फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs LSG Highlights: पंजाब की सातवीं जीत, लखनऊ को 37 रन से हराया; अर्शदीप को तीन और उमरजई को दो विकेट मिले

Sun, 04 May 2025 11:21 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

खास बातें

धर्मशाला में खेले गए आईपीएल के 54वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह की 91 और कप्तान श्रेयस अय्यर की 45 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 236 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर सिर्फ 199 रन ही बना सकी और 37 रन से मुकाबला हार गई।
विज्ञापन
पंजाब बनाम लखनऊ - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:21 PM, 04-May-2025

पंजाब ने लखनऊ को 37 रन से हराया

अर्शदीप सिंह और अजमतुल्लाह उमरजई की घातक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) को 37 रन से हराकर सत्र की सातवीं जीत दर्ज की। रविवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल के 54वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह की 91 और कप्तान श्रेयस अय्यर की 45 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 236 रन बनाए। यह उनका आईपीएल में चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, धर्मशाला में टीम ने 2011 के बाद पहली बार 200 का आंकड़ा छुआ है। इससे पहले पंजाब ने आरसीबी के खिलाफ दो विकेट खोकर 232 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर सिर्फ 199 रन ही बना सकी। उनके लिए आयुष बडोनी ने सर्वाधिक 74 रनों की पारी खेली। वहीं, पंजाब के लिए अर्शदीप ने तीन और उमरजई ने दो विकेट झटके। इसके अलावा मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।

11 में से सात मुकाबले जीत चुकी पंजाब अंक तालिका में 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उनका नेट रन रेट +0.376 हो गया है। वहीं, लखनऊ सत्र की छठी हार के साथ सातवें पायदान पर है। उनके खाते में 10 अंक हैं और नेट रन रेट -0.469 हो गया। शीर्ष पर 16 अंकों के साथ आरसीबी है जबकि मुंबई और गुजरात 14-14 अंकों के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत खराब हुई थी। टीम ने 58 के स्कोर चार विकेट गंवा दिए थे। एडेन मार्करम (13), मिचेल मार्श (0), निकोलस पूरन (6) और ऋषभ पंत (18) प्रभावित नहीं कर सके। ऐसे में मोर्चा आयुष बडोनी और अब्दुल समद ने संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान समद 24 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, आयुष बडोनी 74 रनों की दमदार पारी खेलने में कामयाब हुए। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके। आवेश खान और प्रिंस यादव क्रमश: 19 और एक रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, प्रभसिमरन सिंह की 48 गेंदों में 91 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने 237 रन का लक्ष्य रखा था। इस मैच में पंजाब की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। आकाश सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया था। वह सिर्फ एक रन बना सके थे। इसके बाद मोर्चा प्रभसिमरन सिंह और जोश इंग्लिस ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लिस को आकाश सिंह ने ही पवेलियन की राह दिखाई। वह एक चौके और चार छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।

50 पर दो विकेट खो चुकी पंजाब को श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने संभाला। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। दिग्वेश राठी ने कप्तान अय्यर को मयंक यादव के हाथों कैच आउट कराया। वह 25 गेंदों में 45 रन बनाकर लौटे। वहीं, प्रभसिमरन सिंह नौ रन से अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ने से चूक गए। लखनऊ के खिलाफ उनके बल्ले से छह चौके और सात छक्के निकले। पंजाब के लिए नेहल वढेरा ने 16 रन बनाए जबकि शशांक और स्टोइनिस क्रमश: 33 और 15 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आकाश सिंह और दिग्वेश राठी ने दो-दो विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव को एक सफलता मिली।

11:13 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: आयुष बडोनी 74 रनों की पारी खेलकर आउट हुए

आयुष बडोनी 74 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें चहल ने अपना शिकार बनाया। लखनऊ का स्कोर 188/7 है।

11:05 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: आयुष बडोनी ने 32 गेंदों में जड़ा पचासा

आयुष बडोनी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 32 गेंदों में सत्र का दूसरा पचासा जड़ा है। अब टीम को 15 गेंदों में 67 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:01 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: अब्दुल समद 45 रन बनाकर आउट

अब्दुल समद 45 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मार्को यानसेन ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर आवेश खान आए हैं।

10:54 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: अब्दुल समद और आयुष बडोनी के बीच 70+ रन की साझेदारी

ब्दुल समद और आयुष बडोनी के बीच 70+ रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर 149/5 है।

विज्ञापन
10:25 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ की आधी टीम लौटी पवेलियन

उमरजई ने लखनऊ को पांचवां झटका दिया। डेविड मिलर सिर्फ 11 रन बना पाए। अब क्रीज पर अब्दुल समद आए हैं। 

10:20 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ को चौथा झटका

लखनऊ को चौथा झटका अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने ऋषभ पंत को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 18 रन बना पाए। अब क्रीज पर डेविड मिलर आए हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर 71/4 है।

09:54 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ को 27 पर तीसरा झटका

अर्शदीप इस मैच में कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने तीसरा झटका निकोलस पूरन के रूप में दिया। वह सिर्फ छह रन बना सके। अब क्रीज पर आयुष बडोनी आए हैं। 

09:43 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ का दूसरा विकेट गिरा

लखनऊ को दूसरा झटका भी अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने एडेन मार्करम को बोल्ड किया। वह 13 रन बना पाए। अब निकोलस पूरन का साथ देने कप्तान ऋषभ पंत आए हैं।

09:38 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ को 15 पर पहला झटका

लखनऊ को पहला झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब क्रीज पर निकोलस पूरन आए हैं।

09:27 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ की पारी शुरू

लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श क्रीज पर मौजूद हैं।

09:15 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब ने लखनऊ के सामने रखा 237 रन का लक्ष्य

प्रभसिमरन सिंह की 48 गेंदों में 91 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने 237 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 236 रन बनाए। यह उनका आईपीएल में चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, धर्मशाला में टीम ने 2011 के बाद पहली बार 200 का आंकड़ा छुआ है। इससे पहले पंजाब ने आरसीबी के खिलाफ दो विकेट खोकर 232 रन बनाए थे। 

इस मैच में पंजाब की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। आकाश सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया था। वह सिर्फ एक रन बना सके थे। इसके बाद मोर्चा प्रभसिमरन सिंह और जोश इंग्लिस ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लिस को आकाश सिंह ने ही पवेलियन की राह दिखाई। वह एक चौके और चार छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।

50 पर दो विकेट खो चुकी पंजाब को श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने संभाला। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। दिग्वेश राठी ने कप्तान अय्यर को मयंक यादव के हाथों कैच आउट कराया। वह 25 गेंदों में 45 रन बनाकर लौटे। वहीं, प्रभसिमरन सिंह नौ रन से अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ने से चूक गए। लखनऊ के खिलाफ उनके बल्ले से छह चौके और सात छक्के निकले। पंजाब के लिए नेहल वढेरा ने 16 रन बनाए जबकि शशांक और स्टोइनिस क्रमश: 33 और 15 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आकाश सिंह और दिग्वेश राठी ने दो-दो विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव को एक सफलता मिली।

08:46 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब को 162 पर चौथा झटका

कप्तान श्रेयस अय्यर (45) के बाद नेहल वढेरा (16) भी आउट हो गए। अब क्रीज पर शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह मौजूद हैं।

08:22 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: 30 गेंदों में प्रभसिमरन सिंह ने जड़ा पचासा

30 गेंदों में प्रभसिमरन सिंह ने सत्र का चौथा पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 

07:52 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब को दूसरा झटका

आकाश सिंह ने पंजाब को दूसरा झटका दिया। उन्होंने जोश इंग्लिस को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। वह 30 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान श्रेयस अय्यर आए हैं।

07:34 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब को पहला झटका

पंजाब को पहला झटका आकाश सिंह ने दिया। उन्होंने प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब प्रभसिमरन सिंह का साथ देने जोश इंग्लिस आए हैं।

07:30 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब की पारी शुरू

पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं। लखनऊ के लिए पारी का पहला ओवर आकाश सिंह फेंक रहे हैं।

07:07 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: विजयकुमार विशाक, हरप्रीत बराड़, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट।

लखनऊ सुपर जाएंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, डेविड मिलर, एडेन मार्करम, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, आकाश सिंह, आवेश खान, मयंक यादव, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: रवि बिश्नोई, मिचेल मार्श, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, मैथ्यू ब्रीत्जके।

07:02 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि मार्कस स्टोइनिस की टीम में वापसी हुई है।

06:58 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: लखनऊ के ये बल्लेबाज फॉर्म में

जहां तक लखनऊ का सवाल है तो उसकी टीम एक सप्ताह के विश्राम के बाद तरोताजा होकर मैदान पर उतरेगी। पिछले मैच में तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी सकारात्मक रही, फिर भी उसे मुंबई इंडियंस से 54 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिससे मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन और डेविड मिलर जैसे पावर-हिटर्स से भरी बल्लेबाजी इकाई की खामियां उजागर हो गईं। लखनऊ की बल्लेबाजी पूरन (377 रन), मार्श (344), और मार्करम (326) पर बहुत निर्भर रही है और रविवार को होने वाले मैच में भी इनका प्रदर्शन काफी मायने रखेगा।

06:58 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: चहल से रहना होगा सावधान

गेंदबाजी के मोर्चे पर, युजवेंद्र चहल की फॉर्म में वापसी से पंजाब को मजबूती मिली है। इस लेग स्पिनर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में हैट्रिक बनाई थी। लखनऊ के बल्लेबाजों को उन्हें सतर्क होकर खेलना होगा।

06:57 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

पंजाब के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अंगुली में फ्रैक्चर के कारण शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और और उनकी जगह अजमतुल्लाह उमरजई, आरोन हार्डी और यहां तक कि जेवियर बार्टलेट को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। बल्लेबाजी विभाग में अय्यर के अलावा सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया है जबकि प्रियांश आर्या, नेहल वढेरा और शशांक सिंह ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है।

06:57 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: उम्मीदों पर खरे उतरे अय्यर

अय्यर ने पिछले सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिताब जीतने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन मेगा नीलामी से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था। पंजाब किंग्स ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये में खरीद कर कप्तान नियुक्त किया था और वह अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतर रहे हैं।

06:57 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंत का बल्ला रहा खामोश

दूसरी ओर पंत ने बल्ले से निराशाजनक प्रदर्शन किया है और उन्होंने 10 मैचों में कुल 110 रन बनाए हैं जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेली गई 63 रन की पारी भी शामिल है। इस बीच वह छह पारियों में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए। उनके इस खराब प्रदर्शन का असर टीम पर पड़ रहा है जो वर्तमान में 10 अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर है।

06:56 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: पंजाब के कप्तान ने किया प्रभावित

पंजाब के कप्तान अय्यर आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं और उन्होंने अभी तक एक कप्तान और बल्लेबाज दोनों रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह अभी तक इस टूर्नामेंट में चार अर्थशतक लगा चुके हैं और उनकी टीम 10 मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है।

06:55 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Live Score: ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर पर रहेंगी नजरें

आईपीएल के 18वें सत्र का 54वां मुकाबला रविवार को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) के बीच खेला जाएगा। इस मैच में सभी की नजरें लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर होंगी जो बल्ले से अभ तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं। वहीं, पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर शानदार लय में चल रहे हैं। 

06:34 PM, 04-May-2025

PBKS vs LSG Highlights: पंजाब की सातवीं जीत, लखनऊ को 37 रन से हराया; अर्शदीप को तीन और उमरजई को दो विकेट मिले

IPL Live Cricket Score, PBKS vs LSG Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 54वां मुकाबला पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब की नजर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करने पर होगी। वहीं, लखनऊ की नजरें उम्मीदें कायम रखने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें