आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। 18 साल का इंतजार खत्म हो चुका है। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
18वें ओवर में 145 के स्कोर पर पंजाब को सातवां झटका लगा। यश दयाल ने ओमरजई को कैच आउट कराया। वह एक रन बना सके। फिलहाल शशांक सिंह और काइल जेमीसन क्रीज पर हैं।
पंजाब को 17वें ओवर में दो झटके लगे। नेहल वढेरा के बाद मार्कस स्टोइनिस भुवनेश्वर के 17वें ओवर में आउट हुए। फिलहाल शशांक सिंह और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं। पंजाब को जीत के लिए 18 गेंद में 47 रन की जरूरत है।
पंजाब को 13वें ओवर में 98 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने जोश इंग्लिस को लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले श्रेयस आउट हुए थे। फिलहाल शशांक सिंह और नेहल वढेरा क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 101 रन है। पंजाब को अब जीत के लिए 42 गेंद में 90 रन की जरूरत है। क्रुणाल ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में केवल 17 रन दिए और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए।
पंजाब को 10वें ओवर में 80 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कप्तान श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने विकेटकीपर जितेश के हाथों कैच कराया। 10 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 81 रन है। फिलहाल जोश इंग्लिस और नेहल वढेरा क्रीज पर हैं। पंजाब को अब 60 गेंद में 110 रन की जरूरत है।
नौवें ओवर में 72 के स्कोर पर पंजाब को दूसरा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने प्रभसिमरन को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराया। प्रभसिमरन 22 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 74 रन है। फिलहाल जोश इंग्लिस और कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद पंजाब ने एक विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। प्रभसिमरन सिंह 20 गेंद में 25 रन और जोश इंग्लिस नौ गेंद में 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पंजाब को अब 72 गेंद में 121 रन की जरूरत है। प्रियांश आर्या 19 गेंद में 24 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर आउट हुए।
पावरप्ले यानी शुरुआती छह ओवर में पंजाब ने एक विकेट गंवाकर 52 रन बनाए हैं। फिलहाल इंग्लिस आठ रन और प्रभसिमरन 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पावरप्ले में पंजाब को एकमात्र झटका प्रियांश आर्या के रूप में लगा। उन्हें हेजलवुड ने आउट किया।
पांचवें ओवर में 43 के स्कोर के पर पंजाब को पहला झटका लगा। हेजलवुड की गेंद पर प्रियांश आर्या कैच आउट हुए। प्रियांश ने 19 गेंद में चार चौके की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। सॉल्ट ने उनका बेहतरीन कैच लपका। फिलहाल जोश इंग्लिस और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर हैं।
तीन ओवर के बाद पंजाब ने बिना विकेट गंवाए 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल प्रियांश आर्या 14 रन और प्रभसिमरन सिंह 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हेजलवुड के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोमारियो शेफर्ड ने प्रभसिमरन का आसान कैच छोड़ दिया।
पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी के लिए पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंक रहे हैं।
बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 190 रन बनाए। पंजाब को अगर खिताब जीतना है तो उन्हें 120 गेंदों में 191 रन बनाने होंगे। अर्शदीप ने 20वें ओवर में तीन विकेट लेकर बेंगलुरु को 190 के स्कोर पर रोक दिया। उन्होंने आखिरी ओवर में शेफर्ड, क्रुणाल और भुवनेश्वर के विकेट लिए।
बेंगलुरु की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही थी। फिल सॉल्ट नौ गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें जेमीसन ने आउट किया था। इसके बाद विराट कोहली ने मयंक अग्रवाल के साथ पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन मयंक बड़े शॉट के चक्कर में आउट हो गए। वह 18 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रजत पाटीदार 16 गेंद में 26 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। विराट ने लिविंगस्टोन के साथ 36 रन की साझेदारी निभाई। विराट 35 गेंद पर तीन चौके की मदद से 43 रन बनाकर अजमतुल्लाह का शिकार बने। जितेश शर्मा ने आतिशी पारी खेली, लेकिन बड़े शॉट के चक्कर में वह विजयकुमार की गेंद पर बोल्ड हुए। जितेश ने 10 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में अर्शदीप ने तीन विकेट झटकाए। उन्होंने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर रोमारियो शेफर्ड (17 रन), चौथी गेंद पर क्रुणाल पांड्या (4 रन) और भुवनेश्वर कुमार (1 रन) के विकेट लिए। पंजाब की ओर से अर्शदीप और जेमीसन ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, अजमतुल्ला ओमरजई, विजयकुमार विषाक और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।
20वें ओवर में 188 के स्कोर पर बेंगलुरु को सातवां झटका लगा। अर्शदीप ने रोमारियो शेफर्ड को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह नौ गेंद में 17 रन बना सके। इसके बाद इसी ओवर में अर्शदीप ने क्रुणाल पांड्या को श्रेयस के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। फिलहाल भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल क्रीज पर हैं।
18वें ओवर में 171 के स्कोर पर बेंगलुरु को छठा झटका लगा। विजयकुमार विषाक ने जितेश को बोल्ड किया। गेंद जितेश के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी। फिलहाल रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद बेंगलुरु ने छह विकेट गंवाकर 173 रन बना लिए हैं। जितेश 10 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।
17वें ओवर में 167 के स्कोर पर बेंगलुरु को पांचवां झटका लगा। जेमीसन ने लिविंगस्टोन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 15 गेंद में दो छक्के की मदद से 25 रन बना सके। फिलहाल रोमारियो शेफर्ड और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर पांच विकेट पर 168 रन है। जेमीसन के 17वें ओवर में 23 रन आए। फिलहाल जितेश आठ गेंद में 24 रन और शेफर्ड एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
15वें ओवर में 131 के स्कोर पर बेंगलुरु को चौथा झटका लगा। ओमरजई ने विराट कोहली का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 35 गेंद पर तीन चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले फिल सॉल्ट 16 रन, मयंक अग्रवाल 24 रन और कप्तान रजत पाटीदार 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जेमीसन को दो विकेट मिले हैं। वहीं, चहल और ओमरजई को एक-एक विकेट मिला है। 15 ओवर के बेंगलुरु का स्कोर चार विकेट पर 132 रन है। फिलहाल लियम लिविंगस्टोन और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं।
13 ओवर के बाद बेंगलुरु ने तीन विकेट गंवाकर 111 रन बना लिए हैं। फिलहाल लियम लिविंगस्टोन छह रन और विराट कोहली 35 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 15 रन की साझेदारी हो चुकी है। कप्तान रजत पाटीदार (26 रन) और फिल सॉल्ट (16 रन) को काइल जेमीसन ने आउट किया। वहीं, मयंक अग्रवाल (24) चहल की गेंद पर आउट हुए।
11वें ओवर में 96 के स्कोर पर बेंगलुरु को तीसरा झटका लगा। जेमीसन ने कप्तान रजत को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 16 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 11 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 97 रन है। फिलहाल कोहली 28 रन और लिविंगस्टोन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
नौ ओवर के बाद बेंगलुरु ने दो विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 18 गेंद में 21 रन और कप्तान रजत पाटीदार नौ गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 16 गेंद में 24 रन की साझेदारी हो चुकी है। बेंगलुरु को दो झटके फिल सॉल्ट और मयंक अग्रवाल के रूप में लगे। सॉल्ट 16 रन बनाकर जेमीसन का और मयंक 24 रन बनाकर चहल का शिकार बने। फिलहाल स्ट्रैटजिक टाइम आउट हुआ है।
सातवें ओवर में 56 के स्कोर पर बेंगलुरु को दूसरा झटका लगा। चहल ने मयंक अग्रवाल को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। वह 18 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। सात ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर दो विकेट पर 61 रन है। फिलहाल कोहली 17 रन और रजत पाटीदार दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पावरप्ले खत्म हो चुका है। बेंगलुरु ने शुरुआती छह ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल मयंक 17 गेंद में 24 रन और कोहली 10 गेंद में 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। सॉल्ट नौ गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेमीसन ने आउट किया।
चार ओवर के बाद बेंगलुरु ने एक विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली चार गेंद में सात रन और मयंक अग्रवाल 11 गेंद में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। जेमीसन ने सॉल्ट को श्रेयस के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंद में 16 रन बना सके।
बेंगलुरु को 18 के स्कोर पर पहला झटका लगा। काइल जेमीसन ने फिल सॉल्ट को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बना सके। दो ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है। फिलहाल विराट कोहली और मयंक अग्रवाल क्रीज पर हैं।
खिताबी मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। आरसीबी के ओपनर्स फिल सॉल्ट और विराट कोहली क्रीज पर हैं। सॉल्ट ने स्ट्राइक लिया। वहीं, गेंदबाजी अर्शदीप ने की। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। पहले ओवर से 13 रन आए।
दोनों टीमों के खिलाड़ी भारत के राष्ट्रगान के लिए मैदान पर आए। औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं और हम 18वें आईपीएल फाइनल की पहली गेंद के लिए तैयार हैं। फिल सॉल्ट और विराट कोहली ओपनिंग के लिए मैदान पर उतरे हैं। श्रेयस अय्यर और पंजाब की टीम में जोश में दिखी। हम 2025 के आईपीएल फाइनल के लिए तैयार हैं।
आईपीएल फाइनल में इससे पहले 17 में से आठ बार चेज करने वाली टीम ट्रॉफी जीती है। वहीं, अहमदाबाद में अब तक इस सीजन आठ मैच खेले गए हैं। इसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम छह मैच जीती है, जबकि चेज करने वाली टीम दो मैच जीती है। पहली पारी का औसत स्कोर 219 रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट के विकल्प: रसिख सलाम, मनोज भंडागे, टिम सीफर्ट, स्वप्निल सिंह, सुयश शर्मा।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह ओमरजई, काइल जेमीसन, विजयकुमार विषाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
पंजाब किंग्स के इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट के विकल्प: प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट, हरप्रीत बराड़।
बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान श्रेयस ने कहा कि उन्होंने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, आरसीबी ने भी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
समापन समारोह में सेना के शौर्य को नमन किया गया। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की जीत का जश्न आईपीएल के फाइनल से पहले मनाया गया। शंकर महादेवन ने समां बांधा। अब थोड़ी देर में टॉस होगा। आईपीएल को तीन साल बाद नया चैंपियन मिलेगा। दोनों ही टीमों के लिए यह पहला खिताब होगा।
समापन समारोह में अब मशहूर गायक शंकर महादेवन प्रस्तुति दे रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए की है। इस दौरान शंकर महादेवन के साथ उनके बेटे शिवम और सिद्धार्थ भी मंच पर मौजूद हैं। दर्शक स्टैंड्स पर बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद हैं।
हर बार की तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आईपीएल के खिताबी मैच से पहले समापन समारोह का आयोजन किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोग मौजूद हैं। इस बार का समापन समारोह भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित हुआ। बीसीसीआई ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने का फैसला किया था। इसके बाद डांस और मशहूर गायक शंकर महादेवन ने भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। समापन समारोह की शुरुआत 'केसरी रंग' गाने के साथ हुई।
पंजाब की टीम स्टेडियम में पहुंच चुकी है। टीम के खिलाड़ी वॉर्म अप करने लगे हैं। सभी की निगाहें श्रेयस अय्यर पर टिकी होंगी, जिन्होंने पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। वहीं, आरसीबी के सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ी भी स्डेयिम पहुंच चुके हैं। अहमदाबाद में आज सभी सीटें फुल रह सकती हैं।
पंजाब और आरसीबी की टीम अब तक लीग में 36 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से 18 मैच पंजाब ने और 18 मैच आरसीबी ने जीते हैं। अहमदाबाद में एक बार दोनों का आमना-सामना हुआ है (2021 में) और उस मैच को पंजाब ने अपने नाम किया था।
फाइनल मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली पर टिकी होंगी जिन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है। कोहली इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनके फाइनल में बड़ी पारी खेलने की उम्मीद होगी। कोहली आईपीएल की शुरुआत से ही आरसीबी से जुड़े हुए हैं और यह उनका चौथा फाइनल मुकाबला होगा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में कोहली का समर्थन करने के लिए 18 नंबर की जर्सी पहने हजारों प्रशंसक नजर आ सकते हैं। कोहली (614 रन) ने हर साल की तरह इस बार भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वह इस साल भी आरसीबी की बल्लेबाजी के मुख्य स्तंभ रहे।
इस वर्ष कोहली अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं रहे हैं जिन पर सबका ध्यान केंद्रित रहा है, बल्कि उन्होंने चुपचाप आरसीबी को मजबूत करने का काम किया है। फिल साल्ट ने भारतीय सुपरस्टार का अच्छा साथ देकर आरसीबी को अच्छी शुरुआत दिलाई, जबकि मयंक अग्रवाल, कप्तान रजत पाटीदार और जितेश शर्मा बल्लेबाजी क्रम के भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। टिम डेविड चोटिल होने के कारण आरसीबी के पिछले दो मैचों में नहीं खेल पाए इसलिए यह देखना बाकी है कि वह इस मुकाबले के लिए फिट हैं या नहीं। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड के साथ मिलकर डेथ ओवरों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार का फॉर्म में होना राहत की खबर रही है। जोश हेजलवुड (21 विकेट) ने आरसीबी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह आईपीएल के वर्तमान सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अभी चौथे स्थान पर है। आरसीबी ने अपनी पिछली समस्याओं को पीछे छोड़कर इस बार शुरू से लेकर अंत तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने पहले क्वालिफायर में पंजाब को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और उनकी टीम अपने इसी प्रदर्शन को दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होगी।
पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने दमदार प्रदर्शन किया था और उनसे फाइनल में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अंक तालिका के दूसरे हाफ में लगातार शीर्ष पर रहने वाली पंजाब किंग्स ने कप्तान अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग की देखरेख में महत्वपूर्ण प्रगति की है। अय्यर (603 रन) के नेतृत्व में पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बना था। इस तरह से लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंचना एक ऐसे नेतृत्वकर्ता के रूप में उनकी क्षमताओं के बारे में बहुत कुछ कहता है जो इस प्रारूप में किसी भी अन्य की तरह ही अपने खिलाड़ियों को अच्छी तरह से संगठित करता है। इसलिए यह आश्चर्य की बात नहीं है कि अय्यर टूर्नामेंट के 18 साल के इतिहास में एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिन्होंने आईपीएल फाइनल में तीन अलग-अलग टीमों का नेतृत्व किया है, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स तीसरी टीम है।
प्रभसिमरन सिंह, जोश इंगलिस, प्रियांश आर्य और शशांक सिंह के रूप में अय्यर का साथ देने के लिए पंजाब किंग्स के पास अच्छे बल्लेबाज हैं, जिससे वह अपनी स्थिति को मजबूती से बनाए रख सकते हैं और विपक्षी खेमे पर आक्रामक हमले भी कर सकते हैं। मार्को यानसन के बिना पंजाब की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर दिखी, लेकिन बल्लेबाजी के अनुकूल विकेट पर मुंबई इंडियंस को पूरी पारी में रोके रखने से पता चलता है कि उसका आक्रमण बहुत कमजोर नहीं है। युजवेंद्र चहल अब भी हाथ की चोट से जूझ रहे हैं और दूसरे क्वालीफायर में वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थे, लेकिन पंजाब को उनसे अपनी पूर्व फ्रेंचाइजी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद होगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही हैं। आज इनमें से किसी एक का इंतजार खत्म हो जाएगा।