11:26 PM, 26-Aug-2023
PAK vs AFG Live Score: अफगानिस्तान के काम नहीं आई मुजीब की पारी
पाकिस्तान ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में अफगानिस्तान का क्लीन स्वीप कर दिया। उसने तीसरे वनडे को 59 रन से अपने नाम किया। पाकिस्तान ने सीरीज के पहले मुकाबले में 142 रन से जीत हासिल की थी। उसके बाद दूसरे वनडे को एक विकेट से जीता था। तीसरे वनडे में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और मैच को अपने नाम कर लिया। कप्तान बाबर आजम ने तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 268 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 48.4 ओवर में 209 रन पर सिमट गई।
अफगानिस्तान के लिए शीर्ष क्रम का कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका। आखिरी ओवरों में स्पिनर मुजीब उर रहमान 37 गेंद पर 64 रन बनाकर दर्शकों मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। शाहिदुल्लाह कमाल ने 37 और रियाज हसन ने 34 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। शाहीन अफरीदी, फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट लिए। आगा सलमान को एक सफलता मिली।
बाबर और रिजवान ने लगाया अर्धशतक
इससे पहले पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने अर्धशतकीय पारी खेली। रिजवान ने 67 और बाबर ने 60 रन बनाए। आगा सलमान ने 38 और मोहम्मद नवाज ने 30 रनों की पारी खेली। फखर जमान 27, इमाम उल हक 13, साउद शकील नौ, शादाब खान तीन और फहीम अशरफ दो रन बनाकर आउट हुए। शाहीन अफरीदी ने नाबाद दो रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए गुलबदीन नईब और फरीद अहमद मलिक ने दो-दो विकेट लिए। फजहलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।