फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs SRH Highlights: हैदराबाद ने मुंबई को छह विकेट से हराया, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक

Wed, 29 Apr 2026 11:38 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
हेनरिक क्लासेन - फोटो : IANS
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:37 PM, 29-Apr-2026

हैदराबाद ने मुंबई को हराया

सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने रेयान रिकेल्टन की नाबाद शतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए ट्रेविस हेड ने 76 और हेनरिक क्लासेन ने नाबाद 65 रन बनाए। 
 

11:24 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद को चौथा झटका

हैदराबाद को चौथा झटका बोल्ट ने दिया। उन्होंने नीतीश रेड्डी को अपना शिकार बनाया। इससे पहले क्लासेन ने अर्धशतक जड़ा। फिलहाल वह क्रीज पर डटे हैं और उनका साथ देने सलिल अरोड़ा आए हैं।

10:46 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद को तीसरा झटका

हैदराबाद को तीसरा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने ट्रेविस हेड को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वह 30 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए। अब क्लासेन का साथ देने नीतीश कुमार रेड्डी आए हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट पर 134 रन है।

विज्ञापन
10:39 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: ईशान किशन भी आउट

हैदराबाद को दूसरा झटका भी गजनफर ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल पाए और पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे। अब ट्रेविस हेड का साथ देने हेनरिक क्लासेन आए हैं।

10:37 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: अर्धशतक से चूके अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा अर्धशतक से चूक गए। उन्हें गजनफर ने बोल्ट के हाथों कैच कराया। वह 24 गेंदों में 45 रन बनाकर लौटे। उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी निभाई। अब हेड का साथ देने ईशान किशन आए हैं।

विज्ञापन
10:26 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: ट्रेविस हेड का 20 गेंदों में अर्धशतक

ट्रेविस हेड ने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अभिषेक शर्मा भी फिफ्टी के करीब पहुंच गए हैं। 

09:54 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद की पारी शुरू

हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं।

09:35 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई ने 243/5 रन बनाए

मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 244 रनों का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने रेयान रिकेल्टन की 123 रनों की नाबाद पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन बनाए। 

09:19 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई को चौथा झटका

मुंबई को चौथा झटका साकिब हुसैन ने दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या को क्लासेन के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। अब रेयान रिकेल्टन का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।

08:56 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: रेयान रिकेल्टन का 44 गेंदों में शतक

मुंबई के विस्फोटक ओपनर रेयान रिकेल्टन ने 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। फिलहाल उनका साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं। मुंबई ने तीन विकेट पर 180 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

08:47 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई को तीसरा झटका

मुंबई को तीसरा झटका प्रफुल्ल हिंगे ने दिया। उन्होंने हर्ष दुबे के हाथों नमन धीर को कैच कराया। वह 17 गेंदों में 22 रन बना पाए। अब हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 

08:44 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: 13 ओवर का खेल पूरा

13 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। रेयान रिकेल्टन 86 और नमन धीर 21 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी भी हो चुकी है। मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 163 रन है। 

08:21 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई को दूसरा झटका

मुंबई को दूसरा झटका ईशान मलिंगा ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा के हाथों सूर्यकुमार यादव को कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। अब रेयान रिकेल्टन का साथ देने नमन धीर आए हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 113 रन है।

08:12 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई को पहला झटका

मुंबई को पहला झटका नीतीश रेड्डी ने दिया। उन्होंने ईशान किशन के हाथों विल जैक्स को कैच कराया। वह 22 गेंदों में 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जैक्स ने रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी निभाई। अब रेयान का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं। 

08:06 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई का स्कोर 80 के पार

विल जैक्स और रेयान रिकेल्टन ने मुंबई को धमाकेदार शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है।

07:46 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई की पारी जारी

मुंबई की पारी जारी है। विल जैक्स और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:07 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: मयंक रावत, रघु शर्मा, शार्दुल ठाकुर, कृष भगत, राज बावा।

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, ईशान मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: आर स्मरण, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल।

07:01 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई ने जीता टॉस, बल्लेबाजी चुनी

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि क्विंटन डिकॉक चोट की वजह से इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे। रेयान रिकेल्टन और रॉबिन मिंज को मौका मिला है। रोहित शर्मा की वापसी आज भी नहीं हो पाई है। वहीं, सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि हर्ष दुबे को शिवांग कुमार की जगह मौका मिला है।

06:31 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, जसप्रीत बुमराह, कृष भगत, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार। 

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिच क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा।

06:31 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: सनराइजर्स का मजबूत पक्ष

  • सनराइजर्स का मजबूत पक्ष बल्लेबाजी है, लेकिन नियमित कप्तान पैट कमिंस की वापसी के बाद उनका गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत हुआ है।
  • अभिषेक शर्मा भी टी20 विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद फॉर्म में लौट आए हैं और वह इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
  • ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने भी बल्लेबाजी ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन ट्रेविस हेड से टीम को और अधिक उम्मीदें होंगी, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

06:30 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: क्या जैक्स को मिलेगा मौका?

चोटिल मिचेल सैंटनर की जगह केशव महाराज को टीम में शामिल किए जाने के बाद यह देखना बाकी है कि विल जैक्स को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं। जैक्स ने टी20 विश्व कप में इसी तरह की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया था। उम्मीद है कि मुंबई प्रबंधन सनराइजर्स के खिलाफ जैक्स को खेलने का मौका देगा। 

06:30 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: क्या है मुंबई की चिंता?

  • रोहित शर्मा 12 अप्रैल से हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) चोट के कारण मैदान से बाहर हैं, हालांकि उन्होंने नेट सत्र में कई बार बल्लेबाजी की है। 
  • टीम प्रबंधन के अनुसार, उनके खेलने पर फैसला मैच से पहले टॉस के समय लिया जाएगा।  
  • मुंबई की टीम की चिंता भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के चार खिलाड़ियों में शामिल कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव का खराब प्रदर्शन है। 
  • तिलक वर्मा के गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल में पहले शतक से मुंबई लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला तोड़ने में सफल रहा था लेकिन चेन्नई से मिली करारी हार ने एक बार फिर उसके लड़खड़ाते अभियान को और भी मुश्किल में डाल दिया।
  • मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। वह अभी तक केवल दो विकेट ले पाए हैं।

06:29 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Live Score: मुंबई की हैदराबाद से टक्कर

सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच बुधवार को आईपीएल 2026 का मुकाबला खेला जाएगा। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को अगर अपनी किस्मत पलटनी है तो इस महत्वपूर्ण मुकाबले में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इस मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा प्लेइंग-11 में शामिल होते हैं या नहीं। 

06:18 PM, 29-Apr-2026

MI vs SRH Highlights: हैदराबाद ने मुंबई को छह विकेट से हराया, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक

IPL Live Cricket Score, SRH vs MI Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का 41वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मुंबई जीत की पटरी पर लौटने के लिए जोर लगाएगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें