इंग्लैंड ने तीसरे टी20 मैच में भारत को 26 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। बुधवार को राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेहमानों ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर सिर्फ 145 रन ही बना सकी। इस तरह इंग्लैंड ने इस सीरीज में पहला मुकाबला अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। अब दोनों टीमें शुक्रवार (31 जनवरी) को पुणे में एक बार फिर आमने-सामने होंगी जिसमें टीम इंडिया सीरीज में अजेय बढ़त बनाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
ताश के पत्तों की तरह बिखरा भारत का बल्लेबाजी क्रम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। पहला झटका संजू सैमसन के रूप में लगा, उन्हें जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए, जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 24 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस मुकाबले में भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली। उन्होंने एक चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 14, तिलक वर्मा ने 18, वाशिंगटन सुंदर ने छह, अक्षर पटेल ने 15, ध्रुव जुरेल ने दो, मोहम्मद शमी ने सात, रवि बिश्नोई ने चार* और वरुण चक्रवर्ती ने एक* रन बनाया। इंग्लैंड की तरफ से जैमी ओवरटन ने तीन विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा मार्क वुड और आदिल रशीद को एक-एक सफलता मिली।
भारत को पांचवां झटका ओवरटन ने दिया। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर को बटलर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ छह रन बना सके। सातवें नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। टीम को जीत के लिए 46 गेंदों में 87 रनों की जरूरत है।
भारत को चौथा झटका तिलक वर्मा के रूप में लगा। उन्हें आदिल रशीद ने अपना शिकार बनाया। वह 14 गेंदों में 18 रन बनाकर लौटे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वाशिंगटन सुंदर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं।
पावरप्ले में भारत ने तीन विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा 24 और सूर्यकुमार यादव 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिलहाल क्रीज पर तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या मौजूद हैं।
मार्क वुड ने भारत को तीसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में दिया। वह सात गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को दूसरा झटका ब्रायडन कार्स ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को जोफ्रा ऑर्चर के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं। 3.4 ओवर के बाद टीम का स्कोर 31/2 है।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। सैमसन छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में प्रभावित नहीं कर सके हैं और इस मैच में भी उनका बल्ला नहीं चला।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। प्रशंसकों को दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं, इंग्लैंड की तरफ से पहला ओवर जोफ्रा ऑर्चर फेंक रहे हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। उनके लिए बेन डकेत ने 51, जोस बटलर ने 24 और लियाम लिविंगस्टोन ने 43 रन बनाए। भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने पांच विकेट चटकाए जबकि हार्दिक पांड्या को दो विकेट मिले। इसके अलावा रवि बिश्नोई और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। इस मुकाबले में इंग्लैंड की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट महज पांच रन बनाकर दूसरे ओवर में ही आउट हो गए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। इसके बाद मोर्चा बेन डकेत और जोस बटलर ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी हुई, जिसे वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान को सैमसन के हाथों कैच आउट कराया। वह एक चौके और इतने ही छक्के की मदद से 24 रन बनाकर लौटे। वहीं, डकेत 26 गेंदों में अपने करियर का दूसरा टी20 अर्धशतक पूरा करने में कामयाब हुए। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और दो छक्के निकले। भारत के खिलाफ हैरी ब्रूक ने आठ, लियाम लिविंगस्टोन ने 43, जैमी स्मिथ ने छह, जैमी ओवरटन ने शून्य, ब्रायडन कार्स ने तीन, जोफ्रा ऑर्चर ने शून्य रन बनाए। वहीं, आदिल रशीद और मार्क वुड 10-10 रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड को नौवां झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को आउट किया। वह 24 गेंदों में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए आदिल रशीद मौजूद हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 151/9 है।
भारतीय गेंदबाजों के आगे इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखरता दिख रहा है। वरुण चक्रवर्ती ने अपने चार ओवर के स्पेल में 24 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए। उन्होंने जोस बटलर, जैमी स्मिथ, जैमी ओवरटन, ब्रायडन कार्स और जोफ्रा आर्चर को अपना शिकार बनाया। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 146/8 है।
14वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने लगातार दो विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया है। जैमी स्मिथ(6) के बाद जैमी ओवरटन (0) भी पवेलियन लौट गए। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ब्रायडन कार्स उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर मौजूद हैं। 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 116/6 है।
इंग्लैंड को चौथा झटका हैरी ब्रूक के रूप में लगा। उन्हें रवि बिश्नोई ने अपना शिकार बनाया और बोल्ड किया। वह सिर्फ आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जैमी स्मिथ उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 108/4 है।
इंग्लैंड को तीसरा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने फॉर्म में चल रहे बेन डकेत को अपना शिकार बनाया। वह 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 26 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा पचासा पूरा किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हैरी ब्रूक क्रीज पर मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 87/3 है।
इंग्लैंड को दूसरा झटका कप्तान जोस बटलर के रूप में लगा। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। वह 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने बेन डकेत के साथ 76 रनों की साझेदारी निभाई।
सात रन के स्कोर पर पहला विकेट खोने के बाद इंग्लैंड ने अच्छी वापसी करते हुए पावरप्ले में 50+ रन बना लिए हैं। शुरुआती छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 52/1 है। बेन डकेत 39 और जोस बटलर 8 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
दूसरे ओवर में पहला विकेट खोने के बाद इंग्लैंड वापसी की कोशिश कर रही है। फिल सॉल्ट और बेन डकेट के बीच 27 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। चार ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 34/1 है।
इंग्लैंड को पहला झटका सात रन के स्कोर पर लगा। हार्दिक पांड्या ने फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान जोस बटलर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए बेन डकेत क्रीज पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड की पारी शुरू हो चुकी है। फिल सॉल्ट और बेन डकेत क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की तरफ से पहला ओवर मोहम्मद शमी फेंक रहे हैं। तेज गेंदबाज 436 दिन बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी कर रहे हैं।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ध्रुव जुरेल, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेत, जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जैमी स्मिथ, जैमी ओवरटन, ब्राइडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।
तीसरे टी20 मैच में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग 11 में एक बदलाव करते हुए अर्शदीप सिंह को आराम देने का फैसला किया है और उनकी जगह अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी को अंतिम एकादश का हिस्सा बनाया है।
भारत के लिए अबतक दोनों ही मैचों में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर खतरनाक साबित हुए हैं। बटलर ने पहले मैच में अर्धशतक लगाया था और फिर दूसरे मैच में भी ताबड़तोड़ पारी खेली थी। बटलर हालांकि, चेन्नई में अर्धशतक लगाने से चूक गए थे, लेकिन उनकी पारी के दम पर ही टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही थी। इंग्लैंड की तरफ से अभी तक बल्लेबाजी में केवल कप्तान जोस बटलर ही अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। उसके अन्य बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी के सामने रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों के सामने बटलर को रोकने की चुनौती होगी।
भारत ने अभी तक आठ बल्लेबाजों के साथ उतरने को प्राथमिकता दी है क्योंकि बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती ने अच्छी गेंदबाजी की है। राजकोट की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है और उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। दक्षिण अफ्रीका में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन पिछले दो मैच में जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट पिच गेंद पर आउट हुए। उन्हें जल्द से जल्द इस कमजोरी से पार पाना होगा, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव फॉर्म में लौटना चाहेंगे।
रिंकू सिंह और नीतीश रेड्डी चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह शिवम दुबे और रमनदीप सिंह को टीम में जगह दी गई थी। लेकिन सवाल यह उठता है कि इन दोनों में से किसे प्लेइंग-11 में जगह दी जाएगी? दुबे को टी20 विश्व कप के दौरान बीच के ओवरों में स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और वह आदिल राशिद की लेग स्पिन के सामने कारगर साबित हो सकते हैं। हालांकि, रमनदीप मध्यम गति की तेज गेंदबाजी कर सकते हैं। टीम में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन संदर, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती के रूप में चार स्पिनर हैं, ऐसे में रमनदीप तेज गेंदबाजी में एक विकल्प हो सकते हैं। दूसरे मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा से भी गेंद कराई थी। अगर रमनदीप को प्लेइंग-11 में मौका मिला तो जरूरत पड़ने पर वह गेंदबाजी कर सकते हैं।
शमी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। टीम प्रबंधन उन्हें लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है, इसलिए शमी की वापसी को लेकर जल्दबाजी में नहीं है। शमी अगर फिट रहे तो उन्हें प्लेइंग-11 में लिया जाएगा। हालांकि, वह तीसरे टी20 के लिए टीम में होंगे इसकी संभावना कम है। ऐसे में तेज गेंदबाजी आक्रामण का जिम्मा एक बार फिर अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या पर ही रहेगा। भारत ने पहले दो मैच में अर्शदीप सिंह के रूप में एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज उतारा था। हार्दिक पांड्या ने उनके साथ नई गेंद की जिम्मेदारी संभाली थी। भारत के इस संयोजन में बदलाव करने की संभावना नहीं है।
लगातार दो मैच जीतकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले चुकी भारतीय टीम की नजरें राजकोट में मंगलवार को होने वाले तीसरे मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने की होगी। पहले दोनों ही मैचों में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका था। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को दोनों ही मैचों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली और उनकी वापसी एक बार फिर फिटनेस पर ही निर्भर करेगी।
Today Cricket Live Score IND vs ENG 3rd T20i 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम सीरीज में अजेय बढ़त बनाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। पिछले दो मैचों में जीत के साथ टीम इंडिया फिलहाल इस सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है।