आईपीएल 2022 के 23वें मैच में पंजाब किंग्स ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 198 रन बनाए। कप्तान मयंक अग्रवाल ने 32 गेंदों पर 52 रन और शिखर धवन ने 50 गेंदों पर 70 रन की पारी खेली। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 186 रन ही बना सकी।
मुंबई की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेंदों पर 49 रन की पारी खेली। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर 43 रन बनाए। आखिरी दो ओवर में मुंबई को 28 रन की जरूरत थी। तब सूर्यकुमार यादव और उनादकट क्रीज पर थे। 19वें ओवर में कगिसो रबाडा ने सूर्यकुमार को पवेलियन भेज मैच पलट दिया।
रबाडा ने मैच में दो विकेट झटके। सूर्यकुमार के अलावा उन्होंने रोहित शर्मा को भी पवेलियन भेजा। ओडियन स्मिथ ने 20वें ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह और टाइमल मिल्स को पवेलियन भेजा। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट भी लिया था।
मुंबई की टीम इस मैच में हार के साथ सीजन में अब तक अपने पांचों मैच हार चुकी है। वहीं, पंजाब की टीम अब तक पांच मैच खेल चुकी है और उसे तीन में जीत और दो में हार मिली। मुंबई की टीम अंक तालिका में आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। वहीं, पंजाब की टीम जीत के साथ अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
19वें ओवर में मुंबई के रन चेज को बड़ा झटका लगा। कगिसो रबाडा ने सूर्यकुमार यादव को ओडियन स्मिथ के हाथों कैच कराकर मुंबई को बड़ा झटका दिया। सूर्यकुमार 30 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 177/6 है। टीम को अब छह गेंदों पर 22 रन की जरूरत है। मुरुगन अश्विन और जयदेव उनादकट क्रीज पर हैं।
17वें ओवर में 152 के स्कोर पर मुंबई को पांचवां झटका लगा। ओवर की पहली ही गेंद पर कीरोन पोलार्ड रन आउट हो गए। वे 11 गेंदों पर 10 रन बना सके। दो रन लेने के चक्कर में पोलार्ड रन आउट हो गए। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 23 गेंदों पर 35 रन और जयदेव उनादकट एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को 18 गेंदों पर 33 रन की जरूरत है। 17 ओवर के बाद मुंबई ने पांच विकेट गंवाकर 166 रन बना लिए हैं।
16 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने चार विकेट गंवाकर 150 रन बना लिए हैं। फिलहाल कीरोन पोलार्ड 10 गेंदों पर नौ रन और सूर्यकुमार यादव 19 गेंदों पर 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को अब 24 गेंदों पर 49 रन की जरूरत है।
13 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने चार विकेट गंवाकर 131 रन बना लिए हैं। 13वें ओवर में मुंबई को चौथा झटका लगा। ओवर की पांचवीं गेंद पर अर्शदीप की गेंद को सूर्यकुमार यादव ने फ्लिक कर मिड विकेट में खेला। तब तक तिलक हाफ क्रीज तक दौड़ चुके थे। मिड विकेट पर खड़े मयंक ने शानदार फील्डिंग कर बॉल को तुरंत अर्शदीप के पास फेंक दिया और अर्शदीप ने नॉन स्ट्राइकर एंड की गिल्ली उखाड़कर तिलक वर्मा को रन आउट कर दिया। तिलक ने 20 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली। इसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 11 गेंदों पर 12 रन और कीरोन पोलार्ड क्रीज पर मौजूद हैं। मुंबई को अब 42 गेंदों पर 68 रन की जरूरत है।
11वें ओवर में 116 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा। 'जूनियर डीविलियर्स' और 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस 25 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ओडियन स्मिथ ने अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। ब्रेविस ने अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। इसमें से लगातार चार छक्के उन्होंने राहुल चाहर की चार गेंदों पर लगाए। 11वें ओवर में ही ब्रेविस का वैभव अरोड़ा ने कैच भी छोड़ा था। तब वह 45 रन पर थे। तिलक वर्मा और ब्रेविस के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों पर 84 रन की साझेदारी हुई। 11 ओवर के बाद मुंबई ने तीन विकेट गंवाकर 116 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा 18 गेंदों पर 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ओडियन स्मिथ ने डेवाल्ड ब्रेविस को पवेलियन भेजा
नौवें ओवर में मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी की। 'जूनियर डीविलियर्स' और 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने धमाल मचाते हुए राहुल चाहर की लगातार चार गेंदों पर चार छक्के लगाए। इसके अलावा एक चौका भी लगाया। मुंबई ने इस ओवर में 29 रन बटोरे। नौ ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 92 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवाल्ड ब्रेविस 21 गेंदों पर 44 रन और तिलक वर्मा 10 गेंदों पर 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को अब 66 गेंदों पर 107 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने दो विकेट गंवाकर 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस 16 गेंदों पर 16 रन और तिलक वर्मा नौ गेंदों पर 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कप्तान रोहित शर्मा 28 रन और ईशान किशन तीन रन बनाकर पवेलियन लौटे। ब्रेविस और तिलक के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
इसके बाद अगले ही ओवर यानी पांचवें ओवर में वैभव अरोड़ ने दूसरे ओपनर ईशान किशन को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। ईशान सात गेंदों पर तीन रन बना सके। पांच ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवाल्ड ब्रेविस और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।
ईशान को आउट करने के बाद जश्न मनाते वैभव और साथी खिलाड़ी
31 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को दो झटके लगे। चौथे ओवर में कगिसो रबाडा ने कप्तान रोहित शर्मा को वैभव अरोड़ा के हाथों कैच कराया। रोहित 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। आउट होने से पहले रोहित ने टी-20 क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे किए। वे ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें और भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं। रोहित के नाम 10003 टी-20 रन हैं। वहीं, विराट के नाम 10379 टी-20 रन हैं।
199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए 25 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों पर 22 रन और ईशान किशन पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 199 रन का लक्ष्य रखा है। टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 198 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की शुरुआत अच्छी रही। शिखर धवन और कप्तान मयंक अग्रवाल के बीच पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी हुई। मयंक ने 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक रहा। वहीं, बतौर पंजाब के कप्तान के रूप में उनका पहला अर्धशतक रहा। आईपीएल 2022 में भी यह उनकी पहली फिफ्टी है। इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे कर लिए।
मयंक 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुरुगन अश्विन ने सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में मयंक ने छह चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद धवन और बेयरस्टो के बीच दूसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी हुई। इस बीच धवन ने 37 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। मुंबई के खिलाफ वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था। रैना ने मुंबई के खिलाफ 824 रन बनाए। धवन के मुंबई के खिलाफ 850 प्लस रन हो चुके हैं।
पारी के 14वें ओवर में पंजाब को दूसरा झटका लगा। ओवर की पांचवीं गेंद पर जयदेव उनादकट ने उन्हें बोल्ड किया। जॉनी बेयरस्टो 13 गेंदों पर 12 रन बना सके। इसमें एक चौका शामिल है। पंजाब किंग्स को तीसरा झटका लियाम लिविंगस्टोन के रूप में लगा। जसप्रीत बुमराह ने शानदार यॉर्कर पर लियाम लिविंगस्टोन को क्लीन बोल्ड किया। लिविंगस्टोन तीन गेंदों पर दो रन बना सके।
पंजाब की पारी के 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर बसिल थंपी ने शिखर धवन को पवेलियन भेजा। उन्हें थंपी ने पोलार्ड के हाथों कैच कराया। धवन ने 50 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 70 रन की पारी खेली। इसके बाद जितेश शर्मा और शाहरुख खान के बीच पांचवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी हुई। आखिरी ओवर में बसिल थंपी ने शाहरुख को क्लीन बोल्ड किया। शाहरुख छह गेंदों पर दो छक्के की मदद से 15 रन बना सके।
वहीं, जितेश शर्मा ने 15 गेंदों पर 30 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। ओडियन स्मिथ भी एक रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की ओर से बसिल थंपी ने दो विकेट झटके। वहीं, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह और मुरुगन अश्विन को एक-एक विकेट मिला।
17 ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने चार विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। इस ओवर की आखिरी गेंद पर बसिल थंपी ने शिखर धवन को पवेलियन भेजा। उन्हें थंपी ने पोलार्ड के हाथों कैच कराया। धवन ने 50 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 70 रन की पारी खेली। फिलहाल जितेश शर्मा और शाहरुख खान क्रीज पर हैं।
15वें ओवर में पंजाब किंग्स को तीसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने शानदार यॉर्कर पर लियाम लिविंगस्टोन को शानदार यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। लिविंगस्टोन तीन गेंदों पर दो रन बना सके। फिलहाल जितेश शर्मा एक रन और धवन 40 गेंदों पर 53 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 132 रन है।
लिविंगस्टोन को आउट करने के बाद बुमराह का रिएक्शन
14 ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिखर धवन 38 गेंदों पर 51 रन और लियाम लिविंगस्टोन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। धवन ने आईपीएल करियर का 45वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। इसके साथ ही धवन मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था। रैना ने मुंबई के खिलाफ 824 रन बनाए। धवन के मुंबई के खिलाफ 850 प्लस रन हो चुके हैं।
14वें ओवर में पंजाब को दूसरा झटका भी लगा। ओवर की पांचवीं गेंद पर जयदेव उनादकट ने उन्हें बोल्ड किया। जॉनी 13 गेंदों पर 12 रन बना सके। इसमें एक चौका शामिल है।
अर्धशतक लगाने के बाद धवन
10 ओवर के बाद पंजाब ने एक विकेट गंवाकर 99 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिखर धवन 26 गेंदों पर 35 रन और जॉनी बेयरस्टो एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसी ओवर में 97 के स्कोर पर पंजाब को पहला झटका लगा। कप्तान मयंक अग्रवाल 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुरुगन अश्विन ने सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में मयंक ने छह चौके और दो छक्के लगाए।
विकेट मिलने के बाद मुरुगन अश्विन
नौ ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल मयंक अग्रवाल 31 गेंदों पर 52 रन और शिखर धवन 23 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मयंक ने 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक रहा। वहीं, बतौर पंजाब के कप्तान के रूप में उनका पहला अर्धशतक रहा। आईपीएल 2022 में भी यह उनकी पहली फिफ्टी है। इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे कर लिए।
छह ओवर के बाद पंजाब ने बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। मयंक फिलहाल 21 गेंदों पर 38 रन और शिखर धवन 15 गेंदों पर 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांचवें और छठे ओवर को मिलाकर पंजाब ने 29 रन बटोरे। मुरुगन अश्विन के पांचवें ओवर में 17 रन और छठे ओवर में 12 रन आए।
पंजाब की शुरुआत आक्रामक रही है। मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने मिलकर पंजाब को पांच ओवर में 53 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया है। मयंक फिलहाल 18 गेंदों पर 33 रन और धवन 12 गेंदों पर 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंजाब ने पांचवें ओवर में मुरुगन अश्विन की गेंद पर 17 रन बटोरे। मयंक ने इस ओवर की आखिरी चार गेंदों पर दो चौके, एक छक्का लगाया। साथ ही एक सिंगल समेत 15 रन बटोरे। 53 रन अब मुंबई के खिलाफ इस सीजन में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। इससे पहले यह रिकॉर्ड बैंगलोर के फाफ डुप्लेसिस और अनुज रावत के नाम था। दोनों के बीच 50 रन की साझेदारी हुई थी।
तीन ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मयंक अग्रवाल 10 गेंदों पर 14 रन और शिखर धवन आठ गेंदों पर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम के ओपनर्स मयंक अग्रवाल और शिखर धवन क्रीज पर हैं। मयंक ने बसिल थंपी की गेंद पर चौका लगाकर पंजाब की पारी की शुरुआत की। इस ओवर में उन्होंने एक और चौका लगाया। एक ओवर के बाद पंजाब का स्कोर बिना किसी विकेट के 10 रन हैं। मयंक नौ रन और धवन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
मुंबई की टीम तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी है। ये तीन खिलाड़ी हैं- डेवाल्ड ब्रेविस, कीरोन पोलार्ड और टाइमल मिल्स। वहीं, पंजाब की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, ओडियन स्मिथ और कगिसो रबाडा हैं।
पंजाब किंग्स: मयंक अग्रवाल (कप्तान), शिखर धवन, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, ओडियन स्मिथ, शाहरुख खान, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, वैभव अरोड़ा, अर्शदीप सिंह।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, जयदेव उनादकट, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टाइमल मिल्स, बासिल थंपी।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान रोहित ने टीम में एक बदलाव किया है। बल्लेबाज रमनदीप की जगह गेंदबाज टाइमल मिल्स को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, पंजाब किंग्स के कप्तान मयंक अग्रवाल ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
पिच की बात करें तो इस सीजन महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में चार मैच खेले गए हैं। इसमें से दो मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम और दो मैच मैच चेज करने वाली टीम जीती है। पहली पारी का औसतन स्कोर 173 रन है। दोनों साइड ग्राउंड 66 मीटर लंबी है। पिच पर उछाल और गति रहेगी। इस मैदान पर गेंदबाजों ने ज्यादातर शॉर्ट पिच गेंदों का इस्तेमाल किया है और उन्हें इस पर सफलता भी मिली है। इस सीजन गेंदबाजों ने एमसीए पुणे के पिच पर 33 प्रतिशत शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल किया है। वहीं, उन्होंने 42 प्रतिशत लेंथ बॉल डाली है। गेंदबाजों को सबसे ज्यादा 14 विकेट भी शॉर्ट पिच बॉल से ही मिली हैं।
मुंबई को पंजाब किंग्स की ऐसी टीम से भिड़ना है जिसके पास शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन और एम शाहरूख खान जैसे बड़े शॉट खेलने में सक्षम खिलाड़ी हैं। ये खिलाड़ी किसी भी गेंदबाज की धज्जियां उड़ाने में सक्षम हैं। इसके अलावा जॉनी बेयरस्टो, ओडियन स्मिथ जैसे मध्यक्रम बल्लेबाज कभी भी मैच की तस्वीर बदलने में माहिर हैं।
मंबई इंडियंस के लिए अभी तक कमजोर पहलू अनुभवी कीरोन पोलार्ड का प्रदर्शन रहा है। अकेले दम पर मैच का रुख बदलने वाले पोलार्ड अपने प्रदर्शन के आसपास तक नहीं पहुंच पाए हैं। वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज को भी इस मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
टीम के बल्लेबाज अभी तक उम्मीद के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं और वहीं गेंदबाजी की नाकामयाबी के कारण टीम की मुसीबतें बढ़ गई हैं। मुंबई की टीम अभी तक दिल्ली, राजस्थान, कोलकाता और बैंगलोर से हारकर तालिका में नौवें स्थान पर है और उसकी वापसी की राह काफी मुश्किल नजर आ रही है।
मैच में कप्तान रोहित शर्मा टीम के साथ-साथ अपने प्रदर्शन में भी सुधार करना चाहेंगे। अपनी फ्रेंचाइजी के लिए यह ओपनर बल्लेबाज उस तरह का प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, जिसके लिए जाने जाते हैं। टीम को पहली जीत हासिल करने के लिए कप्तान की ओर से उम्दा पारी खेलने की दरकार है।
धीमी शुरुआत के लिए पहचानी जाने वाली पांच बार की चैंपियन मुंबई की मौजूदा सत्र में शुरुआत बुरे सपने जैसी रही है। पिछले कई साल से मजबूत टीम के रूप में स्थापित मुंबई ने आईपीएल के इस सत्र में अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने में अभी तक नाकाम रही है। अपने अभियान को अगर पटरी पर लाना है तो मुंबई की टीम को अपने खेल के प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 23वें मैच में पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से है। मुंबई की टीम चार के चारों मैच हार चुकी है। टीम आज अपना पहला मैच जीतने मैदान पर उतरी है। वहीं, पंजाब की टीम अब तक चार मैच खेल चुकी है और उसे दो में जीत और दो में हार मिली। थोड़ी देर में टॉस होगा।