शशांक सिंह के 25 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 46 रन और आशुतोष शर्मा के 15 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को दो रन से मात दी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अंतिम ओवर में बेहद रमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। पंजाब को जीत के लिए अंतिम छह गेंद पर 29 रनों की जरूरत थी, लेकिन टीम 27 रन ही बना सकी। शशांक और आशुतोष की आतिशी पारी के बावजूद पंजाब छह विकेट पर 180 रन ही बना सका। हैदराबाद के लिए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट झटके। इससे पहले, हैदराबाद ने नीतीश रेड्डी के 37 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 64 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन बनाए थे। पंजाब के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि सैम करन और हर्षल पटेल को दो-दो विकेट मिले।
इस जीत के बाद हैदराबाद की टीम पांच मैचों में तीन जीत और दो हार के बाद छह अंक लेकर पांचवें स्थान पर है, जबकि पंजाब किंग्स की पांच मैचों में यह तीसरी हार है और वह तालिका में छठे स्थान पर है।
पंजाब किंग्स को जीत के लिए छह गेंदों पर 29 रन बनाने हैं और क्रीज पर शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा मौजूद हैं। आखिरी ओवर डालने जयदेव उनादकट आए हैं। आशुतोष ने पहली गेंद पर छक्का मारा। उनादकट ने अगली दो गेंद वाइड फेंकी। अब पंजाब को पांच गेंदों पर 21 रन की जरूरत है। आशुतोष ने दूसरी गेंद पर शानदार छक्का जड़ा। पंजाब को चार गेंद पर बनाने हैं 15 रन। आशुतोष ने तीसरी गेंद पर दो रन निकाले। चौथी गेंद पर भी आशुतोष ने दो रन चुराए। अब पंजाब को दो गेंदों पर 11 रन बनाने हैं। उनादकट ने फिर फेंकी वाइड बॉल। आशुतोष ने सिंगल लिया। शशांक ने आखिरी गेंद पर लगाया छक्का।
पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। शशांक सिंह तूफानी पारी खेल रहे हैं और पंजाब को जीत के लिए 12 गेंदों पर 39 रन की जरूरत है। शशांक 22 गेंदों पर 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
नीतीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जितेश शर्मा की पारी पर ब्रेक लगा दिया। इस तरह पंजाब को छठा झटका लगा। जितेश 11 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर फिलहाल शशांक सिंह 13 गेंदों पर 18 रन बनाकर मौजूद हैं। नए बल्लेबाज के रूप में आशुतोष शर्मा उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने सिकंदर रजा को आउट कर पंजाब को पांचव झटका दिया। अच्छी लय में दिख रहे रजा खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौटे। रजा ने 22 गेंदों पर 28 रन बनाए। रजा और शशांक सिंह के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी, लेकिन उनादकट ने इस साझेदारी को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।
शुरुआती झटकों के बाद सिकंदर रजा ने पंजाब की टीम को संभाले रखा है। रजा ने शशांक सिंह के साथ मिलकर कुछ अच्छे शॉट खेले और हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। 13 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने चार विकेट पर 91 रन बनाए हैं। रजा 21 गेंदों पर 28 रन और शशांक 10 गेंदों पर 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार कैच पकड़कर सैम करन की बेहतरीन पारी का अंत किया। टी. नटराजन की गेंद पर करन ने बाउंड्री मारने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने 30 यार्ड घेरे को पार कर बेहतरीन कच पकड़ा और पंजाब किंग्स को चौथा झटका दिया। करन 22 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटकों के बाद सैम करन ने पंजाब किंग्स की पारी संभाली। करन ने लगातार शॉट खेल हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। करन फिलहाल 14 गेंदों पर 20 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके साथ क्रीज पर सिकंदर रजा छह गेंदों पर आठ रन बनाकर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पंजाब किंग्स को एक और झटका देते हुए कप्तान शिखर धवन को पवेलियन भेजा। धवन 16 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह पंजाब की पारी लड़खड़ा गई है और उसने महज 20 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को दूसरा झटका दिया। प्रभसिमरन इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतरे थे, लेकिन इस मैच में कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके और छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने जॉनी बेयरस्टो को खाता खोले बिना आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दे दिया है। बेयरस्टो खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। नए बल्लेबाज के तौर पर इंपैक्ट खिलाड़ी के रूप में प्रभसिमरन सिंह उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पंजाब किंग्स की पारी शुरू हो चुकी है। क्रीज पर कप्तान शिखर धवन के साथ जॉनी बेयरस्टो उतरे हैं। हैदराबाद के लिए गेंदबाजी की शुरुआत तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने की और शुरुआती ओवर में एक रन ही दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने युवा बल्लेबाज नीतीश रेड्डी के 37 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 64 रनों की पारी की मदद से पंजाब किंग्स को 183 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब किंग्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया जिसे अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों ने काफी हद तक सही साबित किया। हालांकि दूसरे छोर से नीतीश ने मोर्चा संभाला जिसके दम पर हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन बनाए। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने चार विकेट झटके, जबकि सैम करन और हर्षल पटेल को दो-दो विकेट मिले।
पंजाब के खिलाफ हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 39 रन के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। अर्शदीप सिंह ने शुरुआत से ही हैदराबाद के बल्लेबाजों पर लगा लगाई रखी और करन तथा हर्षल ने बाकी का काम किया। हालांकि नीतीश रेड्डी ने बेहतरीन पारी खेल हैदराबाद को संभाले रखा और आईपीएल करियर का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अब्दुल समद के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी की। हैदराबाद के लिए समद ने भी तेज पारी खेली और वह 12 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा टीम का कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका।
सनराइजर्स हैदराबाद को आठवां झटका लगा है। उसके कप्तान पैट कमिंस भी पवेलियन लौट गए हैं। कैगिसो रबाडा ने कमिंस को बोल्ड कर आउट किया। कमिंस चार गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर शहबाज अहमद का साथ देने भुवनेश्वर कुमार उतरे हैं।
अर्शदीप सिंह ने शानदार लय में चल रहे नीतीश रेड्डी को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को सातवां झटका दिया। नीतीश की अर्धशतकीय पारी का अंत हुआ, जबकि अर्शदीप ने मैच का अपना चौथा विकेट लिया। नीतीश 37 गेंदों पर 64 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी कर टीम को छठी सफलता दिलाई है। अर्शदीप ने अब्दुल समद को आउट कर नीतीश रेड्डी के साथ हुई 50 रनों की साझेदारी को तोड़ दिया है। समद 12 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि दूसरे छोर पर नीतीश रेड्डी टिके हुए हैं और उनका साथ देने शाहबाज अहमद आए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज नीतीश रेड्डी ने विपरीत परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी का परिचय दिया। उन्होंने पंजाब किंग्स के स्पिनर हरप्रीत बराड़ के ओवर से लगातार रन जुटाए और छक्के के साथ अपने करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। दूसरे छोर से अब्दुल समद भी उनका बखूबी साथ दे रहे हैं। नीतीश की शानदार पारी से हैदराबाद ने 16.1 ओवर तक पांच विकेट पर 150 रन बना लिए हैं। नीतीश 36 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 64 रन और समद नौ10 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 19 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी भी पूरी हो गई है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ गिरते विकेटों के बीच नीतीश रेड्डी ने शानदार पारी खेलते हुए आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। नीतीश ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 32 गेंदों पर पचासा जड़ दिया। नीतीश ने हरप्रीत बराड़ पर छक्के के साथ अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।
पंजाब किंग्स के गेंदबाज हर्षल पटेल ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद की पारी लड़खड़ा दी है। क्लासेन नौ गेंदों पर नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। हर्षल का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। हालांकि नीतीश रेड्डी क्रीज पर मौजूद हैं और उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले हैं।
पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को एक और झटका दिया है। इंपैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतरे राहुल त्रिपाठी भी पवेलियन लौट गए हैं। राहुल ने हर्षल पटेल की गेंद को पीछे मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों में चली गई और उन्होंने आउट की अपील की। हालांकि अंपायर ने नॉटआउट करार दिया। पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने डीरआरएस लिया और राहुल को पवेलियन लौटना पड़ा। राहुल 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद नीतीश रेड्डी और इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे राहुल त्रिपाठी ने टीम को संभाला। हैदराबाद ने नौ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 61 रन बनाए हैं। नीतीश 14 गेंदों पर 11 रन और राहुल 12 गेंदों पर 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दबाव बनाया। हैदराबाद की इस मैच में शुरुआत खराब रही और उसने शुरुआती छह ओवर में ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। क्रीज पर फिलहाल राहुल त्रिपाठी और नीतीश रेड्डी मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद की पारी लडखड़ा दी है। पावरप्ले खत्म होने में अभी एक ओवर बाकी है, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 रनों के अंदर ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। हेड, मार्करम के बाद अभिषेक शर्मा भी पवेलियन लौट गए हैं। अभिषेक का विकेट सैम करन ने लिया। अभिषेक 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर राहुल त्रिपाठी को उतारा है।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने तीन गेंद के अंदर सनराइजर्स हैदराबाद को दोहरा झटका दिया है। ट्रेेविस हेड को आउट करने के बाद अर्शदीप ने नए बल्लेबाज के रूप में उतरे एडेन मार्करम को भी पवेलियन भेज दिया है। मार्करम खाता खोले बिना आउट हुए।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। ट्रेविस हेड 15 गेंदों पर 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हेड और अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन अर्शदीप ने इस साझेदारी का अंत किया। नए बल्लेबाज के तौर पर एडेन मार्करम क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ अभिषेक मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है। टीम के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने आए हैं। पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
पंजाब किंग्सः शिखर धवन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, सैम करन, शशांक सिंह, सिकंदर रजा, हरप्रीत बरार, हर्षल पटेल, कैगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह। इंपैक्ट सबः प्रभसिमरन सिंह, नाथन एलिस, तनय त्यागराजन, राहुल चाहर, ऋषि धवन।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, नीतीश रेड्डी, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, मयंक मारकंडे, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल त्रिपाठी।
पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। शिखर ने टॉस के दौरान बताया कि लियाम लिविंगस्टोन चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं और वह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। पंजाब की टीम इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं करेगी।
अपने तमाम अनुभव के बावजूद भुवनेश्वर नई गेंद के साथ संघर्ष कर रहे हैं। वह पिछले मैच में हालांकि विकेट चटकाने में सफल रहे। दो मैचों में नहीं खेलने वाले टी नटराजन ने अब तक चार विकेट लिए हैं। चार मैचों में पांच विकेट लेने वाले कप्तान पैट कमिंस अच्छा कर रहे हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग की जरूरत है।
दोनों टीमों की गेंदबाजी चिंता का विषय है। पंजाब की टीम को डेथ ओवरों में जूझना पड़ा है जबकि सनराइजर्स के गेंदबाज नई गेंद से काफी महंगे साबित हुए हैं। पंजाब के लिए दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा छह विकेट के साथ उनके सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं लेकिन डेथ ओवरों के विशेषज्ञ अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी टीम के लिए चिंता की बात है। लेग स्पिनर राहुल चाहर महंगे साबित हुए हैं लेकिन हरप्रीत बराड़ ने जरूर अच्छा किया है। हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकटए मयंक मार्कंडे और भुवनेश्वर ने काफी रन दिए हैं।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs SRH Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 23वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चंडीगढ़ के महाराजा यदविंद्रा सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब और हैदराबाद ने अपने पिछले मुकाबले जीते हैं और दोनों टीमों की कोशिश जीत की लय बरकरार रखने की होगी।