फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 1st Test Day 3 Highlights: सेंचुरियन में एक दिन में सबसे ज्यादा 18 विकेट गिरे, भारत को दक्षिण अफ्रीका पर 146 रन की बढ़त

Tue, 28 Dec 2021 09:50 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सेंचुरियन

खास बातें

India vs South Africa (IND vs SA) 1st Test Day 3: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत ने पहली पारी में 327 रन बनाए। राहुल ने 123 रनों की पारी खेली। भारत के पास अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: पहले टेस्ट का तीसरा दिन शमी के नाम रहा। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:33 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA: तीसरे दिन का खेल खत्म

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 5 रन और नाइटवाचमैन शार्दुल ठाकुर 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मार्को जेन्सन ने दूसरी पारी में भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने मयंक अग्रवाल को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। 

तीसरे दिन का खेल गेंदबाजों के नजरिए से बेहद दिलचस्प रहा। इस दिन कुल मिलाकर 18 विकेट गिरे। यह सेंचुरियन में एक दिन में सबसे ज्यादा विकेट गिरने का रिकॉर्ड है। इससे पहले सेंचुरियन में 2007/08 में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच मैच में 16 विकेट गिरे थे। 18 विकेट में भारत के आठ और दक्षिण अफ्रीका के 10 विकेट शामिल हैं। भारत ने तीसरे दिन अपनी पहली पारी को तीन पर 272 रन से आगे बढ़ाया।

55 रन बनाने में भारतीय टीम के सात विकेट गिर गए और पूरी टीम 327 रन पर सिमट गई। पहली पारी में केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 123 रन बनाए। इसके अलावा अजिंक्य रहाणे ने 48 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। वहीं, कगिसो रबाडा को तीन और मार्को जेन्सन को एक विकेट मिला।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 62.3 ओवर में 197 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से तेम्बा बावुमा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। इसके अलावा क्विंटन डिकॉक ने 34 रन की पारी खेली। वहीं, कगिसो रबाडा ने 25 रन, मार्को जेन्सन 19 रन, कीगन पीटरसन 15 रन, एडेन मार्कराम 13 रन, वियान मुल्डर 12 रन, केशव महाराज 12 रन, रसी वैन डर डुसेन 3 रन और कप्तान डीन एल्गर 1 रन बना सके। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पांच विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला।

भारत ने दूसरी पारी में फिलहाल 1 विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल टीम इंडिया को 146 रन की बढ़त है। अगले दो दिन का खेल बाकी है। ऐसे में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका को कम से कम 300 रन का टारगेट देना चाहेगी। टेस्ट के पांचवें दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

09:27 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: भारतीय टीम को पहला झटका

तेज गेंदबाज मार्को जेन्सन ने दूसरी पारी में भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने मयंक अग्रवाल को पवेलियन भेजा। मयंक 4 रन बना सके। जेन्सन ने उन्हें विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। फिलहाल केएल राहुल और नाइटवाचमैन शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। 

09:07 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: भारतीय ओपनर्स क्रीज पर

भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी की शुरुआत 130/0 से करेगी। 130 रन की बढ़त हासिल करने का टीम को फायदा होगा। फिलहाल भारतीय ओपनर्स केएल राहुल और मयंक अग्रवाल क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
08:53 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका की टीम 197 पर ऑलआउट

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 197 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 130 रन की बढ़त मिल गई है। मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज कुछ नहीं कर सके। शमी ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का छठवां पांच विकेट हॉल है।

वहीं, टेस्ट क्रिकेट में शमी के 200 विकेट भी पूरे हो गए हैं। शार्दुल और बुमराह ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका की ओर से तेम्बा बावुमा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए।

इसके अलावा क्विंटन डिकॉक ने 34 रन की पारी खेली। वहीं, कगिसो रबाडा ने 25 रन, मार्को जेन्सन 19 रन, कीगन पीटरसन 15 रन, एडेन मार्कराम 13 रन, वियान मुल्डर 12 रन, केशव महाराज 12 रन, रसी वैन डर डुसेन 3 रन और कप्तान डीन एल्गर 1 रन बना सके। 

08:51 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: शमी ने झटके पांच विकेट

193 रन पर दक्षिण अफ्रीका को नौवां झटका लगा है। मोहम्मद शमी ने कगिसो रबाडा को पवेलियन भेजा। यह उनका इस टेस्ट में पांचवां विकेट रहा। शमी ने टेस्ट में छठवीं बार पारी में पांच विकेट लिए। इसके साथ ही टेस्ट में उनके 200 विकेट भी पूरे हो गए हैं। वे ऐसा करने वाले 11वें भारतीय गेंदबाज हैं। फिलहाल केशव महाराज और लुंगी एनगिडी क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
07:51 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका

181 रन के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका लगा। शार्दुल ने मार्को जेन्सन को एलबीडब्लू आउट किया। वे 42 गेंदों पर 19 रन बना सके। शार्दुल का यह दूसरा विकेट रहा। वहीं, मोहम्मद शमी अब तक चार विकेट ले चुके हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम अब भी भारत से 146 रन पीछे है। फिलहाल केशव महाराज और कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।

07:45 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: बावुमा पवेलियन लौटे, दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका

144 रन पर दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका लगा। तेम्बा बावुमा 52 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर की 16वीं फिफ्टी रही। उन्हें मोहम्मद शमी ने विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। शमी के लिए यह चौथी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने वियान मुल्डर को भी आउट किया था। फिलहाल मार्को जेन्सन और कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।

07:34 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका छठा झटका

133 रन के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका लगा है। मोहम्मद शमी ने वियान मुल्डर को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वे 33 गेंदों पर 12 रन बना सके। शमी का यह तीसरा विकेट रहा। इससे पहले वह एडेन मार्कराम और कीगन पीटरसन को आउट कर चुके हैं। फिलहाल तेम्बा बावुमा और मार्को जेेन्सन क्रीज पर हैं।

07:10 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA Live Score: बावुमा और मुल़्डर क्रीज पर

चायकाल के बाद का खेल शुरू हो चुका है। तेम्बा बावुमा और वियान मुल्डर क्रीज पर हैं। दोनों ही दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बावुमा 88 गेंदों पर 33 रन और मुल्डर 22 गेंदों पर आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से शमी ने दो विकेट झटके हैं। इसके अलावा बुमराह, सिराज और शार्दुल को एक-एक विकेट मिला।

06:42 PM, 28-Dec-2021

चायकाल तक भारत का स्कोर 109/5

सेंचुरियन टेस्ट के तीसरे दिन चायकाल तक दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट के नुकसान पर 109 रन बना लिए हैं। टेम्बा बावुमा और मुल्डर क्रीज पर मौजूद हैं। हालांकि चाय से कुछ समय पहले शार्दुल ठाकुर ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर दिया। अब भारत एक छोर से विकेट निकाल सकता है। बावुमा और डिकॉक के बीच साझेदारी बहुत खतरनाक दिख रही थी। इन दोनों ने साथ में 72 रन जोड़े थे। वहीं चाय से पहले भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी मैदान में लौट चुके हैं। उम्मीद है कि चाय के बाद भारत अफ्रीकी टीम के छोटे स्कोर पर समेट देगा। 

06:37 PM, 28-Dec-2021

बुमराह मैदान में वापस लौटे

भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी मैदान में वापस लौट चुके हैं। उन्हें इस पारी के 11वें ओवर में चोट लगी थी। ओवर की आखिरी गेंद करते समय रन अप में उनका पैर मुड़ गया था। इसके बाद वो दर्द से कराहते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। अब बुमराह ने मैदान में वापसी की है और अंपायर से पूछा कि वो कितने समय बाद गेंदबाजी कर पाएंगे।  

06:24 PM, 28-Dec-2021

शार्दुल ने डिकॉक को पवेलियन भेजा

शार्दुल ठाकुर ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर अफ्रीका का पांचवां झटका दिया है। उन्होंने 63 गेंदों में 34 रन बनाए। शार्दुल की गेंद ऑफ स्टंप के बाहर जा रही थी, लेकिन डिकॉक ने इससे छेड़खानी की और गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे में लगकर स्टंप में चली गई। शार्दुल ने डिकॉक और बावुमा के बीच साझेदारी तोड़ दी है। इन दोनों ने मिलकर 72 रन जोड़े। डिकॉक के जाने के बाद मुल्डर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

06:20 PM, 28-Dec-2021

भारत ने पहला रिव्यू गंवाया

भारतीय टीम ने अपना पहला रिव्यू गंवा दिया है। सिराज की गेंद बावुमा के पैड पर लगी थी और भारतीय टीम ने जोरदार अपील की थी। अंपायर ने आउट नहीं दिया और भारतीय कप्तान कोहली ने रिव्यू ले लिया। गेंद लेग स्टंप के बाहर जा रही थी और भारत को अपना पहला रिव्यू गंवाना पड़ा। 

06:06 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका का स्कोर 100 के पार

क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा की जोड़ी ने अफ्रीका का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया है। ये दोनों अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। भारत ने 32 रन पर अफ्रीका का चौथा विकेट लिया था। इसके बाद से इन दोनों ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया है। इन दोनों ही बल्लेबाजों के सामने भारत के सभी गेंदबाज बे असर साबित हुए हैं। हालांकि सिराज की कुछ गेंदों ने जरूर डिकॉक को परेशानी में डाला है, लेकिन उन्हें भी विकेट नहीं मिला है। 

05:54 PM, 28-Dec-2021

बावुमा और डिकॉक के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

टेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक के  बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारत ने 32 रन के स्कोर पर अफ्रीका के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था, लेकिन इसके बाद बावुमा और डिकॉक ने न सिर्फ विकेटों पर लगाम लगाई बल्कि रन भी बनाए हैं। अफ्रीका का स्कोर 90 रन हो चुका है और ये दोनों क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों ही बल्लेबाज आसानी से रन बना रहे हैं। डिकॉक ने इस बीच अश्विन की गेंद पर एक छक्का भी लगाया है। 

05:39 PM, 28-Dec-2021

डिकॉक और बावुमा ने मोर्चा संभाला

अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा ने मोर्चा संभाला है। ये दोनों खिलाड़ी अब अच्छी लय में दिख रहे हैं। गेंद पुरानी होने के बाद उसमें ज्यादा हरकत नहीं हो रही है और दोनों बल्लेबाज आसानी से बल्लेबाजी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 66 रन के पार जा चुका है। इस बीच जसप्रीत बुमराह को बाउंड्री लाइन के बाहर टहलते देखा गया। उनकी चोट पर संशय बना हुआ है।

05:15 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका के 50 रन पूरे

क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा ने मिलकर अफ्रीका का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। अफ्रीकी टीम का चौथा विकेट 32 रन पर गिरा था। इसके बाद इन दोनों ने विकेटों के पतन पर रोक लगाई है। हालांकि भारत ने डिकॉक का एक कैच भी छोड़ा है और उनके बल्ले के किनारे में लगकर गेंद गैप में भी गई है। अब तक डिकॉक की तुलना में बावुमा ने ज्यादा बेहतर खेल दिखाया है। 

05:05 PM, 28-Dec-2021

बावुमा ने सिराज के ओवर में दो चौके लगाए

अफ्रीका के चार विकेट गिरने के बाद बावुमा और डिकॉक ने विकेटों के पतन में थोड़ी रोक लगाई है। इस बीच बावुमा ने सिराज के एक ओवर में दो चौके भी लगाए हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह चोटिल होने के कारण मैदान में नहीं हैं। अफ्रीकी बल्लेबाजों को इसका भी फायदा मिला है। शमी के अच्छे स्पेल के बाद अब शार्दुल गेंदबाजी कर रहे हैं। 

04:50 PM, 28-Dec-2021

डिकॉक को पहली गेंद पर जीवनदान

इस पारी में भारत की तरफ से दूसरा कैच छूटा है। दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को पहली गेंद पर जीवनदान मिला। उन्होंने सिराज की बाहर जाती गेंद पर ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर तीसरी स्लिप में खड़े राहुल के पास गई। राहुल के दोनों हाथ गेंद तक पहुंचे, लेकिन वो कैच नहीं पकड़ सके। 

04:43 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका का चौथा विकेट गिरा

मोहम्मद सिराज ने अफ्रीका को चौथा झटका दिया है। उन्होंने वान डर डुसें को रहाणे के हाथों कैच कराया। उन्होंने 18 गेंदों में तीन रन बनाए। सिराज की गेंद पिच पर पड़ने के बाद बाहर की तरफ निकली और वान डर डुसें के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गली में खड़े रहाणे की तरफ गई। यहां रहाणे ने बेहतरीन कैच पकड़ा। 

04:38 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा

मोहम्मद शमी ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने अफ्रीकी ओपनर एडन मारक्रम को क्लीन बोल्ड किया। शमी की यह गेंद एंगल के साथ अंदर की तरफ आ रही थी, लेकिन पिच पर गिरने के बाद थोड़ी सीधी हो गई। मारक्रम ने गेंद की लाइन पर खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले के करीब से निकलकर ऑफ स्टंप पर लगी। इससे पहले शमी की गेंद पर ही मारक्रम को जीवनदान मिला था, लेकिन वो इसका फायदा उठा सके। मारक्रम ने 13 रन बनाए।  

04:35 PM, 28-Dec-2021

बुमराह चोटिल होकर मैदान बाहर गए

अफ्रीका की पारी के 11वें ओवर में जसप्रीत बुमराह को चोट लगी है। ओवर की आखिरी गेंद करते समय उनका पैर मुड़ गया। इसके बाद वो दर्द से कराहते हुए मैदान में ही बैठ गए। फिजियो मैदान में आए और बुमराह उनके साथ मैदान से बाहर जा चुके हैं। हालांकि भारत के लिए राहत की बात यह है कि वो अपने पैरों पर चलते हुए मैदान के बाहर गए हैं। ऐसे में उम्मीद लगाई जा सकती है कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। कुछ समय बाद वो मैदान में वापस आकर गेंदबाजी कर सकते हैं।  

04:24 PM, 28-Dec-2021

मारक्रम का कैच छूटा

शमी की गेंद पर मारक्रम के बल्ले का बाहरी किनारा लगा था, लेकिन ऋषभ पंत ने उनका कैच छोड़ दिया। यह गेंद बाहर की तरफ जा रही थी और डिफेंस में मारक्रम के बल्ले का बाहरी किनारा लगा था। किनारा लगने के बाद गेंद पहली स्लिप में पुजारा की तरफ जा रही थी, लेकिन पंत ने उनके डाइव लगा दी। इस वजह से पुजारा गेंद नहीं देख पाए और उनसे कैच छूट गया। इस समय मारक्रम 13 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। भारत के लिए यह कैच छोड़ना महंगा पड़ सकता है। मारक्रम अफ्रीका के अहम बल्लेबाजों में से एक हैं। 

04:14 PM, 28-Dec-2021

शमी ने अफ्रीका को दूसरा झटका दिया

लंच के बाद मोहम्मद शमी ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने पीटरसन को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 15 रन बनाए। शमी की अंदर आती गेंद पर पीटरसन ने ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी हिस्से में लगकर स्टंप में जा लगी। आउट होने से ठीक पहले उन्होंने चौका लगाया था। फिलहाल एडेन मारक्रम और रासी वन डर डुसें क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:16 PM, 28-Dec-2021

लंच के समय अफ्रीका का स्कोर 21/1

तीसरे दिन लंच के समय अफ्रीका के एडेन मारक्रम और पीटरसन क्रीज पर मौजूद हैं। पहले ओवर में एल्गर के आउट होने के बाद इन दोनों ने लंच तक अपनी टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। अफ्रीका ने 21 रन बना लिए हैं और उसके नौ विकेट सुरक्षित हैं। अफ्रीका अभी भी भारत से 306 रन पीछे है। तीसरे दिन लंच से पहले आठ विकेट गिरे हैं और 76 रन बने हैं। इनमें से सात विकेट पर 55 रन भारत ने बनाए थे, जबकि एक विकेट खोकर 21 रन अफ्रीकी टीम ने बनाए हैं। 

03:06 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका का पहला विकेट गिरा

जसप्रीत बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया है। उन्होंने अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। एल्गर सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई है। उन्होंने पहले छोटी गेंदें की और बाद में एक गेंद आगे डाली, जिसमें एल्गर के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और पंत ने उनका कैच पकड़ा। 

03:03 PM, 28-Dec-2021

अफ्रीका की पहली पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम और डीन एल्गर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत के लिए जसप्रीत तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं। 

02:53 PM, 28-Dec-2021

भारत की पहली पारी 327 रन पर सिमटी

भारत की पहली पारी 327 रन पर सिमट गई है। मार्को जैनसन की गेंद पर जसप्रीत बुमराह चौका लगाने के चक्कर में आउट हुए। विआन मुल्डर ने उनका कैच पकड़ा। बुमराह ने 14 रन बनाए। तीसरे दिन के पहले सेशन में भारत ने 55 रन बनाकर सात विकेट गंवा दिए। इस पारी में लुंगी एनगिडी ने छह, कगिसो रबादा ने तीन और अपना पहले टेस्ट खेल रहे मार्को जैनसन ने एक विकेट लिया। भारत के लिए लोकेश राहुल ने सबसे ज्यादा 123 रन बनाए। उनके अलावा मयंक ने 60, रहाणे ने 48 और कप्तान कोहली ने 35 रन बनाए। तीसरे दिन जसप्रीत बुमराह के अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। 

02:29 PM, 28-Dec-2021

भारत का नौवां विकेट गिरा

लुंगी एनगिडी ने भारत को नौवां झटका दिया है। उन्होंने शमी को डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया। एनगिडी की गेंद पर शमी बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर कीपर के दस्तानों में चली गई। शमी ने आठ रन बनाए। एनगिडी इस पारी में छह विकेट ले चुके हैं। अब सिराज और बुमराह क्रीज पर मौजूद हैं। इस पारी में अफ्रीकी गेंदबाजों ने 11 नो गेंद की हैं और 19 अतिरिक्त रन दिए हैं। खासकर रबादा ने इस पारी में बहुत ज्यादा नो गेंद की हैं। 

02:24 PM, 28-Dec-2021

शार्दुल ठाकुर चार रन बनाकर आउट, भारत का आठवां विकेट गिरा

शार्दुल ठाकुर चार रन बनाकर पवेलियन लौटे, रबादा ने उनका विकेट लिया। शार्दुल ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर डिकॉक के पास चली गई। तीसरे दिन सुबह भारत ने 26 रन बनाकर अपने पांच विकेट गंवा दिए हैं। 

02:16 PM, 28-Dec-2021

भारत का सातवां विकेट गिरा, पंत आउट

ऋषभ पंत लुंगी एनगिडी का पांचवां शिकार बने। एनगिडी की गेंद को पंत लेग साइड में खेलना चाह रहे थे, लेकिन अतिरिक्त उछाल की वजह से गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगी और रसी वन डर दुसें ने आसान कैच पकड़ा। पंत ने 13 गेंद में आठ रन बनाए। दूसरे दिन हुई बारिश के बाद सेंचुरियन की पिच में तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और गति मिल रही है। इसी वजह से नौ ओवर के अंदर भारत के चार विकेट गिर चुके हैं। एनगिडी ने दूसरी बार भारत के खिलाफ पांच विकेट लिए हैं। इससे पहले भी उन्होंने इसी मैदान में भारत के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। 

02:11 PM, 28-Dec-2021

भारत का छठा विकेट गिरा

तीसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही है। आठ ओवर के अंदर भारत ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। राहुल और रहाणे के बाद अश्विन भी चार बनाकर आउट हुए। रबादा ने अश्विन को केशव महाराज के हाथों कैच कराया। अब पंत के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं।

01:55 PM, 28-Dec-2021

राहुल के बाद रहाणे भी पवेलियन लौटे

लोकेश राहुल के बाद अजिंक्य रहाणे भी पवेलियन लौट चुके हैं। लुंगी एनगिडी की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक न उनका कैच पकड़ा। रहाणे ने 48 रन बनाए। एनगिडी की छोटी गेंद पर रहाणे कट शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन अतिरिक्त उछाल की वजह से गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर के पास चली गई। एगनिडी इस पारी में अब तक चार विकेट ले चुके हैं। अफ्रीका को आज दोनों विकेट छोटी गेंद पर मिले हैं।

अब भारत के दो नए बल्लेबाज क्रीज पर आ चुके हैं। रहाणे ने आज आठ और राहुल ने एक रन बनाया। वहीं अफ्रीका ने भारत के दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर दिया है। फिलहाल रविचंद्रन अश्विन और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। 

01:49 PM, 28-Dec-2021

लोकेश राहुल 123 रन बनाकर आउट

भारत का चौथा विकेट गिर चुका है। लोकेश राहुल 123 रन बनाकर कगिसो राबादा की गेंद पर कैच आउट हुए। उनका कैच विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने पकड़ा। रबादा की छोटी गेंद पर राहुल ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स में लगकर कीपर के दस्तानों में चली गई। रबादा ने इस गेंद में राहुल को गति और उछाल से छकाया। तीसरे दिन की शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाज लय में नहीं दिखे हैं। राहुल के अलावा रहाणे ने भी कुछ गलत शॉट खेले हैं। 

01:32 PM, 28-Dec-2021

तीसरे दिन सेंचुरियन का आसमान साफ

सेंचुरियन में टेस्ट मैच के तीसरे दिन आसमान साफ है। लोकेश राहुल और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर आ चुके हैं। ये दोनों आज बड़ी साझेदारी करने की कोशिश करेंगे। मैच का दूसरा दिन बारिश की वजह से धुल गया था। इसकी भारपाई करने के लिए आज आठ ओवर अतिरिक्त फेके जाएंगे। आज 98 ओवर का खेल होगा। दिन का पहला और तीसरा सेशन दो-दो घंटे का होगा, जबकि दूसरा सेशन डेढ़ घंटे का होगा। 

 

12:57 PM, 28-Dec-2021

इस मैच में भारत की सलामी जोड़ी मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने शानदार शुरुआत की। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। इसके  बाद मयंक 60 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, उनके तुरंत बाद चेतेश्वर पुजारा शून्य पर आउट हुए। पुजारा 11वीं बार टेस्ट में शून्य पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने राहुल के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी हुई। 

विराट 94 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। एनगिडी ने विराट कोहली में टेस्ट में तीसरी बार आउट किया। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और केएल राहुल ने भारत का कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीनों विकेट झटके।

रहाणे और राहुल आगे बढ़ाएंगे पारी
अजिंक्य रहाणे ने अब तक राहुल का शानदार साथ निभाया है। वह 81 गेंदों पर 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। राहुल फिलहाल 122 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही थी। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी निभाई। यह दक्षिण अफ्रीका में भारत की ओर से 10वीं सबसे बड़ी साझेदारी है।

12:42 PM, 28-Dec-2021

IND vs SA 1st Test Day 3 Highlights: सेंचुरियन में एक दिन में सबसे ज्यादा 18 विकेट गिरे, भारत को दक्षिण अफ्रीका पर 146 रन की बढ़त

Live Score, India vs South Africa (IND vs SA) 1st Test Day 3: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहले दिन तीन विकेट पर 272 रन बनाए थे। केएल राहुल के शतक से टीम इंडिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। बारिश के कारण दूसरे दिन कोई खेल नहीं हुआ। तीसरे दिन मौसम साफ रहने के आसार हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें