फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs MI Highlights: मुंबई का विजय अभियान जारी, राजस्थान को 100 रन से हराया; कर्ण-बोल्ट को तीन विकेट मिले

Thu, 01 May 2025 11:13 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 217 रन बनाए थे। जवाब में राजस्थान 16.1 ओवर में 10 विकेट गंवाकर सिर्फ 117 रन ही बना सकी और यह मुकाबला 100 रन से हार गई। 
विज्ञापन
रियान पराग - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 01-May-2025

राजस्थान प्लेऑफ की दौड़ से बाहर

कर्ण शर्मा और ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 117 रन पर समेट दिया। इसी के साथ रियान पराग की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई। उनसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई थी। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 217 रन बनाए थे। जवाब में राजस्थान 16.1 ओवर में 10 विकेट गंवाकर सिर्फ 117 रन ही बना सकी और यह मुकाबला 100 रन से हार गई, जो उनकी दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले आरसीबी ने 2023 में राजस्थान को 112 रन से हराया था। वहीं, मुंबई की किसी भी टीम के खिलाफ यह तीसरी बड़ी जीत है।

लगातार छठी जीत के साथ मुंबई अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। 11 में सात मैच जीतकर उनके खाते में 14 अंक हैं और नेट रन रेट 1.274 हो गया है। वहीं, राजस्थान छह अंकों के साथ आठवें स्थान पर बनी हुई है। उनका नेट रन रेट -0.780 हो गया। दूसरे स्थान पर आरसीबी है जिसने 10 मैचों में सात मुकाबले जीते हैं और नेट रन रेट 0.521 हैं। उनके खाते में भी 14 अंक हैं। पंजाब 13 अंकों के साथ तीसरे और गुजरात 12 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है। मुंबई की 2012 के बाद जयपुर में राजस्थान के खिलाफ पहली जीत है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उनके लिए जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 30 रनों की पारी खेली। उन्होंने 27 गेंदों का सामना किया और दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। मुंबई के खिलाफ यशस्वी जायसवाल 13, नीतीश राणा नौ, ध्रुव जुरेल 11, शुभम दुबे 15, महीश तीक्षणा दो, कुमार कार्तिकेय दो और आकाश मधवाल चार* रन बना पाए। वहीं, वैभव सूर्यवंशी और शिमरन हेटमायर खाता भी नहीं खोल पाए। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट और कर्ण शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि जसप्रीत बुमराह को दो सफलता मिली। इसके अलावा दीपक चाहर और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

रेयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। महीश तीक्षणा ने रेयान को बोल्ड किया। वह 38 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा ने 36 गेंदों में 53 रन बनाए। दोनों ने इस सत्र का अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने 48-48 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। राजस्थान के लिए महीश तीक्षणा और रियान पराग ने एक-एक विकेट हासिल किया।

10:22 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: राजस्थान को छठा झटका

हार्दिक पांड्या ने राजस्थान को छठा झटका दिया। उन्होंने शुभम दुबे को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 15 रन बना सके।

10:00 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: बुमराह को लगातार दो विकेट मिले

बुमराह को लगातार दो विकेट मिले। उन्होंने रियान पराग को अपना शिकार बनाया। इसके बाद शिमरन हेटमायर भी आउट हो गए। फिलहाल क्रीज पर ध्रुव जुरेल और शुभम दुबे मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर 51/5 है।

विज्ञापन
09:45 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: वैभव के बाद यशस्वी भी आउट; स्कोर 18/2

वैभव सूर्यवंशी के बाद यशस्वी जायसवाल भी आउट हो गए। वह सिर्फ 13 रन बना सके। अब क्रीज पर रियान पराग आए हैं। उनका साथ देने के लिए नीतीश राणा मौजूद हैं। 

09:42 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: रॉयल्स की झटके से शुरुआत

पिछले मैच में 35 गेंदों में शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी खाता खोले बगैर आउट हो गए। उन्हें दीपक चाहर ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर नीतीश राणा आए हैं। उनका साथ देने के लिए यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं।

विज्ञापन
09:20 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: मुंबई ने राजस्थान के सामने रखा 218 रन का लक्ष्य

रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की अर्धशतकीय पारियों के बाद हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव की 90+ रनों की साझेदारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 218 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 217 रन बनाए। राजस्थान के लिए महीश तीक्षणा और रियान पराग ने एक-एक विकेट लिया।

08:39 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: रोहित शर्मा 53 रन बनाकर आउट

रोहित शर्मा 53 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें रियान पराग ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर कप्तान हार्दिक पांड्या आए हैं। उनका साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं।

08:34 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: मुंबई को 116 पर पहला झटका

मुंबई को पहला झटका 116 रन के स्कोर पर लगा। महीश तीक्षणा ने रेयान रिकेल्टन को अपना शिकार बना लिया। वह 61 रन बनाकर आउट हो गए। अब क्रीज पर सूर्यकुमार यादव आए हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा मौजूद हैं।

08:27 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: रेयान रिकेल्टन के बाद रोहित शर्मा का अर्धशतक

रोहित शर्मा ने भी इस सत्र का तीसरा पचासा पूरा कर लिया। उन्होंने 32 गेंदों में लगाया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और रेयान रिकेल्टन के साथ 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

08:25 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: 29 गेंदों में रेयान रिकेल्टन ने जड़ा करियर का तीसरा पचासा

रेयान रिकेल्टन ने 29 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का तीसरा पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 99/0 है।

08:09 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: रोहित शर्मा-रेयान रिकेल्टन के बीच 60+ रन की साझेदारी

रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने मुंबई को सधी शुरुआत दिलाई है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 64/0 है।

07:40 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: मुंबई की पारी शुरू

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:15 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, फजलहक फारूकी।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शुभम दुबे, तुषार देशपांडे, कुणाल सिंह राठौड़, युद्धवीर सिंह चरक, क्वेन मफाका।

मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: राज बावा, सत्यनारायण राजू, रॉबिन मिंज, रीस टॉप्ली, कर्ण शर्मा।

07:04 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रियान पराग ने बताया कि मुंबई के खिलाफ मैच में उनकी प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए हैं। वानिंदु हसरंगा की जगह कुमार कार्तिकेय आए हैं। इसके अलावा संदीप शर्मा की जगह आकाश मधवाल को मौका मिला है। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:56 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: रोहित-सूर्यकुमार ने हासिल की लय

पिछले मैच में मुंबई के लिए सकारात्मक पहलू कॉर्बिन बॉश का प्रदर्शन था जिन्होंने एक विकेट लेने के अलावा 200 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं जो विपक्षी टीमों के लिए एक अशुभ संकेत है।

06:55 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: बुमराह आए और छाए

हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस के लिए बुमराह की वापसी सुखद रही है। मुंबई की हमेशा की तरह शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन टीम ने अब पांच मैच जीत लिए हैं और उसके विजय अभियान को रोकना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। पांड्या ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ जीत के बाद कहा था, 'यह प्रतियोगिता बहुत कठिन है। हमें अच्छी क्रिकेट खेलने की जरूरत है। हमें हमेशा अगले मैच के लिए तैयारी करनी होगी और लय बरकरार रखनी होगी।'

06:55 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: राजस्थान के गेंदबाज नहीं कर सके प्रभावित

राजस्थान के निचले मध्य क्रम में शिमरोन हेटमायर पर दबाव होगा जो इस सत्र में अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उसके तेज गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर ने सफलता जरूर दिलाई है लेकिन उन्होंने लगभग 10 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं। संदीप शर्मा भी थोड़े महंगे साबित हुए हैं। असल में राजस्थान के किसी भी प्रमुख गेंदबाज का इकोनॉमी रेट नौ से कम नहीं है।

06:54 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: सूर्यवंशी और जायसवाल को रहना होगा सावधान

कप्तान संजू सैमसन के साइड स्ट्रेन के कारण बाहर हो जाने से सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिला और उन्हें क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बनने में उन्हें केवल तीन पारियां लगीं। सैमसन ने अपना आखिरी मैच 16 अप्रैल को खेला था और उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है, जिससे सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल को फिर से पारी की शुरुआत करनी होगी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी से रॉयल्स ने 210 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था।

06:54 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: विजयी अभियान को जारी रखना चाहेगी मुंबई

मुंबई इंडियंस लगातार पांच मैचों में जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। दो अंकों के साथ टीम पंजाब किंग्स को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर कब्जा करना चाहेगी। वहीं, राजस्थान ने पिछले मुकाबले में जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। हालांकि, मुंबई से पार पाना उनके लिए आसान नहीं होगा। फिलहाल रॉयल्स छह अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।

06:53 PM, 01-May-2025

RR vs MI Live Score: विजय रथ पर सवार मुंबई को रोकने उतरेगी रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स की नई सनसनी 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी गुरुवार को जब जयपुर में अपने आईपीएल करियर का चौथा मुकाबला खेलने उतरेंगे तब उनका सामना जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट से होगा। पिछले मुकाबले में 35 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त इन दोनों गेंदबाजों के खिलाफ सतर्कता बरतनी होगी।

06:43 PM, 01-May-2025

RR vs MI Highlights: मुंबई का विजय अभियान जारी, राजस्थान को 100 रन से हराया; कर्ण-बोल्ट को तीन विकेट मिले

IPL Live Cricket Score, RR vs MI Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 50वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान की नजर विजय रथ पर सवार मुंबई को रोकने पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें