रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट से जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का समापन हो गया। गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली दूसरी कप्तान बनीं मंधाना
आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2024 में दिल्ली के ही खिलाफ फाइनल मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इसी के साथ स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2023 औरर 2025 में खिताब जीता था।
आरसीबी को चौथा झटका चिनेल हेनरी ने दिया। उन्होंने स्मृति मंधाना को बोल्ड किया। वह 41 गेंदों में 87 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। अब नादिन डी क्लार्क और राधा यादव क्रीज पर मौजूद हैं।
आरसीबी को तीसरा झटका नंदिनी शर्मा ने दिया। उन्होंने ऋचा घोष को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। अब मंधाना का साथ देने नादिन डी क्लार्क आई हैं। 18 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर तीन विकेट पर 186 रन है।
आरसीबी को दूसरा झटका मिन्नू मणि ने दिया। उन्होंने शेफाली वर्मा के हाथों जॉर्जिया वॉल को अपना शिकार बनाया। वह 54 गेंदों में 79 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। जॉर्जिया और मंधाना के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई। अब ऋचा घोष आईं हैं। 17 ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 177 रन है। आरसीबी को जीत के लिए 18 गेंदों में 27 रन की जरूरत है।
जॉर्जिया वॉल (79) और स्मृति मंधाना (77) के बीच दूसरे विकेट के लिए 160 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर एक विकेट पर 169 रन है।
जॉर्जिया वॉल के बाद स्मृति मंधाना ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 24 गेंदों में पचासा जड़ा।
37 गेंदों में जॉर्जिया वॉल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। वह स्मृति मंधाना के साथ 100 रनों की साझेदारी निभा चुकी हैं। कप्तान भी अर्धशतक के करीब हैं। आरसीबी का स्कोर 11 ओवर के बाद एक विकेट पर 109 रन है।
आरसीबी को पहला झटका नौ के स्कोर पर चिनेल हेनरी ने दिया। उन्होंने ग्रेस हैरिस को बोल्ड किया। वह सिर्फ नौ रन बना सकीं। अब कप्तान मंधाना का साथ देने जॉर्जिया वॉल आईं हैं।
आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस क्रीज पर मौजूद हैं।
जेमिमा रोड्रिग्स की अर्धशतकीय की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी के सामने 204 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए।
दिल्ली को तीसरा झटका सायली सतघरे ने दिया। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स को क्लार्क के हाथों कैच कराया। वह 37 गेंदों में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। तीसरे विकेट के लिए रोड्रिग्स ने वोलवार्ड्ट के साथ 51 गेंदों में 76 रन की साझेदारी निभाई। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 148 रन है।
फाइनल मुकाबले में दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स का बल्ला गरज रहा है। उन्होंने महज 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह वोलवार्ड्ट के साथ 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुकी हैं। 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 140 रन बना लिए हैं।
12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 113 रन है। जेमिमा और वोलवार्ड्ट के बीच 41 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 100 के करीब पहुंच गया है। वोलवार्ड्ट और रोड्रिग्स के बीच साझेदारी पनप रही है।
दिल्ली को दूसरा झटका नादिन डी क्लार्क ने दिया। उन्होंने ग्रेस हैरिस के हाथों लिजेल ली को कैच कराया। वह 30 गेंदों में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाकर पवेलियन लौटीं। अब एल. वोलवार्ड्ट का साथ देने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स आईं हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 74 रन है।
दिल्ली को पहला झटका अरुंधति रेड्डी ने 49 के स्कोर पर दिया। उन्होंने शेफाली वर्मा को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंदों में सिर्फ 20 रन बना सकीं। अब लिजेल ली का साथ देने एल. वोलवार्ड्ट आईं हैं।
दिल्ली की धीमी शुरुआत हुई है। तीन ओवर के बाद टीम बिना किसी नुकसान के सिर्फ नौ रन बना सकी है। लिजेल ली और शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
दिल्ली की पारी शुरू हो चुकी है। लिजेल ली और शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद है। आरसीबी की तरफ से पहला ओवर लॉरेन बेल फेंक रही हैं।
डब्ल्यूपीएल का समापन समारोह जारी है। फिल्म अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा और मशहूर सिंगर तलविंदर परफॉर्म कर रहे हैं।
आरसीबी: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सायली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल।
दिल्ली: लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, एल. वोल्वार्ड्ट, जेमिमाह रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजन कप, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।
फाइनल में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान स्मृति मंधाना ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किए हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने भी दिल्ली की टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
पूर्व चैंपियन आरसीबी ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है और मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करने की अपनी क्षमता भी साबित की है। इसी जुझारूपन की बदौलत उसने लगातार पांच जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए इतिहास रचा। वह डब्ल्यूपीएल में ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई। इस सत्र में आरसीबी की किसी न किसी खिलाड़ी ने जरूरत के समय अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे उसे हराना किसी भी टीम के लिए चुनौती बन गई है। स्मृति मंधाना की अगुआई वाली आरसीबी दूसरा खिताब जीतकर मुंबई इंडियंस की बराबरी करना चाहेगी।
पिछले दो मैच में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करके अच्छी लय के साथ फाइनल में प्रवेश किया है। मंधाना की टीम की खासियत एक संतुलित और महत्वपूर्ण क्षणों में शानदार प्रदर्शन करना है। वह उम्मीद कर रही होंगी कि कुछ और खिलाड़ी इस खिताबी मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करके दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती को ध्वस्त करने में योगदान देंगे। श्रेयंका पाटिल टीम को स्पिन विभाग में मजबूती प्रदान करती हैं, जिसका प्रमाण गुजरात जाएंट्स के खिलाफ मिली जीत में देखने को मिला, जिसमें उन्होंने पांच विकेट लिए थे।
लगातार चार बार फाइनल में पहुंचने वाली दिल्ली को अपने पहले खिताब की तलाश है। दिल्ली को लगातार तीन बार फाइनल मैच में हार मिली है। दिल्ली कैपिटल्स इस बार नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के नेतृत्व में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। वह फाइनल में पिछले तीन टूर्नामेंट में उपविजेता रहने के बाद पहली जीत के लिए बेताब है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी गेंदबाजी लाइनअप पर पूरा भरोसा जताया है, जिसमें तेज गेंदबाज चिनेल हेनरी और नंदनी शर्मा ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। नंदनी ने इस सत्र में अभी तक 16 विकेट लेकर भारतीय टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया है। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी लाइनअप भी लय में आने लगी है। गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में लिजेल ली ने उपयोगी योगदान दिया। शेफाली वर्मा ने अपनी खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। शीर्ष क्रम की भरोसेमंद बल्लेबाज एल. वोलवार्ड्ट ने पूरे सत्र में टीम को वह स्थिरता प्रदान की है।
महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का रोमांच फाइनल के साथ गुरुवार को थम जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम के सिर डब्ल्यूपीएल का ताज सजेगा। जहां आरसीबी की नजरें दूसरी बार ट्रॉफी जीतने पर होंगी, वहीं दिल्ली पहला खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
WPL Final 2026 Live Cricket Score, RCB vs DC Women Final 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वडोदरा में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ जहां आरसीबी दूसरी बार खिताब अपने नाम करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी, वहीं दिल्ली पहली बार ट्रॉफी जीतना चाहेगी।