फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs NZ Highlights: न्यूजीलैंड ने गत चैंपियन पाकिस्तान को 60 रनों से हराया, रुर्के-सैंटनर को तीन-तीन विकेट

Wed, 19 Feb 2025 10:19 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

खास बातें

PAK vs NZ Champions Trophy 2025: न्यूजीलैंड ने गत चैंपियन पाकिस्तान को 60 रनों से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी की विजयी शुरुआत की है। न्यूजीलैंड ने ग्रुप ए के इस मैच में बल्ले के बाद गेंद से भी दमदार प्रदर्शन किया और मेजबान टीम को मात दी। 
विज्ञापन
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:18 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड की जीत

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में 60 रनों से हराकर जीत से शुरुआत की। न्यूजीलैंड ने टॉम लाथम और विल यंग के शतकों से 50 ओवर में पांच विकेट पर 320 रन बनाए थे। जवाब में गत चैंपियन पाकिस्तान की पूरी टीम 47.2 ओवर में 260 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए खुशदिल शाह और बाबर आजम ने अर्धशतक जड़े, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहे। 

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर और विलियम ओ रुर्के ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी को दो और माइकल ब्रेसवेल तथा नाथन स्मिथ को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 69 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। बाबर आजम ने 90 गेंदों पर 64 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी काफी धीमी रही जिससे बल्लेबाजों पर रन गति बढ़ाने का दबाव बढ़ा। खुशदिल ने अंत में कुछ शॉट लगाए, लेकिन वह भी 49 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान के लिए बाबर और खुशदिल के अलावा सलमान आगा ने 24 रन, सऊद शकील ने 6, मोहम्मद रिजवान ने 3, तैयद ताहीर ने 1, शाहीन अफरीदी ने 14, नसीम शाह ने 13 और हारिस रऊफ ने 19 रन बनाए।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने विल यंग और टॉम लाथम के शतक तथा ग्लेन फिलिप्स के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। यंग ने लाथम के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई जिससे न्यूजीलैंड की पारी संभली। यंग 113 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टॉम लाथम 104 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के के दम पर 118 रन बनाकर नाबाद लौटे। फिलिप्स भी पचासा लगाने में सफल रहे और 39 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज नसीम शाह और हारिस रऊफ को दो-दो विकेट मिले, जबकि स्पिनर अबरार अहमद ने एक विकेट झटका।

10:04 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड को आठवीं सफलता

विलियम ओ रुर्के ने न्यूजीलैंड को आठवां सफलता दिलाई और खुशदिल शाह को आउट किया। खुशदिल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन रुर्के ने ब्रेसवेल के हाथों कैच कराकर खुशदिल को पवेलियन भेजा। खुशदिल 49 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुए। 

09:52 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: शाहीन अफरीदी आउट हुए

पाकिस्तान को सातवां झटका शाहीन शाह अफरीदी के रूप में लगा। उन्हें मैट हेनरी ने अपना शिकार बनाया। वह 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नसीम शाह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए खुशदिल शाह क्रीज पर मौजूद हैं। उन्होंने भी 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। 

विज्ञापन
09:24 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: बाबर आजम आउट

मिचेल सैंटनर ने बाबर आजम को आउट कर पाकिस्तान को छठा झटका दे दिया है। बाबर 90 गेंदें खेलकर छह गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। सैंटनर का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। पाकिस्तान ने 34 ओवर की समाप्ति तक छह विकेट पर 153 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर खुशदिल शाह और शाहीन अफरीदी मौजूद हैं। 

09:14 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान को पांचवां झटका

पाकिस्तान की पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई है और उसने 128 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया है। मिचेल सैंटनर ने तैयब ताहीर को आउट किया और न्यूजीलैंड सफलता दिलाई। ताहीर पांच गेंदें खेलकर एक रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर बाबर आजम के साथ खुशदिल शाह मौजूद हैं। 

विज्ञापन
09:10 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: सलमान आगा आउट

नाथन स्मिथ ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे सलमान आगा को आउट कर पाकिस्तान को चौथा झटका दिया। सलमान अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन स्मिथ की गेंद पर ब्रेसवेल को कैच थमा बैठे। सलमान 28 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। सलमान और बाबर के बीच चौथे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही थी जिसे स्मिथ ने तोड़ा। बाबर हालांकि, अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर तैयब ताहीर मौजूद हैं। पाकिस्तान का स्कोर 31 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 128 रन है। 

09:08 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: बाबर का पचासा

बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 81 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश की। बाबर भले ही धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने सलमान आगा के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। 

08:53 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान की धीमी बल्लेबाजी

न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने धीमी बल्लेबाजी की है और 25 ओवर की समाप्ति के बाद भी वह 100 रन पूरे नहीं कर सकी है। पाकिस्तान तीन विकेट गंवा चुका है, लेकिन बाबर आजम क्रीज पर मौजूद हैं जो अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। 25 ओवर बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 83 रन है। 

08:36 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड को तीसरी सफलता

माइकल ब्रेसवेल ने फखर जमां को आउट कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया है। फखर बाबर आजम के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन ब्रेसवेल ने उन्हें बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। बाबर और फखर के बीच तीसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। फखर 41 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर बाबर के साथ सलमान आगा मौजूद हैं। पाकिस्तान ने 21 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 69 रन बनाए हैं। 

08:16 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान की पारी संभली

बाबर आजम और फखर जमां ने पाकिस्तान की लड़खड़ाती पारी को संभाला। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को शुरुआत में दो झटके लगे थे, लेकिन बाबर और फखर ने संभलकर बल्लेबाजी की। 16 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 55 रन है। 

07:51 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: मोहम्मद रिजवान आउट

पाकिस्तान को 22 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा है। कप्तान मोहम्मद रिजवान आउट हो गए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने 10 ओवर के भीतर ही दो विकेट गंवा दिए हैं। रिजवान 14 गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान को अब तक दोनों झटके विलियम ओ रुर्के ने दिए हैं। अब फखर जमां बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं और उनके साथ क्रीज पर बाबर आजम मौजूद हैं। 

07:23 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान को लगा पहला झटका

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को आठ रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। सऊद शकील विलियम ओ रुर्के की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री पर कैच आउट हो गए और अपना विकेट गंवा बैठे। शकील 19 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान मोहम्मद रिजवान उतरे हैं। 

07:14 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान की पारी शुरू

न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पारी शुरू हो गई है। बाबर आजम के साथ ओपनिंग के लिए सऊद शकील उतरे हैं। फखर जमां अधिकतर समय तक मैदान से बाहर रहे थे और नियमनुसार वह पाकिस्तान की पारी शुरू होने के कम से कम 20 मिनट तक बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सकते हैं जिस कारण शकील ओपनिंग के लिए उतरे हैं। 

06:36 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड की पारी समाप्त

न्यूजीलैंड ने विल यंग और टॉम लाथम के शतक तथा ग्लेन फिलिप्स के अर्धशतक की मदद से 50 ओवर में पांच विकेट पर 320 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था और एक समय कीवी टीम ने 73 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद यंग ने लाथम के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई जिससे न्यूजीलैंड की पारी संभली। इन दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़े और टीम को मुश्किल से उबारा।

यंग 113 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टॉम लाथम 104 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के के दम पर 118 रन बनाकर नाबाद लौटे। यंग के बाद लाथम ने फिलिप्स के साथ मिलकर पारी को गति दी। फिलिप्स भी पचासा लगाने में सफल रहे और 39 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा डेवोन कॉनवे ने 10 और केन विलियमसन ने 1 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज नसीम शाह और हारिस रऊफ को दो-दो विकेट मिले, जबकि स्पिनर अबरार अहमद ने एक विकेट झटका। 

06:12 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: लाथम का शतक

टॉम लाथम ने पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में शतक जड़ा। लाथम ने 95 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया। उनसे पहले सलामी बल्लेबाज विल यंग ने भी शतक लगाया था। लाथम चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के पांचवें बल्लेबाज हैं। दूसरे छोर पर ग्लेन फिलिप्स भी उनका साथ बखूबी निभा रहे हैं जिसकी मदद से न्यूजीलैंड ने 47 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 283 रन बना लिए हैं। 

06:03 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड का स्कोर 250 के पार

टॉम लाथम की शानदार पारी की मदद से न्यूजीलैंड का स्कोर 250 रन के पार पहुंच गया है। यंग के आउट होने के बाद लाथम ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला जिसके दम पर कीवी टीम ने 45 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 256 रन बना लिए हैं। लाथम धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं और 88 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर ग्लेन फिलिप्स हैं। 

05:48 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड का स्कोर 200 के पार

न्यूजीलैंड का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है और टॉम लाथम अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ ग्लेन फिलिप्स हैं। विल यंग के आउट होने के बाद लाथम ने मोर्चा संभाले हुआ है और वह 70 रन बनाकर खेल रहे हैं। 41 ओवर की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 212 रन है। 

05:30 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: यंग की पारी समाप्त

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग शतक लगाकर आउट हो गए हैं। तेज गेंदबाज नसीम शाह ने यंग को आउट कर पाकिस्तान को राहत की सांस दिलाई और यंग तथा टॉम लाथम के बीच चौथे विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी को तोड़ा। यंग 113 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर आउट हुए। यंग और लाथम के बीच 118 रनों की साझेदारी हुई। 

05:21 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: लाथम का पचासा

विल यंग के शतक लगाने के तुरंत बाद ही टॉम लाथम ने 61 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। दोनों बल्लेबाज शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 36 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 183 रन हो गया है। यंग और लाथम के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। 

05:15 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: विल यंग ने लगाया शतक

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग ने 107 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। चैंपियंस ट्रॉफी का यह पहला ही मैच है और शुरुआती मैच में ही शतक देखने को मिला है। यंग ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाले रखा है और उसे मुश्किल परिस्थितियों से उबारा है। यंग न्यूजीलैंड के चौथे बल्लेबाज हैं जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाया है। उनसे पहले कीवी टीम के लिए नाथन एश्ले, क्रिस कर्न्स और केन विलियमसन ऐसा कर चुके हैं। यंग के वनडे करियर का यह चौथा शतक है। इतना ही यंग और टॉम लाथम के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। 

04:57 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: यंग शतक के करीब

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग की शानदार पारी जारी है और वह शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। यंग फिलहाल 91 रन बनाकर खेल रहे हैं और न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 151 रन हो गया है। यंग के साथ क्रीज पर टॉम लाथम मौजूद हैं जो 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

04:28 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 100 के पार

सलामी बल्लेबाज विल यंग की शानदार बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड का स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ 25 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 114 रन हो गया है। पाकिस्तान को अब तक तीन सफलताएं मिली है, लेकिन यंग ने दूसरे छोर पर मोर्चा संभाला हुई है और वह 76 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

03:59 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: यंग का अर्धशतक

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजी विल यंग ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। यंग के वनडे करियर का यह 14वां अर्धशतक है। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को तीन झटके दिए हैं, लेकिन यंग दूसरे छोर से पारी संभाले हुए हैं। 

03:53 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: न्यूजीलैंड को तीसरा झटका

17वें ओवर में 73 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका लगा। हारिस रऊफ ने डेरिल मिचेल को कैच आउट कराया। वह 10 रन बना सके। फिलहाल विल यंग और टॉम लाथम क्रीज पर हैं। यंग अर्धशतक के करीब हैं। मिचेल से पहले डेवोन कॉनवे और केन विलियम्सन भी पवेलियन लौट चुके हैं।

03:32 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार

शुरुआती झटकों के बाद विल यंग और डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। न्यूजीलैंड की पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई थी और उसने एक रन के भीतर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन टीम ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 55 रन बना लिए हैं। क्रीज पर डेरिल मिचेल और विल यंग मौजूद हैं। यंग धीरे-धीरे अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। 

03:12 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: पाकिस्तान को मिली दूसरी सफलता

तेज गेंदबाज नसीम शाह ने केन विलियमसन को आउट कर पाकिस्तान को दूसरी सफलता दिलाई है। न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन महज एक रन के अंतराल पर अपने दो विकेट गंवा दिए। पहले अबरार अहमद ने सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे को आउट किया और फिर नसीम ने विलियमसन को विकेट के पीछ रिजवान के हाथों कैच कराकर आउट किया। विलियमसन दो गेंद खेलकर एक रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने मैच में अच्छी वापसी कर ली है और अब न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ रहा है। 

03:08 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Match Live: न्यूजीलैंड का लगा पहला झटका

स्पिनर अबरार अहमद ने डेवोन कॉनवे को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। कॉनवे और विल यंग के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़ लिए थे। हालांकि, अबरार ने आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर कॉनवे को आउट कर पाकिस्तान को सफलता दिलाई। कॉनवे 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर केन विलियमसन उतरे हैं। 

02:57 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड की सधी शुरुआत

पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने सधी हुई शुरुआत की है। कॉनवे और यंग ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को अब तक कोई सफलता हासिल नहीं करने दी है। न्यूजीलैंड का स्कोर पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 30 रन हो गया है। 

02:32 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: न्यूजीलैंड की पारी शुरू

पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो गई है। न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग के साथ डेवोन कॉनवे पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। पाकिस्तान ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

02:07 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पाकिस्तानः फखर जमां, बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), सलमान आगा, तैयब ताहीर, खुशदिल शाह, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
न्यूजीलैंडः डेवोन कॉनवे, विल यंग, केन विलियमसन, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, विलियम ओ रुर्के। 

02:03 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Champion Trophy: पाकिस्तान ने जीता टॉस

पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाकिस्तान के लिए राहत की बात है कि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ फिट हो गए हैं और वह इस मुकाबले के लिए उपलब्ध होंगे। वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस के दौरान बताया कि मैट हेनरी इस मैच का हिस्सा होंगे। 

01:47 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Live: बाबर की नजर में पाकिस्तान पर नहीं दबाव

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने दावा किया है कि टीम पर किसी तरह का दबाव नहीं है और टीम सुनिश्चित करेगी कि पहले की गई गलतियों को नहीं दोहराया जाए। बाबर ने मैच से पहले कहा, किसी तरह का दबाव नहीं है। अतीत में जो हुआ वो पहले की बात है। हमने उन बातों पर चर्चा की है कि पहले क्या गलतियां हुई है और हमने उस पर काम किया है।

01:22 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Live: न्यूजीलैंड को पहले खिताब की तलाश

न्यूजीलैंड ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी के संन्यास के बाद नए खिलाड़ियों के साथ उतरी है। केन विलियमसन ट्रंपकार्ड हैं और उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड को पहला आईसीसी खिताब दिला सकेंगे। वहीं, पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में खिताब के बचाव के लिए उतरेगी। 

01:17 PM, 19-Feb-2025

PAK vs NZ Highlights: न्यूजीलैंड ने गत चैंपियन पाकिस्तान को 60 रनों से हराया, रुर्के-सैंटनर को तीन-तीन विकेट

Live Cricket Score Today, PAK vs NZ Champions Trophy 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। गत चैंपियन पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज हो रहा है। आठ टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट की आठ साल बाद वापसी हुई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें