पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2024 में अपने आखिरी मुकाबले में आयरलैंड को तीन विकेट से हरा दिया। न्यूयॉर्क नहीं बल्कि फ्लोरिडा के मैदान में हुए इस मुकाबले में 107 रन के लक्ष्य को भी पाकिस्तान की टीम ने मुश्किल बना दिया और 19वें ओवर में जाकर जीत हासिल कर सकी। उसके सात विकेट गिर गए। एक वक्त पाकिस्तान ने 62 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि टीम फिर से चोक कर जाएगी।
हालांकि, कप्तान बाबर आजम और अब्बास अफरीदी के बीच सातवें विकेट के लिए हुई 33 रन की साझेदारी और फिर शाहीन अफरीदी के दो छक्कों ने पाकिस्तान की टीम को जीत दिलाई। कप्तान बाबर 34 गेंद में दो चौके की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शाहीन अफरीदी ने पांच गेंद में दो छक्के की मदद से 13 रन की नाबाद पारी खेली। अब्बास ने 21 गेंद में 17 रन बनाए। इस जीत के साथ ग्रुप-ए में पाकिस्तान तीसरे स्थान पर रही। ग्रुप-ए से भारत और अमेरिका ने क्वालिफाई किया।
इससे पहले आयरलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 106 रन बनाए थे। डेलानी ने 19 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 31 रन बनाए। एक वक्त आयरलैंड ने 32 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, डेलानी और फिर मार्क एडेयर के 15 रन और जोशुआ लिटिल के नाबाद 22 रन ने आयरलैंड को 100 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी और इमाद वसीम ने तीन-तीन विकेट लिए थे, जबकि आमिर को दो विकेट मिले।
बाबर आजम और अब्बास अफरीदी ने पाकिस्तान की पारी को संभाला। पाकिस्तान को अब जीत के लिए 18 गेंदों पर 14 रनों की जरूरत है, जबकि उसके चार विकेट शेष हैं।
कर्टिस कैंफर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इमाद वसीम को आउट किया। पाकिस्तान ने इस तरह 62 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं। इमाद छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। कैंफर का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
मैकार्थी ने शानदार गेंदबाजी कर उस्मान खान को आउट कर आयरलैंड को चौथी सफलता दिलाई। उस्मान दो रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने 57 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं और उसे अब जीत के लिए 65 गेंदों पर 50 रन बनाने की जरूरत है।
कर्टिस कैंफर ने फखर जमां को आउट कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। फखर नौ गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। कप्तान बाबर आजम हालांकि क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने उस्मान खान आए हैं।
मैकार्थी ने मोहम्मद रिजवान को आउट कर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। रिजवान अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। रिजवान ने 16 गेंदों पर 17 रन बनाए। पावरप्ले की समाप्ति तक पाकिस्तान ने दो विकेट पर 40 रन बनाए हैं और फिलहाल क्रीज पर कप्तान बाबर आजम के साथ फखर जमां मौजूद हैं।
मार्क एडायर ने सईम अयूब को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। अयूब 17 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। अयूब और मोहम्मद रिजवान ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई, लेकिन एडायर ने इस साझेदारी को ज्यादा बड़ा होने नहीं दिया।
आयरलैंड द्वारा 107 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पारी शुरू हो गई है। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान के साथ सईब अयूब बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और स्पिनर इमाद वसीम की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने आयरलैंड को 20 ओवर में नौ विकेट पर 106 रन पर रोका। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला पाकिस्तान के पक्ष में गया और पहले ही ओवर में शाहीन ने आयरलैंड को दो झटके देकर उसकी पारी लड़खड़ा दी। आयरलैंड की बल्लेबाजी काफी खराब रही और उसने पावरप्ले में ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि गेराथ डेलानी और जोशुआ लिटिल की सधी हुई पारियों से टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
पाकिस्तान के लिए शाहीन और इमाद ने जहा तीन-तीन विकेट झटके, वहीं आयरलैंड की ओर से डेलानी ने 19 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से सर्वाधिक 31 रन और जोशुआ लिटिल ने 18 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 22 रन बनाए।
स्पिनर इमाद वसीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड को नौवां झटका दिया। आयरलैंड की बल्लेबाजी निराशाजनक रही है और उसने महज 80 रन पर नौ विकेट गंवा दिए हैं। इमाद ने मैकार्थी को आउट किया जो सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
इमाद वसीम ने आयरलैंड को एक और झटका देते हुए मार्क एडायर को पवेलियन भेजा। एडायर 19 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। इमाद का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
इमाद वसीम ने गेरेथ डेलानी को आउट कर मार्क एडायर के साथ हुई उनकी साझेदारी का अंत किया। आयरलैंड ने इस तरह 76 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं। डेलानी 19 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। डेलानी और एडायर के बीच सातवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की।
शुरुआती झटकों के बाद गेरेथ डेलानी और मार्क एडायर ने आयरलैंड की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की जिसके दम पर आयरलैंड ने 11 ओवर की समाप्ति तक छह विकेट पर 75 रन बनाए हैं।
हारिस रऊफ ने कर्टिस कैंफर को आउट कर आयरलैंड को छठा झटका दिया। आयरलैंड की शुरुआत काफी खराब रही है और टीम ने महज 32 रन के अंदर ही छह विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल गेरेथ डेलानी और मार्क एडायर क्रीज पर मौजूद हैं।
मोहम्मद आमिर ने जॉर्ज डॉकरेल को आउट कर आयरलैंड को पांचवां झटका दिया। डॉकरेल 10 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। आमिर का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड की पारी लड़खड़ा दी है। शाहीन ने अपने दूसरे ही ओवर में आयरलैंड को चौथा झटका दिया। हैरी टैक्टर छह गेंदें खेल खाता खोले बिना आउट हुए। शाहीन का इस मैच का यह तीसरा विकेट है।
मोहम्मद आमिर ने आयरलैंड को तीसरा झटका दिया और उसकी पारी लड़खड़ा दी। कप्तान पॉल स्टर्लिंग आमिर की गेंद पर विकेट के पीछे मोहम्मद रिजवान को कैच थमा बैठे। स्टर्लिंग दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड को पहले ही ओवर में दोहरा झटका दिया। बालबर्नी के आउट होने के बाद नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर उतरे लोरकन टकर भी आउट हो गए। टकर दो गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने एंड्रयू बालबर्नी को आउट कर आयरलैंड को पहला झटका दिया। बालबर्नी पारी की तीसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। शाहीन ने उन्हें खाता भी खोलने का अवसर नहीं दिया।
आयरलैंडः पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबर्नी, लोरकन टकर (विकेटकीपर), हैरी टैक्टर, कर्टिस कैंफर, जॉर्ज डॉकरेल, गेरेथ डेलानी, मार्क एडायर, बैरी मैकार्थी, जोशुआ लिटिल, बेंजामिन व्हाइट।
पाकिस्तानः मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सईब आयुब, बाबर आजम (कप्तान), फखर जमां, उस्मान खान, शादाब खान, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, हैरिस रऊफ, मोहम्मद आमिर।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पाकिस्तान टीम ने इस मुकाबले के लिए नसीम शाह की जगह अब्बास अफरीदी को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। आयरलैंड ने भी यंग की जगह बेन व्हाइट को एकादश में रखने का फैसला किया है।
टी20 में पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच अब तक कुल चार बार सामना हुआ है, जिसमें तीन बार जीत पाकिस्तान के हाथ लगी है। हालांकि 2021 से अगर बात करें तो पाकिस्तान ने आयरलैंड को दो मैचों में पटखनी दी है, जबकि आयरलैंड ने भी एक मैच में पाकिस्तानी टीम को धूल चटाई है। ऐसे में आयरलैंड पाकिस्तान से हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, टी20 विश्व कप में दोनों टीमों का अब तक एक बार सामना हुआ है और उसमें पाकिस्तान को जीत मिली है।
Live Cricket Score (PAK vs IRE) Pakistan vs Ireland T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें सुपर आठ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। दोनों ही टीमों का यह टूर्नामेंट में अंतिम मुकाबला है और पाकिस्तान तथा आयरलैंड जीत के साथ टी20 विश्व कप से विदा चाहेंगे।