आईपीएल 2023 के 38वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पंजाब किंग्स को 56 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 257 रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस ने 40 गेंदों में 72 रन और काइल मेयर्स ने 24 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 19.5 ओवर में 201 रन पर सिमट गई। अथर्व तायदे ने 36 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। इसके बाद कोई बल्लेबाज 40+ स्कोर नहीं बना सका। यश ठाकुर ने चार और नवीन उल हक ने तीन विकेट लिए।
इस जीत के साथ लखनऊ के आठ मैचों में पांच जीत और तीन हार के साथ 10 अंक हो गए हैं। टीम अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, पंजाब की यह आठवें मैच में चौथी हार रही। टीम चार जीत और आठ अंक के साथ छठे स्थान पर है। लखनऊ को अगला मैच एक मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेलना है। वहीं, पंजाब को 30 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेपक में खेलना है।
पंजाब को 24 गेंदों में 92 रन की जरूरत है। उन्होंने 16 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 166 रन बना लिए हैं। फिलहाल सैम करन और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में रवि बिश्नोई ने लियाम लिविंगस्टोन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 14 गेंदों में 23 रन बना सके।
15 ओवर के बाद पंजाब ने चार विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल सैम करन और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। पंजाब को अब 30 गेंदों में 106 रन की जरूरत है। इससे पहले रवि बिश्नोई ने अथर्व तायदे को 36 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 66 रन की पारी खेली। वहीं, सिकंदर रजा ने 22 गेंदों में 36 रन बनाए।
नौ ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल अथर्व तायदे 25 गेंदों में 49 रन और सिकंदर रजा 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 32 गेंदों में 53 रन की साझेदारी हो चुकी है। पंजाब को अब 66 गेंदों में 174 रन की जरूरत है।
पंजाब को चौथे ओवर में 31 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। इम्पैक्ट प्लेयर प्रभसिमरन सिंह 13 गेंदों में नौ रन बनाकर नवीन उल हक की गेंद पर आउट हुए। फिलहाल अथर्व तायदे और सिकंदर रजा क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 47 रन बना लिए हैं।
पंजाब को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। कप्तान शिखर धवन एक रन बनाकर मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर क्रुणाल पांड्या को कैच थमा बैठे। एक ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर तीन रन है। फिलहाल प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायदे क्रीज पर हैं।
लखनऊ ने पंजाब के सामने 258 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 257 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। वहीं, आईपीएल इतिहास में सिर्फ दूसरी बार 250+ का स्कोर बना है।
आईपीएल में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नाम है। उसने 2013 में बेंगलुरु में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 263 रन बनाए थे। तीसरा हाईएस्ट टोटल भी बैंगलोर के नाम है। उसने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ बेंगलुरु में ही 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 248 रन बनाए थे।
वहीं यह लखनऊ का सबसे बड़ा टोटल भी है। मोहाली में भी यह आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स 2008 में पंजाब के खिलाफ मोहाली में 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 240 रन बनाए थे। यह इस सीजन का भी सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने इसी सीजन ईडन गार्डन्स में कोलकाता के खिलाफ 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 235 रन बनाए थे।
लखनऊ की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की शुरुआत सधी हुई रही थी। कप्तान केएल राहुल और काइल मेयर्स ने पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी निभाई। राहुल नौ गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, काइल मेयर्स 24 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों को कगिसो रबाडा ने पवेलियन भेजा।
इसके बाद आयुष बदोनी और मार्कस स्टोइनिस ने तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी निभाई। बदोनी 24 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लिविंगस्टोन ने आउट किया। स्टोइनिस ने फिर निकोलस पूरन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी निभाई।
स्टोइनिस 40 गेंदों में 72 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और पांच छक्के लगाए। पूरन को अर्शदीप सिंह ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 19 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए।
आखिरी पांच ओवर में लखनऊ ने 73 रन बनाए और दो विकेट गंवाए। दीपक हुड्डा छह गेंदों में 11 रन और क्रुणाल पांड्या पांच रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब की ओर से रबाडा ने दो विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप, लिविंगस्टोन और सैम करन को एक-एक विकेट मिला।
19वें ओवर में 239 के स्कोर पर लखनऊ को चौथा झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस 40 गेंदों में 73 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल निकोलस पूरन और दीपक हड्डा क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 245 रन है। यह इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर है।
लखनऊ को 14वें ओवर में तीसरा झटका लगा। आयुष बदोनी 24 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लिविंगस्टोन ने राहुल चाहर के हाथों कैच कराया। बदोनी ने स्टोइनिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस 27 गेंदों में 48 रन और निकोलस पूरन तीन गेंदों में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लखनऊ ने 14 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 175 रन बना लिए हैं।
13 ओवर के बाद लखनऊ ने दो विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल आयुष बदोनी 22 गेंदों में 37 रन और मार्कस स्टोइनिस 26 गेंदों में 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
लखनऊ को छठे ओवर में 74 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। टीम में वापसी कर रहे कगिसो रबाडा ने कप्तान केएल राहुल के बाद काइल मेयर्स को आउट किया। मेयर्स ने आउट होने से पहले 24 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। उन्होंने 20 गेंदों पर आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक जड़ा। छह ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 74 रन है। फिलहाल आयुष बदोनी और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं।
लखनऊ को चौथे ओवर में 41 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कगिसो रबाडा ने केएल राहुल को शाहरुख खान के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंदों में 12 रन बना सके। चार ओवर के बाद लखनऊ ने एक विकेट गंवाकर 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल काइल मेयर्स 12 गेंदों में 27 रन और आयुष बदोनी चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), अथर्व तायदे, सिकंदर रजा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शाहरुख खान, सैम करन, हरप्रीत बरार, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर और अर्शदीप सिंह।
लखनऊ सुपरजाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, नवीन-उल-हक, रवि बिश्नोई, आवेश खान, यश ठाकुर।
पंजाब ने लखनऊ के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। इस मैच में पंजाब के कप्तान शिखर धवन और कगिसो रबाडा की वापसी हुई है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
दोनों टीमों के बीच पहले चरण के मुकाबले में पंजाब ने लखनऊ को उसके घरेलू मैदान में दो विकेट से हराया था। सिकंदर रजा ने 57 रन की पारी खेली थी और एक विकेट भी लिया था। राहुल अपनी पुरानी टीम से इसी हार का बदला लेने उतरेंगे। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल दो मैच खेले गए हैं। इनमें से एक मैच पंजाब ने और एक लखनऊ ने जीता है।
दूसरी ओर पंजाब किंग्स पिछले दो मैच हारने के बाद वापसी की कोशिश में होगी। नियमित कप्तान शिखर धवन कंधे की चोट के कारण तीन मैच नहीं खेल सके लेकिन इस मैच में वापसी कर सकते हैं। पंजाब ने अपनी गलतियों से कुछ मैच गंवाए हैं लेकिन अब कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी। शीर्षक्रम पर प्रभसिमरन सिंह और मैथ्यू शॉर्ट को टिककर खेलना होगा जबकि लियाम लिविंगस्टोन अभी तक अपनी लय में नहीं दिखे हैं। कार्यवाहक कप्तान सैम कुरेन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन किया और वे इसे बरकरार रखना चाहेंगे। अर्शदीप सिंह नई और पुरानी दोनों गेंद से प्रभावी रहे हैं। टीम को अब कैगिसो रबादा और नाथन एलिस में से एक को चुनना होगा जो आसान नहीं है।
इस सत्र में पीसीए स्टेडियम पर अभी तक 200 रन नहीं बन सके हैं लेकिन पिच लखनऊ की तुलना में बेहतर है। तेज गेंदबाज मार्क वुड की गैर मौजूदगी में लखनऊ का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हुआ है। वुड 15 अप्रैल के बाद से एक भी मैच नहीं खेल सके हैं और टीम को उनकी जल्दी वापसी की उम्मीद है। वुड तीन मैच नहीं खेलने के बावजूद उनके लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 के 38वें मुकाबले में आज पंजाब किंग्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। यह मुकाबला मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जा रहा है। कठिन होती जा रही प्लेआफ की दौड़ में अब हर मैच महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में यह मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।