श्रीलंका की टीम छठी बार एशिया कप चैंपियन बन गई है। फाइनल में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को 23 रन से हरा दिया। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। भानुका राजपक्षा ने 71 रन की नाबाद पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम को 20 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट कर दिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने 49 गेंदों में 55 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से प्रमोद मदुशन और वानिंदु हसरंगा जीत के हीरो रहे। मदुशन ने तीन और हसरंगा ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए।
श्रीलंका ने सबसे पहले 1986 में एशिया कप का खिताब जीता था। इसके बाद 1997, 2004, 2008, 2014 और अब 2022 में टीम ने टाइटल अपने नाम किया है। भारत ने सबसे ज्यादा सात बार यह खिताब जीता है। श्रीलंका अब उससे बस एक खिताब दूर है।
यह अप्रैल 2014 के बाद पहली बार है जब श्रीलंका ने लगातार पांच टी-20 जीते हैं। इससे पहले टीम ने बांग्लादेश में 2014 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार पांच टी-20 मैच जीते थे।
18वें ओवर में महेश तीक्ष्णा ने शादाब खान को पवेलियन भेजा। 18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर आठ विकेट पर 120 रन है। शादाब आठ रन बना सके। फिलहाल हारिस रऊफ और नसीम शाह क्रीज पर हैं।
17वें ओवर में पाकिस्तान को तीन झटके लगे। मिस्ट्री स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने गजब की गेंदबाजी की। उन्होंने पहली गेंद पर लमैदान पर जम चुके मोहम्मद रिजवान को गुणातिलाका के हाथों कैच कराया। रिजवान 49 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरी गेंद पर हसरंगा ने आसिफ अली को क्लीन बोल्ड किया। पांचवीं गेंद पर हसरंगा ने खुशदिल शाह को तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 112 रन है।
14वें ओवर में 93 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। प्रमोद मदुशन ने इफ्तिखार अहमद को अशेन बंदारा के हाथों कैच कराया। इफ्तिखार 31 गेंदों में 32 रन बना सके। रिजवान और इफ्थिखार के बीच 59 गेंदों पर 71 रन की साझेदारी हुई। मदुशन को मिली यह तीसरी सफलता थी। इससे पहले उन्होंने बाबर आजम और फखर जमान को भी पवेलियन भेजा था। 14 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 97 रन है। फिलहाल मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद नवाज क्रीज पर हैं।
12 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 88 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद रिजवान 41 रन और इफ्तिखार अहमद 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान को 48 गेंदों में 83 रन की जरूरत है।
10 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद रिजवान 36 रन और इफ्तिखार अहमद 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पाकिस्तान को 60 गेंदों में 103 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए हैं। फिलहाल इफ्तिखार अहमद 13 रन और मोहम्मद रिजवान 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
बाबर आजम पूरे एशिया कप में फेल रहे हैं। उन्होंने एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में छह पारियों में 68 रन बनाए। उनकी पारियां इस प्रकार हैं- 10, 9, 14, 0, 30 और 5 रन बनाए। बाबर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार छह पारियों में 50+ का स्कोर नहीं बनाया है। ऐसा उनके साथ दूसरी बार हुआ है।
चौथे ओवर में प्रमोद मदुशन ने पाकिस्तान को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान बाबर आजम को मदुशंका के हाथों कैच कराया। बाबर पांच रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर फखर जमान को बोल्ड किया। फखर खाता भी नहीं खोल सके। चार ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 24 रन है। फिलहाल इफ्तिखार अहमद और मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं।
दो ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान बाबर आजम चार गेंदों में तीन रन और मोहम्मद रिजवान नौ गेंदों में तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पहले ओवर में मदुशंका ने 10 रन एक्स्ट्रा से दिए।
दुबई में पिछले 30 टी-20 मैचों में सबसे कम स्कोर जो डिफेंड किया गया है, वह है- 172 रन। 2021 टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 172 रन को डिफेंड किया था। क्या आज श्रीलंका की टीम कोई चमत्कार दिखा पाती है, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल पाकिस्तान के ओपनर्स कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं।
श्रीलंका ने पाकिस्तान को 171 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। भानुका राजपक्षा ने तूफानी पारी खेली। श्रीलंका ने एक वक्त 58 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। पाथुम निसांका (8), कुसल मेंडिस (0), धनंजय डी सिल्वा (28), दानुष्का गुणातिलाका (1), दासुन शनाका (2) जल्दी आउट हो गए।
इसके बाद राजपक्षा ने हसरंगा के साथ छठे विकेट के लिए 36 गेंदों पर 58 रन की साझेदारी निभाई। हसरंगा ने 21 गेंदों पर 36 रन की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। वह हारिस रऊफ की गेंद पर कैच आउट हुए।
राजपक्षा ने 35 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने सातवें विकेट के लिए चमिका करुणारत्ने के साथ 31 गेंदों पर 54 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली बार किसी टीम की ओर से छठे और सातवें विकेट के लिए 50+ रन की पार्टनरशिप हुई है।
राजपक्षा ने 71 रन की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 157.78 का रहा। पाकिस्तान की ओर से हारिस रऊफ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, नसीम शाह, शादाब खान और इफ्तिखार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
18 ओवर के बाद श्रीलंका ने छह विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। भानुका राजपक्षा ने 35 गेंदों पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ा। फिलहाल राजपक्षा 35 गेंदों में 50 रन और चमिका करुणारत्ने 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
17 ओवर के बाद श्रीलंका ने छह विकेट गंवाकर 136 रन बना लिए हैं। फिलहाल चमिका करुणारत्ने 10 रन और भानुका राजपक्षा 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका ने पिछले पांच ओवर में 51 रन बनाए हैं और सिर्फ एक विकेट गंवाया है।
15वें ओवर में हारिस रउफ ने श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर वानिंदु हसरंगा को आउट कर दिया। हसरंगा 21 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने विकेट के पीछे मोहम्मद रिजवान को कैच थमा दिया। हसरंगा ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद चमिका करुणारत्ने क्रीज पर आए हैं।
12 ओवर के बाद श्रीलंका ने पांच विकेट गंवाकर 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल भानुका राजपक्षा 31 रन और वानिंदु हसरंगा 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दुबई की बैटिंग पिच पर श्रीलंकाई टीम को बड़ा स्कोर करना ही होगा। अब तक इस टूर्नामेंट में चेज करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है।
नौ ओवर के बाद श्रीलंका ने पांच विकेट गंवाकर 62 रन बना लिए हैं। श्रीलंकाई टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही है और अब तक धनंजय डी सिल्वा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज 20 से ज्यादा का स्कोर नहीं बना सका है। पाथुम निसांका (8), कुसल मेंडिस (0), धनंजय डी सिल्वा (28), दानुष्का गुणातिलाका (1), दासुन शनाका (2) आउट हो चुके हैं। फिलहाल भानुका राजपक्षा 16 और वानिंदु हसरंगा चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान की ओर से अब तक हारिस रऊफ ने दो विकेट लिए हैं। वहीं, नसीम शाह, शादाब और इफ्तिखार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
छठे ओवर में 36 के स्कोर पर श्रीलंका को तीसरा झटका लगा। हारिस रऊफ ने दानुष्का गुणातिलाका को क्लीन बोल्ड किया। दानुष्का एक रन बना सके। रऊफ को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने पाथुम निसांका को पवेलियन भेजा था। छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन है। फिलहाल भानुका राजपक्षा और धनंजय डी सिल्वा क्रीज पर हैं।
चौथे ओवर में 23 के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका लगा। पाथुम निसांका 11 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हारिस रऊफ ने बाबर आजम के हाथों कैच कराया। इससे पहले नसीम शाह ने कुसल मेंडिस (0) को पवेलियन भेजा था। चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 28 रन है। फिलहाल धनंजय डी सिल्वा और दानुष्का गुणातिलाका क्रीज पर है।
हारिस रऊफ
तीन ओवर के बाद श्रीलंका ने एक विकेट गंवाकर 23 रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका आठ रन और धनंजय डी सिल्वा 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। नसीम शाह ने श्रीलंका को पहला झटका दिया था। उन्होंने कुसल मेंडिस को पवेलियन भेजा था।
श्रीलंका को पहले ओवर में दो के स्कोर पर पहला झटका लगा। तेज गेंदबाज नसीम शाह ने कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। मेंडिस गोल्डन डक का शिकार हुए। वह खाता भी नहीं खोल सके। एक ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट गंवाकर चार रन है। फिलहाल धनंजय डी सिल्वा और पाथुम निसांका क्रीज पर हैं।
श्रीलंका: पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, दानुष्का गुणातिलाका, भानुका राजपक्षा, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, प्रमोद मदुशन, दिलशान मदुशंका।
पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, आसिफ अली, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, नसीम शाह, मोहम्मद हसनैन।
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। दुबई में इस टूर्नामेंट में अब तक टॉस जीतने वाली सभी टीमों ने गेंदबाजी का फैसला लिया और जीत हासिल की। ऐसे में पाकिस्तान ने एडवांटेज ले लिया है। अब देखने वाली बात होगी कि श्रीलंका किस प्रकार चुनौती पेश करता है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टीम में दो बदलाव किए हैं। शादाब खान और नसीम शाह की टीम में वापसी हुई है। उस्मान कादिर और हसन अली को टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं, श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका फाइनल में टॉस फिर बॉस बन सकता है। अब तक जितनी भी टीमों ने दुबई में टॉस जीता है, सबसे पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। इस मैच में भी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी।
श्रीलंका की टीम में कोई बदलाव नहीं हो सकता है। स्पिन ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा और तेज गेंदबाज प्रमोद मदुशन का खेलना तय है। पिछले मैच में इनको चरिथ असलंका और असिथा फर्नांडो की जगह खेलने का मौका मिला था और दोनों ने अच्छी गेंदबाजी की थी। धनंजय ने अपनी ऑफ स्पिन से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रन बनाने नहीं दिया था। इस मैच में भी उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
शादाब और नसीम के वापस आने पर हसन अली और उस्मान कादिर को टीम से बाहर किया जा सकता है। पिछले मैच में दोनों गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए थे। हसन अली को कोई विकेट नहीं मिला था, जबकि कादिर ने एक सफलता हासिल की थी। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम में कम से कम दो बदलाव होने तय हैं। श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में नसीम शाह और शादाब खान नहीं खेले थे। इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पांच विकेट से हार गई थी। इस मैच में दोनों खिलाड़ियों का टीम में लौटना तय है। श्रीलंका को इन दोनों के खिलाफ ही संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी। इसके अलावा दोनों ही बल्ले के साथ भी कमाल कर सकते हैं।
श्रीलंकाई टीम रिकॉर्ड 11वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और छठी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान तीसरी बार एशिया कप का चैंपियन बनना चाहेगा। इस बार श्रीलंका का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है और यह टीम एशिया कप जीतकर वापसी का एलान कर सकती है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में श्रीलंकाई टीम का प्रदर्शन बहुत ही साधारण रहा है। वहीं, पाकिस्तान भी एशिया कप जीतकर टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारी मजबूत करना चाहेगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में पांच बार की चैंपियन श्रीलंका और दो बार की चैंपियन पाकिस्तान आमने-सामने है।