जोश इंग्लिश और प्रियांश आर्या की अर्धशतकीय पारियों के दम पर पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर क्वालिफायर-1 में प्रवेश कर लिया। अब दूसरी टीम का फैसला मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच से होगा। सोमवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 184 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 187 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पंजाब किंग्स ने 10 साल बाद क्वालिफायर में प्रवेश किया है। इससे पहले टीम 2014 में क्वालिफायर में पहुंची थी। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम ने लीग चरण का समापन 14 मैचों में नौ जीत और चार शिकस्त के साथ किया। उसने गुजरात टाइटंस को धकेल कर 19 अंक और 0.372 के नेट रन रेट के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, मुंबई आठ जीत और छह हार के साथ चौथे स्थान पर रही। फिलहाल तीसरे स्थान पर आरसीबी है जिसे मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच खेलना है। इस मैच में अगर रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली आरसीबी जीत दर्ज करती है तो वह दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी और पंजाब के खिलाफ 29 मई को क्वालिफायर-1 मैच खेलेगी।
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब को पहला झटका 34 के स्कोर पर लगा था। जसप्रीत बुमराह ने प्रभसिमरन सिंह को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ 13 रन बना पाए। हालांकि, पंजाब के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी और प्रियांश आर्या ने जोश इंग्लिश के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 109 रनों की विशाल साझेदारी हुई। दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। सलामी बल्लेबाज प्रियांश ने नौ चौके और दो छक्के की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, इंग्लिश ने 42 गेंदों में 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने टीम को जीत दिलाई। वह 16 गेंदों में 26 और नेहाल वढेरा दो रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए मिचेल सैंटनर ने दो और बुमराह ने एक विकेट लिया।
प्रियांश आर्या 62 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मिचेल सैंटनर ने पवेलियन भेजा। अब क्रीज पर कप्तान श्रेयस अय्यर आए हैं।
प्रियांश आर्या और जोश इंग्लिश ने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं और दोनों के बीच 90 से ज्यादा रनों की विशाल साझेदारी हो चुकी है। मुंबई को विकेट की तलाश है।
पंजाब को पहला झटका जसप्रीत बुमराह ने दिया। उन्होंने प्रभसिमरन सिंह को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बना पाए। अब प्रियांश का साथ देने जोश इंग्लिश आए हैं।
पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं।
सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के सामने 185 रनों का लक्ष्य रखा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 184 रन बनाए। उनके लिए स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली। वहीं, पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन और विजयकुमार विशाक ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा हरप्रीत बराड़ को एक सफलता मिली।
इस मुकाबले में रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई। मार्को यानसेन ने रिकेल्टन को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। वह 20 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए जबकि रोहित शर्मा 21 गेंदों में दौ चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद मोर्चा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार यादव ने संभाला। एक छोर पर वह डटे रहे लेकिन उन्हें दूसरी तरफ से बल्लेबाजों का कुछ खास साथ नहीं मिला। इसके बावजूद दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 34 गेंदों में सत्र का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। वह 39 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 57 रन बनाकर लौटे। उनके अलावा मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने एक, विल जैक्स ने 26, हार्दिक पांड्या ने 26 और नमन धीर ने 20 रन बनाए। वहीं, मिचेल सैंटनर एक रन बनाकर नाबाद रहे।
विल जैक्स 17 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भी विजयकुमार ने ही अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर हार्दिक पांड्या आए हैं।
तिलक वर्मा एक रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विजयकुमार विशक ने अपना शिकार बनाया।
मुंबई को दूसरा झटका हरप्रीत बराड़ ने दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 21 गेंदों में दौ चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर तिलक वर्मा आए हैं।
मुंबई को पहला झटका रेयान रिकेल्टन के रूप में लगा। मार्को यानसेन ने उन्हें श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। वह 27 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर सूर्यकुमार यादव आए हैं।
मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, हरप्रीत बराड़, काइल जैमिसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट, मुशीर खान।
मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: कर्ण शर्मा, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, अश्विनी कुमार, सत्यनारायण राजू।
पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम दो बदलावों के साथ उतरेगी। काइल जैमिसन और विजयकुमार विशाक की वापसी हुई है। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा उन्होंने प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है। अश्विनी कुमार को मौका मिला है।
पंजाब किंग्स को पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद अब शीर्ष दो में आने के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट प्लेऑफ में क्वालिफाई करने वाली टीमों में सबसे बेहतर है। टीम अगर पंजाब किंग्स को हराने में सफल रही तो यह उसके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में गुजरात टाइटंस और आरसीबी अपने अपने-अपने आखिरी मैचों को हारते है तो मुंबई की टीम शीर्ष दो में होगी।
पंजाब किंग्स 17 अंकों के साथ तालिका में अभी दूसरे स्थान पर है लेकिन मुंबई से हारने पर वह तीसरे या चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी जिससे टीम को 30 मई को एलिमिनेटर के लिए तैयार होना पड़ेगा। पंजाब के लिए शीर्ष दो में रहना मुश्किल है क्योंकि उन्हें मुंबई की मजबूत टीम के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद यह भी उम्मीद करनी होगी कि गुजरात (18 अंक) और आरसीबी (17 अंक) अपने-अपने अंतिम मैच हार जाएं।
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स सोमवार को आईपीएल के अपने अंतिम लीग चरण के मुकाबले में जब एक-दूसरे का सामना करेंगे तो शीर्ष दो में जगह बनाने की कोशिश में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स ने लीग के चरण के कई मैच बाकी रहते ही आईपीएल प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इन टीम के बीच शीर्ष दो में जगह बनाने की होड़ है ताकि फाइनल में पहुंचने के लिए टीम को एक अतिरिक्त मौका मिल सके।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs MI Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 69वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें शीर्ष-2 के लिए जोर लगाएंगी।