आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हरा दिया है। यह आरसीबी की लगातार पांचवीं जीत रही। टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। उसके 13 मैचों के बाद छह जीत और सात हार के साथ 12 अंक हैं। दिल्ली पर जीत के साथ टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरु को आखिरी मैच 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चिन्नास्वामी में ही खेलना है। इस मैच पर दोनों ही टीमों की किस्मत निर्भर होगी। चेन्नई की जीत पर आरसीबी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं, अगर बेंगलुरु जीतती है तो उसे अच्छें अंतर से जीत हासिल करनी होगी, ताकि नेट रन रेट चेन्नई से बेहतर हो सके। इसके बाद भी बेंगलुरु को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
बेंगलुरु-दिल्ली और लखनऊ तीनों के 12-12 अंक हैं। लखनऊ ने अभी तक 11 मैच ही खेला है और यह टीम 16 अंक तक पहुंच सकती है। वहीं, दिल्ली और बेंगलुरु के 13-13 मैच हो चुके हैं। इस हार से दिल्ली भी अब अधिकतम 14 अंक तक ही पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए उन्हें 14 मई को अपने होम ग्राउंड पर लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। कोलकाता की टीम 18 अंक लेकर पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं, राजस्थान 12 मैचों में 16 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। चेन्नई के 13 मैचों के बाद 14 अंक हैं, जबकि सनराइजर्स की टीम 12 मैचों में 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर है।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 187 रन बनाए थे। रजत पाटीदार ने 32 गेंद में 52 रन और विल जैक्स ने 29 गेंद में 41 रन की पारी खेली थी। विराट कोहली ने 27 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। ऋषभ पंत की जगह मैच में कप्तानी कर रहे अक्षर पटेल ने 39 गेंद में 57 रन बनाए। यश दयाल ने तीन और लोकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट झटके।
दिल्ली को मुकेश कुमार के रूप में नौवां झटका लगा। वह तीन रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली को अब 12 गेंद में 53 रन की जरूरत है। फिलहाल कुलदीप यादव और ईशांत शर्मा क्रीज पर हैं। इससे पहले अक्षर पटेल 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।
16 ओवर के बाद दिल्ली ने आठ विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। फिलहाल कुलदीप यादव और मुकेश कुमार क्रीज पर हैं। दिल्ली को 24 गेंद में 58 रन की जरूरत है। 16वें ओवर में कप्तान अक्षर पटेल 39 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें यश दयाल ने कप्तान फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में अक्षर ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
दिल्ली को 15वें ओवर में 127 के स्कोर सातवां झटका लगा। कैमरन ग्रीन ने रसिख डार सलाम को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वह 10 रन बना सके। अक्षर पटेल के साथ उन्होंने 37 रन की साझेदारी निभाई। दिल्ली को अब जीत के लिए 30 गेंद में 61 रन की जरूरत है। फिलहाल अक्षर और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। अक्षर पटेल ने आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया।
दिल्ली की टीम ने 12 ओवर में छह विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। टीम को जीत के लिए अभी भी 48 गेंद में 88 रन की जरूरत है। 11वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स रन आउट हुए। वह तीन रन बना सके। अक्षर के शॉट पर स्टब्स रन के लिए दौड़े। हालांकि, गेंद गेंदबाज ग्रीन ने पिक किया और नॉन स्ट्राइकर एंड पर दे मारा। फिलहाल अक्षर पटेल और रसिख डार सलाम क्रीज पर हैं।
दिल्ली को 10वें ओवर में 86 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। लोकी फर्ग्यूसन ने शाई होप को कर्ण शर्मा के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में 29 रन बना सके। उन्होंने कप्तान अक्षर पटेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 गेंद में 56 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल अक्षर के साथ ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 87 रन है। दिल्ली को 60 गेंद में 101 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद दिल्ली ने चार विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिल्ली को 72 गेंद में 117 रन की जरूरत है। कप्तान अक्षर पटेल 13 गेंद में 17 रन और शाई होप 19 गेंद में 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 27 गेंद में 41 रन की साझेदारी हो चुकी है।
दिल्ली को 30 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। सिराज ने कुमार कुशाग्र को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह दो रन बना सके। फिलहाल कप्तान अक्षर पटेल और शाई होप क्रीज पर हैं। इससे पहले जेक फ्रेजर मैकगर्क, अभिषेक पोरेल और डेविड वॉर्नर भी आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।
दिल्ली को तीसरे ओवर में दो झटके लगे। यश दयाल ने पहले अभिषेक पोरेल को लोकी फर्ग्यूसन के हाथों कैच कराया। वह दो रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर शाई होप ने सीधा शॉट खेला और गेंद गेंदबाज यश के हाथों से लगकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर विकेट पर जा लगी। तब जेक फ्रेजर मैकगर्क क्रीज से बाहर थे और वह रन आउट हो गए। मैकगर्क अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और आठ गेंद में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 28 रन है। फिलहाल शाई होप और कुमार कुशाग्र क्रीज पर हैं।
दिल्ली को पहले ही ओवर में झटका लगा। स्वप्निल सिंह ने डेविड वॉर्नर को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वॉर्नर एक रन बनाकर आउट हुए। उनका इस सीजन खराब फॉर्म जारी है। वॉर्नर को ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में भी शामिल किया गया है, जबकि जेक फ्रेजर मैकगर्क टीम में नहीं हैं। एक ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है। फिलहाल जेक फ्रेजर मैकगर्क सात रन और अभिषेक पोरेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए यह करो या मरो वाला मैच है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उन्हें दिल्ली को 187 से कम स्कोर पर रोकना होगा। हालांकि, चिन्नास्वामी में लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं है। बेंगलुरु के लिए कैमरन ग्रीन 24 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रजत पाटीदार ने 52 रन और विल जैक्स ने 41 रन की पारी खेली।
बेंगलुरु की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान फाफ डुप्लेसिस एक बार फिर खराब फॉर्म में दिखे। वह छह रन बनाकर मुकेश कुमार का शिकार बने। इसके बाद विराट ने ईशांत शर्मा की गेंद पर कुछ बड़े शॉट खेले, लेकिन भारत के इस दिग्गज गेंदबाज ने विराट को विकेटकीपर अभिषेक पोरेल के हाथों कैच कराकर बेंगलुरु को दूसरा झटका दिया। विराट 13 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद विल जैक्स ने रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 88 रन की साझेदारी बनाई। इस साझेदारी को रसिख डार सलाम ने तोड़ा। रजत आईपीएल करियर का सातवां और इस सीजन का पांचवां अर्धशतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 32 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। वहीं, जैक्स अर्धशतक से चूक गए। वह 29 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।
महिपाल लोमरोर (13), दिनेश कार्तिक (0) और स्वप्निल सिंह (0) कुछ खास नहीं कर सके। कर्ण शर्मा छह रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, सिराज पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। वह भी खाता नहीं खोल सके। कैमरन ग्रीन 24 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली की ओर से खलील अहमद और रसिख डार ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
बेंगलुरु को 176 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रसिख डार सलाम ने स्वप्निल सिंह को कुशाग्र के हाथों कैच कराया। वह खाता नहीं खोल पाए। फिलहाल कैमरन ग्रीन और कर्ण शर्मा क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर सात विकेट पर 179 रन है।
18वें ओवर में खलील अहमद ने दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर महिपाल लोमरोर को अभिषेक पोरेल के हाथों कैच कराया। वह आठ गेंद में 13 रन बना सके। इसके बाद आखिरी गेंद पर खलील ने दिनेश कार्तिक को कुलदीप के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। 18 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर छह विकेट पर 174 रन है। फिलहाल स्वप्निल सिंह और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं।
16 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चार विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। फिलहाल महिपाल लोमरोर छह रन और कैमरन ग्रीन आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले विल जैक्स 41 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रजत पाटीदार ने 52 रन की पारी खेली।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने विल जैक्स को आउट कर आरसीबी को चौथा झटका दिया। जैक्स 29 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर महिपाल लोमरोर उतरे हैं और उनके साथ कैमरन ग्रीन मौजूद हैं।
रसिख डार सलाम ने 13वें ओवर में रजत पाटीदार को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। रजत को दो जीवनदान देने के बाद आखिरकार दिल्ली के खिलाड़ियों ने उनका कैच लपका। रजत 32 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 131 रन है। फिलहाल विल जैक्स 25 गेंद में 40 रन और कैमरन ग्रीन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
रजत पाटीदार ने 29 गेंद में आईपीएल करियर का सातवां शतक पूरा किया। यह इस सीजन उनका पांचवां अर्धशतक रहा। उन्होंने विल जैक्स के साथ भी 80 से ज्यादा रन की साझेदारी कर डाली है। फिलहाल रजत 30 गेंद में 51 रन और जैक्स 22 गेंद में 33 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 12 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर दो विकेट पर 121 रन है।
नौवें ओवर में कुलदीप यादव गेंदबाजी करने के लिए आए। उनके ओवर में विल जैक्स और रजत पाटीदार के कैच छूटे। ओवर की तीसरी गेंद पर जैक्स ने हवा में शॉट खेला और अक्षर पटेल कैच के लिए दौड़े। हालांकि, गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। वहीं, पांचवीं गेंद पर रजत पाटीदार ने मिड ऑन पर शॉट खेला। वहां पर मौजूद शाई होप ने आसान कैच छोड़ दिया। नौ ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर दो विकेट पर 99 रन है। फिलहाल विल जैक्स 12 गेंद में 20 रन और रजत पाटीदार 22 गेंद में 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
छह ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दो विकेट पर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल विल जैक्स चार रन और रजत पाटीदार 11 गेंद में 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले विराट कोहली को ईशांत शर्मा और फाफ डुप्लेसिस को मुकेश कुमार ने पवेलियन भेजा था।
बेंगलुरु को 36 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। उन्हें ईशांत शर्मा ने विकेटकीपर अभिषेक पोरेल के हाथों कैच कराया। विराट 13 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। चार ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर दो विकेट पर 37 रन है। फिलहाल रजत पाटीदार और विल जैक्स क्रीज पर हैं।
बेंगलुरु को तीसरे ओवर में 23 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मुकेश कुमार ने ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान फाफ डुप्लेसिस को फ्रेजर मैकगर्क के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद में छह रन बना सके। इस सीजन उनका खराब फॉर्म जारी है। फिलहाल विल जैक्स और विराट कोहली क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर एक विकेट पर 25 रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली क्रीज पर हैं। ईशांत शर्मा के पहले ओवर में 10 रन बने। इस मैच में ऋषभ पंत की जगह अक्षर पटेल दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं। पंत को बीसीसीआई ने एक मैच के लिए निलंबित किया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, विल जैक्स, रजत पाटीदार, कैमरन ग्रीन, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, लोकी फर्ग्यूसन, यश दयाल। इम्पैक्ट सब: स्वप्निल सिंह, अनुज रावत, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार विषाक, हिमांशु शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), शाई होप, कुमार कुशाग्र, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), कुलदीप यादव, रसिख दार सलाम, मुकेश कुमार, ईशांत शर्मा, खलील अहमद। इम्पैक्ट सब: डेविड वॉर्नर, सुमित कुमार, रिकी भुई, विक्की ओस्तवाल, प्रवीण दुबे।
दिल्ली कैपिटल्स के अस्थाई कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अक्षर ने कहा कि पंत मैदान पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पंत ने सभी से ये कहा कि ये मत समझना मैं टीम में नहीं हूं तो अच्छा नहीं खेलना है। वह टीम को मोटिवेट कर रहे हैं। पंत ने निलंबन के खिलाफ अपील भी की है। पंत की जगह कुमार कुशाग्र आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, रसिख डार की भी टीम में एंट्री हुई है। बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
दिल्ली को पंत की कमी खल सकती है। उनकी जगह पृथ्वी शॉ को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। इसके अलाव रिकी भुई भी आ सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कौन उनकी जगह आएगा। जेक फ्रेज मैकगर्क पर भी सभी की निगाहें टिकी होंगी।
बेंगलुरु का दिल्ली पर दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें बेंगलुरु ने 18 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि दिल्ली ने 11 मैचों में जीत का स्वाद चखा है। वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। इस सीजन दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। बेंगलुरु का दिल्ली के खिलाफ उच्चतम स्कोर 215 रहा है जबकि सबसे कम स्कोर 137 रन है। वहीं, दिल्ली ने आरसीबी के खिलाफ 196 रन बनाए हैं जबकि सबसे कम स्कोर 95 रन है।
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की कमी खलेगी। हालांकि, उनकी जगह अक्षर पटेल को नेतृत्व का जिम्मा सौंपा गया है। दरअसल, पंत पर स्लो ओवर रेट की वजह से एक मैच का बैन लगा है। ऐसे में माना जा रहा है कि डेविड वॉर्नर की प्लेइंग 11 में वापसी हो सकती है। पृथ्वी शॉ भी लाइन में खड़े हैं। लगातार छह मैच हारने के बाद आरसीबी ने शानदार वापसी की है। टीम लगातार चार मैचों में जीत के साथ अंक तालिका में सातवें पायदान पर है। टीम का नेट रनरेट +0.217 है। दिल्ली के खिलाफ मैच में विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस, रजत पाटीदार और विल जैक्स का प्रदर्शन अहम होगा। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, यश दयाल और कर्ण शर्मा रंग बिखेर सकते हैं।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। आरसीबी के लिए यह मुकाबला करो या मरो की स्थिति वाला है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अगर इस मैच में बेंगलुरु को हार मिलती है तो वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। वहीं, दिल्ली हार के बावजूद इस दौड़ में बनी रहेगी। दिल्ली की टीम अंक तालिका में 12 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से है। यह मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। रॉयल चैलेंजर्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो वाला है। हारने पर टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। हालांकि, दिल्ली अगर हारी तो उसके पास एक और मैच होगा। हालांकि, उसके लिए सफर काफी मुश्किल हो जाएगा। इस स्थिति में उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।