंगलोर की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 163 रन ही बना सकी थी।
स्मृति मंधाना की टीम अब तक खराब फॉर्म में दिखी है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम अब तक चारों मैच गंवा चुकी है और बिना कोई अंक के पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पांचवें स्थान पर है। वहीं, मेग लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम शानदार दिखी है। टीम ने चार में से तीन मैच जीते हैं। एकमात्र हार दिल्ली को मुंबई के खिलाफ मिली है। पॉइंट्स टेबल में मुंबई शीर्ष पर और दिल्ली दूसरे स्थान पर है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला प्रीमियर लीग के 11वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। यह मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। स्मृति मंधाना की आरसीबी टीम अब तक चारों मैच गंवा चुकी है, जबकि दिल्ली की टीम तीन जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है।