श्रीलंका ने पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर एशिया कप 2023 के फाइनल में जगह बना ली है। बारिश से बाधित इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 ओवर में सात विकेट खोकर 252 रन बनाए थे। डकवर्थ लुईस नियम के तहत श्रीलंका के सामने 252 रन का ही लक्ष्य था। ऐसे में श्रीलंकाई टीम ने आठ विकेट खोकर आखिरी गेंद में लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 86 रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए। वहीं, इफ्तिखार अहमद ने 47 रन का योगदान दिया और रिजवान के साथ शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अब्दुल्लाह शफीक ने भी 52 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए मथीशा पाथिराना ने तीन, प्रमोद मदुशन ने दो विकेट लिए। तीक्ष्णा और वेलालगे को एक-एक विकेट मिला।
श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 91 रन कुसल मेंडिस ने बनाए। असालंका ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। समरविक्रमा ने भी 48 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद ने तीन विकेट और शाहीन अफरीदी ने दो विकेट लिए। शादाब खान को एक विकेट मिला।
अब एशिया कप का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच 17 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया 15 सितंबर को बांग्लादेश के साथ खेलेगी। हालांकि, इस मैच का टूर्नामेंट पर कोई असर नहीं होगा। क्योंकि, बांग्लादेश की टीम सुपर चार में अपने शुरुआती दो मैच हारकर फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है और भारतीय टीम शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही फाइनल में पहुंच गई है।
शाहीन अफरीदी ने अपने आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर मैच में पाकिस्तान की वापसी कराई है। उन्होंने धनंजय डे सिल्वा और दुनिथ वेलालगे को आउट किया। अब चरिथ असालंका के साथ प्रमोद मदुशन क्रीज पर हैं। श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी ओवर में आठ रन की जरूरत है। अपना पहला वनडे मैच खेल रहे जमान खान आखिरी ओवर कर रहे हैं।
222 रन के स्कोर पर श्रींलका का पांचवां विकेट गिरा है। कप्तान दसून शनाका चार गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इफ्तिखार अहमद ने उन्हें मोहम्मद नवाज के हाथों कैच कराया। अब असालंका के साथ धनंजय डे सिल्वा क्रीज पर हैं। 39 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 232 रन है।
210 रन पर श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा है। कुसल मेंडिस 87 गेंद में 91 रन बनाकर आउट हुए। इफ्तिखार अहमद की गेंद पर मोहम्मद हारिस ने उनका कैच पकड़ा। मेंडिस ने आठ चौके और एक छक्का लगाया। अब असालंका के साथ कप्तान शनाका क्रीज पर हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। कुसल मेंडिस अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। दूसरे छोर पर असालंका भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और श्रीलंकाई टीम जीत के करीब दिख रही है। 35 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 210/3 है।
177 रन के स्कोर पर श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा है। सदीरा समरविक्रमा 51 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ शतकीय साझेदारी की। इफ्तिखार अहमद की गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने उन्हें स्टंप आउट किया। अब कुसल मेंडिस के साथ चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 179/3 है।
श्रीलंका की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 28 ओवर में दो विकेट पर 167 रन बना लिए हैं। कुसल मेंडिस 71 गेंद पर 72 और सदीर समरविक्रमा 45 गेंद पर 41 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर ली है। श्रीलंका को अब जीत के लिए 84 गेंद पर 85 रन बनाने हैं।
कुसल मेंडिस ने इस एशिया कप में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। श्रीलंका ने 23 ओवर में दो विकेट पर 139 रन बना लिए हैं। कुसल मेंडिस 54 गेंद पर 55 रन बनाकर नाबाद हैं। सदीरा समरविक्रमा ने 32 गेंद पर 31 रन बना लिए हैं। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर ली है।
श्रीलंका की टीम ने अपनी पारी के 20 ओवर खेल लिए हैं। इसका मतलब यह है कि अगर अब बारिश के कारण आगे खेल नहीं भी हो पाता है तो मैच में नतीजा जरूर आएगा। फिलहाल डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक लंकाई टीम मजबूत स्थिति में है। उसने 20 ओवर में दो विकेट पर 124 रन बना लिए हैं। कुसल मेंडिस 35 और सदीर समरविक्रमा 25 रन बनाकर नाबाद हैं।
77 रन के स्कोर पर श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा है। पाथुम निसांका 44 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शादाब खान ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब कुसल मेंडिस के साथ सदीरा समरविक्रमा क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 89/2 है।
कुसल मेंडिस और पाथुम निसांका के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। निसांका संभलकर खेल रहे हैं। वहीं, मेंडिस अच्छी गति से रन बना रहे हैं। 12 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 70/1 है।
श्रीलंकाई टीम ने 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 62 रन बनाए हैं। निसांका और मेंडिस ने अच्छी साझेदारी कर अपनी टीम मैच में बनाए रखा है।
एक विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। कुसल मेंडिस और पाथुम निसांका अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और श्रीलंका की टीम अच्छी रन गति के साथ लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। आठ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 56/1 है।
20 रन के स्कोर पर श्रीलंका का पहला विकेट गिरा है। कुसल परेरा आठ गेंद में चार चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शादाब खान के सटीक थ्रो ने उन्हें पवेलियन भेजा। अब निसांका के साथ कुसल मेंडिस क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 32 रन है।
252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। पाथुम निसांका और कुसल परेरा क्रीज पर हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। तीन ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 16 रन है।
पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 ओवर में सात विकेट खोकर 252 रन बनाए हैं। डकवर्थ लुईस नियम के तहत श्रीलंका के सामने 252 रन का लक्ष्य है। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 86 रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए। अब्दुल्लाह शफीक ने 52 रन की पारी खेली। इफ्तिखार ने 47 रन का योगदान दिया। उन्होंने रिजवान के साथ शतकीया साझेदारी कर मैच में पाकिस्तान की दमदार वापसी कराई। श्रीलंका के लिए पाथिराना ने तीन और मदुशन ने दो विकेट लिए। तीक्ष्णा और वेलालगे को एक-एक विकेट मिला।
243 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का सातवां विकेट गिरा है। शादाब खान तीन गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। प्रमोद मदुशन ने उन्हें कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। अब रिजवान के साथ शाहीन अफरीदी क्रीज पर हैं।
238 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का छठा विकेट गिरा है। इफ्तिखार अहमद 40 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पाथिराना ने उन्हें शनाका के हाथों कैच कराया। इफ्तिखार ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। 41 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 242/6 है।
मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। यह जोड़ी पाकिस्तान को बहुत बेहतर स्थिति में ले आई है और अब श्रीलंकाई टीम दबाव में है। 40 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 235/5 है।
पांच विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने शानदार साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई है। अब पाकिस्तान की कोशिश 250 रन के करीब पहुंचने की होगी। 42 ओवर के मैच में यह श्रीलंका के लिए काफी चुनौतीपूर्ण स्कोर होगा।
मोहम्मद रिजवान ने 48 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए हैं। उन्होंने इफ्तिखार अहमद के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। 35 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 184//5 है।
पांच विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद क्रीज पर हैं। दोनों सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और अच्छी गति से रन बना रहे हैं। रिजवान अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
कोलंबो में बारिश रुकने के बाद खेल शुरू हो चुका है। मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद क्रीज पर हैं। दोनों अब अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगे।
कोलंबो में बारिश रुक गई है और रात 8.10 बजे खेल शुरू होगा। एक पारी 42 ओवर की होगी। पहले एक पारी 45 ओवर की थी, लेकिन बारिश की वजह से इसे कम करके 42 ओवर कर दिया गया है। मोहम्मद रिजवान के साथ इफ्तिखार अहमद को क्रीज पर आना है। पाकिस्तान का स्कोर 130/5 है।
कोलंबो में बारिश की वजह से खेल रुक गया है। पाकिस्तान का स्कोर 27.4 ओवर में 130/5 है। मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं। उनके साथ इफ्तिखार अहमद को बल्लेबाजी के लिए आना है, लेकिन बारिश की वजह से वह अब तक क्रीज पर नहीं आ पाए हैं। अब बारिश थोड़ी तेज हो गई है और मैदान कर्मियों ने पूरे मैदान को कवर्स से ढंक दिया है।
130 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मोहम्मद नवाज के रूप में पाकिस्तान को पांचवां झटका लगा। महीश तीक्ष्णा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। नवाज ने 12 गेंद में 12 रन बनाए। अब मोहम्मद रिजवान के साथ इफ्तिखार अहमद पर रम बनाने का दारोमदार है। शादाब भी अच्छी पारी खेल सकते हैं, लेकिन पिच और श्रीलंकाई गेंदबाजों की लय देखते हुए उनसे बड़ी पारी की उम्मीद करना मुश्किल है।
108 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा है। मथीशा पाथिराना ने मोहम्मद हारिस को आउट किया है। हारिस ने नौ गेंद में तीन रन बनाए। पाथिराना ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में दिख रही है। मोहम्मद रिजवान के साथ मोहम्मद नवाज क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 109/4 है।
100 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की टीम के तीन विकेट गिर चुके हैं। अब्दुल्लाह शफीक अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। पाथिराना ने उन्हें प्रमोद मदुशन के हाथों कैच कराया। मोहम्मद रिजवान के साथ मोहम्मद हारिस क्रीज पर हैं।
अब्दुल्लाह शफीक 65 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए हैं। शफीक ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की है और पाकिस्तान की उम्मीद उनके ऊपर है। उनकी पारी के चलते बाबर और फखर का जल्दी आउट होना भी पाकिस्तान को नहीं अखर रहा है। 21 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 97/2 है।
73 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। बाबर आजम 35 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दुनिथ वेलालगे ने उन्हें कुसल मेंडिस के हाथों स्टंप आउट कराया। अब अब्दुल्लाह शफीक के साथ मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं।
एक विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। बाबर आजम और अब्दुल्लाह शफीक के बीच दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही है। ये दोनों अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे। 12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 56 रन है।
नौ रन के स्कोर पर पाकिस्तान का पहला विकेट गिरने के बाद बाबर आजम और अब्दुल्लाह शफीक ने पाकिस्तान की पारी संभाली है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और अच्छी गति से रन भी बना रहे हैं। पाकिस्तान ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 40 रन बनाए हैं।
नौ रन के स्कोर पर पाकिस्तान का पहला विकेट गिर चुका है। प्रमोद मदुशन ने फखर जमान को क्लीन बोल्ड किया। फखर ने 11 गेंद में चार रन बनाए। अब अब्दुल्लाह शफीक के साथ बाबर आजम क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 19/1 है।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। फखर जमान और अब्दुल्लाह शफीक क्रीज पर हैं। दोनों ने सधी हुई शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है।
पाकिस्तान: फखर जमान, अब्दुल्ला शफीक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद हारिस, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर, जमान खान।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालगे, महीश तीक्ष्णा, प्रमोद मदुशन, मथीशा पथिराना।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पाकिस्तान के कई खिलाड़ी चोटिल हैं और यह टीम कई बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। पाकिस्तान का पिछला मैच भारत के साथ था और उस मैच में खेलने वाली टीम के आधे खिलाड़ी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। श्रीलंका की टीम में भी दो बदलाव किए गए है।
कोलंबो में बारिश रुक चुकी है और मौसम साफ है। मैदान भी सूख चुका है। अंपायरों ने शाम पांच बजे टॉस कराने का फैसला किया है और 5.15 पर टॉस होगा। दोनों टीमें 45-45 ओवर खेलेंगी।
कोलंबो के मौसम में कुछ ज्यादा सुधार नहीं है। वहां लगातार बारिश हो रही है। मैदान पर कवर्स हैं। पूरा मैदान ढका हुआ है। पाकिस्तान की टीम चाहेगी कि जल्द से जल्द बारिश खत्म हो और मैच शुरू हो। अगर मुकाबला रद्द होता है तो श्रीलंका की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच सुपर-4 के मैच में टॉस अब तक नही हो पाया है। कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ था तो टॉस की तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन बारिश फिर से आ गई। इस कारण टॉस में और ज्यादा देरी होगी।
कोलंबो में मौसम साफ हो गया है और मैदान के ऊपर से कवर्स के हटा दिए गए हैं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। थोड़ी देर में टॉस हो सकता है।
बारिश के कारण पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच में टॉस अब तक नहीं हो पाया है। कोलंबो में सुबह से ही मौसम खराब है और लगातार बारिश के कारण मैदान को पूरी तरह से ढका गया है।
एशिया कप में बारिश ने पहले ही कई मैचों को प्रभावित किया है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सुपर 4 मैच में भी ऐसा हो सकता है। गुरुवार को कोलंबो में बारिश की संभावना है। अगर मैच पूरी तरह नहीं हो पाया और रद्द करना पड़ा तो श्रीलंका को फायदा होगा। दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक जुड़ जाएंगे। ऐसे में तीन-तीन मैचों में दोनों के तीन-तीन अंक होंगे। श्रीलंका बेहतर नेट रनरेट के आधार पर फाइनल में पहुंच जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान की टीम चाहेगी कि मैच पूरा हो।
नहीं, श्रीलंका और पाकिस्तान मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। एशिया कप में सिर्फ फाइनल और भारत-पाकिस्तान के सुपर-4 मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया। भारत रिजर्व डे पर ही पाकिस्तान के खिलाफ जीता था।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाला मैच एक तरह से एशिया कप का सेमीफाइनल है। इस टूर्नामेंट के फॉर्मेट में सेमीफाइनल मैच नहीं है, लेकिन फाइनल को देखते हुए यह मुकाबला एक तरह से वैसा ही है। इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप के सुपर-4 राउंड में गुरुवार (14 सितंबर) को पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के लिए काफी अहम है। इस मैच में जिस टीम को जीत मिलेगी वह फाइनल में 17 सितंबर को भारत से खेलेगी।