फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs RCB Highlights: बेंगलुरु ने मुंबई को 12 रन से हराया, क्रुणाल पांड्या ने झटके चार विकेट

Mon, 07 Apr 2025 11:31 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वानखेड़े

खास बातें

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 221 रन बनाए। जवाब में मुंबई निर्धारित ओवर में नौ विकेट खोकर सिर्फ 209 रन बना सकी। 2015 के बाद यह आरसीबी की इस मैदान पर मुंबई के खिलाफ पहली जीत है।
विज्ञापन
हार्दिक पांड्या - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 07-Apr-2025

आरसीबी 12 रन से जीती

क्रुणाल पांड्या की घातक गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराकर इस सत्र की तीसरी जीत दर्ज की। सोमवार को वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 221 रन बनाए। जवाब में मुंबई निर्धारित ओवर में नौ विकेट खोकर सिर्फ 209 रन बना सकी। 2015 के बाद यह आरसीबी की इस मैदान पर मुंबई के खिलाफ पहली जीत है।

आरसीबी ने वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ 3619 दिन बाद जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम तीसरे पायदान पर पहुंच गई। उनके खाते में छह अंक और 1.015 नेट रन रेट हो गया है। वहीं, मुंबई को इस सत्र में चौथी और लगातार दूसरी शिकस्त मिली है। टीम आठवें स्थान पर है और उनका नेट रन रेट -0.010 हो गया है। शीर्ष पर छह अंक और 1.257 नेट रन रेट के साथ दिल्ली कैपिटल्स है।

222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्हें यश दयाल ने दूसरे ही ओवर में बोल्ड किया। वह सिर्फ 17 रन बना सके। इसके बाद रेयान रिकेल्टन भी जोश हेजलवुड का शिकार बन बैठे। वहीं, विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव क्रमश: 22 और 28 रन बनाकर आउट हुए।

99 पर चार रन खो चुकी मुंबई को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी और तभी क्रीज पर कप्तान हार्दिक पांड्या पहुंचे। उन्होंने महज 15 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तिलक वर्मा के साथ महज 34 गेंदों में 89 रन की साझेदारी निभाई। पिछले मैच में रिटायर्ड हर्ट आउट होने वाले तिलक इस मैच में अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें हेजलवुड ने लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। हालांकि, दोनों अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम हुए।

पारी के आखिरी ओवर में क्रुणाल पांड्या ने तीन विकेट लेकर पासा पलट दिया। उन्होंने नमन धीर (11), मिचेल सेंटनर (8) और दीपक चाहर (0) को अपना शिकार बनाया। ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह नाबाद रहे। आरसीबी के लिए क्रुणाल ने चार विकेट लिए जबकि यश दयाल और जोस हेजलवुड ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, भुवनेश्वर कुमार को एक सफलता हाथ लगी।

11:12 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: हार्दिक पांड्या 42 रन बनाकर आउट

हार्दिक पांड्या 42 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। अब क्रीज पर मिचेल सेंटनर उतरे हैं।

11:09 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई को पांचवां झटका लगा

मुंबई को पांचवां झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। उन्होंने तिलक वर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 56 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए नमन धीर उतरे हैं।

विज्ञापन
11:02 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: 26 गेंदों में तिलक वर्मा ने जड़ा पचासा

तिलक वर्मा ने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है। वह हार्दिक पांड्या के साथ 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

10:50 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: हार्दिक-तिलक ने संभाला मोर्चा

यह मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। हार्दिक पांड्या शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और आठ गेंदों में 33 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। वह तिलक वर्मा के साथ 18 गेंदों में 58 रन की साझेदारी निभा चुके हैं।अब टीम को जीत के लिए 30 गेंदों में 65 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:34 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई का चौथा विकेट गिरा

यश दयाल ने एक बार फिर मुंबई को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को लियाम लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंदों में 28 रन बना सके। अब हार्दिक पांड्या उतरे हैं।

10:22 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई को तीसरा झटका लगा

क्रुणाल पांड्या ने मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया। उन्होंने विल जैक्स को अपना शिकार बनाया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। अब सूर्यकुमार यादव का साथ देने के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं।

09:49 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: 38 पर मुंबई को दूसरा झटका

38 के स्कोर पर मुंबई को दूसरा झटका लगा। रेयान रिकेल्टन 17 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। अब विल जैक्स का साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं।

09:44 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई को पहला झटका

मुंबई को पहला झटका यश दयाल ने दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को बोल्ड किया। वह सिर्फ 17 रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विल जैक्स उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

09:30 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई की पारी शुरू

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

09:14 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: बेंगलुरु ने तैयार किया 222 रन का लक्ष्य

विराट कोहली और रजत पाटीदार की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 221 रन बनाए हैं। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट लिए जबकि विग्नेश पुथुर को एक सफलता मिली।

इस मैच में आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट को बोल्ड किया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 52 गेंदों में 91 रनों की विशाल साझेदारी हुई। विग्नेश पुथुर ने पडिक्कल को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वह दो चौके और तीन छक्के की मदद से 37 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद किंग कोहली को रजत पाटीदार  का साथ मिला और दोनों ने 48 रन की पार्टनरशिप की।

हार्दिक पांड्या ने 15वें ओवर में किंग कोहली को नमन धीर के हाथों कैच कराया। वह आठ चौके और दो छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 29 गेंदों में इससत्र का दूसरा पचासा जड़ा। यह उनके आईपीएल करियर का 57वां अर्धशतक है। वहीं, कप्तान पाटीदार का बल्ला भी जमकर गरजा। उन्होंने पांच चौके और चार छक्कों की सहायता से 64 रन बनाए। लियाम लिविंगस्टोन खाता भी नहीं खोल पाए। जितेश शर्मा 40 और टिम डेविड एक रन बनाकर नाबाद रहे।

09:00 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: 25 गेंदों में पाटीदार ने जड़ा पचासा

25 गेंदों में रजत पाटीदार ने पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनका साथ जितेश शर्मा दे रहे हैं। 18 ओवर के बाद स्कोर 198/4 है।

08:43 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: आरसीबी को चौथा झटका

आरसीबी को चौथा झटका भी हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इसी के साथ पांड्या ने अपने टी20 करियर में 200 विकेट पूरे कर लिए। अब बल्लेबाजी के लिए जितेश शर्मा उतरे हैं। 

08:39 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: आरसीबी को तीसरा झटका लगा

आरसीबी को तीसरा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने विराट कोहली को नमन धीर के हाथों कैच कराया। वह 42 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं।

08:32 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: विराट कोहली-रजत पाटीदार के बीच 25+ रन की साझेदारी

विराट कोहली और रजत पाटीदार के बीच 28 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 13 ओवर के बाद स्कोर 123/2 है।

08:15 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: आरसीबी को दूसरा झटका लगा

आरसीबी को दूसरा झटका देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। उन्हें विग्नेश पुथुर ने अपना शिकार बनाया। वह 22 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कोहली के साथ 91 रनों की साझेदारी निभाई। अब बल्लेबाजी के लिए कप्तान रजत पाटीदार उतरे हैं।

08:13 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: 29 गेंदों में विराट ने जड़ा पचासा

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस सत्र का दूसरा पचासा 29 गेंदों में पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 57वां अर्धशतक है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

07:59 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: विराट कोहली-देवदत्त पडिक्कल के बीच 60+ रन की साझेदारी

पावरप्ले की शुरुआत में फिल सॉल्ट का विकेट खो चुकी आरसीबी ने शानदार वापसी की है। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के बीच 68* रनों की साझेदारी हो चुकी है। छह ओवर के बाद स्कोर 73/1 है।

07:51 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: विराट कोहली ने पूरे किए टी20 क्रिकेट में 13000 रन

विराट कोहली ने इस मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 13000 रन पूरे कर लिए हैं। किंग कोहली ने 386 पारियों में यह कारनामा किया।

टी20 क्रिकेट में 13000+ रन बनाने वाले बल्लेबाज

खिलाड़ी कुल रन पारियां 
क्रिस गेल 14,562 381
एलेक्स हेल्स 13,610 474
शोएब मलिक 13,557 487
कीरोन पोलार्ड 13,537 594
विराट कोहली 13,001* 386

07:46 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: बुमराह फेंक रहे चौथा ओवर

बुमराह 92 दिनों बाद गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं। वह पारी का चौथा ओवर डाल रहे हैं।

07:44 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 33/1

पहले ओवर में फिल सॉल्ट का विकेट खो चुकी आरसीबी को अब विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल का सहारा है। दोनों के बीच 16 गेंदों में 29 रनों की साझेदारी हो चुकी है। तीन ओवर के बाद स्कोर 33/1 है।

07:32 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: बेंगलुरु को पहले ओवर में झटका लगा

बेंगलुरु को पहले ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने झटका दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को दूसरी गेंद पर बोल्ड किया। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब विराट कोहली का साथ देने के लिए देवदत्त पडिक्कल उतरे हैं।

07:30 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। मुंबई की तरफ से पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट फेंक रहे हैं।

07:07 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: रसिख दार सलाम, सुयश शर्मा, स्वास्तिक चिकारा, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह।

मुंबई इंडियंस: विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, विग्नेश पुथुर।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, अश्विनी कुमार, राज बावा।

07:03 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि इस मैच के जरिए जसप्रीत बुमराह मैदान पर वापसी कर रहे हैं। उन्हें अश्विनी कुमार की जगह प्लेइंग 11 में शामिल किया गया। वहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उन्होंने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:47 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट। इम्पैक्ट प्लेयर: तिलक वर्मा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल। इम्पैक्ट प्लेयर: सुयश शर्मा।

06:47 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत

आरसीबी के पास जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार के रूप में मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण है लेकिन उसके स्पिनर अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। आरसीबी अंक तालिका में अभी तीसरे स्थान पर है और उसकी टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में मिली हार से वापसी करने के लिए बेताब होगी। 

06:44 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: विराट से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

जहां तक आरसीबी का सवाल है तो उसकी टीम मुंबई की बल्लेबाजी की कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। टीम को अपने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो केकेआर के खिलाफ 59 रन बनाने के बाद अपेक्षित योगदान नहीं दे पाए हैं। आरसीबी के पास बड़ा स्कोर बनाने के लिए कुशल बल्लेबाज हैं। फिल सॉल्ट और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाज उसे आक्रामकता प्रदान करते हैं जबकि कप्तान रजत पाटीदार भी बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं। ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने आखिरी ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की है जो टीम के लिए अच्छा संकेत है। 

06:44 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: बुमराह की वापसी

मुंबई इंडियंस के लिए यह अच्छी खबर है कि उसे प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आरसीबी के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़ गए हैं और इस मैच में खेलते नजर आएंगे। मुंबई ने अभी तक अपनी एकमात्र जीत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े में हासिल की थी और उसके खिलाड़ी इस मैच से प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगे। 

06:43 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: रोहित पर रहेगी निगाह

रोहित घुटने में चोट के कारण लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे। उनके अलावा मध्यक्रम से बल्लेबाज तिलक वर्मा अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए हैं। यह देखना होगा कि रोहित आरसीबी के खिलाफ मैच के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं लेकिन मुंबई को जल्द से जल्द अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। मुंबई की बल्लेबाजी अभी तक सूर्यकुमार पर निर्भर रही है जिन्होंने चार मैच में 177 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार ने लखनऊ के खिलाफ अर्धशतक जमा कर अपनी टीम की उम्मीद जगा दी थी लेकिन तिलक वर्मा तेजी से रन नहीं बना पाए जिससे मुंबई को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ कप्तान हार्दिक पांड्या के पांच विकेट के बावजूद मुंबई के गेंदबाज रन प्रवाह नहीं रोक पाए थे और इसके बाद उसके बल्लेबाज लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रहे। 

06:43 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Live Score: मुंबई के बल्लेबाज नहीं कर सके प्रभवित

पांच बार के चैंपियन मुंबई को अभी तक चार मैच में से तीन में पराजय का सामना करना पड़ा है। उसके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं तथा अभी तक उसकी तरफ से सूर्यकुमार यादव और रेयान रिकेल्टन ही अर्धशतक लगा पाए हैं। यह आईपीएल में प्रति बल्लेबाज अर्धशतक लगाने के मामले में सबसे कम है। मुंबई के बल्लेबाजी में संघर्ष के केंद्र में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं जो अभी तक कुछ खास योगदान नहीं दे पाए हैं। 
 

06:19 PM, 07-Apr-2025

MI vs RCB Highlights: बेंगलुरु ने मुंबई को 12 रन से हराया, क्रुणाल पांड्या ने झटके चार विकेट

IPL Live Cricket Score, MI vs RCB Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 20वां मैच मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वानखेड़े में खेला जा रहा है। इस मैच में दोनों टीमें लय हासिल करने का लक्ष्य लेकर उतरी हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें