फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs MI: रोमांचक मैच में मुंबई ने दर्ज की जीत, पंजाब को नौ रन से हराया, ऑलआउट हुई मेजबान टीम

Thu, 18 Apr 2024 08:11 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

IPL Live Cricket Score, PBKS vs MI Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 का 33वां मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 192 रन बनाए हैं। जवाब में पंजाब की टीम 183 रनों पर ऑलआउट हो गई।
विज्ञापन
पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:43 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई ने पंजाब को नौ रन से हराया

आईपीएल 2024 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को नौ रनों से हराकर अंक तालिका में सातवां स्थान प्राप्त कर लिया। अब टीम के खाते में छह अंक हो गए हैं जबकि पंजाब की टीम चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर बनी है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 192 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब की टीम 183 रन बना सकी और 19.1 ओवर में ऑलआउट हो गई। मुंबई के लिए गेराल्ड कोएत्जी और जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी की। दोनों ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। बुमराह को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी  पंजाब किंग्स की शुरुआत झटकों के साथ हुई। टीम ने 14 गेंदों के स्कोर पर चार विकेट खो दिए थे। पांचवां झटका हरप्रीत सिंह के रूप में लगा जो सिर्फ 13 रन बना सके। इस मैच में सैम करन ने छह, प्रभसिमरन सिंह ने शून्य, रिली रूसो ने एक, और लियाम लिविंगस्टोन ने एक रन बनाया। इस मैच में हरप्रीत सिंह और शशांक सिंह के बीच 35 रन की साझेदारी हुई। शशांक दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाने में कामयाब हुए। 

मुंबई के खिलाफ आशुतोष शर्मा ने आक्रामक प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 28 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 217.85 के स्ट्राइक रेट से दो चौके और सात छक्के लगाए। यह उनके करियर का पहला अर्धशतक है। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। इस मैच में जितेश शर्मा ने नौ, हरप्रीत बराड़ ने 21, कगिसो रबाडा ने आठ और हर्षल पटेल ने एक (नाबाद) रन बनाए। मुंबई के लिए आकाश मधवाल, हार्दिक पांड्या और श्रेयस गोपाल को एक-एक विकेट मिला। 

11:23 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब को लगा आठवां झटका

पंजाब को आठवां झटका आशुतोष शर्मा के रूप में लगा। उन्हें गेराल्ड कोएत्जी ने अपने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर शर्मा को शिकार बनाया। वह 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 61 रन बनाकर लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और सात छक्के निकले। टीम को जीत के लिए 13 गेंदों में 23 रन की जरूरत है।

11:12 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : आशुतोष ने लगाया अर्धशतक

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे  आशुतोष शर्मा दमदार प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। उन्होंने मात्र 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। अब तक उनके बल्ले से दो चौके और सात छक्के निकल चुके हैं। टीम को जीत के लिए 24 गेंदों में 28 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:07 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 141/7

आशुतोष शर्मा और हरप्रीत बराड़ के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों के बीच 21 गेंदों में 33 रनों की नाबाद साझेदारी हो गई है। टीम को जीत के लिए 27 गेंदों में 42 रन की जरूरत है।

10:50 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : नेल्सन पर गिरा पंजाब का सातवां विकेट

पंजाब को सातवां झटका नेल्सन के स्कोर पर लगा। 111 रन के स्कोर पर बुमराह ने शशांक सिंह को आउट किया। वह 41 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर आशुतोष शर्मा डटे हैं। टीम को जीत के लिए 44 गेंदों में 81 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:37 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब को लगा छठा झटका

पंजाब को छठा झटका जितेश शर्मा के रूप में लगा। वह सिर्फ नौ रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आशुतोष शर्मा आए हैं। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 87/6 है।

10:17 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब को लगा पांचवां झटका

पंजाब को पांचवां झटका 49 रन के स्कोर पर लगा। श्रेयस गोपाल ने हरप्रीत सिंह को शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जितेश शर्मा उतरे हैं। सात ओवर के बाद टीम का स्कोर 50/5 है।

10:11 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पॉवरप्ले समाप्त हुआ, टीम का स्कोर 40/4

पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 40/4 है। हरप्रीत सिंह 12 और शशांक सिंह 12 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। टीम को जीत के लिए 83 गेंदों में 147 रन की जरूरत है।

09:54 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब का चौथा विकेट भी गिरा

पंजाब का शीर्ष क्रम अब तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया है। टीम का चौथा झटका भी गिर गया। गेराल्ड कोएत्जी ने लियाम लिविंगस्टोन को 14 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। 

09:51 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब का तीसरा विकेट भी गिरा

पंजाब को तीसरा झटका भी जसप्रीत बुमराह ने ही दिया। उन्होंने कप्तान सैम करन को पवेलियन भेजा। पारी के दूसरे ओवर में उन्होंने दो विकेट चटकाए। कप्तान सिर्फ छह रन बना सके।

09:48 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब को लगा दूसरा झटका

पंजाब को दूसरा झटका जसप्रीत बुमराह ने पारी के दूसरे ओवर में दिया। उन्होंने राइली रूसो को बोल्ड किया। अपना पहला मैच खेल रहे बल्लेबाज सिर्फ एक रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। 

09:42 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब को लगा पहला झटका

पंजाब को पहला झटका 10 रन के स्कोर पर लगा। गेराल्ड कोएत्जी ने पारी के पहले ओवर में प्रभसिमरन सिंह को अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए राइली रूसो उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान सैम करन क्रीज पर मौजूद हैं। एक ओवर के बाद टीम का स्कोर 12/1 है।

09:37 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब की पारी शुरू हुई

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने को पंजाब किंग्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए सैम करन और प्रभसिमरन सिंह उतरे हैं। पारी का पहला ओवर गेराल्ड कोएत्जी फेंक रहे हैं।

09:24 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई ने पंजाब को थमाया 193 रन का लक्ष्य

आईपीएल 2024 का 33वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 192 रन बनाए। इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का 23वां अर्धशतक लगाया। 360 डिग्री बल्लेबाज ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। मुंबई को पहला झटका ईशान किशन के रूप में लगा जो सिर्फ आठ रन बना सके। उन्हें रबाडा ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्या ने रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए  81 रन की साझेदारी निभाई। रोहित शर्मा ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए। अपने 250वें आईपीएल मैच में उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद सूर्या ने तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी निभाई। उन्हें सैम करन ने 148 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हार्दिक पांड्या कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। वह सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस मैच में टिम डेविड ने 14 रन, रोमारियो शेफर्ड ने एक रन और मोहम्मद नबी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। 

पंजाब के खिलाफ तिलक वर्मा ने भी आक्रामक पारी खेली। उन्होंने 188.88 के स्ट्राइक रेट से 34 रन बनाए। इस नाबाद पारी के दौरान उनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के निकले। आखिरी ओवर में हर्षल पटेल ने कहर बरपाया। उन्होंने तीन विकेट चटकाए। पंजाब के लिए इस मैच में उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए। सैम करन ने दो विकेट चटकाए जबकि कगिसो रबाडा को एक सफलता मिली।

09:08 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : हार्दिक पांड्या 10 रन बनाकर आउट हुए

मुंबई को चौथा झटका हर्षल पटेल ने दिया। उन्होंने कप्तान हार्दिक पांड्या को 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया। वह सिर्फ 10 रन बना सके। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टिम डेविड उतरे हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 167/4 है।

08:59 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई को लगा तीसरा झटका

मुंबई को तीसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। उन्हें सैम करन ने 148 रन के स्कोर पर आउट किया। इस मैच में सूर्या 78 रन बनाकर लौटे। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं।

08:46 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 130/2

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच अच्छी साझेदारी पनपती दिख रही है। 15 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और मुंबई का स्कोर 130/2 है।

08:29 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई को लगा दूसरा झटका

मुंबई को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। वह 25 गेंदों में 36 रन बनाने में कामयाब हुए। अपने 250वें आईपीएल मैच में उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित और सूर्या के बीच दूसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी हुई। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 101/2 है। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं।

08:20 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : सूर्या ने पूरा किया अर्धशतक

मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने मात्र 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनके आईपीएल करियर की 23वीं फिफ्टी है। रोहित शर्मा भी 35 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 96/1 है।

08:09 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : रोहित-सूर्या के बीच हो रही अच्छी साझेदारी

रोहित और सूर्या के बीच दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी पनप रही है। 38 गेंदों में दोनों के बीच 54 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 77/1 है।

07:49 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 36/1

चार ओवर का खेल पूरा हो चुका है। सूर्या और रोहित के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिल रही है। टीम का स्कोर 36/1 है। पारी का पांचवां ओवर हर्षल पटेल फेंक रहे हैं।

07:40 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई को लगा पहला झटका

मुंबई इंडियंस को पहला झटका ईशान किशन के रूप में लगा। कगिसो रबाडा ने उन्हें 18 रन के स्कोर पर आउट किया। हरप्रीत बराड़ ने सलामी बल्लेबाज का कैच पकड़ा। किशन आठ गेंदों में आठ रन बनाकर लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं।

07:31 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : मुंबई की पारी शुरू हुई

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा और ईशान किशन उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पारी का पहला ओवर लियाम लिविंगस्टोन ने फेंका। इसमें दोनों बल्लेबाजों ने बिना किसी नुकसान के सात रन चुराए।

07:09 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

पंजाब किंग्स : रिली रूसो, प्रभसिमरन सिंह, सैम करन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह। इम्पैक्ट सब: राहुल चाहर, विदवथ कावरप्पा, हरप्रीत भाटिया, शिवम सिंह, ऋषि धवन।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, मोहम्मद नबी, गेराल्ड कोएत्जी, श्रेयस गोपाल, जसप्रीत बुमराह। इम्पैक्ट सब: आकाश मधवाल, नुवन तुषार, कुमार कार्तिकेय, पीयूष चावला, नमन धीर।

07:02 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : पंजाब ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इस मैच में भी शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो खेलते नजर नहीं आएंगे। बेयरस्टो की जगह रिली रूसो को मौका मिला है। इसके अलावा अथर्व ताइडे भी प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, मुंबई की टीम बिना किसी बदलाव के खेलते नजर आएगी। आईपीएल के 33वें मैच में पंजाब किंग्स चार विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलती नजर आएगी। इनमें रिली रूसो, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन और कगिसो रबाडा शामिल हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस भी इतने ही विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलती नजर आएगी। इनमें टिम डेविड रोमारियो शेफर्ड, मोहम्मद नबी और गेराल्ड कोएत्जी शामिल हैं।

06:38 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : धवन की चोट ने बढ़ाई पंजाब की मुश्किलें

पंजाब किंग्स के लिए नियमित कप्तान शिखर धवन का चोट के कारण बाहर होना पंजाब के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। धवन चोट के कारण सात से 10 दिनों तक के लिए बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सैम करन टीम की समान संभाल रहे हैं। हालांकि टीम स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने बताया कि धवन ने रिहैब की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंजाब के लिए राहत की बात यह है कि अनकैप्ड खिलाड़ी शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा काफी प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं टीम के लिए प्रभसिमरन सिंह की खराब फॉर्म भी चिंता विषय है। 

06:36 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : हार्दिक का फॉर्म मुंबई के लिए चिंता का विषय

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या इस सीजन अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे हैं जो मुंबई टीम के लिए चिंता का विषय है। इसके अलावा हार्दिक को रोहित शर्मा की जगह मुंबई की कमान संभालने पर मैदान पर हूटिंग का भी सामना करना पड़ रहा है। हालांकि टीम के साथी खिलाड़ी गोपाल ने बताया कि फैंस द्वारा हूटिंग का हार्दिक पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। 

06:29 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI Live Score : श्रेयस गोपाल हो सकते हैं बाहर

श्रेयस गोपाल ने अब तक मुंबई इंडियंस के लिए कुछ खास नहीं किया है और संभव है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिले। वहीं, टीम में अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा की वापसी हो सकती है। इसके अलावा मोहम्मद नबी भी अब तक कुछ खास योगदान नहीं दे सके हैं इसलिए मुंबई की टीम इस मैच के लिए नबी की जगह नुवान तुषारा को शामिल कर सकती है। सूर्यकुमार यादव को लेकर टीम जोखिम लेने के मूड में नहीं है इसलिए उन्हें इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर ही खिलाया जा रहा है। मालूम हो कि सूर्यकुमार यादव ने दो सर्जरी के बाद आईपीएल से मैदान पर वापसी की है। 

06:18 PM, 18-Apr-2024

PBKS vs MI: रोमांचक मैच में मुंबई ने दर्ज की जीत, पंजाब को नौ रन से हराया, ऑलआउट हुई मेजबान टीम

मुंबई इंडियंस का सामना गुरुवार को मुल्लानपुर के महाराजा यदविंद्रा सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में पंजाब किंग्स से होगा। मुंबई का आईपीएल 2024 सीजन में अभियान अब तक कुछ खास नहीं रहा है। हालांकि पंजाब की स्थिति भी कुछ इसी तरह है और दोनों ही टीमों के छह मैचों के बाद दो जीत और चार हार के साथ एक समान अंक हैं। चोट के वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे हैं और माना जा रहा है कि एक बार फिर वह इसी भूमिका में यह मुकाबला खेलने उतरेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें