फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs SRH Highlights: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराया, दर्ज की तीसरी जीत

Thu, 17 Apr 2025 11:20 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

MI vs SRH 2025: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई। हैदराबाद ने पिछले मैच में दमदार बल्लेबाजी की मदद से जीत हासिल की थी, लेकिन मुंबई के खिलाफ चुनौती पेश नहीं कर सकी।
विज्ञापन
मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई को मिली जीत

गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराया। सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 18.1 ओवर में छह विकेट पर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए कोई बल्लेबाज बड़ी पारी तो नहीं खेल सका, लेकिन टुकड़ों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और जीत हासिल करने में सफल रहे। यह मुंबई की सात मैचों में तीसरी जीत है और वह छह अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, सनराइजर्स को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वह चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित शर्मा ने रियान रिक्लेटन के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन रोहित एक बार फिर बड़ी पारी खेले बिना 26 रन बनाकर आउट हो गए। रिक्लेटन बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन एक बार जीवनदान मिलने के बावजूद इसका फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर सूर्यकुमार यादव भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। 

18वें ओवर की शुरुआत में मुंबई को जीत के लिए दो रन चाहिए थे और पहली गेंद पर तिलक ने सिंगल लिया, लेकिन अगली गेंद पर हार्दिक आउट हो गए। हार्दिक ने 21 रन बनाए। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे नमन धीर पांचवीं गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए और मुंबई की जीत का इंतजार बढ़ गया। 19वें ओवर की पहली गेंद पर तिलक ने चौका लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। तिलक 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट झटके। उनके अलावा ईशान मलिंगा को दो और हर्षल पटेल को एक विकेट मिला। 

10:53 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: विल जैक्स आउट हुए

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए विल जैक्स को आउट किया और मुंबई को चौथा झटका दिया। कमिंस ने जीशान अंसारी के हाथों जैक्स को कैच कराया जो 26 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। 

10:43 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: सूर्यकुमार आउट हुए

पैट कमिंस ने सूर्यकुमार यादव को आउट कर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया। सूर्यकुमार यादव अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कमिंस ने उन्हें अपना शिकार बनाया। सूर्यकुमार 15 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
10:38 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई का स्कोर 110 के पार

विल जैक्स और सूर्यकुमार कुमार यादव की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई का स्कोर 110 रन के पार पहुंच गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई को दो झटके दिए, लेकिन जैक्स और सूर्यकुमार ने तेज बल्लेबाजी की जिससे टीम का स्कोर 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 117 रन हो गया है। 

10:21 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई को लगा दूसरा झटका

हर्षल पटेल ने रियान रिक्लेटन को आउट कर मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका दिया। रिक्लेटन को जीवनदान मिला था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। रिक्लेटन 23 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने आठ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 70 रन बनाए हैं।  

विज्ञापन
10:11 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: रिक्लेटन को मिला जीवनदान

मुंबई इंडियंस को उस वक्त राहत मिली जब रियान रिक्लेटन को आउट होने के बाद भी जीवनदान मिला। दरअसल, गेंद के बल्ले से हिट होने से पहले ही क्लासेन का ग्लव्स स्टंप के सामने आ गया था जिस कारण इसे नो बॉल करार दिया गया। 

10:04 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई का स्कोर 50 के पार

मुंबई इंडियंस का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले के दौरान मुंबई को रोहित के रूप में एक झटका दिया, लेकिन रियान रिक्लेटन और विल जैक्स ने इस दौरान हैदराबाद को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। पावरप्ले समाप्त होने के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 55 रन है। उसे अब जीत के लिए 84 गेंदों पर 108 रन बनाने हैं। 

09:51 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई को लगा पहला झटका

तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया है। रोहित इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे, लेकिन 16 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर आउट हो गए। 

09:49 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई का स्कोर 20 के पार

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रोहित शर्मा और रियान रिक्लेटन ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई है। टीम का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 24 रन हो गया है। 

09:37 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई की पारी शुरू

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर मोहम्मद शमी फेंक रहे हैं।

09:17 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: मुंबई की पारी समाप्त

अंतिम ओवर में अनिकेत वर्मा की शानदार बल्लेबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा है। मुंबई इंडियंस ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था। हैदराबाद की बल्लेबाजी धीमी रही, लेकिन अनिकेत ने 20वें ओवर में हार्दिक पांड्या के ओवर से 22 रन निकाले जिससे सनराइजर्स हैदराबाद 20 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाने में सफल रही। हैदराबाद के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर सात चौकों की मदद से सर्वाधिक 40 रन बनाए। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक और ट्रेविस हेड ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पावरप्ले तक मुंबई को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी और पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। हार्दिक पांड्या ने अभिषेक को आउट कर हैदराबाद को पहला झटका दिया। इसके बाद हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई। ईशान किशन इस मैच में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और दो रन बनाकर आउट हुए। ट्रेविस हेड को एक बार जीवनदान मिला, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके और 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। 

नीतीश कुमार रेड्डी भी 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बाद में हेनरिक क्लासेन ने हाथ खोले और टीम का स्कोर 130 के पार पहुंचाया, लेकिन उन्हें बुमराह ने बोल्ड कर पवेलियन भेजा। क्लासेन ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। फिर अनिकेत वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे टीम का स्कोर 160 के पार पहुंचने में सफल रहा। अनिकेत आठ गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 18 रन और कप्तान पैट कमिंस चार गेंदों पर एक छक्के के सहारे आठ रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई के लिए विल जैक्स ने दो विकेट लिए, जबकि ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। 

09:07 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: क्लासेन पवेलियन लौटे

जसप्रीत बुमराह ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। क्लासेन ने सनराइजर्स की रन गति तेज करने की कोशिश की थी, लेकिन वह बुमराह की गेंद पर बोल्ड हो गए। क्लासेन 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। 

09:00 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: नीतीश रेड्डी पवेलियन लौटे

ट्रेंट बोल्ट ने नीतीश रेड्डी को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका दिया। नीतीश 21 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स हैदराबाद ने 17 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 115 रन बनाए हैं। 

08:43 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद का स्कोर 90 के पार

सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 90 रन के पार पहुंच गया है। मुंबई ने हैदराबाद को तीन झटके दिए हैं जिससे उसकी पारी थोड़ी धीमी पड़ गई है। 14 ओवर की समाप्ति तक हैदराबाद ने तीन विकेट पर 95 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर नीतीश रेड्डी और हेनरिच क्लासेन मौजूद हैं। 

08:31 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: ट्रेविस हेड पवेलियन लौटे

विल जैक्स ने ट्रेविस हेड को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका दिया है। हैदराबाद की पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई है और उसने 82 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। हेड 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले हेड हार्दिक की गेंद पर ऐसे ही कैच दे बैठे थे, लेकिन उन्हें जीवनदान मिला क्योंकि वह नो बॉल करार दी गई। 

08:15 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद को लगा दूसरा झटका

विल जैक्स ने ईशान किशन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरा झटका दिया है। ईशान दो रन बनाकर आउट हुए। ट्रेविस हेड हालांकि, क्रीज पर मौजूद हैं। हेड ने इस दौरान आईपीएल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। वह कम गेंदों पर ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। 

08:10 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: अभिषेक शर्मा आउट हुए

हार्दिक पांड्या ने अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया है। अभिषेक ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़ लिए थे। अभिषेक हालांकि, शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। अभिषेक 28 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। 

08:00 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: पावरप्ले समाप्त

अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टीम को सधी शुरुआत दिलाई है। सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर पावरप्ले समाप्त होने के बाद बिना किसी नुकसान के 46 रन है। 

07:47 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद की सधी शुरुआत

मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने सधी शुरुआत की है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद सनराइजर्स का स्कोर बिना किसी नुकसान के 22 रन है। क्रीज पर अभिषेक शर्मा के साथ ट्रेविस हेड मौजूद हैं। 

07:30 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live Score: हैदराबाद की पारी शुरू

हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।

07:06 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, मोहम्मद शमी, ईशान मलिंगा। 
इम्पैक्ट प्लेयरः अभिनव मनोहर, जयदेव उनादकट, सचिन बेबी, राहुल चाहर, वियान मुल्डर। 

मुंबई इंडियंसः रियान रिक्लेटन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, करन शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयरः रोहित शर्मा, कॉबिन बॉश, अश्विनी कुमार, राज बावा, रॉबिन मिंज।
 

07:02 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live: मुंबई ने जीता टॉस

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

06:39 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live: रोहित की फॉर्म चिंता का विषय

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म भी चिंता का विषय बनी हुई है। रोहित ने अभी तक आक्रामक रवैया अपनाया है लेकिन उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करना पड़ा है। रोहित अभी तक पांच मैच में 11.20 की औसत से केवल 56 रन बना पाए हैं। मुंबई की बल्लेबाजी कुछ हद तक सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पर निर्भर रही है और अगर टीम को अपनी स्थिति में सुधार करना है तो रोहित को बड़ी पारी खेलनी होगी।

06:38 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Live: बुमराह नहीं हासिल कर पाए हैं पुरानी लय

चोटिल होने के कारण तीन महीने बाद वापसी करने वाले बुमराह अभी तक अपनी वैसी लय हासिल नहीं कर पाए हैं जिसके कारण उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक तेज गेंदबाज माना जाता है। मुंबई हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के आक्रामक बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए अपने स्टार तेज गेंदबाज बुमराह से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। मुंबई अभी तक केवल दो मैच जीत पाया है और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। दूसरी ओर, हैदराबाद की टीम ने अब तक छह मैच खेले हैं और सिर्फ दो में उसे जीत मिली है। इस तरह वह तालिका में नौवें स्थान पर है। 

06:35 PM, 17-Apr-2025

MI vs SRH Highlights: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराया, दर्ज की तीसरी जीत

IPL Live Cricket Score, MI vs SRH 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है जिसके बल्लेबाज आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। मुंबई के लिए रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय है और उसे उम्मीद होगी कि हिटमैन जल्द पुराने रंग में लौट आएं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें