बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया। इसके साथ ही आरसीबी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी। पंजाब किंग्स की यह लगातार छठी हार है और उसके लिए अब प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है।
पंजाब के लिए मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हुए। पंजाब के लिए शशांक सिंह ने 56 रन, स्टोइनिस ने 37 और सूर्यांश शेडगे ने 35 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। आरसीबी के लिए रासिख सलाम डार ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दो विकेट मिले। जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।
रासिख ने शशांक सिंह को आउट कर पंजाब किंग्स को सातवां झटका दिया। शशांक 27 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
शशांक सिंह ने 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। शशांक ने आरसीबी के खिलाफ विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखा है। पंजाब को 12 गेंदों पर 40 रनों की जरूरत है।
जोश हेजलवुड ने मार्कस स्टोइनिस को अपना शिकार बनाया और पंजाब को छठा झटका दिया। स्टोइनिस और शशांक के बीच शानदार साझेदारी हो रही थी, लेकिन स्टोइनिस के आउट होने के साथ ही ये टूट गई। स्टोइनिस इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और 25 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। स्टोइनिस और शशांक के बीच छठे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई।
आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद स्टोइनिस और शशांक सिंह ने धुआंधार बल्लेबाजी की। इन दोनों के बीच 31 गेंदों पर अब तक 67 रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे मैच अब रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है।
मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह के बीच साझेदारी पनप रही है। ये दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं और आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
सुयश शर्मा ने सूर्यांश शेडगे को आउट किया जिससे पंजाब किंग्स की आधी टीम पवेलियन लौट गई। सुयश 22 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स को कूपर कोनोली के रूप में चौथा झटका लगा है। कोनोली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 22 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटकों के बाज कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे के बीच साझेदारी पनप रही है। आरसीबी ने पंजाब को पावरप्ले में तीन झटके दिए, लेकिन अब पंजाब इससे उबर रही है।
रासिख सलाम डार ने पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई। श्रेयस तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को दूसरी सफलता मिली है। भुवनेश्वर ने प्रभसिमरन सिंह को आउट किया जो पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
प्रियांश आर्या खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। पंजाब किंग्स को पहले ही ओवर में झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर शुरुआती ओवर में विकेट लेने में सफल रहे हैं।
आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 223 रनों का लक्ष्य दिया है। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। आरसीबी ने विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। आरसीबी के लिए पहले कोहली ने अर्धशतक लगाया और उनके आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर ने विस्फोटक पारी खेली। वेंकटेश 40 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 73 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेंकटेश का साथ इस दौरान टिम डेविड ने भी दिया। डेविड और वेंकटेश के बीच चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई। डेविड पारी की आखिरी गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी के लिए कोहली ने 37 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 45 और जैकब बेथेल 11 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब किंग्स की ओर से हरप्रीत बरार ने दो विकेट झटके, जबकि अर्शदीप और युजवेंद्र को एक-एक विकेट मिला।
वेंकटेश अय्यर ने 29 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। वेंकटेश ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और तेजी से रन बनाए। उनका साथ टिम डेविड बखूबी निभा रहे हैं।
आरसीबी को विराट कोहली के रूप में तीसरा झटका लगा है। कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगा चुके थे, लेकिन चहल ने उन्हें अपना शिकार बनाया। कोहली 37 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए।
कोहली और वेंकटेश के बीच साधेदारी जारी है जिससे आरसीबी की टीम बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हो गई है। आरसीबी ने 15वें ओवर में 150 रन का आंकड़ा छू लिया है।
विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर इस समय क्रीज पर मौजूद हैं। कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने 45 रन और जैकब बेथेल ने 11 रन का योगदान दिया, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज हरप्रीत बरार की बेहतरीन गेंदबाजी का शिकार होकर पवेलियन लौट गए।
हरप्रीत बरार ने देवदत्त पडिक्कल को आउट किया जो अर्धशतक लगाने से चूक गए। पडिक्कल 25 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। पडिक्कल और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी हुई।
आरसीबी ने पावरप्ले समाप्त होने तक एक विकेट पर 61 रन बनाए। इस दौरान टीम को जैकब बेथेल के रूप में एकमात्र झटका लगा। फिलहाल कोहली और पडिक्कल क्रीज पर हैं और इन दोनों के बीच साझेदारी पनप रही है।
हरप्रीत बरार ने जैकब बेथेल को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया है। बेथेल सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। आरसीबी के लिए विराट कोहली और जेकेब बेथेल क्रीज पर मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सुर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमातुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, मुशीर खान, प्रवीण दुबे।
आरसीबी: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट सब: रासिख सलाम डार, जॉर्डन कॉक्स, अभिनंदन सिंह, स्वप्निल सिंह, कनिष्क चौहान।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आरसीबी के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। पंजाब की टीम में बरार और लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी हुई है। आरसीबी की टीम में रजत की जगह सुयश और डफी की जगह रोमारियो आए हैं।
आरसीबी के नियमित कप्तान रजत पाटीदार पंजाब के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह जितेश शर्मा इस मैच में कप्तानी करेंगे।
पंजाब की बल्लेबाजी अच्छी रही है लेकिन पिछले कुछ मैच में वह इस विभाग में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है। गेंदबाजी वह विभाग है जिसमें पंजाब को बहुत ज्यादा सुधार करने की जरूरत है।
आरसीबी की टीम जहां अंक तालिका में बेहद अच्छी स्थिति में है पंजाब किंग्स की टीम के लिए एक और हार प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद कर देगी। पंजाब किंग्स यहां खेले गए पिछले दो मैच में अंतिम पांच ओवर में अपनी गेंदबाजी पर नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहा और इस तरह से 210 और 200 रन का बचाव नहीं कर पाया। असल में इस प्रारूप के इतिहास में 200 से अधिक का स्कोर बनाने के बाद सबसे अधिक मैच (10) हारने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम पर है।
आरसीबी टूर्नामेंट की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है। उसकी टीम पंजाब के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतारेगी। टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करने वाले पंजाब किंग्स पर लगातार पांच मैच में हार के बाद टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs RCB Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना पंजाब किंग्स से है। आरसीबी प्लेऑफ में जाने से महज एक जीत दूर है, जबकि लगातार हार का सामना करने वाली पंजाब किंग्स की नजरें जीत की पटरी पर लौटने की है।