मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव के शतक की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। एमआई की इस जीत में तिलक वर्मा ने भी अहम योगदान दिया। दोनों के बीच 143 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद के गेंदबाजों को संघर्ष करते देखा गया। मुंबई के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर पिटाई की।
आईपीएल 2024 के 55वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 17.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 174 रन बनाए और सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। मुंबई इस जीत के साथ अंक तालिका में 10वें से नौवें पायदान पर पहुंच गई है। अब टीम के खाते में आठ अंक हो गए हैं। वहीं, नेट रनरेट -0.212 का हो गया है। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बरकरार है।
मुंबई इंडियंस की इस मैच में झटके के साथ शुरुआत हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे ईशान किशन 26 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद टीम को 31 रन के स्कोर पर दो झटे लगे। कमिंस ने रोहित को आउट किया। इसके बाद पांचवें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने नमन धीर को आउट किया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने संभाला। दोनों ने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। सू्र्या ने इस मुकाबले में 51 गेंदों का सामना किया और 102 रन बनाए। वहीं, तिलक वर्मा ने 37 रनों की पारी खेली। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर, जानसेन और कमिंस ने एक-एक विकेट चटकाया।
मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव विस्फोटक प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने 30 गेंदों में अर्धशतक लगाया है। इस सीजन में यह उनके बल्ले से चौथा अर्धशतक निकला है। वहीं, उनके करियर का 34वां पचासा है। उनके साथ बल्लेबाज तिलक वर्मा भी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों के बीच 88* रनों की साझेदारी हो चुकी है। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 119/3 है।
31 रन के स्कोर पर तीन विकेट खो चुकी मुंबई को सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का सहारा मिला है। दोनों के बीच 23 गेंदों में 48 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सूर्या 32 और तिलक 15 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 79/3 है। टीम को जीत के लिए 72 गेंदों में 95 रनों की जरूरत है।
मुंबई को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। उन्हें पैट कमिंस ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 31/2 है।
मुंबई को पहला झटका मार्को जानसेन ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को 26 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ नौ रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नमन धीर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। हैदराबाद को पहला झटका बुमराह ने दिया। उन्होंने अभिषेक को आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। तीसरा झटका मयंक अग्रवाल के रूप में लगा। वह सिर्फ पांच रन बना सके। इसके बाद हेड को पीयूष चावला ने पवेलियन भेजा। सलामी बल्लेबाज ने सात चौकों और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाए। इस मैच में नीतिश 20, क्लासेन दो, जानसेन 17, शाहबाज 10, अब्दुल तीन रन बना सके। वहीं, कमिंस 35 और सनवीर आठ रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए हार्दिक पांड्या और पीयूष चावला ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज और जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली।
हैदराबाद को आठवां झटका पीयूष चावला ने दिया। उन्होंने अब्दुल समद को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सनवीर सिंह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए पैट कमिंस मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 136/8 है।
मार्को जानसेन 17 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने बोल्ड किया। 16वें ओवर में पांड्या ने यह दूसरा विकेट लिया। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 125/7 है।
हार्दिक पांड्या ने सनराइजर्स हैदराबाद को छठा झटका दिया। उन्होंने शाहबाज अहमद को 120 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ 10 रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अब्दुल समद उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए मार्को जानसन क्रीज पर मौजूद हैं।
हैदराबाद के लिए पीयूष चावला मुसीबत बने हुए हैं। पहले उन्होंने ट्रेविस हेड (48) का विकेट चटकाया। अब 38 वर्षीय गेंदबाज ने हेनरिक क्लासेन को बोल्ड कर दिया। वह सिर्फ दो रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शाहबाज अहमद उतरे हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 101/5 है।
हैदराबाद का चौथा विकेट 12वें ओवर में गिरा। हार्दिक पांड्या ने नितीश रेड्डी को अंशुल कंबोज के हाथों कैच कराया। इस मैच में वह चौकों की मदद से 20 रन बनाने में कामयाब हुए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्को जॉनसन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हेनरिक क्लासेन क्रीज पर मौजूद हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 96/4 है।
हैदराबाद को तीसरा झटका पीयूष चावला ने दिया। उन्होंने ट्रेविस हेड को 90 रन के स्कोर पर आउट किया। इस मैच में सलामी बल्लेबाज 48 रन बना सके। वह दो रन से इस सीजन का चौथा पचासा लगाने से चूक गए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 92/3 है।
इस मैच में अंशुल की पहले विकेट की तलाश खत्म हो गई। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में मयंक अग्रवाल को बोल्ड किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे मयंक सिर्फ पांच रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नितीश कुमार रेड्डी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ट्रेविस हेड (45) मौजूद हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 71/2 है।
हैदराबाद को पहला झटका जसप्रीत बुमराह ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज और हेड के बीच पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। शर्मा 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसी के साथ पावरप्ले भी समाप्त हो गया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मयंक अग्रवाल उतरे हैं। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 56/1 है।
डेब्यू मैच में पहला विकेट लेने से अभिषेक कंबोज चूक गए। पारी का पांचवां ओवर फेंक रहे गेंदबाज ने पांचवीं गेंद पर ट्रेविस हेड को बोल्ड किया,लेकिन अंपायर ने उसे नो बॉल करार दिया। इस ओवर की अगली गेंद भी अंशुल ने नो फेंकी जिस पर हेड ने चौका लगाया। इस ओवर से बल्लेबाजों ने कुल 19 रन बटोरे। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 50/0 है।
हेड और अभिषेक दमदार बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 28/0 है।
हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करते नजर आ रहे हैं। पारी का पहला ओवर नुवान तुषारा फेंक रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने इस सीजन में अब तक अच्छी बल्लेबाजी की है।
मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, अंशुल कंबोज, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा।
इम्पैक्ट सब : नेहल वढेरा, शम्स मुलानी, शिवालिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, रोमारियो शेफर्ड।
सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, मयंक अग्रवाल, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मार्को जॉनसन, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन।
इम्पैक्ट सब : मयंक मारकंडे, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, जयदेव उनादकट, उमरान मलिक।
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि उनकी टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ खेलती नजर आएगी। अंशुल कंबोज को डेब्यू का मौका मिला है। इस मैच में गेराल्ड कोएत्जी नजर नहीं आएंगे। वहीं, हैदराबाद की प्लेइंग 11 में मयंक अग्रवाल की वापसी हुई है, वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे।
मुंबई के 11 मैच में तीन जीत से सिर्फ छह अंक हैं और टीम प्ले ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। हालांकि सब कुछ खत्म नहीं हुआ है क्योंकि आगामी टी20 विश्व कप के लिए मुंबई के प्रमुख भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या अपने व्यक्तिगत फॉर्म पर ध्यान देंगे। रोहित की हर हाल में आक्रामक होकर बल्लेबाजी करने की रणनीति काफी सफल नहीं रही है जबकि दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार की नजरें केकेआर के खिलाफ अर्धशतक के बाद प्रदर्शन में निरंतरता पर टिकी होंगी। भारतीय उपकप्तान पांड्या को बल्ले और गेंद दोनों के साथ अपनी सामान्य फॉर्म तथा मुंबई के कप्तान के रूप में मैदान पर अपने फैसलों के कारण लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रेविस हेड (396 रन), अभिषेक शर्मा (315) और हेनरिक क्लासेन (337) सनराइजर्स के लिए लगातार रन बना रहे हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नीतीश कुमार रेड्डी (219 रन) ने पिछले कुछ मुकाबलों में अच्छी बल्लेबाजी करने अन्य बल्लेबाजों के ऊपर से दबाव कम किया है। टी नटराजन (15 विकेट) की सटीक गेंदबाजी सनराइजर्स के लिए महत्वपूर्ण होगी। बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज पर्पल कैप के लिए मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह (17 विकेट) को चुनौती दे रहा है।
10 मैच में छह जीत और चार हार से 12 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद सनराइजर्स की टीम ऑलराउंड प्रदर्शन करने और विशेष रूप से अपने गेंदबाजी विभाग में सुधार करने के लिए बेताब होगी। वानखेड़े की पिच अगर बल्लेबाजी के अनुकूल होती है तो सनराइजर्स के बल्लेबाजों के एक बार फिर बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीद है जो वे मौजूदा सत्र में कई बार कर चुके हैं। यहां की पिचें आम तौर पर बल्लेबाजी के अनुकूल होती हैं और छोटी बाउंड्री के कारण 200 से अधिक का स्कोर बनना आम बात है। पिछले शुक्रवार को हालांकि मुंबई और केकेआर के बीच धीमी पिच पर मुकाबला हुआ जिसमें बल्लेबाजों को जूझना पड़ा। सनराइजर्स की टीम पिछले मैच में शीर्ष पर चल रहे रॉयल्स को एक रन से हराकर आत्मविश्वास से भरी होगी।
आत्मविश्वास से भरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सोमवार को यहां खराब फॉर्म से जूझ रहे मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के साथ आईपीएल की अंक तालिका में आगे बढ़ने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की प्लेइंग-11 में रोहित शर्मा की वापसी हो सकती है जो पिछले मैच में इंपैक्ट सब के तौर पर खेलने उतरे थे। पिछले मैच के बाद मुंबई के स्पिनर पीयूष चावला ने बताया था कि रोहित पीठ में जकड़ने के कारण प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। हालांकि, रोहित अब फिट बताए जा रहे हैं, जिससे उनके हैदराबाद के खिलाफ टीम में शामिल होने की उम्मीद है।