फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs RCB Highlights: बेंगलुरु ने पंजाब को 60 रन से हराया, कोहली की तूफानी पारी के बाद चमके सिराज

Thu, 09 May 2024 11:54 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

खास बातें

PBKS vs RCB Indian Premier League 2024 Highlights : आईपीएल 2024 के 58वें मैच में पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से था। यह मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 241 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम 17 ओवर में 181 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:43 PM, 09-May-2024

बेंगलुरु ने पंजाब को हराया

आईपीएल 2024 के 58वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 60 रन से हरा दिया है। इस हार के साथ ही पंजाब की टीम आईपीएल 2024 से बाहर हो गई है। उसके 12 मैचों के बाद आठ अंक हैं और टीम अधिकतम 12 अंक तक पहुंच सकती है जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी नहीं होगा। पंजाब मुंबई के बाद प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम है। वहीं, आरसीबी ने जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है। उसके 12 मैचों के बाद 10 अंक हैं। टीम अधिकतम 14 अंक तक पहुंच सकती है। हालांकि, उन्हें इसके बाद भी अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। बेंगलुरु के अगले दोनों मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में हैं। 12 मई को टीम दिल्ली कैपिटल्स से और 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स से खेलेगी। 

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 241 रन बनाए थे। विराट कोहली ने 47 गेंद में सात चौके और छह छक्के की मदद से 92 रन की पारी खेली थी। वहीं, रजत पाटीदार ने 23 गेंद में 55 रन और कैमरन ग्रीन ने 27 गेंद में 46 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम 17 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। राइली रूसो ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। इसके अलावा शशांक सिंह ने 37 रन और सैम करन 22 रन बना सके। सिराज ने तीन विकेट लिए। वहीं, स्वप्निल सिंह, लोकी फर्ग्य्सून और कर्ण शर्मा को दो-दो विकेट मिले।

11:29 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब के आठ विकेट गिरे

पंजाब को 15वें ओवर में आशुतोष शर्मा के रूप में सातवां झटका लगा। वह आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 16वें ओवर में फर्ग्यूसन ने सैम करन को क्लीन बोल्ड किया। वह 16 गेंद में 22 रन बना सके। पंजाब को अब भी 27 गेंद में 72 रन की जरूरत है। फिलहाल हर्षल पटेल और राहुल चाहर क्रीज पर हैं।

11:18 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को छठा झटका

पंजाब को 14वें ओवर में छठा झटका लगा। शशांक सिंह रन आउट हो गए। विराट कोहली के डायरेक्ट थ्रो पर वह रन आउट हुए। शशांक ने 19 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। 14 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर छह विकेट पर 153 रन है। उन्हें 36 गेंद में 89 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:05 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को पांचवां झटका

पंजाब की टीम को 126 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। स्वप्निल सिंह ने लियाम लिविंगस्टोन को कर्ण शर्मा के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इस सीजन लिविंगस्टोन और जितेश शर्मा का खराब फॉर्म जारी है। जितेश पांच रन बनाकर आउट हुए थे। फिलहाल शशांक सिंह और कप्तान सैम करन क्रीज पर हैं। पंजाब को जीत के लिए 48 गेंद में 114 रन की जरूरत है। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर पांच विकेट पर 132 रन है।

10:59 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को चौथा झटका

पंजाब को 11वें ओवर में 125 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कर्ण शर्मा ने जितेश शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह चार गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल पंजाब को 54 गेंद में 117 रन की जरूरत है। शशांक सिंह और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:53 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: रूसो अर्धशतक लगाकर आउट

पंजाब को नौवें ओवर में 107 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कर्ण शर्मा ने राइली रूसो को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वह 27 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शशांक सिंह और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 114 रन है। पंजाब को अब 60 गेंद में 128 रन की जरूरत है।

10:45 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: रूसो का अर्धशतक

राइली रूसो ने 21 गेंदों में आईपीएल करियर का दूसरा और इस सीजन का पहला अर्धशतक जड़ा। आठ ओवर के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 96 रन है। फिलहाल रूसो 22 गेंद में 51 रन और शशांक सिंह छह गेंद में 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रूसो ने कैमरन ग्रीन की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया।

10:33 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को दूसरा झटका

छठे ओवर में 71 के स्कोर पर पंजाब को दूसरा झटका लगा। लोकी फर्ग्यूसन ने जॉनी बेयरस्टो को फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। वह 16 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए। फिलहाल राइली रूसो 15 गेंद में 37 रन और शशांक सिंह एक गेंद में चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। पंजाब को अब 84 गेंद में 167 रन की जरूरत है।

10:23 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: रूसो-बेयरस्टो क्रीज पर

राइली रूसो और बेयरस्टो ने एक विकेट गिर जाने के बावजूद रन रेट को कम नहीं होने दिया है। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर एक विकेट पर 45 रन है। फिलहाल रूसो 13 गेंद में 32 रन और बेयरस्टो सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। प्रभसिमरन सिंह छह रन बनाकर आउट हुए।

10:07 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को पहला झटका

पंजाब को पहले ही ओवर में झटका लगा। प्रभसिमरन सिंह छह रन बनाकर आउट हुए। स्वप्निल सिंह ने उन्हें एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल राइली रूसो और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। पहले ओवर में 14 रन बने और एक विकेट गिरा।

09:50 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु ने 241 रन बनाए

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 241 रन बनाए। हर्षल पटेल ने 20वें ओवर में तीन विकेट लिए। उन्होंने दिनेश कार्तिक, महिपाल लोमरोर और कैमरन ग्रीन को आउट किया। वहीं, विराट कोहली ने 47 गेंद में 92 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। पंजाब ने इसी सीजन टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया था। ऐसे में बेंगलुरु के लिए मैच आसान नहीं रहने वाला है। विराट के अलावा रजत पाटीदार ने 23 गेंद में 55 रन और कैमरन ग्रीन ने 27 गेंद में 46 रन बनाए।

09:31 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: विराट शतक से चूके

विराट कोहली 47 गेंद में सात चौके और छह छक्के की मदद से 92 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अर्शदीप सिंह ने राइली रूसो के हाथों कैच कराया। विराट नौवें शतक से चूक गए। हालांकि, इस पारी में उन्होंने कई रिकॉर्ड बना डाले। वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 600+ रन के केएल राहुल के रिकॉर्ड की बराबरी की। दोनों ने ऐसा चार-चार बार किया है। विराट ने कैमरन के साथ 92 रन की साझेदारी निभाई। 18 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर चार विकेट पर 217 रन है। फिलहाल दिनेश कार्तिक और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं।

09:21 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: विराट शतक के करीब

विराट कोहली धीरे-धीरे शतक के नजदीक पहुंच रहे हैं। वह फिलहाल 41 गेंद में 80 रन और कैमरन ग्रीन 18 गेंद में 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 60 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 185 रन है।

09:08 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: विराट का अर्धशतक

विराट कोहली ने 32 गेंद में आईपीएल करियर का 55वां अर्धशतक जड़ा। वह इस सीजन शानदार फॉर्म में रहे हैं। 14 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 153 रन है। फिलहाल विराट कोहली 58 रन और कैमरन ग्रीन 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।

08:56 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: मैच शुरू

मैच फिर से शुरू हो चुका है। बेंगलुरु ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया। फिलहाल विराट कोहली और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 125 रन है।

08:49 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: थोड़ी देर में शुरू होगा मैच

मैच आठ बजकर 55 मिनट पर दोबारा शुरू होगा। अभी तक ओवर्स में कटौती की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पूरे ओवर का खेल होगा। फिलहाल विराट कोहली 42 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, रजत पाटीदार 55 रन बनाकर आउट हुए।

08:40 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: कवर्स हटे

मैदान से कवर्स को हटा लिए गए हैं। ओले गिरने की वजह से मैच को रोका गया था। हालांकि, अब ओलावृष्टि रुक चुकी है। अंपायर्स मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं। थोड़ी देर में मैच शुरू हो सकता है। हालांकि, मैदान पर ओले-ओले के बड़े बड़े टुकड़े दिखाई पड़ रहे हैं। 10 ओवर के बाद बेंगलुरु ने तीन विकेट गंवाकर 119 रन बना लिए हैं। मैच रुकने से पहले रजत 23 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्होंने विराट के साथ 76 रन की साझेदारी निभाई।

08:21 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु को तीसरा झटका, ओले गिरने से रुका मैच

बेंगलुरु को 10वें ओवर में 119 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। आखिरकार पंजाब के खिलाड़ी कैच लेने में कामयाब हो पाए। सैम करन ने रजत पाटीदार को विकेटकीपर बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शून्य पर हर्षल पटेल ने जीवनदान दिया था। इसके बाद रजत ने विराट कोहली के साथ 32 गेंद में 76 रन की साझेदारी निभाई। विराट को भी दो जीवनदान मिले थे। 10वें ओवर के खत्म होते-होते बारिश शुरु हो गई। हालांकि, इसके बाद ओले भी गिरे। ओले गिरने के बाद अंपायर ने मैच रोकने का फैसला किया। पिच को कवर्स से ढक दिया गया है। 10 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 119 रन है। फिलहाल विराट कोहली 42 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ कैमरन ग्रीन निभाते दिखेंगे।

08:16 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: चौके-छक्कों की बरसात

नौ ओवर के बाद बेंगलुरु ने दो विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 20 गेंद में 36 रन और रजत पाटीदार 20 गेंद में 48 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 60 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। बेंगलुरु का मौजूदा रन रेट 12 रन प्रति ओवर के आसपास है।

07:55 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब को दूसरी सफलता

पंजाब को पांचवें ओवर में दूसरी सफलता मिली। कवेरप्पा ने विल जैक्स को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया। इससे पहले कवेरप्पा ने फाफ डुप्लेसिस को आउट किया था। हालांकि, वह अनलकी साबित हुए। उनकी गेंद पर कोहली को दो बार जीवनदान मिला। इसके बाद रजत पाटीदार का भी कैच छूटा। कवेरप्पा की गेंद पर कोहली का पहला कैच आशुतोष ने तो दूसरा कैच राइली रूसो ने छोड़ा था। फिर रजत का कैच हर्षल पटेल ने छोड़ दिया। तब वह खाता भी नहीं खोल सके थे। पंजाब की फील्डिंग बेहद खराब रही है। छह ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर दो विकेट पर 56 रन है। फिलहाल रजत और विराट क्रीज पर हैं।

07:42 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: डुप्लेसिस आउट

बेंगलुरु को तीसरे ओवर में 19 के स्कोर पर पहला झटका लगा। विद्वत कवेरप्पा ने कप्तान फाफ डुप्लेसिस को कैच आउट कराया। वह सात गेंद में नौ रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और विल जैक्स क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है। कवरेप्पा का यह डेब्यू मैच है। उनकी गेंद पर कोहली को दो बार जीवनदान मिला। पहले ओवर में आशुतोष ने तो इस ओवर में राइली रूसो ने उनका कैच छोड़ा।

07:32 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: कोहली का कैच छूटा

पहले ओवर की तीसरी गेंद पर विराट कोहली का कैच आशुतोष शर्मा ने छोड़ दिया। विद्वत कावेरप्पा की गेंद पर आशुतोष ने मुश्किल कैच छोड़ा। तब विराट दो रन बना सके थे। इसके बाद फाफ डुप्लेसिस ने दो चौके लगाए। एक ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर बिना किसी विकेट के 11 रन है।

07:04 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स: जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह, राइली रूसो, शशांक सिंह, सैम करन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, आशुतोष शर्मा, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह, विद्वत कवेरप्पा। (इम्पैक्ट सब: हरप्रीत बराड़, तनय त्यागराजन, ऋषि धवन, जितेश शर्मा, नाथन एलिस)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विल जैक्स, रजत पाटीदार, महिपाल लोमरोर, कैमरन ग्रीन, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), स्वप्निल सिंह, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, लोकी फर्ग्यूसन। (इम्पैक्ट सब: अनुज रावत, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार विषाक, यश दयाल, मयंक डागर)

07:01 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: पंजाब ने जीता टॉस

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पंजाब के कप्तान सैम करन ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। कगिसो रबाडा की जगह लियाम लिविंगस्टोन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। मैक्सवेल की जगह लोकी फर्ग्यूसन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।

06:30 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: हारने वाली टीम का सफर होगा खत्म

मुंबई इंडियंस की टीम बुधवार को प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी। वहीं, अब एलिमिनेशन का दौर शुरू हो चुका है। आज के मैच में हारने वाली टीम भी बाहर हो जाएगी। हारने वाली टीम के 12 मैचों में आठ अंक होंगे और वह अधिकतम 12 अंक तक पहुंच पाएंगे, जो कि प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के लिए काफी नहीं होगा। जीतने वाली टीम की उम्मीदें जगी रहेंगी। हालांकि, उसे भी बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।

06:29 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: बल्लेबाजों ने किया निराश

पंजाब किंग्स ने सुपरकिंग्स के खिलाफ अपना सबसे अच्छा और सबसे खराब प्रदर्शन किया। उनके गेंदबाज सुपरकिंग्स के सभी बल्लेबाजों पर हावी रहे लेकिन बल्लेबाजी इकाई ने निराश किया। पंजाब किंग्स के लिए मौजूदा सत्र उतार-चढ़ाव भरा रहा। टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स और सुपरकिंग्स को उन्हीं के मैदान पर हराकर अपनी क्षमता दिखाई। नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया।

हालांकि उन्हें अपने घरेलू मैदान पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने अपने मुख्य घरेलू मैदान मुल्लांपुर में पांच में से सिर्फ एक मैच जीता। आयोजन स्थल में बदलाव का भी टीम को फायदा नहीं मिला और उसे पिछले मैच में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम में भी हार का सामना करना पड़ा। पंजाब की टीम अपने घरेलू मैदान पर शानदार ढंग से अभियान समाप्त करने की उम्मीद करेगी लेकिन ऐसा करने के लिए टीम को एकजुट होकर प्रदर्शन करना होगा।

06:29 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: विराट-फाफ की फॉर्म बरकरार

दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली शीर्ष पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं जबकि कप्तान फाफ डुप्लेसी ने पिछले मैच में उम्दा पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की। विल जैक्स ने भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के दौरान शतक जड़कर प्रभावित किया जबकि कैमरन ग्रीन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गेंद और बल्ले से योगदान देकर अपनी उपयोगिता साबित की।

टीम के गेंदबाज भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत की टी20 विश्व कप टीम में शामिल मोहम्मद सिराज अंतत: लय में लौट आए हैं। यश दयाल और विजयकुमार विशाक ने भी टाइटंस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया और आरसीबी को उनसे इस लय को जारी रखने की उम्मीद होगी। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम के घुटने टेकने के बाद पंजाब किंग्स का आत्मविश्वास कम होगा।

06:28 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: अंक तालिका में क्या हाल

आरसीबी के 11 मैच में आठ अंक हैं और अगर वह अपने बाकी बचे तीनों मैच जीत लेती है तो उसकी प्लेऑफ में जगह बनाने की मामूली उम्मीद जीवंत रहेगी। पंजाब किंग्स की स्थिति भी ऐसी ही है। टीम 11 मैच में आठ अंक के साथ आठवें स्थान पर है। इन दोनों में से हालांकि एक ही टीम 14 अंक के आंकड़े को छू पाएगी। सत्र के पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत और पिछले तीन मुकाबले जीतने के बाद आरसीबी की टीम आत्मविश्वास से भरी है।

06:27 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु की नजर लगातार चौथी जीत पर

आत्मविश्वास से भरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम गुरुवार को यहां जब पंजाब किंग्स से भिड़ेगी तो उसकी नजरें इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार चौथी जीत दर्ज करने पर टिकी होंगी। सत्र की बेहद खराब शुरुआत के बाद आरसीबी की टीम ने लगातार तीन जीत के साथ टूर्नामेंट में वापसी की है और शानदार लय में चल रही है। इन जीत से टीम का मनोबल तो बढ़ा ही है, साथ ही वह अंक तालिका में भी सातवें स्थान पर पहुंच गई है।

06:22 PM, 09-May-2024

PBKS vs RCB Highlights: बेंगलुरु ने पंजाब को 60 रन से हराया, कोहली की तूफानी पारी के बाद चमके सिराज

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 58वें मैच में पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से है। यह मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। दोनों टीमों के फिलहाल आठ-आठ अंक हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें