मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हरा दिया है। इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 200 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने दो विकेट खोकर 201 रन बना लिए और 18 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम 16 अंकों के साथ प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं, राजस्थान की टीम अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। गुजरात, चेन्नई और लखनऊ की टीमें पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। ऐसे में चौथे स्थान के लिए मुंबई और आरसीबी के बीच मुकाबला है। बैंगलोर में आरसीबी और गुजरात के मैच में बारिश का साया है। अगर यह मैच बारिश की वजह से धुल जाता है तो मुंबई की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं, आरसीबी के जीतने पर मुंबई प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी।
इस मैच में हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 83 रन मयंक अग्रवाल ने बनाए। विवरांत शर्मा ने भी 69 रन की पारी खेली। वहीं, मुंबई के लिए कैमरून ग्रीन ने नाबाद शतकीय पारी खेली। कप्तान रोहित ने भी 56 रन बनाए। गेंद के साथ मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने चार और क्रिस जॉर्डन ने एक विकेट लिया। वहीं, हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार और मयंक डागर ने एक-एक विकेट लिए।
कैमरून ग्रीन और सूर्यकुमार यादव के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने तेज गति से रन बनाए हैं और अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया है। ग्रीन अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, सूर्यकुमार शुरुआत से ही तेजी से रन बना रहे हैं और जल्द से जल्द मैच खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 193 रन है।
148 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 37 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। मयंक डागर की गेंद पर नीतीश रेड्डी ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब कैमरून ग्रीन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 156 रन है।
रोहित शर्मा ने 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया है। रोहित की इस पारी के चलते मुंबई की टीम मैच में काफी आगे है और आसानी से जीत हासिल कर सकती है। हालांकि, यह मैच जीतने के बाद भी मुंबई को दुआ करनी होगी कि अगले मैच में आरसीबी की टीम हार जाए।
रोहित शर्मा और कैमरून ग्रीन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 51 गेंद में 101 रन जोड़ लिए हैं। ग्रीन अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और रोहित अर्धशतक के करीब हैं। दोनों की शानदार बल्लेबाजी के चलते मुंबई का स्कोर 11 ओवर में एक विकेट पर 121 रन है। मैच में मुंबई की टीम बेहतर स्थिति में बनी हुई है।
कैमरून ग्रीन ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक पांच चौके और चार छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। मुंबई की टीम यह मैच जीतने की स्थिति में बनी हुई है।
रोहित शर्मा और कैमरून ग्रीन के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ग्रीन तेज गति से रन बना रहे हैं। वहीं, रोहित एक छोर पर संभलकर खेल रहे हैं। ग्रीन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। सात ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है।
मुंबई ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 60 रन बनाए हैं। ईशान किशन के आउट होने के बाद कैमरून ग्रीन ने तेजी से रन बनाए हैं। दूसरे छोर पर कप्तान रोहित जमे हुए हैं। ये जोड़ी लंबी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेगी।
20 रन के स्कोर पर मुंबई का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन 12 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। ईशान ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। अब रोहित शर्मा के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 24 रन है।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 17 रन है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 200 रन बनाए हैं। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 83 रन मयंक अग्रवाल ने बनाए। वहीं, विवरांत शर्मा ने 69 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने चार और क्रिस जॉर्डन ने एक विकेट लिया।
आकाश मधवाल ने एक ओवर में दो विकेट लेकर हैदराबाद की टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है। उन्होंने क्लासेन के बाद हैरी ब्रूक को भी क्लीन बोल्ड किया। ब्रूक पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। वह अपना खाता भी नहीं खलो सके। सनवीर सिंह और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। मुंबई का स्कोर 19 ओवर के बाद पांच विकेट पर 186 रन है।
186 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा है। हेनरिच क्लासेन 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। आकाश मधवाल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
177 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा है। ग्लेन फिलिप्स चार गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस जॉर्डन ने उन्हें कुमार कार्तिकेय के हाथों कैच कराया। अब हेनरिच क्लासेन के साथ एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 180 रन है।
174 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा है। मयंक अग्रवाल 46 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। आकाश मधवाल की गेंद पर ईशान किशन ने उनका कैच पकड़ा। मयंक ने अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाए। अब हेनरिच क्लासेन के साथ ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।
140 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का पहला विकेट गिरा है। विवरांत शर्मा 47 गेंद में 69 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। आकाश मधवाल ने उन्हें रमनदीप सिंह के हाथों कैच कराया। अब मयंक अग्रवाल के साथ हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 157 रन है।
मयंक अग्रवाल ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया है। इस सीजन में यह मयंक का पहला अर्धशतक है। उनकी शानदार पारी के चलते हैदराबाद का स्कोर 13 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 130 रन है।
हैदराबाद ने बिना कोई विकेट गंवाए 100 रन बना लिए हैं। विवरांत अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और मयंक भी अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 11 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 103 रन है।
विवरांत शर्मा ने 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक आठ चौके और एक छक्का लगाया है। उनकी शानदार पारी के चलते हैदराबाद ने 10 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 93 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। विवरांत और मयंक तेज गति से रन बना रहे हैं और हैदराबाद की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। पावरप्ले के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 53 रन है।
पांच ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल मयंक अग्रवाल 11 गेंदों में 20 रन और विवरांत शर्मा 19 गेंदों में 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मयंक और विवरांत दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने दो ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 10 रन बना लिए हैं। विवरांत शर्मा छह रन और मयंक अग्रवाल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
मुंबई इंडियंस: ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, नेहाल वढेरा, टिम डेविड, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला, जेसन बेहरनडॉर्फ, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।
सनराइजर्स हैदराबाद: मयंक अग्रवाल, विवरांत शर्मा, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, मयंक डागर, भुवनेश्वर कुमार, नीतीश रेड्डी, उमरान मलिक।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
दोनों टीमें अब तक 20 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से 11 मैच मुंबई ने और नौ मैच हैदराबाद ने जीते हैं। मुंबई के वानखेड़े में दोनों टीमें छह बार भिड़ चुकी हैं। चार में मुंबई को और दो में हैदराबाद को जीत हासिल हुई।
मुंबई को अगर अगले दौर में पहुंचना है तो उसे पिछले मैच की तरह मौका नहीं गंवाना होगा जब उसकी टीम लखनऊ सुपरजाएंट्स से पांच रन से हार गई थी जिसके कारण वह दो महत्वपूर्ण अंक हासिल करने से चूक गया था। वानखेड़े में मुंबई ने इस सीजन कुछ बड़े रन चेज किए हैं। ऐसे में टॉस जीतने पर टीम एक बार फिर रन चेज करना चाहेगी। हालांकि, टीम को किस्मत का साथ भी चाहिए होगा।
सनराइजर्स की टीम मुंबई की हड़बड़ी का फायदा भी उठा सकती है। हैदराबाद की बॉलिंग शानदार है और मुंबई के बल्लेबाजों से उनकी टक्कर देखने लायक होगी। हैदराबाद की टीम भी सम्मान के साथ इस सीजन अपने अभियान का अंत करना चाहेगी।
मुंबई के अभी 13 मैचों में 14 अंक हैं और उसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने की जरूरत है क्योंकि एक अन्य टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के पास भी 16 अंक तक पहुंचने का मौका है। उसका नेट रन रेट मुंबई से काफी बेहतर है। अभी तीन टीमों के समान 14 अंक हैं। इनमें से राजस्थान रॉयल्स अपने सभी मैच खेल चुका है, लेकिन उसका नेट रन रेट भी मुंबई से बेहतर है।
आरसीबी इन तीनों टीमें बेहतर नेट रन रेट के कारण चौथे स्थान पर है। यदि मुंबई इस मैच में जीत दर्ज कर लेता है और आरसीबी एक अन्य मैच में गुजरात टाइटंस से हार जाता है तो फिर मुंबई की टीम प्लेऑफ में आसानी से पहुंच जाएगी, लेकिन अगर यह दोनों टीमें जीत हासिल करती हैं तो बेहतर नेट रन रेट वाली टीम आगे बढ़ेगी।
सनराइजर्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है, लेकिन मुंबई के पास अभी मौका है और वह इसका फायदा उठाने के लिए बेताब है। मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में अपने घरेलू मैदान में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने यहां अभी तक चार मैच जीते, जबकि दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। यह उसके पास अपना नेट रन रेट सुधारने का भी अंतिम मौका होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 69वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। यह मुंबई के लिए एक वर्चुअल नॉकआउट मैच है। टीम हारी तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वहीं, जीतने पर भी टीम की प्लेऑफ में जगह पक्की नहीं होगी। उसे फिर भी आरसीबी बनाम गुजरात मैच पर टिके रहना होगा। वहीं, हैदराबाद की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन वह सम्मान के साथ टूर्नामेंट से विदा लेना चाहेंगे।