फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs CSK : 27 रन से जीत के साथ आरसीबी ने किया प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई, आखिरी ओवर में पलटा मैच

Sun, 19 May 2024 12:52 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु

खास बातें

IPL Live Cricket Score, RCB vs CSK Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 का 68वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। करो या मरो मुकाबले में आरसीबी ने चेन्नई के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 218 रन बनाए। जवाब में चेन्नई 20 ओवर में सात विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी। 
विज्ञापन
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम चेन्नई सुपर किंग्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:59 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी ने किया क्वालिफाई

आईपीएल 2024 के 68वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 27 रनों से जीत के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इसी के साथ फाफ डुप्लेसिस की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली इस सीजन की चौथी टीम बन गई है। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने क्वालिफाई किया। वहीं, सीएसके का इस हार के साथ सफर समाप्त हो गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 218 रन बनाए। जवाब में चेन्नई 20 ओवर में सात विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी। 

अंक तालिका का हाल
14 मैचों में सात जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई है। टीम के खाते में अब 14 अंक हो गए हैं और उनका नेट रनरेट +0.459 हो गया है। वहीं, पहले स्थान पर कोलकाता 19 अंकों के साथ बनी है। दूसरे और तीसरे पायदान पर राजस्थान और हैदराबाद की टीम हैं जिनके खाते में क्रमश: 16 और 15 अंक हैं। राजस्थान और हैदराबाद की टीम रविवार को लीग स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले खेलने के लिए उतरेंगी। दोनों के बीच अब शीर्ष-दो की लड़ाई होगी।

आखिरी ओवर का रोमांच
19 ओवर के बाद आरसीबी को क्वाविलफाई करने के लिए 17 रनों की जरूरत थी जबकि मुकाबले में जीत के लिए 35 रनों की दरकार थी। कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने यश दयाल पर भरोसा जताया और पारी के आखिरी ओवर में गेंद थमाई। पहली गेंद पर धोनी ने फाइन-लेग पर जोरदार शॉट खेला और 110 मीटर का छक्का लगाया। अब टीम को पांच गेंदों में 11 रनों की जरूरत थी, लेकिन अगली ही गेंद पर धोनी स्वप्निल सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। अब बल्लेबाजी के लिए शार्दुल ठाकुर आए। तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं आया। अब तीन गेंदों पर टीम को 11 रनों की जरूरत थी। चौथी गेंद पर शार्दुल ने थर्ड मैन की तरफ शॉट खेला और एक रन चुराया। अब चेन्नई को क्वालिफाई करने के लिए दो गेंदों में 10 रनों की दरकार थी। क्रीज पर जडेजा पहुंचे। दयाल ने ओवर की अंतिम दोनों गेंद डॉट डाली और जडेजा कोई भी रन नहीं बना सके। इसी के साथ आरसीबी ने सीजन का लगातार छठा मैच जीत लिया। 

चेन्नई की पारी
219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। पहली गेंद पर मैक्सवेल ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर दिया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद यश दयाल ने तीसरे ओवर में डेरिल मिचेल को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद मोर्चा रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे ने संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई जिसे लॉकी फर्ग्युसन ने तोड़ा। उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को 85 रन के स्कोर पर आउट किया। रहाणे आरसीबी के खिलाफ 22 गेंदों में 33 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, न्यूजीलैंड के स्टार क्रिकेटर रचिन रवींद्र ने अपने करियर का पहला अर्धशतक लगाया और 61 रनों की धुआंधार पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 37 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। शिवम दुबे सिर्फ सात रन बना सके, उन्हें कैमरन ग्रीन ने अपना शिकार बनाया। इसके अलावा मिचेल सेंटनर तीन रन बनाकर आउट हुए। 

चेन्नई ने 129 रन के स्कोर पर अपना छठा विकेट खो दिया था। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए महेंद्र सिंह धोनी उतरे। 16वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए धोनी ने जडेजा के साथ 61 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों ने महज 27 गेंदों का सामना किया। हालांकि, 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर यश दयाल ने चेन्नई को सबसे बड़ा झटका दिया। उन्होंने धोनी को स्वप्निल सिंह के हाथों कैच आउट कराया। पूर्व कप्तान आरसीबी के खिलाफ 13 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, जडेजा 42 और शार्दुल ठाकुर एक रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी के लिए यश दयाल ने दो विकेट चटकाए जबकि मैक्सवेल, सिराज, फर्ग्युसन और ग्रीन को एक-एक सफलता मिली। 

11:49 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: जडेजा-धोनी ने संभाला मोर्चा

धोनी-जडेजा ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। 18 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और सीएसके का स्कोर 166/6 है। टीम को जीत के लिए 12 गेंदों में 53 रनों की जरूरत है जबकि क्वालिफिकेशन के लिए 35 रनों की दरकार है।

11:29 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: सैंटनर तीन रन बनाकर आउट

चेन्नई को छठा झटका सैंटनर के रूप में लगा। उन्हें मैक्सवेल ने कैच आउट किया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए धोनी उतरे हैं। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 138/6 है।

विज्ञापन
11:21 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: चेन्नई को लगा पांचवां झटका

चेन्नई को पांचवां झटका शिवम दुबे को रूप में लगा। वह सिर्फ सात रन बना सके। उन्हें कैमरन ग्रीन ने लॉकी फर्ग्युसन के हाथों कैच कराया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मिचेल सेंटनर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रवींद्र जडेजा क्रीज पर मौजूद हैं। 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 125/5 है।

11:17 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: रचिन रवींद्र 61 रन बनाकर आउट

रचिन रवींद्र 61 रन बनाकर रन आउट हो गए। वह दो रनों की लालच में आउट हो गए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शिवम दुबे मौजूद हैं।

विज्ञापन
11:11 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: रचिन रवींद्र ने लगाया अर्धशतक

रचिन रवींद्र ने 31 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया है। वह विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। 12 ओवर के बाद सीएसके का स्कोर 110/3 है। अब क्वालिफिकेशन से सीएसके 91 रन दूर है।

10:59 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: 10वें ओवर में सीएसके को लगा तीसरा झटका

चेन्नई को तीसरा झटका 85 रन के स्कोर पर लगा। लॉकी फर्ग्युसन ने अजिंक्य रहाणे को 10वें ओवर की पहली गेंद पर कैच आउट कराया। भारतीय बल्लेबाज ने इस मैच में 33 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने रचिन रवींद्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे उतरे हैं। चेन्नई को जीत के लिए 61 गेंदों में 133 रनों की जरूरत है।

10:40 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: पावरप्ले में सीएसके को लगे दो झटके

पावरप्ले में चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर रचिन रवींद्र (23) और अजिंक्य रहाणे (22) मौजूद हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है।  

10:24 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: चेन्नई का दूसरा विकेट भी गिरा

चेन्नई को दूसरा झटका 19 रन के स्कोर पर लगा। यश दयाल ने डेरिल मिचेल को विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ चार रन बना  सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रचिन रवींद्र (10) क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद सीएसके का स्कोर 26/2 है।

10:11 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: चेन्नई का पहला विकेट गिरा

चेन्नई को पहला झटका पारी की पहली गेंद पर लगा। मैक्सवेल ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट किया। वह गोल्डन डक का शिकार हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेरिल मिचेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रचिन रवींद्र क्रीज पर मौजूद हैं। एक ओवर के बाद टीम का स्कोर 12/1 है।

10:00 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी की पारी

करो या मरो मुकाबले में आरसीबी ने चेन्नई के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 218 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी हुई। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में पावरप्ले के शुरुआती तीन ओवर में विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस के बीच 31 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद अंतिम तीन ओवर में सिर्फ 11 रन बनाए। हालांकि, पावरप्ले के बाद कोहली और डुप्लेसिस का तूफान आया और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई। सेंटनर ने किंग कोहली को 10वें ओवर की चौथी गेंद पर कैच आउट कराया। वह 29 गेंदों में 47 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और चार छक्के निकले। टीम को दूसरा झटका कप्तान फाफ डुप्लेसिस के रूप में लगा जिन्होंने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 39 गेंदों में 54 रन बनाने में कामयाब हुए। हालांकि, वह रनआउट हो गए। इसके बाद मोर्चा रजत पाटीदार और कैमरन ग्रीन ने संभाला। दोनों के बीच 71 रनों की साझेदारी हुई जिसे शार्दुल ठाकुर ने 18वें ओवर में तोड़ा। उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। पाटीदार ने इस मैच में 23 गेंदों का सामना किया और दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 41 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे दिनेश कार्तिक 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तुषार देशपांडे ने धोनी के हाथों कैच कराया। वह 14 रन बनाकर लौटे। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने सिर्फ पांच गेंदों का सामना किया और 16 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, कैमरन ग्रीन 38 और महिपाल लोमरोर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। चेन्नई के लिए शार्दुल ठाकुर ने दो विकेट चटकाए जबकि तुषार और मिचेल सेंटनर ने एक-एक विकेट हासिल किए।

09:41 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: पाटीदार 41 रन बनाकर आउट

आरसीबी को तीसरा झटका रजत पाटीदार के रूप में लगा। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने डेरिल मिचेल के हाथों कैच आउट कराया। पाटीदार 41 रनों की तूफानी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस मैच में उन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ 71 रनों की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दिनेश कार्तिक उतरे हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 187/3 है।

09:28 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: पाटीदार-ग्रीन ने संभाला मोर्चा

आरसीबी की सलामी जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद रजत पाटीदार और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला है। दोनों के बीच 42 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 155/2 है।

09:09 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: 54 रनों पारी खेलकर डुप्लेसिस लौटे पवेलियन

54 रनों की शानदार पारी खेलकर डुप्लेसिस पवेलियन लौट गए। वह रनआउट हुए। दरअसल, वह नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े थे, रजत पाटीदार ने स्ट्रोक लगाया। जिसके बाद गेंद पर मिचेल सेंटनर का हाथ लग गया और गेंद सीधे विकेट पर जाकर लगी। इस तरह से डुप्लेसिस आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कैमरन ग्रीन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रजत पाटीदार क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 113/2 है।

09:00 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: डुप्लेसिस ने लगाया अर्धशतक

इस मैच का पहला अर्धशतक डुप्लेसिस ने लगाया है। उन्होंने महज 35 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 37वां पचासा लगाया। वह जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वहीं, उनका साथ रजत पाटीदार दे रहे हैं। उनका बल्ला भी जमकर गरज रहा है। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 108/1 है।

08:52 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी का पहला विकेट गिरा

आरसीबी को पहला झटका मिचेल सैंटनर ने दिया। उन्होंने विराट कोहली को 10वें ओवर की चौथी गेंद पर कैच कराया। इस मैच में किंग कोहली 47 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 162.06 के स्ट्राइक रेट से तीन चौके और चार छक्के लगाए। धाकड़ बल्लेबाज और फाफ डुप्लेसिस के बीच पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रजत पाटीदार उतरे हैं।

08:47 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 70/0

नौ ओवर का खेल पूरा हो चुका है। विराट कोहली (41) और फाफ डुप्लेसिस (29) के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। वहीं, चेन्नई को विकेट की तलाश है। 

08:37 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ, स्कोर 42/0

पावरप्ले समाप्त हो चुका है और आरसीबी का स्कोर 42/0 है। बारिश के बाद विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस को विकेट पर संघर्ष करते देखा जा रहा है। शुरुआती तीन ओवर में दोनों ने 31 रन बना लिए थे। हालांकि, पावरप्ले के आखिरी तीन ओवर उनके लिए अच्छे नहीं रहे। इसमें सिर्फ 11 रन ही आ सके।

08:26 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: शुरू हुआ मुकाबला

बारिश बंद होने के बाद एक बार फिर मुकाबला शुरू हो गया है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर पहुंच चुके हैं। चेन्नई के कप्तान ने पारी का चौथा ओवर महीश तीक्षणा को सौंपा है।

08:17 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: कब शुरू होगा मुकाबला?

फैंस के लिए खुशखबरी आई है। बारिश रुक चुकी है और कवर्स को मैदान से हटाया जा रहा है। अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण किया है और 8:25 बजे मुकाबले को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। अच्छी बात यह है कि ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई है।

07:47 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: बेंगलुरु-चेन्नई मैच में बारिश बनी रुकावट

बेंगलुरु और चेन्नई के बीच जारी इस मैच में बारिश की एंट्री हो गई है। मुकाबले को बीच में ही रोक दिया गया है। विराट कोहली 19 और फाफ डुप्लेसिस 12 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 31/0 है।

07:43 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: विराट-डुप्लेसिस मचा रहे धमाल

विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस मैच की शुरुआत से ही धमाल मचा रहे हैं। दोनों चेन्नई के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करते नजर आ रहे हैं। तीन ओवर का खेल हो चुका है और टीम का स्कोर 31/0 है।

07:30 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली उतरे हैं। दोनों इस सीजन जबरदस्त फॉर्म में नजर आए हैं। लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में दोनों दिग्गज टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। वहीं, पारी का पहला ओवर तुषार देशपांडे फेंक रहे हैं। 

07:06 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार, कैमरन ग्रीन, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), कर्ण शर्मा, यश दयाल, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट सब : शिवम दुबे, समीर रिजवी, प्रशांत सोलंकी, शेख रशीद, मुकेश चौधरी।

चेन्नई सुपर किंग्स : रचिन रवींद्र, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिचेल, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, सिमरजीत सिंह, महीश तीक्षणा।
इम्पैक्ट सब : स्वप्निल सिंह, अनुज रावत, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार विशक, हिमांशु शर्मा।

07:01 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: चेन्नई ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बताया कि उनकी टीम इस मुकाबले में एक बदलाव के साथ खेलती नजर आएगी। मोईन अली की जगह मिचेल सैंटनर को मौका मिला है। वहीं, आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने बताया कि उनकी टीम इस मुकाबले में बिना किसी बदलाव के खेलती नजर आएगी। हालांकि, विल जैक्स इस मुकाबले में खेलते नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह ग्लेन मैक्सवेल को मौका दिया गया है।

06:52 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: मैच धुलने पर आरसीबी को होगा नुकसान

चेन्नई और आरसीबी के मैच में अगर बारिश होती है और कटऑफ टाइम तक मुकाबला शुरू नहीं हो सका तो आरसीबी को नुकसान झेलना पड़ेगा और सीएसके की टीम प्लेऑफ का टिकट कटा लेगी। सीएसके की टीम फिलहाल 13 मैचों में सात जीत और छह हार के साथ 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर है, जबकि बेंगलुरु की टीम 13 मैचों के बाद छह जीत और सात हार के साथ 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर है। अगर मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों के एक-एक अंक मिलेंगे, ऐसे में सीएसके 15 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी, जबकि आरसीबी 13 अंक लेकर दौड़ से बाहर हो जाएगी।

06:27 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: बारिश में इस सीजन धुल चुके हैं दो मैच

इस सीजन पहली बार नहीं है जब किसी मैच पर बारिश का साया छा गया है। इससे पहले मौजूदा सीजन में दो मैच बारिश के कारण धुल चुके हैं, जबकि एक मैच में बारिश की वजह से ओवरों में कटौती की जा चुकी है। मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण 16-16 ओवर का कराया गया था, जबकि 13 मई को कोलकाता और गुजरात के बीच मुकाबला रद्द हुआ तो गुरुवार को हैदराबाद और गुजरात के बीच मुकाबला बारिश से धुल गया। ऐसे में फैंस नहीं चाहेंगे कि आईपीएल 2024 का सबसे बड़ा मुकाबला भी बारिश के भेंट चढ़ जाए। 

06:09 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

भारतीय मौसम विभाग ने 18 मई को मध्य बेंगलुरु के इलाके में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, तूफानी और बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। पिछले दो सप्ताह से बेंगलुरु में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग के अनुसार सीएसके और आरसीबी के बीच मैच के दौरान भी बारिश और तूफान की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच शुरू होने के समय यानि शाम साढ़े सात बजे आसमान के बादल से ढका रहने का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम अच्छा है जिससे बारिश रुकने के आधे घंटे भीतर खेल शुरू किया जा सकता है।

06:09 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी के सामने होगी ऋतुराज की चुनौती

चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं और उनसे इस लय को कायम रखने की उम्मीद है। सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने भी उपयोगी पारियां खेली है। पिछली चार पारियों में नाकाम रहे शिवम दुबे से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह और तुषार देशपांडे ने अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम को मुस्ताफिजुर रहमान, मथीशा पथिराना और दीपक चाहर की कमी खल रही है। महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी चेन्नई के लिए प्रेरणास्रोत है लेकिन देखना होगा कि वह चोट के बीच कितना योगदान दे पाते हैं।

06:09 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: जैक्स की जगह मैक्सवेल की हो सकती है वापसी

आरसीबी को इस मैच में इंग्लैंड के विल जैक्स की सेवाएं नहीं मिल सकेंगी जो राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाने के लिए स्वदेश लौट गए हैं। सीएसके के खिलाफ इस बड़े मुकाबले के लिए आरसीबी की टीम में ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की वापसी हो सकती है जो इस सीजन आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। दूसरी ओर, चेन्नई को भी ऑलराउंडर मोइन अली की कमी खलेगी जो इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। मोइन की जगह रिचर्ड ग्लीसन को मौका मिल सकता है। 

06:08 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: आरसीबी ने की है दमदार वापसी

आरसीबी इस समय शानदार फॉर्म में है। छह मैचों की हार का सिलसिला तोड़ने के बाद उसने लगातार पांच जीत दर्ज की है। ऑरेंज कैपधारी विराट कोहली जबरदस्त फॉर्म में हैं और पिछले पांच में से तीन मैचों में अर्धशतक जड़ चुके हैं। कप्तान फाफ डु प्लेसी से अच्छी पारी की उम्मीद होगी जो पिछले दो मैचों में दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सके। मध्यक्रम में रजत पाटीदार और कैमरन ग्रीन अच्छा खेल रहे हैं । महिपाल लोमरोर और दिनेश कार्तिक भी बल्लेबाजों की ऐशगाह चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का फायदा उठाना चाहेंगे।

06:07 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK Live Score: एक स्थान के लिए आरसीबी-सीएसके के बीच मुकाबला

सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस का मैच बारिश में धुलने के कारण अब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स के बाद सनराइजर्स प्लेऑफ में पहुंच गई थी। अब सिर्फ एक स्थान के लिए रस्साकशी है और दो टीमें सीएसके तथा आरसीबी दौड़ में हैं। बेहतर रनरेट और अधिक अंक ( 13 अंक और 0.528 रनरेट ) होने से चेन्नई का दावा मजबूत है। इस मैदान पर वह आठ मैचों में आरसीबी से एक ही बार हारी है। वहीं आरसीबी के 12 अंक है और उसका नेट रनरेट 0.387 है। 

05:58 PM, 18-May-2024

RCB vs CSK : 27 रन से जीत के साथ आरसीबी ने किया प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई, आखिरी ओवर में पलटा मैच

लगातार पांच जीत दर्ज कर चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल प्लेऑफ में चौथी टीम के निर्धारण के लिए शनिवार को यहां करो या मरो के मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सामने होंगी लेकिन इस मैच पर मौसम की गाज गिरने की आशंका भी है। दोनों टीमों के लिए नॉकआउट में पहुंचने का यह आखिरी अवसर होगा और दोनों ही टीमें इसके लिए पूरा जोर लगाएंगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें