चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की जीत का जश्न समाप्त हो गया है। आईपीएल 2025 की विजेता टीम आरसीबी का बंगलूरू पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सबसे पहले एयरपोर्ट पर कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। फिर एयरपोर्ट से लेकर टीम होटल तक रास्ते में प्रशंसकों का भारी हुजूम दिखा। आरसीबी की टीम होटल से विधानसौधा पहुंची जहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
विधानसौधा में सम्मान समारोह के बाद खिलाड़ी चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे जहां दर्शकों की भारी भीड़ के बीच आरसीबी की जीत का जश्न मना। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ट्रॉफी लेकर स्टेडियम के बीच में बने मंच पर पहुंचे। इस दौरान विराट कोहली और पाटीदार ने दर्शकों को संबोधित किया और उनका टीम का लगातार समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त किया। आरसीबी के खिलाड़ियों को खुली बस में विजयी परेड भी निकालनी थी, लेकिन प्रशंसकों की भारी भीड़ के चलते इस कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। कोहली और पाटीदार के संबोधन के बाद आरसीबी के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी लेकर स्टेडियम के चारों ओर चक्कर लगाए और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान आरसीबी के खिलाड़ी आईपीएल की ट्रॉफी लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री लैप कर रहे हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दर्शकों की भारी भीड़ है। इस कार्यक्रम को विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार ने संबोधित किया और प्रशंसकों का उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विराट कोहली के संबोधन से हुई है। कोहली ने कहा, 'यह इंतजार काफी लंबा रहा है, लेकिन आप सबके समर्थन के कारण यह संभव हो सका। आप सभी के समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।' कार्यक्रम के दौरान आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ट्रॉफी लेकर मंच पर पहुंचे।
पाटीदार ने कहा, 'आखिरकार हमने ट्रॉफी जीत ली, आप सभी इस जीत के हकदार हैं। इस भव्य स्वागत के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। हम सभी आप लोगों को बहुत प्यार करते हैं।' चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस दौरान आतिशबाजी की गई।
बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सम्मान समारोह शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम के लिए भारी संख्या में दर्शक मौजूद हैं। मंच पर खिलाड़ियों के साथ ही कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद हैं।
आरसीबी की टीम बारिश के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंच गई है। स्टेडियम के अंदर और बाहर भारी संख्या में प्रशंसक मौजूद हैं। स्टेडियम पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
आरसीबी के सम्मान कार्यक्रम में भगदड़ मच गई है। एक बच्चा बेहोश हो गया है। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में बच्चा बेहोश हो गया। इससे पहले, कर्नाटक विधानसौधा में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया, लेकिन कार्यक्रम के बीच में बारिश आ गई।
आरसीबी खिलाड़ियों का कर्नाटक विधानसौधा में सम्मान किया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान राज्यपाल थावर चंद गहलौत और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे।
आरसीबी की टीम आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी के साथ विधानसौधा पहुंच गई है। आरसीबी के सभी सदस्य विधानसौधा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात कर रहे हैं और इस दौरान विराट कोहली भी मौजूद हैं।
आरसीबी की टीम विधानसौधा के लिए टीम होटल से निकल गई है। टीम होटल के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद रही।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया विधानसौधा पहुंच गए हैं। उनके साथ कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलौत भी मौजूद हैं। विधानसौधा में आरसीबी के सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आरसीबी की टीम कुछ समय में विधानसौधा पहुंचेगी।
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भी भारी संख्या में आरसीबी के प्रशंसक मौजूद हैं जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। स्टेडियम के अंदर सिर्फ टिकट धारकों और पास होल्डर को जाने की अनुमति है, लेकिन स्टेडियम के बाहर काफी भीड़ है जिसे हटाने के लिए पुलिस ने हल्के लाठीचार्ज का प्रयोग किया।
विधानसौधा के बाहर भारी संख्या में प्रशंसक मौजूद हैं और इनका उत्साह चरम पर है। कुछ ही देर में विधानसौधा में आरसीबी टीम का सम्मान किया जाएगा और इसे लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
कर्नाटक विधानसौधा के बाहर भारी भीड़ मौजूद हैं। विधानसौधा में थोड़ी देर बाद आईपीएल 2025 की चैंपियन टीम का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। आरसीबी की टीम बंगलूरू पहुंच गई है।
कर्नाटक विधानसौधा में चैंपियन टीम आरसीबी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार विधानसौधा पहुंच गए हैं। कुछ देर बाद आरसीबी की टीम सम्मान समारोह के लिए विधानसौधा पहुंचेगी।
कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बंगलूरू एयरपोर्ट पर आईपीएल की विजेता टीम आरसीबी का स्वागत किया। शिवकुमार आरसीबी के झंडे के साथ एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने कोहली को गुलदस्ता भेंट किया। एयरपोर्ट के बाहर से लेकर टीम होटल तक प्रशंसकों का भारी जमावड़ा मौजूद है।
आरसीबी की टीम एयरपोर्ट से होटल पहुंच गई है। होटल के बाहर प्रशंसकों का जमावड़ा लगा हुआ है।
आरसीबी की टीम बंगलूरू पहुंच गई है। टीम एयरपोर्ट से बाहर निकल चुकी है और होटल के बाहर आरसीबी के प्रशंसकों का जमावड़ा लगा हुआ है। प्रशंसक होटल के बाद आईपीएल की विजेता टीम का इंतजार कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने कहा, मैं आरसीबी टीम का इंतजार कर रही हूं। मुझे खुशी है कि विराट कोहली और आरसीबी ने खिताब जीता।
आरसीबी की टीम अहमदाबाद से बंगलूरू पहुंच गई है जहां एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने आईपीएल की विजेता टीम का स्वागत किया। आरसीबी ने मंगलवार को फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था।
आईपीएल 2025 की चैंपियन टीम आरसीबी का स्वागत करने के लिए कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बंगलूरू एयरपोर्ट पहुंच गए हैं।
आरसीबी की टीम कुछ ही देर में बंगलूरू पहुंचने वाली है। टीम के सम्मान समारोह के लिए तैयारियां चल रही हैं। विधानसौधा में मंच सजाया जा रहा है और टीम के स्वागत की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आईपीएल 2025 की चैंपियन आरसीबी का विधानसौधा में सम्मान करेंगे। सिद्धारमैया ने टीम की जीत को सराहा और बताया कि वह टीम के बंगलूरू पहुंचने के बाद विधानसौधा में सदस्यों को सम्मानित करेंगे।
बंगलूरू एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी है। आरसीबी की टीम कुछ ही समय बाद बंगलूरू पहुंचने वाली है और भारी संख्या में आरसीबी के प्रशंसक बंगलूरू एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बंगलूरू ट्रैफिक पुलिस ने आरसीबी की जीत के जश्न के कार्यक्रम को देखते हुए अपडेट ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है। जानें कार्यक्रम के बारे में सबकुछ....
आरसीबी की विजयी परेड विधानसौधा से शुरू होकर चिन्नास्वामी स्टेडियम तक होनी थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, विजयी परेड को रद्द किया गया है, लेकिन टीम का सम्मान समारोह किया जाएगा। यह कार्यक्रम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम करीब पांच से छह बजे के बीच होगा। इसके लिए टिकट धारक या पास होल्डर को ही स्टेडियम में जाने की अनुमति होगी।
आरसीबी की टीम आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से भी मुलाकात कर सकती है। बताया जा रहा है कि बंगलूरू पहुंचने के बाद टीम ट्रॉफी के साथ शाम चार बजे के करीब मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सकती है और इसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए रवाना हो सकती है।
आरसीबी ने मंगलवार को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल 2025 के फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह रनों से हराया था। इसके साथ ही आरसीबी ने 18वें सीजन में जाकर अपना पहला खिताब जीता। यह जीत आरसीबी के खिलाड़ियों के साथ ही उनके प्रशंसकों के लिए काफी मायने रखती है।
आरसीबी की टीम अब से कुछ ही देर में बंगलूरू एयरपोर्ट पर उतरेगी। पंजाब को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली आरसीबी की टीम अहमदाबाद से बंगलूरू के लिए रवाना हो चुकी है। टीम को पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, कर्नाटक विधानसौधा से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक खुली बस में विजयी परेड में हिस्सा लेना था, लेकिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। बंगलूरू ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह होगा, लेकिन विजयी परेड नहीं निकाली जाएगी।
RCB Victory Parade IPL 2025 Royal Challengers Bengaluru Grand celebration live updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु (आरसीबी) की टीम अहमदाबाद से बंगलूरू के लिए रवाना हो गई है। टीम का बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर सम्मान किया जाएगा।