केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को छह विकेट से हराया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने चार विकेट पर 179 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली के लिए राहुल और स्टब्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन आखिरी ओवर में डेविड मिलर ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर मैच फिनिश किया। स्टब्स ने 47 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 60 रन बनाए, जबकि राहुल 34 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों के सहारे 57 रन बनाकर आउट हुए। मिलर ने 10 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 22 रनों की नाबाद पारी खेली। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या को एक सफलता मिली।
ट्रिस्टन स्टब्स ने आरसीबी के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। दिल्ली का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। अक्षर के रिटायर्ड होकर पवेलियन लौटने के बाद स्टब्स का साथ डेविड मिलर निभा रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए हैं। अक्षर और स्टब्स के बीच पांचवें विकेट के लिए अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन उन्हें खिंचाव आ गया जिस कारण वह मैदान से बाहर चले गए। अक्षर 19 गेंदों पर 26 रन बना चुके थे।
क्रुणाल पांड्या ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका दिया है। राहुल 34 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। राहुल और स्टब्स के बीच 69 रनों की साझेदारी हुई।
केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक जड़ दिया है। राहुल और स्टब्स के बीच चौथे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है जिससे टीम का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है।
आरसीबी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने पावरप्ले में 50 रन पूरे किए, जबकि तीन विकेट गंवाए। भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी की और लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को शुरुआती झटके दिए। केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच हालांकि, साझेदारी पनप रही है।
आरसीबी के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 18 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। दिलचस्प बात यह है कि तीनों विकेट भुवनेश्वर कुमार को ही मिले हैं। समीर रिजवी दो रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दे दिया है। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे करुण नायर पांच गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हो गए।
भुवनेश्वर कुमार ने पाथुम निसांका को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका दिया है। निसांका दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। अब करुण नायर उतरे हैं जिन्हें मुकेश कुमार की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर शामिल किया गया है।
आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 176 रनों का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आरसीबी ने फिल सॉल्ट के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए। आरसीबी के लिए सॉल्ट ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने 26 रनों की पारी खेली। विराट कोहली ने 19, देवदत्त पडिक्कल ने 18 और जितेश शर्मा ने 14 रन बनाए।दिल्ली की ओर से लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।
आरसीबी को छठा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब जितेश का साथ देने क्रुणाल पांड्या आए हैं।
आरसीबी को पांचवां झटका लगा है। अक्षर पटेल ने टिम डेविड को पवेलियन की राह दिखाई जो 17 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए।
मुकेश कुमार ने रजत पाटीदार को आउट कर आरसीबी को चौथा झटका दिया है। रजत चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।
कुलदीप यादव ने फिल सॉल्ट को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई है। सॉल्ट 38 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए।
आरसीबी को देवदत्त पडिक्कल के रूप में दूसरा झटका लगा है। अक्षर पटेल ने पडिक्कल को अपना शिकार बनाया जो 13 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए।
फिल सॉल्ट ने दिल्ली के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। सॉल्ट ने शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने पहले विराट कोहली के साथ अर्धशतकीय साजझेदारी की और अब देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर साझेदारी कर रहे हैं।
आरसीबी को विराट कोहली के रूप में पहला झटका लगा है। लुंगी एनगिडी ने कोहली को आउट कर दिल्ली को राहत दिलाई। कोहली 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। कोहली और सॉल्ट के बीच पहले विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी हुई।
दिल्ली के खिलाफ आरसीबी ने सधी हुई शुरुआत की है। पहले तीन ओवर में दिल्ली को कोई सफलता नहीं मिली है।
आरसीबी की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। आरसीबी के लिए विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया है।
दिल्ली कैपिटल्स: पाथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट सब: विपराज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुश्मंता चमीरा, नीतीश राणा।
आरसीबी: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।
इम्पैक्ट सब: रासिक सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, विकी ओस्तवाल।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने आरसीबी के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले के लिए आरसीबी और दिल्ली दोनों ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
इस मुकाबले में एक और दिलचस्प पहलू होंगे केएल राहुल। पिछले साल बंगलूरू में उन्होंने 93* रन बनाकर मैच जिताया था और इस मैदान को अपना टर्फ बताया था। उनका आरसीबी के खिलाफ औसत 71.1 और स्ट्राइक रेट 144 है। हालांकि, हाल के समय में लेग स्पिन के खिलाफ उनकी कमजोरी सामने आई है, जिसका फायदा आरसीबी सुयश शर्मा के जरिए उठाने की कोशिश कर सकती है।
इस सीजन छह से 16 ओवर के बीच बल्लेबाजों का औसत स्ट्राइक रेट 151.39 है, लेकिन पाटीदार 223.86 की हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। उन्होंने मिडिल ओवर्स में अकेले 18 छक्के जड़ दिए हैं, जबकि उनके बाकी टीममेट्स मिलकर 17 छक्के ही लगा पाए हैं। यही वजह है कि जब उनका सामना अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे विश्वस्तरीय स्पिनरों से होगा, तो यह मुकाबला और भी रोमांचक हो जाएगा।
IPL Live Cricket Score, RCB vs DC Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज गत चैंपियन आरसीबी का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हो रहा है। आरसीबी का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा है। टीम फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और इस मैच में अगर वह जीत हासिल करने में सफल रही तो शीर्ष पर पहुंच जाएगी। वहीं, पिछले दो मैच से हार रही दिल्ली की नजरें वापसी पर हैं।