फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NED vs SL Highlights: वनडे विश्व कप 2023 में श्रीलंका की पहली जीत, नीदरलैंड को पांच विकेट से हराया

Sat, 21 Oct 2023 06:58 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

NED vs SL ODI World Cup 2023 Highlights: विश्व कप 2023 के 19वें मैच में श्रीलंका ने नीदरलैंड को पांच विकेट से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड ने 262 रन बनाए। श्रीलंका ने पांच विकेट खोकर 263 रन बना लिए और टूर्नामेंट में पहली जीत हासिल की।
विज्ञापन
नीदरलैंड बनाम श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:29 PM, 21-Oct-2023

श्रीलंका ने नीदरलैंड को हराया

श्रीलंका ने नीदरलैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। वनडे विश्व कप 2023 में यह श्रीलंकाई टीम की पहली जीत है। श्रीलंका इस विश्व कप में जीत हासिल करने वाली आखिरी टीम है। श्रीलंका से पहले बाकी नौ टीमें कम से कम एक मैच जीत चुकी थीं। अब श्रीलंका ने भी एक मैच जीत लिया है। 

इस मैच में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सायब्रांड और वन बीक के अर्धशतक के चलते टीम 262 रन बनाने में सफल रही। पथुम निसांका और सदीरा के अर्धशतक ने श्रीलंका को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ ही अंक तालिका में आखिरी स्थान पर मौजूद श्रीलंका अब नौवें स्थान पर आ गई है। वहीं, अफगानिस्तान की टीम आखिरी स्थान पर है।

मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड की पारी 49.4 ओवर में 262 रन पर ऑलआउट हो गई। एक वक्त नीदरलैंड की टीम ने 91 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद साईब्रैंड एंगलब्रेक्ट और लोगन वान बीक की 135 रन की साझेदारी ने डच टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। यह विश्व कप में सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। साईब्रैंड ने 82 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 70 रन और वान बीक ने 75 गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका और कसुन रजिथा ने चार-चार विकेट लिए।

263 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कुसल परेरा पांच और कुसल मेंडिस 11 रन बनाकर आउट हुए। 52 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका ने वापसी की। निसांका और समरविक्रमा ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद निसांका भी 54 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। चरिथ असालंका और समरविक्रमा ने 77 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को जीत के करीब पहुंचाया। असालंका 44 और धनंजय डे सिल्वा 30 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, समरविक्रमा एक छोर पर जमे रहे और श्रीलंका को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। नीदरलैंड के लिए आर्यन दत्त ने तीन और मिकरेन, एकेरमन ने एक-एक विकेट लिया।

06:20 PM, 21-Oct-2023

NED vs SL Live: 257 रन पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौटी

257 रन पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। धनंजय डे सिल्वा 37 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, श्रीलंका की टीम जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी है और इस मैच में सिर्फ औपचारिकता ही बाकी रह गई है।

06:10 PM, 21-Oct-2023

NED vs SL Live: धनंजय-समरविक्रमा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

धनंजय डे सिल्वा और सदीरा समरविक्रमा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज सूझबूझ के साथ खेल रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। आयरलैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाकर रखा है और श्रीलंका को जीत के लिए मेहनत करनी पड़ रही है। 45 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 242/4 है।

विज्ञापन
05:50 PM, 21-Oct-2023

NED vs SL Live: श्रीलंका का स्कोर 200 रन के पार

श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। धनंजय डे सिल्वा और सदीरा समरविक्रमा क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है।

05:23 PM, 21-Oct-2023

NED vs SL Live: श्रीलंका को चौथा झटका

181 रन पर श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा है। चरिथ असालंका 66 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए। आर्यन दत्त ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब सदीरा समरविक्रमा अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। उनके साथ धनंजय डे सिल्वा क्रीज पर हैं। 34 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 190/4 है।

विज्ञापन
04:22 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: श्रीलंका को तीसरा झटका

श्रीलंका को 104 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। वान मीकेरन ने पथुम निसांका को विकेटकीपर एडवर्ड्स के हाथों कैच कराया। वह 52 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल चरिथ असलंका और सदीरा समरविक्रमा क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन है। 

03:43 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: श्रीलंका को दूसरा झटका

श्रीलंका को 52 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। आर्यन दत्त ने कुसल परेरा के बाद कप्तान कुसल मेंडिस आउट किया। मेंडिस 11 रन बना सके। इससे पहले आर्यन ने कुसल परेरा को बास डी लीडे के हाथों कैच कराया था। वह पांच रन बना सके। फिलहाल पाथुम निसांका और सदीर समरविक्रमा क्रीज पर हैं। श्रीलंका ने 12 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं।

03:15 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: श्रीलंका को पहला झटका

श्रीलंका को 18 के स्कोर पर पहला झटका लगा। आर्यन दत्त ने कुसल परेरा को बास डी लीडे के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। फिलहाल पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस क्रीज पर हैं। 

02:23 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: नीदरलैंड ने श्रीलंका को 263 रन का लक्ष्य दिया

नीदरलैंड ने श्रीलंका के सामने 263 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड की पारी 49.4 ओवर में 262 रन पर ऑलआउट हो गई। एक वक्त नीदरलैंड की टीम ने 91 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद साईब्रैंड एंगलब्रेक्ट और लोगन वान बीक की 135 रन की साझेदारी ने डच टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। यह विश्व कप में सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। साईब्रैंड ने 82 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 70 रन और वान बीक ने 75 गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका और कसुन रजिथा ने चार-चार विकेट लिए।

02:09 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: नीदरलैंड को आठवां झटका

244 के स्कोर पर नीदरलैंड को आठवां झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने रोल्फ वान डर मर्व को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। मर्व सात रन बना सके। 48 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर आठ विकेट पर 246 रन है। फिलहाल लोगन वान बीक 59 रन और आर्यन दत्त क्रीज पर हैं।

01:54 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: नीदरलैंड को सातवां झटका

नीदरलैंड को 221 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने शानदार बैटिंग कर रहे साईब्रैंड एंगलब्रेक्ट को क्लीन बोल्ड किया। साईब्रैंड ने 82 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 70 रन की पारी खेली। उन्होंने लोगन वान बीक के साथ 135 रन की साझेदारी निभाई। यह विश्व कप इतिहास में सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है। नीदरलैंड को 91 के स्कोर पर छठा झटका लगा था। इसके बाद बीक और साईब्रैंड ने गजब की बल्लेबाजी की। फिलहाल वान डर मर्व और लोगन वान बीक क्रीज पर हैं। 46 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर सात विकेट पर 230 रन है।

01:31 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: साईब्रैंड-लोगन ने संभाली पारी

नीदरलैंड ने 91 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद साईब्रैंड एंगलब्रेक्ट और लोगन वान बीक ने पारी संभालते हुए 90+ रन की साझेदारी कर ली है। साईब्रैंड ने अर्धशतक लगाया। 41 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 187 रन है। साईब्रैंड 68 गेंदों में 57 रन और लोगन वान बीक 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

12:40 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: नीदरलैंड के छह विकेट गिरे

नीदरलैंड को 91 के स्कोर पर छठा झटका लगा। महेश तीक्ष्णा ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को क्लीन बोल्ड किया। वह 16 रन बना सके। 26 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 106 रन है। फिलहाल साईब्रैंड एंगलब्रेक्ट और लोगन वान बीक क्रीज पर हैं। 

12:15 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live Score: नीदरलैंड के पांच विकेट गिरे

19वें ओवर में 71 के स्कोर पर नीदरलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। दिलशान मदुशंका ने  तेजा निदामानुरु को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 16 गेंदों में नौ रन बना सके। यह मदुशंका का इस मैच में दूसरा विकेट रहा। इससे पहले उन्होंने बास डी लीडे को आउट किया था। वहीं, कसुन रजिथा तीन विकेट ले चुके हैं। फिलहाल कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स और साइब्रैंड एंगलब्रेक्ट क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 81 रन है।

12:04 PM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: नीदरलैंड को चौथा झटका

17वें ओवर में 68 के स्कोर पर नीदरलैंड को चौथा झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने बास डी लीडे को कुसल परेरा को कुसल परेरा के हाथों कैच कराया। वह दबाव में दिखे और 21 गेंदों पर सिर्फ छह रन बना सके। 18 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर चार विकेट पर 71 रन है। फिलहाल तेजा निदामानुरु और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स क्रीज पर हैं।

11:49 AM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: नीदरलैंड को तीसरा झटका

नीदरलैंड की टीम को 54 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कसुन रजिथा ने कोलिन एकरमैन को कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। वह 31 गेंदों में 29 रन बना सके। रजिथा को मिली यह तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह विक्रमजीत और मैक्स ओडॉड को आउट कर चुके हैं। 16 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 64 रन है। फिलहाल बास डी लीडे और तेजा निदामानुरु क्रीज पर हैं।

11:26 AM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: नीदरलैंड को दूसरा झटका

नीदरलैंड को 10वें ओवर में 48 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। कसुन रजिथा ने मैक्स ओ'डॉड को बोल्ड किया। वह 27 गेंदों में 16 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। इससे पहले रजिथा ने विक्रमजीत को भी एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। फिलहाल कोलिन एकरमैन और बास डी लिडे क्रीज पर हैं।

10:49 AM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: नीदरलैंड को पहला झटका

नीदरलैंड को चौथे ओवर में सात के स्कोर पर पहला झटका लगा। कसुन रजिथा ने विक्रमजीत सिंह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 13 गेंदों में चार रन बना सके। इसमें एक चौका शामिल है। फिलहाल कोलिन एकरमैन और मैक्स ओ डॉड क्रीज पर हैं। 

10:05 AM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

नीदरलैंड: विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओ'डोड, कॉलिन एकरमैन, बास डी लीडे, साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट, तेजा निदामानुरु, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), लोगान वान बीक, रोल्फ वान डर मर्व, आर्यन दत्त, पॉल वान मीकेरेन।

श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दुशन हेमंता, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा कसुन राजिथा, दिलशान मदुशंका।

09:46 AM, 21-Oct-2023

SL vs NED Live: नीदरलैंड ने टॉस जीता

नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। स्कॉट ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने बताया कि उनकी टीम में तीन खिलाड़ी चोटिल हैं। दुनिथ वेलालगे की जगह दुशन हेमंता खेल रहे हैं।

09:35 AM, 21-Oct-2023

NED vs SL Highlights: वनडे विश्व कप 2023 में श्रीलंका की पहली जीत, नीदरलैंड को पांच विकेट से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 19वें मैच में नीदरलैंड का सामना श्रीलंका से है। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। श्रीलंकाई टीम अब तक जीत का स्वाद नहीं चख सकी है। तीनों मैच में इस टीम को हार मिली है। वहीं, नीदरलैंड ने तीन में से एक मैच जीता है। उसने दक्षिण अफ्रीका जैसी बड़ी टीम को शिकस्त दी थी। नीदरलैंड की टीम आउट ऑफ फॉर्म श्रीलंकाई टीम को कड़ी टक्कर दे सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें