फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs RR: जीत की राह पर लौटी राजस्थान, पंजाब को तीन विकेट से हराया, दर्ज की सीजन की पांचवीं जीत

Sun, 14 Apr 2024 12:03 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मोहाली

खास बातें

IPL Live Cricket Score, PBKS vs RR Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 का 27वां मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया । पंजाब ने राजस्थान को 148 रन का लक्ष्य थमाया। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब को तीन विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत हासिल की।
विज्ञापन
पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:13 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान ने पंजाब को तीन विकेट से हराया

आईपीएल 2024 का 27वां मुकाबला शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में राजस्थान ने पंजाब को तीन विकेट से हराकर जीत की राह पर वापसी की। सीजन की पांचवीं जीत के साथ टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी है। वहीं, पंजाब किंग्स चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने आशुतोष शर्मा की 31 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान ने एक गेंद के शेष रहते हुए सात विकेट खोकर 152 रन बनाए और तीन विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।

आखिरी ओवर का रोमांच
पारी का 20वां ओवर रोमांच से भरपूर रहा। अर्शदीप सिंह के खिलाफ हेटमायर ने आक्रामक रुख अख्तियार किया। इस ओवर में राजस्थान को जीत के लिए छह गेंदों में 10 रन की जरूरत थी। पहली और दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं आया। तीसरी गेंद पर हेटमायर ने जोरदार छक्का लगाया। अब टीम को जीत के लिए तीन गेंदों में चार रन की जरूरत थी। चौथी गेंद पर हेटमायर ने लॉन्ग ऑन की तरफ मारा और दो रन बटोरे। अब टीम को दो गेंदों पर दो रन की जरूरत थी। पांचवीं गेंद पर हेटमायर ने जोरदार छक्का मारा और मुकाबला राजस्थान की झोली में डाल दिया। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

जायसवाल और कोटियन के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत अच्छी हुई थी। यशस्वी जायसवाल (39) और तनुष कोटियन (24) के बीच पहले विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी हुई। टीम को तीसरा झटका कप्तान संजू सैमसन के रूप में लगा जिन्हें कगिसो रबाडा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह एक चौके और इतने ही छक्के की मदद से 18 रन बनाकर लौटे। इस मैच में रियान पराग ने 23, ध्रुव जुरेल ने छह, रोवमैन पॉवेल ने 11 और केशव महाराज ने एक रन बनाया। वहीं, शिमरोन हेटमायर 27 रन बनाकर नाबाद रहे। उनका साथ ट्रेंट बोल्ट ने दिया जो बिना खाता खोले नाबाद रहे। हेटमायर ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर मैच विनिंग सिक्स लगाया। पंजाब के लिए सैम करन और कगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह, लियाम लिविंगस्टोन और हर्षल पटेल को एक-एक सफलता मिली।

10:57 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान का पांचवां विकेट भी गिरा

राजस्थान को पांचवां झटका हर्षल पटेल ने दिया। उन्होंने ध्रुव जुरेल को शशांक सिंह के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज सिर्फ छह रन बना सके। फिलहाल शिमरोन हेटयमायर और रोवमैन पॉवेल क्रीज पर मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 12 गेंदों में 20 रन की जरूरत है।

10:49 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान का चौथा विकेट गिरा

राजस्थान को चौथा झटका अर्शदीप सिंह ने 113 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे रियान पराग को कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज 23 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
10:31 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान को लगा तीसरा झटका

राजस्थान को तीसरा झटका 89 रन के स्कोर पर लगा। कगिसो रबाडा ने संजू सैमसन को अपना शिकार बनाया। कप्तान 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर रियान पराग और ध्रुव जुरेल मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 39 गेंदों में 59 रन की जरूरत है।

10:23 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : यशस्वी जायसवाल 39 रन बनाकर आउट हुए

राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कगिसो रबाडा ने हर्षल पटेल के हाथों कैच आउट कराया। फिलहाल क्रीज पर संजू सैमसन 16 रन और रियान पराग एक रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 83/2 है।

विज्ञापन
10:09 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान को लगा पहला झटका

राजस्थान को पहला झटका लियाम लिविंगस्टोन ने 56 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने तनुष कोटियन (24) को नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन आए हैं। उनका साथ देने के लिए यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 58/1 है।

09:56 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पॉवरप्ले में राजस्थान ने बनाए 43 रन

पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है और राजस्थान रॉयल्स ने बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल और तनुष कोटियन के बीच संभली हुई साझेदारी देखने को मिल रही है।

09:42 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 16/0

राजस्थान रॉयल्स के दोनों सलामी बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों विकेट पर टिककर खेलने की कोशिश कर रहे हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 16/0 है।

09:31 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान की पारी शुूरू हुई

राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए यशस्वी जायसवाल और तनुष कोटियन उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पहला ओवर अर्शदीप सिंह ने फेंका जिसमें दोनों बल्लेबाजों ने नौ रन चुराए।

09:14 PM, 13-Apr-2024
पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स लाइव स्कोर - फोटो : करुण शर्मा

PBKS vs RR Live Score : पंजाब ने तैयार किया 148 रन का लक्ष्य

आईपीएल के 27वें मैच में पंजाब के बल्लेबाजों को राजस्थान के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। अथर्व ताइडे और जॉनी बेयरस्टो के बीच पहले विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हुई। आवेश खान ने चौथे ओवर में अथर्व को शिकार बनाया। वह इस मैच में शिखर धवन की जगह खेलते नजर आए। टीम को दूसरा झटका  41 रन के स्कोर पर युजवेंद्र चहल ने दिया। स्टार स्पिनर ने प्रभसिमरन सिंह (10) को आउट किया। इसके बाद केशव महाराज ने जॉनी बेयकरस्टो को निशाना बनाया। उन्होंने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर पंजाब को तीसरा झटका दिया। बेयरस्टो 15 रन बनाकर लौटे। 

इस मैच में सैम करन ने पांच और शशांक सिंह ने नौ रन बनाए। आवेश खान ने अच्छी फॉर्म में नजर आए जितेश शर्मा को 103 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। वह एक चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन 21 रन बनाकर लौटे। उन्हें संजू सैमसन ने रनआउट किया। पंजाब के लिए डेथ ओवर्स में आशुतोष शर्मा संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने महज 16 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 193.75 के स्ट्राइक रेट से एक चौका और तीन छक्के लगाए। आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें केशव महाराज के हाथों कैच आउट कराया। वहीं, हरप्रीत बराड़ तीन रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन बनाए।

इस मैच में पंजाब किंग्स के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पॉवरप्ले में पंजाब ने 38/1 का स्कोर बनाया। आईपीएल 2024 का यह चौथा सबसे कम स्कोर है। इस लिस्ट में शीर्ष पर भी पंजाब का ही नाम दर्ज है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में टीम ने पॉवरप्ले में 27/3 का स्कोर बनाया था।

आईपीएल 2024 में सबसे कम पावरप्ले स्कोर
27/3 - पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, मुल्लनपुर
31/2 - राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, जयपुर
32/2 - चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, विशाखापत्तनम
38/1 - पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, मुल्लनपुर
40/1 - पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बेंगलुरु

09:03 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब का सातवां विकेट भी गिरा

पंजाब को सातवां झटका लियाम लिविंगस्टोन के रूप में लगा। वह 21 रन बनाकर रनआउट हुए। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 123/7 है।

08:52 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब का छठा विकेट भी गिरा

पंजाब का छठा विकेट भी गिर गया। आवेश खान ने 103 रन के स्कोर पर जितेश शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 29 रन बनाकर लौटे। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए आशुतोष शर्मा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए लियाम लिविंगस्टोन मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 111/6 है।

08:44 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 86/5

15 ओवर का खेल पूरा हो चुका है, अब तक पंजाब का स्कोर 100 रनों के पार नहीं पहुंच पाया। फिलहाल क्रीज पर जितेश शर्मा 28 रन और लियाम लिविंगस्टोन चार रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 86/5 है। पारी का 16वां ओवर कुलदीप सेन फेंक रहे हैं।
 

08:32 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब का पांचवां विकेट भी गिरा

पंजाब को पांचवां झटका कुलदीप सेन ने दिया। उन्होंने पारी के 13वें ओवर की पहली गेंद पर शशांक सिंह को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ नौ रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर जितेश शर्मा और लियाम लिविंगस्टोन मौजूद हैं। 

08:20 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब को लगा चौथा झटका

पंजाब को चौथा झटका भी केशव महाराज ने दिया। उन्होंने 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर इस मैच में कप्तानी कर रहे सैम करन सिर्फ छह रन बनाकर लौटे। पंजाब के बल्लेबाजी क्रम को इस मैच में संघर्ष करते देखा जा रहा है।

08:10 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : बेयरस्टो हुए आउट

पंजाब किंग्स को तीसरा झटका लगा है और टीम की पारी लड़खड़ा गई है। पंजाब के सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो भी आउट हो गए हैं और स्पिनर केशव महाराज ने उनका विकेट चटकाया है। पंजाब किंग्स की टीम आठ ओवर की समाप्ति के बाद 50 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी है और उसने 47 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। बेयरस्टो 19 गेंदों पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

08:03 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : प्रभसिमरन सिंह पवेलियन लौटे

पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन सिंह के रूप में दूसरा झटका लगा। राजस्थान के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने प्रभसिमरन को आउट किया। लगातार खराब फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन 14 गेंदों पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चहल के करियर का यह 198वां विकेट है और वह 200 विकेट पूरे करने से अब दो कदम दूर हैं। प्रभसिमरन के आउट होने के बाद सैम करन बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं और उनके साथ क्रीज पर जॉनी बेयरस्टो मौजूद हैं। 

08:00 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब किंग्स की धीमी शुरुआत

पंजाब किंग्स ने राजस्थान के खिलाफ धीमी शुरुआत करते हुए पावरप्ले की समाप्ति तक एक विकेट पर 38 रन बनाए हैं। पंजाब ने शुरुआती छह ओवर के अंदर ही सलामी बल्लेबाज अथर्व ताइडे का विकेट गंवा दिया था। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद हैं। राजस्थान को तेज गेंदबाज आवेश खान ने पहली सफलता दिलाई थी। 

07:49 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : अर्थव ताइडे आउट

राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज आवेश खान ने अथर्व ताइडे को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया। ताइडे 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। ताइडे के आउट होने के बाद प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर उतरे हैं। ताइडे और जॉनी बेयरस्टो ने पंजाब को सधी हुई शुरुआत दिलाई थी। पंजाब की टीम चार ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 28 रन बना चुकी है। 

07:31 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब किंग्स की पारी शुरू हुई

पंजाब किंग्स की पारी शुरू हो चुकी है। शिखर धवन की जगह अथर्व ताइडे और जॉनी बेयरस्टो सलामी बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट ने फेंका। इस ओवर में पंजाब के बल्लेबाजों ने चार रन चुराए।

07:10 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

पंजाब किंग्स: जॉनी बेयरस्टो, अथर्व ताइडे, प्रभसिमरन सिंह, सैम करन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शशांक सिंह, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा। इम्पैक्ट सब: राहुल चाहर, आशुतोष शर्मा, विदवथ कावेरप्पा, हरप्रीत भाटिया।

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, तनुष कोटियन, केशव महाराज, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, कुलदीप सेन, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: यशस्वी जयसवाल, टॉम कोहलर-कैडमोर, शुभम दुबे, नवदीप सैनी, आबिद मुश्ताक।

07:01 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

राजस्थान ने पंजाब के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स की कप्तानी सैम करन करते नजर आएंगे। आईपीएल के 27वें मैच में राजस्थान की टीम दो बदलावों के साथ खेलती नजर आएगी। जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन की जगह रोवमैन पॉवेल और तनुष कोटियन को मौका मिला है। वहीं, पंजाब की टीम कप्तान शिखर धवन के बिना खेलती नजर आएगी। उनकी जगह अथर्व ताएडे को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। वहीं, लियाम लिविंगस्टोन भी आज खेलते नजर आएंगे। राजस्थान की प्लेइंग 11 में शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, केशव महाराज और ट्रेंट बोल्ट के रूप में चार विदेशी खिलाड़ियों को रखा गया है। वहीं, पंजाब में जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन और कगिसो रबाडा बतौर विदेशी खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।

06:45 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : पंजाब के गेंदबाजों को लगाना होगा जोर

बल्लेबाजों की अपेक्षा पंजाब के गेंदबाजों ने कुछ बेहतर किया है। हालांकि पहले गेंदबाजी करते हुए उनके खिलाफ बड़े स्कोर बनाए गए हैं। कगिसो और अर्शदीप सिंह की अगुआई में पिछले तीन मैचों में पंजाब के खिलाफ 199, 199, 182 के स्कोर बने हैं। पंजाब के गेंदबाज राजस्थान के खिलाफ इसे रोकना चाहेंगे। यह आसान नहीं होगा।

राजस्थान का पहले बल्लेबाजी करते हुए सबसे छोटा स्कोर 185 रन का है। वहीं राजस्थान की मुश्किल यह रही है कि उनका आईपीएल में आगाज बेहद शानदार होता है, लेकिन बीच के सत्र में उनकी टीम पटरी से उतर जाती है। राजस्थान को यह क्रम तोड़ना होगा। यही कारण है कि पिछले छह सत्र में उनकी टीम सिर्फ दो बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर पाई है।

06:45 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : बेयरस्टो-जितेश की फॉर्म बनी चिंता

पंजाब का अब तक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उसकी समस्या जॉनी बेयरस्टो और विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा का फॉर्म में नहीं होना है। बेयरस्टो ने पांच मैचों में 81 और जितेश ने पांच मैचों में 77 रन ही बनाए हैं। शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा ने ही अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। महंगे सैम करन भी गेंदबाजी में कुछ खास नहीं कर सके हैं। उन्होंने छह विकेट लिए और 63 रन की एक उपयोगी पारी खेली है। उन्हें भी पंजाब के लिए अपनी भूमिका से न्याय करना होगा। पंजाब को चोटिल लियाम लिविंगस्टोन की भी कमी खल रही है।

06:44 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR Live Score : बोल्ट से गेंदबाजी नहीं कराने की हुई रणनीतिक चूक

राजस्थान पिछले मुकाबले में लगातार पांचवीं जीत की ओर बढ़ रहा था। गुजरात को 12 गेंद में 35 रन बनाने थे, लेकिन कुलदीप सेन और आवेश खान इस लक्ष्य को बचा नहीं पाए। राशिद खान और राहुल तेवतिया ने 37 रन बनाकर गुजरात को जीत दिलाई। विशेषज्ञों का कहना है कि सैमसन से यहां रणनीतिक चूक हुई। दो ओवर में आठ रन देने वाले ट्रेंट बोल्ट के दो ओवर बचे रह गए।

सैमसन ने अंतिम ओवरों में उनका उपयोग नहीं किया। अनुभव को देखते हुए बोल्ट को अगर यहां आजमाया जाता तो मैच का परिणाम दूसरा भी हो सकता था। यही कारण है कि राजस्थान यहां पंजाब के खिलाफ अपनी रणनीतियों को सही तरह से अंजाम देने की कोशिश करेगा।

06:34 PM, 13-Apr-2024

PBKS vs RR: जीत की राह पर लौटी राजस्थान, पंजाब को तीन विकेट से हराया, दर्ज की सीजन की पांचवीं जीत

राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स दो ऐसी टीमें हैं, जिन्हें अपने पिछले मुकाबलों में बेहद नजदीकी हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान को गुजरात टाइटंस के हाथों राशिद खान की बदौलत अंतिम गेंद पर पराजय मिली। यह उनकी पहली हार रही। शनिवार को जब दोनों टीमें आपस में टकराएंगी तो राजस्थान को अपनी योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करना होगा। संजू सैमसन की टीम को पांच मैचों में सिर्फ एक हार मिली है और वह शीर्ष पर है, जबकि पंजाब पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ आठवें स्थान पर है। पंजाब पिछले मैच में हैदराबाद से दो रन से हारा था। राजस्थान अपने विजयीक्रम को वापस पटरी पर लाने की पूरी कोशिश करेगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें