फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NZ vs PAK Highlights: पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम से न्यूजीलैंड को 21 रन से हराया, सेमीफाइनल की आस बरकरार

Sat, 04 Nov 2023 07:42 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

खास बातें

ICC ODI World Cup 2023 New Zealand vs Pakistan 2023 Highlights: विश्व कप 2023 के 35वें मुकाबले में पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत न्यूजीलैंड को 21 रन से हरा दिया है। बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 401 रन बनाए थे। बारिश के कारण पाकिस्तान की पारी 41 ओवर की हो गई और नया लक्ष्य 342 रन का मिला। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 25.3 ओवर में एक विकेट खोकर 200 रन बनाए। इसके बाद खेल नहीं हो सका और पाक टीम 21 रन से जीत गई।
विज्ञापन
बाबर और फखर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:35 PM, 04-Nov-2023

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को डकवर्थ लईस नियम के तहत 21 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनी हुई है। वहीं, न्यूजीलैंड की राह मुश्किल हो गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर 401 रन बनाए। रचिन रवींद्र ने 108 की पारी खेली। वहीं, कप्तान विलियम्सन ने 95 रन का योगदान दिया। फिलिप्स ने 41 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद वसीम जूनियर ने तीन विकेट लिए। हसन अली, इफ्तिखार अहमद और हारिस रऊफ ने एक-एक विकेट लिया। 

पाकिस्तान के लिए फखर जमान ने 81 गेंद में नाबाद 126 रन बनाए। वहीं, कप्तान बाबर ने 63 गेंद में 66 रन की नाबाद पारी खेली। 25.3 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 200/1 था। इसके बाद बारिश की वजह से खेल नहीं हो सका और डकवर्थ लुईस नियम के तहत पाकिस्तान 21 रन से जीत गया। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने एक विकेट लिया।

06:38 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: बारिश के कारण फिर खेल रुका

बारिश के कारण फिर खेल रुक चुका है। पाकिस्तान का स्कोर 25.3 ओवर के बाद 200/1 है। फखर जमान 81 गेंद में 126 रन बनाकर नाबाद हैं। बाबर आजम 63 गेंद में 66 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। डकवर्थ लुईस नियम के तहत पाकिस्तान की टीम 21 रन आगे है। ऐसे में पाकिस्तान की जीत लगभग तय मानी जा रही है। यह मैच जीतने पर पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना मजबूत हो जाएगी। वहीं, न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

06:37 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: पाकिस्तान का स्कोर 200 के पार

पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। बाबर और फखर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
06:27 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: बाबर आजम का अर्धशतक

बारिश के बाद खेल शुरू हो चुका है और बाबर आजम ने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। फखर शतक लगाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 170 रन की साझेदारी हो चुकी है। 24 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 179/1 है।

06:06 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: बारिश की वजह से ओवर में कटौती

बारिश की वजह से ओवर्स में कटौती की गई है। अब पाकिस्तान को 50 ओवर में 402 रन की जगह 41 ओवर में 342 रन का लक्ष्य मिला है। पाकिस्तान ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। यानी उन्हें अब 19.3 ओवर में 182 रन की जरूरत है। शाम छह बजकर 20 मिनट पर मैच शुरू हो जाएगा। बारिश के कारण खेल रुकने तक पाकिस्तान ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। फखर जमान 69 गेंद में सात चौके और नौ छक्के की मदद से 106 रन और बाबर आजम 51 गेंद में 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बाबर और फखर के बीच अब तक 117 गेंद में 154 रन की साझेदारी हो चुकी है।

विज्ञापन
05:31 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: बारिश जारी

12 मिनट बाद से ओवर्स कटने शुरू हो जाएंगे। अभी भी बारिश हो रही है। अगर मैच बारिश की वजह से रुका रहा तो डकवर्थ लुईस नियम से पाकिस्तान जीत जाएगा। पाकिस्तान की टीम बारिश से काफी खुश होगी क्योंकि यह जीत उनके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को बढ़ा देगी।

04:53 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: DLS में न्यूजीलैंड से आगे पाकिस्तान

बारिश के कारण न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान मैच रुक गया है। बारिश के कारण खेल रुकने तक पाकिस्तान ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। फखर जमान 69 गेंद में सात चौके और नौ छक्के की मदद से 106 रन और बाबर आजम 51 गेंद में 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक अगर अब बारिश की वजह से मैच रद्द होता है तो पाकिस्तान यह मैच जीत जाएगा। वह डीएलएस पार स्कोर से 10 रन आगे है। यानी डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक पाकिस्तान न्यूजीलैंड से 10 रन आगे है। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के सामने 401 रन का लक्ष्य रखा था। पाकिस्तान अभी भी न्यूजीलैंड से 242 रन पीछे है। बाबर और फखर के बीच अब तक 117 गेंद में 154 रन की साझेदारी हो चुकी है।

04:49 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: फखर जमान का शतक

402 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान की टीम ने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने 21 ओवर में एक विकेट पर 159 रन बना लिए हैं। फखर जमान ने 63 गेंद में वनडे करियर का 11वां शतक जड़ा। वह 67 गेंद में सात चौके और नौ छक्के की मदद से 106 रन और बाबर आजम 50 गेंद में 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 150+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

04:15 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: बाबर-फखर ने संभाली पारी

14 ओवर के बाद पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल बाबर आजम 33 गेंद में 30 रन और फखर जमान 42 गेंद में 54 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 80+ रन की साझेदारी हो चुकी है। फखर ने 39 गेंद में वनडे करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। यह इस विश्व कप में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी।

03:31 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: पाकिस्तान को पहला झटका

पाकिस्तान को छह के स्कोर पर पहला झटका लगा। टिम साउदी ने अब्दुल्लाह शफीक को विलियम्सन के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने पीछे दौड़ते हुए शानदार कैच लपका। शफीक चार रन बना सके। फिलहाल फखर जमान और बाबर आजम क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है।

02:40 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड ने बनाए 401 रन

न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 402 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट गंवाकर 401 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 402 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट गंवाकर 401 रन बनाए। रचिन रवींद्र ने 108 रन और कप्तान केन विलियम्सन ने 95 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद वसीम जूनियर ने तीन विकेट लिए।

न्यूजीलैंड की पारी
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी निभाई। कॉन्वे 39 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चोट से वापसी कर रहे केन विलियम्सन ने रचिन रवींद्र के साथ 180 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच रचिन ने इस विश्व कप का अपना तीसरा शतक जड़ा। वह न्यूजीलैंड के लिए किसी एक विश्व कप में तीन शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। वहीं, विलियम्सन 79 गेंद में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए। शतक लगाने के बाद मिचेल भी अपना विकेट दे बैठे। वह 94 गेंद में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेरिल मिचेल 18 गेंद में 29 रन, मार्क चैपमैन 27 गेंद में 39 रन, ग्लैन फिलिप्स ने 25 गेंद में 41 रन की पारी खेली। मिचेल सैंटनर 17 गेंद में 26 रन और टॉम लाथम दो रन बनाकर नाबाद रहे। वसीम के अलावा हसन अली, इफ्तिखार अहमद और हारिस रऊफ को एक-एक विकेट मिला। शाहीन अफरीदी ने इस मैच में 90 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। 24 वनडे पारियों में यह पहली बार है जब शाहीन अफरीदी बिना विकेट लिए रहे हैं।

वनडे में पाकिस्तान के विरुद्ध सर्वोच्च टीम स्कोर

  • 444/3 - इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2016
  • 401/6 - न्यूजीलैंड, बंगलूरू, आज*
  • 392/6 - दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 2007
  • 373/3 - इंग्लैंड, साउथेम्प्टन, 2019

एकदिवसीय मैचों में न्यूजीलैंड के लिए सर्वोच्च टीम स्कोर
  • 402/2 बनाम आयरलैंड, एबरडीन, 2008
  • 401/6 बनाम पाकिस्तान, बंगलूरू, आज*
  • 398/5 बनाम इंग्लैंड, द ओवल, 2015
  • 397/5 बनाम जिम्बाब्वे, बुलावायो, 2005
  • 393/6 बनाम वेस्टइंडीज, वेलिंग्टन, 2015 (WC)

विश्व कप की एक पारी में किसी पाकिस्तानी गेंदबाज द्वारा दिए गए सर्वाधिक रन
  • 0/90 - शाहीन अफरीदी बनाम न्यूजीलैंड, बंगलूरू, आज*
  • 1/85 - हारिस रऊफ बनाम न्यूजीलैंड, बंगलूरू, आज*
  • 1/84 - हसन अली बनाम भारत, मैनचेस्टर, 2019
  • 3/83 - हारिस रऊफ बनाम ऑस्ट्रेलिया, बंगलूरू, 2023

विश्व कप में सबसे ज्यादा बार 400 या इससे ज्यादा टोटल वाली टीमें
  • 3 - दक्षिण अफ्रीका
  • 1 - भारत
  • 1 - ऑस्ट्रेलिया
  • 1 - न्यूजीलैंड

वनडे में पाकिस्तान के विरुद्ध सर्वोच्च टीम स्कोर
  • 444/3 - इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2016
  • 401/6 - न्यूजीलैंड, बंगलूरू, आज*
  • 392/6 - दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 2007
  • 373/3 - इंग्लैंड, साउथेम्प्टन, 2019

02:14 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड को पांचवां झटका

न्यूजीलैंड को 45वें ओवर में पांचवां झटका लगा। मोहम्मद वसीम जूनियर ने मार्क चैपमैन को क्लीन बोल्ड किया। वह 27 गेंद में 39 रन बना सके। 46 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 360 रन है। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स और मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं।

01:56 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड को चौथा झटका

42वें ओवर में 318 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा। हारिस रऊफ ने डेरिल मिचेल को बोल्ड किया। वह 18 गेंद में 29 रन बना सके। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन क्रीज पर हैं। 

01:46 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 300 रन के पार

न्यूजीलैंड ने 40 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 307 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 18 रन और मार्क चैपमैन 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 46 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

01:30 PM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: विलियम्सन के बाद रचिन आउट

36वें ओवर में न्यूजीलैंड को तीसरा झटका लगा। रचिन रवींद्र 94 गेंद में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वसीम जूनियर ने सऊद शकील के हाथों कैच कराया। इससे पहले केन विलियम्सन 95 रन बनाकर आउट हुए थे। 36 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 261 रन है। फिलहाल मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं।

01:17 PM, 04-Nov-2023

PAK vs NZ Live: रचिन रवींद्र का शतक, विलियम्सन चूके

रचिन रवींद्र ने 88 गेंद में शतक जड़ा। यह इस विश्व कप में उनका तीसरा शतक रहा। वह किसी एक विश्व कप में तीन शतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के पहले क्रिकेटर बन गए। 23 साल का यह बल्लेबाज काफी प्रभावित कर रहा है। वहीं, चोट के बाद वापसी कर रहे कप्तान केन विलियम्सन 79 गेंद में 95 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें इफ्तिखार अहमद ने फखर जमान के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए। छक्का मारने के चक्कर में विलियम्सन ने अपना विकेट गंवा दिया। विलियम्सन और रचिन के बीच दूसरे विकेट के लिए 142 गेंद में 180 रन की साझेदारी हुई। 35 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 252 रन है। फिलहाल रचिन 90 गेंद 101 रन और डेरिल मिचेल तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

01:12 PM, 04-Nov-2023

PAK vs NZ Live: रचिन-विलियम्सन शतक के करीब

33 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 240 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केन विलियम्सन 76 गेंद में 92 रन और रचिन रवींद्र 84 गेंद में 95 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 172 रन की साझेदारी हो चुकी है।

12:38 PM, 04-Nov-2023

PAK vs NZ Live: विलियम्सन का अर्धशतक

27 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 181 रन बना लिए हैं। फिलहाल रचिन रवींद्र 68 गेंद में 72 रन और केन विलियम्सन 55 गेंद में 59 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। रचिन के बाद विलियम्सन ने भी अर्धशतक जमाया। विलियम्सन चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। आते ही उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का 44वां अर्धशतक रहा। 

12:08 PM, 04-Nov-2023

PAK vs NZ Live: रचिन रवींद्र का अर्धशतक

20 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 125 रन है। रचिन रवींद्र 53 गेंद में 51 रन और केन विलियम्सन 28 गेंद में 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है। रवींद्र के वनडे करियर का यह चौथा अर्धशतक रहा। इसके अलावा वह दो शतक भी लगा चुके हैं। रचिन रवींद्र को इस टूर्नामेंट की खोज माना जा रहा है। 

11:21 AM, 04-Nov-2023

PAK vs NZ Live: न्यूजीलैंड को पहला झटका

11वें ओवर में 68 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। डेवोन कॉन्वे 39 गेंद में छह चौके की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हसन अली ने विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच कराया। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 69 रन है। फिलहाल रचिन रवींद्र 29 रन और कप्तान केन विलियम्सन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

10:57 AM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड की सधी हुई शुरुआत

न्यूजीलैंड ने छह ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 34 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 21 गेंद में 16 रन और रचिन रवींद्र 15 गेंद में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की टीम ने तीन बदलाव किए हैं। विलियम्सन, चैपमैन और ईश सोढ़ी की वापसी हुई है।

10:07 AM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, रचिन रवींद्र, केन विलियम्सन (कप्तान), डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट।

पाकिस्तान: अब्दुल्लाह शफीक, फखर जमान, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), इफ्तिखार अहमद, सऊद शकील, आगा सलमान, शाहीन अफरीदी, हसन अली, मोहम्मद वसीम जूनियर, हारिस रऊफ।

10:04 AM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: पाकिस्तान ने जीता टॉस

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। लेग स्पिनर उसामा मीर की जगह तेज गेंदबाज हसन अली को शामिल किया गया है। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए बड़ी खुशखबरी है कि कप्तान केन विलियम्सन ने वापसी की है। उन्हें टूर्नामेंट के दौरान अंगूठे में चोट लगी थी और फ्रैक्चर हुआ था। हालांकि, अब वह ठीक हैं और इस मैच में खेल रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टॉम लाथम कप्तानी कर रहे थे। न्यूजीलैंड की टीम ने तीन बदलाव किए हैं। विल यंग, जेम्स नीशम और मैट हेनरी यह मैच नहीं खेल रहे। वहीं, विलियम्सन, मार्क चैपमैन और लेग स्पिनर ईश सोढ़ी की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है।

10:02 AM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Live: न्यूजीलैंड जीतना चाहेगा

चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहा न्यूजीलैंड शनिवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में विश्व कप के अपने महत्वपूर्ण मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगा जिसमें दोनों टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की कोशिश के तहत जीत हासिल करने के लिए बेताब होंगी। टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के बाद दोनों टीमों का भाग्य बदल गया जिससे दोनों सेमीफाइनल की दौड़ में मुश्किल स्थिति में पहुंच गई।

09:55 AM, 04-Nov-2023

NZ vs PAK Highlights: पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम से न्यूजीलैंड को 21 रन से हराया, सेमीफाइनल की आस बरकरार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 35वें मुकाबले में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से है। यह मैच बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले में हारने वाली टीम के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो जाएगा। वहीं, जीतने वाली टीम अंतिम-चार के लिए दावा ठोकेगी। पाकिस्तान ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश को हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम पिछले तीन मैच गंवा चुकी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें