फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs CSK Highlights: चेन्नई की छठी जीत, धर्मशाला में पंजाब को 28 रन से हराया, जडेजा का ऑलराउंड प्रदर्शन

Sun, 05 May 2024 07:21 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

खास बातें

PBKS vs CSK Indian Premier League 2024 Highlights: आईपीएल 2024 के 53वें मैच में पंजाब किंग्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से था। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। पंजाब के कप्तान सैम करन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 139 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
रवींद्र जडेजा और मिचेल सैंटनर - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:08 PM, 05-May-2024

चेन्नई ने पंजाब से लिया बदला

आईपीएल 2024 के 53वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को 28 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 167 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 139 रन ही बना सकी। रवींद्र जडेजा ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 रन बनाने के अलावा तीन विकेट भी झटके। 

धर्मशाला में इस जीत के साथ चेन्नई ने पंजाब से पिछले मैच में मिली हार का बदला भी ले लिया। पंजाब ने चेन्नई को उसके होम ग्राउंड चेपॉक में हराया था। इसी के साथ चेन्नई के खिलाफ पंजाब की जीत का सिलसिला भी थम गया। दोनों टीमों के बीच हुए पिछले छह में से पांच मैचों में पंजाब की टीम ने जीत हासिल की थी। छठे मैच में सीएसके ने जीत हासिल की। 

इस जीत के साथ चेन्नई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके 11 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ 12 अंक हो गए हैं। इस जीत ने सीएसके के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। वहीं, यह पंजाब की टीम के लिए सातवीं हार रही। टीम आठ अंक लेकर अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। चेन्नई का अगला मैच 10 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ है। वहीं, पंजाब की टीम नौ मई को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम से भिड़ेगी।

06:44 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चाहर ने 16वें ओवर में 14 रन बटोरे

राहुल चाहर ने रिचर्ड ग्लीसन के 16वें ओवर में दो चौका और एक छक्का लगाया और 14 रन बटोरे। 16 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर आठ विकेट पर 105 रन है। फिलहाल हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर क्रीज पर हैं। टीम को 24 गेंद में 63 रन की जरूरत है।

06:37 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब को आठवां झटका

15वें ओवर में 90 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। सिमरजीत सिंह ने हर्षल पटेल को समीर रिज्वी के हाथों कैच कराया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ क्रीज पर हैं। पंजाब को 30 गेंद में 77 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
06:25 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब को सातवां झटका

पंजाब को 13वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने दो झटके दिए। उन्होंने इस ओवर में कप्तान सैम करन और आशुतोष शर्मा को पवेलियन भेजा। करन सात और आशुतोष तीन रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर सात विकेट पर 79 रन है। टीम को 42 गेंद में 89 रन की जरूरत है। फिलहाल हरप्रीत बराड़ और हर्षल पटेल क्रीज पर हैं।

06:16 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब को पांचवां झटका

10 ओवर के बाद पंजाब ने पांच विकेट गंवाकर 72 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान सैम करन और आशुतोष शर्मा क्रीज पर हैं। 69 के स्कोर पर पंजाब को पांचवां झटका लगा था। सिमरजीत सिंह ने चेन्नई की टीम में वापसी करते हुए जितेश शर्मा का विकेट झटका। जितेश खाता नहीं खोल सके।

विज्ञापन
06:11 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब को चौथा झटका

नौवें ओवर में 68 के स्कोर पर पंजाब को चौथा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने प्रभसिमरन सिंह को समीर रिज्वी के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में 30 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। नौ ओवर के बाद पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 68 रन है। पंजाब को 66 गेंद में 100 रन की जरूरत है। फिलहाल कप्तान सैम करन और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं।

06:05 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब को तीसरा झटका

पंजाब को आठवें ओवर में मिचेल सैंटनर ने तीसरा झटका दिया। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर शशांक सिंह को सिमरजीत के हाथों कैच कराया। उन्होंने 20 गेंद में चार चौके की मदद से 27 रन की पारी खेली। फिलहाल प्रभसिमरन सिंह और सैम करन क्रीज पर हैं।

05:53 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: शशांक-प्रभसिमरन ने संभाली पारी

पांच ओवर के बाद पंजाब ने दो विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल शशांक सिंह 10 गेंद में 13 रन और प्रभसिमरन सिंह 11 गेंद में नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले तुषार ने एक ही ओवर में जॉनी बेयरस्टो और राइली रूसो को पवेलियन भेजा था।

05:38 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: तुषार को एक ओवर में दो विकेट

पंजाब को दूसरे ओवर में नौ के स्कोर पर दो झटके लगे। तुषार देशपांडे ने अपने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को बोल्ड किया। वह छह गेंद में सात रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर राइली रूसो को क्लीन बोल्ड किया। रूसो खाता नहीं खोल सके। फिलहाल प्रभसिमरन सिंह और शशांक सिंह क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 11 रन है।

05:17 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई ने 167 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 167 रन बनाए। एक वक्त चेन्नई का स्कोर आठवें ओवर में एक विकेट पर 69 रन था। इसके बाद टीम ने 98 रन बनाने में बाकी के नौ विकेट गंवा दिए। टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चुने गए शिवम दुबे लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल सके। वह पारी की अपनी पहली गेंद पर आउट हुए। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी भी पारी की अपनी पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन रवींद्र जडेजा ने बनाए। उन्होंने 26 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ ने 21 गेंद में 32 रन और डेरिल मिचेल ने 19 गेंद में 30 रन की पारी खेली। रहाणे नौ रन, मोईन अली 17 रन, मिचेल सैंटनर 11 रन, शार्दुल ठाकुर 17 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब की ओर से राहुल चाहर और हर्षल पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप सिंह को दो विकेट मिले। वहीं, सैम करन को एक विकेट मिला।

05:12 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: हर्षल को दो विकेट

हर्षल ने 19वें ओवर में लगातार दो गेंद पर शार्दुल ठाकुर और महेंद्र सिंह धोनी को क्लीन बोल्ड किया। शार्दुल 17 रन बना सके। वहीं, धोनी खाता नहीं खोल पाए। फिलहाल रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे क्रीज पर हैं। 

04:58 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई को छठा झटका

चेन्नई को 16वें ओवर में 122 के स्कोर पर छठा झटका लगा। राहुल चाहर ने मिचेल सैंटनर को करन के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंद में 11 रन बना सके। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर छह विकेट पर 136 रन है।

04:53 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: जडेजा-सैंटनर क्रीज पर

चेन्नई ने 15 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 18 रन और मिचेल सैंटनर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। अच्छी शुरुआत के बाद चेन्नई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और स्थिति खराब हो गई। शिवम दुबे लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल सके।

04:39 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई को पांचवां झटका

13वें ओवर में 101 के स्कोर पर चेन्नई को पांचवां झटका लगा। सैम करन ने मोईन अली को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल रवींद्र जडेजा और मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं। इससे पहले डेरिल मिचेल आउट हो चुके हैं। वहीं, शिवम दुबे तो खाता भी नहीं खोल सके थे। 

04:22 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: डेरिल मिचेल भी आउट

चेन्नई की टीम मुश्किल में नजर आ रही है। एक वक्ट टीम का स्कोर एक विकेट पर 69 रन था और अब 10 ओवर की समाप्ती पर चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 79 रन है। 69 के स्कोर पर राहुल चाहर ने लगातार दो गेंदों पर ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे को पवेलियन भेजा था। इसके बाद नौवें ओवर में हर्षल पटेल ने डेरिल मिचेल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 19 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले ऋतुराज 32 रन और शिवम दुबे खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। यह लगातार दूसरा मैच है जब दुबे खाता नहीं खोल सके और स्पिनर की गेंद पर आउट हुए। इससे पहले पंजाब के खिलाफ ही चेपॉक में हरप्रीत बराड़ ने उन्हें पवेलियन भेजा था।

04:11 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: राहुल चाहर हैट्रिक से चूके

चेन्नई सुपर किंग्स को 69 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। राहुल चाहर ने आठवें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। ऋतुराज 21 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज ने डेरिल मिचेल के साथ 57 रन की साझेदारी निभाई। वहीं, इसकी अगली गेंद पर राहुल चाहर ने शिवम दुबे को जितेश के हाथों कैच कराया। शिवम खाता नहीं खोल सके। यह लगातार दूसरा मैच है जब शिवम खाता नहीं खोल सके। टीम इंडिया में चुने जाने के बाद से लगातार दो मैचों में वह शून्य पर आउट हुए।

04:01 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पावरप्ले खत्म

छह ओवर के बाद चेन्नई ने एक विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 13 गेंद में 25 रन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 16 गेंद में 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में चेन्नई ने 19 रन बटोरे। इस ओवर में हरप्रीत बराड़ गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर में चेन्नई के बल्लेबाजों ने तीन चौके और एक छक्का लगाया।

03:57 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: मिचेल-ऋतुराज ने संभाली पारी

पांच ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 41 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 12 गेंद में 21 रन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 11 गेंद में 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 12 के स्कोर पर चेन्नई को पहला झटका लगा था। रहाणे नौ रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें अर्शदीप ने रबाडा के हाथों कैच कराया था।

03:41 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई को पहला झटका

चेन्नई सुपर किंग्स को 12 के स्कोर पर दूसरे ओवर में पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने रहाणे को रबाडा के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद में नौ रन बना सके। फिलहाल डेरिल मिचेल और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 13 रन है।

03:36 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई की पारी शुरू

चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। पहले ओवर में छह रन बने थे। 

03:06 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपर किंग्स: अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिचेल, शिवम दुबे, मोइन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, रिचर्ड ग्लीसन, तुषार देशपांडे। इम्पैक्ट सब: समीर रिज्वी, सिमरजीत सिंह, शेख रशीद, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी।

पंजाब किंग्स: जॉनी बेयरस्टो, राइली रूसो, शशांक सिंह, सैम करन(कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह।इम्पैक्ट सब: प्रभसिमरन सिंह, हरप्रीत सिंह भाटिया, तनय त्यागराजन, विद्वत कवेरप्पा, ऋषि धवन।

03:02 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब ने जीता टॉस

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के कप्तान सैम करन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 11वें मैच में 10वीं बार टॉस गंवाया है। उनके साथ इस साल टॉस में कुछ खास नहीं हुआ है। चेन्नई की प्लेइंग-11 में एक बदलाव हुआ है। मुस्तफिजुर रहमान की जगह मिचेल सैंटनर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।

02:21 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बरकरार 

पंजाब किंग्स की बात करे जो तो उसने लगातार जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को उड़ान दी है। सीएसके पर जीत के साथ पंजाब किंग्स गत चैंपियन सीएसके पर लगातार पांच जीत दर्ज करने वाली मुंबई इंडियंस के बाद दूसरी टीम बनी और अब वह इसका फायदा उठाना चाहेगी। पंजाब किंग्स हालांकि अप्रत्याशित टीम है जिसने अहमदाबाद में गुजरात पर, चेपॉक में चेन्नई पर जीत हासिल की तथा केकेआर के खिलाफ टी20 में रिकॉर्ड स्कोर का पीछा किया। हालांकि घरेलू सरजमीं पर राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के खिलाफ जूझती नजर आई। केकेआर के खिलाफ शतक जड़ने वाले जॉनी बेयरस्टो टीम के लिए अहम होंगे जबकि रिली रोसोयू, शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टीम के गेंदबाजी विभाग में अनुभवी नाम जैसे कागिसो रबादा, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह और सैम करन शामिल हैं जिन्हें निरंतर गेंदबाजी करनी होगी।

02:21 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: खिलाड़ियों की चोट से परेशान है सीएसके

सीएसके अपने तेज गेंदबाजों के स्वास्थ्य और फिटनेस चिंताओं से भी परेशान है जिसमें दीपक चाहर भी शामिल हैं जो महज दो गेंद फेंकने के बाद अपनी हैमस्ट्रिंग को पकड़कर लगड़ाते दिखे जिससे उनके पंजाब किंग्स के खिलाफ इस दूसरे मुकाबले में खेलने की संभावना नहीं है। मुख्य गेंदबाज मथिशा पाथिराना (हल्की चोट) और तुषार देशपांडे (फ्लू) की अनुपस्थिति से टीम को नुकसान हुआ। फिर ओस ने स्पिनरों की अहमियत कम कर दी जिससे पंजाब किंग्स ने आसानी से जीत हासिल की। रिचर्ड ग्लीसन ने पिछले मैच में आईपीएल पदार्पण किया था और सीएसके मुकेश चौधरी को वापस बुला सकती है।

02:20 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: पंजाब ने दी थी चेन्नई को मात

पिछले मैच में ही पंजाब किंग्स ने चेपॉक पर सीएसके को सात विकेट से हराया था। घरेलू टीम की यह पिछले तीन मैच में दूसरी हार थी जिससे टीम मुश्किल में है। सीएसके 10 अंक लेकर तालिका में पांचवें स्थान पर है और पांच बार की चैंपियन उम्मीद करेगी कि स्थान बदलने से उसका भाग्य भी बदल जाएगा क्योंकि नॉकआउट चरण में अपना स्थान पक्का करने क लिए महज चार मैच बचे हैं। सीएसके हरप्रीत बरार और राहुल चाहर की स्पिन जोड़ी के खिलाफ मध्य के ओवरों में तेजी नहीं दिखा सकी जिससे उसने सात विकेट पर 162 रन का स्कोर बनाया था। उनकी बल्लेबाजी भी कप्तान ऋतुराज गायकवड़ और शिवम दुबे पर निर्भर होती जा रही है तथा जैसे ही इनमें से एक विफल होता है, वैसे ही टीम के अनिरंतर बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ जाता है। गायकवाड़ ने सत्र का पांचवां 50 से ज्यादा रन का स्कोर बनाया जबकि अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे एक बार फिर शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, जबकि रवींद्र जडेजा और समीर रिज्वी स्पिन के खिलाफ जूझते नजर आए। 

02:20 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Live: चेन्नई जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी

गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) रविवार को यहां लगातार दूसरी बार आईपीएल मैच में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी तो उसकी कोशिश जीत की लय हासिल करने पर लगी होगी। इस मैच में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की सीएसके के प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है जो पंजाब के खिलाफ पिछले मैच से बाहर रहे थे। 

02:14 PM, 05-May-2024

PBKS vs CSK Highlights: चेन्नई की छठी जीत, धर्मशाला में पंजाब को 28 रन से हराया, जडेजा का ऑलराउंड प्रदर्शन

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 53वें मैच में पंजाब किंग्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से है। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब ने पिछले मैच में चेन्नई को उनके घर में शिकस्त दी थी। अब चेन्नई का इरादा इसका बदला लेने का होगा, जबकि पंजाब की टीम सीएसके के खिलाफ जीत का छक्का लगाने उतरेगी। दोनों के बीच हुए पिछले पांच मैच में पंजाब की टीम ने ही जीत हासिल की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें