लखनऊ सुपरजाएंट्स ने आईपीएल 2022 के 26वें मैच में मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 199 रन बनाए। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने 103 रन की नाबाद पारी खेली। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 181 रन ही बना सकी। मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा रन सूर्यकुमार यादव ने बनाए। उन्होंने 27 गेंदों पर 37 रन बनाए। लखनऊ की ओर से आवेश खान ने तीन विकेट झटके।
आखिरी दो ओवर में मुंबई को जीत के लिए 43 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर में जेसन होल्डर के ओवर में मुंबई ने 17 रन बटोरे। आखिरी छह गेंदों पर मुंबई को 26 रन की जरूरत थी। आखिरी ओवर की पहली गेंद जयदेव उनादकट रन आउट हुए। वे छह गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 14 रन बना सके। इसके बाद मुरुगन अश्विन ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाया। तीसरी गेंद पर अश्विन (6) रन आउट हो गए। पांचवीं गेंद पर चमीरा ने पोलार्ड को स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। वे 14 गेंदों पर 25 रन बना सके। आखिरी ओवर में मुंबई की टीम सात रन बना सकी।
यह मुंबई की इस सीजन में लगातार छठी हार है। आईपीएल इतिहास में पहली बार टीम शुरुआती लगातार छह मैच हारी है। इससे पहले 2014 में टीम शुरुआती लगातार पांच मैच हारी थी। इस हार के साथ मुंबई पर प्लेऑफ की रेस से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। टीम को अब यहां से सभी मैच जीतने होंगे। इसके साथ ही दूसरी टीमों के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा।
18वें ओवर में 153 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को छठा झटका लगा। आवेश खान ने फैबियन एलेन को दुष्मंथा चमीरा के हाथों कैच कराया। वे सात गेंदों पर आठ रन बना सके। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 157 रन है। फिलहाल जयदेव उनादकट और कीरोन पोलार्ड क्रीज पर हैं। मुंबई को फिलहाल 12 गेंदों पर 43 रन की जरूरत है।
16वें ओवर में 127 के स्कोर पर मुंबई को पांचवां झटका लगा। रवि बिश्नोई ने सूर्यकुमार यादव को कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार 27 गेंदों पर 37 रन बना सके। इसमें तीन चौके शामिल हैं। मुंबई को 24 गेंदों पर 68 रन की जरूरत है।
15वें ओवर में 121 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका लगा। जेसन होल्डर ने तिलक वर्मा को शानदार यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। तिलक 26 गेंदों पर 26 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 125 रन है।
10 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने तीन विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों पर 18 रन और तिलक वर्मा 11 गेंदों पर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 20 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। मुंबई को अब 60 गेंदों पर 114 रन की जरूरत है।
57 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को दो झटके लगे। छठे ओवर में आवेश खान ने डेवाल्ड ब्रेविस को पवेलियन भेजा था। वे 13 गेंदों पर 31 रन बना सके थे। वहीं, अगले ही यानी सातवें ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने ईशान किशन को बोल्ड किया। ईशान 17 गेंदों पर दो चौके की मदद से 13 रन बना सके। सात ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 62 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव दो रन और तिलक वर्मा तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
छठे ओवर में मुंबई इंडियंस की टीम को दूसरा झटका लगा। जूनियर डीविलियर्स और बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस 13 गेंदों पर 31 रन की तूफानी पारी खेल आउट हुए। उन्हें आवेश खान ने दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में ब्रेविस ने छह चौके और एक छक्का लगाया। छह ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन क्रीज पर हैं। यह इस सीजन में पावरप्ले में मुंबई इंडियंस का हाईएस्ट स्कोर है।
पांच ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने एक विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल जूनियर डीविलियर्स और बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस नौ गेंदों पर 23 रन और ईशान किशन 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले मैच के बाद इस मैच में ब्रेविस का तूफान देखने को मिल रहा है। ब्रेविस ने पांचवें ओवर में आखिरी तीन गेंद पर एक छक्का और दो चौके लगाए। इस ओवर में मुंबई ने 20 रन बटोरे।
16 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को पहला झटका लगा। तेज गेंदबाज आवेश खान ने कप्तान रोहित शर्मा को डिकॉक के हाथों कैच कराया। रोहित सात गेंदों पर छह रन बना सके। तीन ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 20 रन है। फिलहाल जूनियर डीविलियर्स और बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस चार रन और ईशान किशन नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
मुंबई के ओपनर्स ईशान किशन और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। पहले ओवर में ईशान ने जेसन होल्डर की पहली गेंद पर चौका लगाया। एक ओवर के बाद मुंबई ने बिना कोई विकेट गंवाए छह रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन पांच रन और रोहित शर्मा एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
लखनऊ सुपरजाएंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 200 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 199 रन बनाए। कप्तान केएल राहुल ने आईपीएल करियर का तीसरा शतक लगाया। यह उनका 100वां आईपीएल मैच भी है। अपने 100वें आईपीएल मैच में शतक जड़ने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। राहुल 60 गेंदों पर 103 रन बनाकर नाबाद रहे। इसमें नौ चौके और पांच छक्के शामिल हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की शुरुआत अच्छी रही। राहुल ने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई। डिकॉक को फैबियन एलेन ने पवेलियन भेजा। मुंबई के लिए यह फैबियन का पहला मैच है। डिकॉक 13 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके और एक छक्का शामिल है। इसके बाद राहुल ने मनीष पांडे के साथ दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 72 रन की साझेदारी निभाई।
इस साझेदारी को मुरुगन अश्विन ने तोड़ा। उन्होंने मनीष पांडे को क्लीन बोल्ड किया। मनीष 29 गेंदों पर छह चौके की मदद से 38 रन बना सके। मार्कस स्टोइनिस कुछ खास नहीं कर सके और नौ गेंदों पर 10 रन बनाकर चलते बने। दीपक हुड्डा आठ गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान केएल राहुल 103 रन और क्रुणाल पांड्या एक रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की ओर से जयदेव उनादकट ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। वहीं, मुरुगन अश्विन और फैबियन एलेन को एक-एक विकेट मिला।
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने अपने 100वें आईपीएल मैच में आईपीएल करियर का तीसरा शतक जड़ा। उन्होंने 56 गेंदों पर शतक पूरा किया। वे 100वें आईपीएल मैच में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 195 रन है।
17वें ओवर में लखनऊ सुपरजाएंट्स को तीसरा झटका लगा। जयदेवा उनादकट ने मार्कस स्टोइनिस को रोहित के हाथों कैच आउट कराया। स्टोइनिस नौ गेंदों पर 10 रन बना सके। स्टोइनिस और राहुल के बीच 31 रन की साझेदारी हुई। 17 ओवर के बाद लखनऊ ने तीन विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान राहुल 49 गेंदों पर 87 रन और दीपक हुड्डा दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
16 ओवर के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स ने दो विकेट गंवाकर 155 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 46 गेंदों पर 81 रन और मार्कस स्टोइनिस आठ गेंदों पर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछले पांच ओवर यानी 12 से 16 ओवर में कुल 57 रन बने हैं और एक विकेट गिरा है।
14वें ओवर में लखनऊ सुपरजाएंट्स को दूसरा झटका लगा। मुरुगन अश्विन ने मनीष पांडे को क्लीन बोल्ड किया। मनीष 29 गेंदों पर 38 रन बना सके। इसमें छह चौके शामिल हैं। इससे पहले राहुल ने अपने 100वें आईपीएल मैच में 29वां अर्धशतक लगाया। 14 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 132 रन है। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस सात रन और राहुल 39 गेंदों पर 61 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए आईपीएल करियर का 29वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों पर पचास का आंकड़ा छुआ। यह उनका 100वां आईपीएल मैच भी है। 12 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 106 रन है। फिलहाल मनीष पांडे 24 गेंदों पर 29 रन और केएल राहुल 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 50 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
नौ ओवर के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स ने एक विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 27 गेंदों पर 40 रन और मनीष पांडे 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। यह राहुल का 100वां आईपीएल मैच है और वह 29वें अर्धशतक के करीब हैं।
लखनऊ सुपरजाएंट्स को छठे ओवर में 52 के स्कोर पर पहला झटका लगा। सीजन में अपना मैच और मुंबई के लिए भी पहला मैच खेल रहे वेस्टइंडीज के स्पिनर फैबियन एलेन ने क्विंटन डिकॉक को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। डिकॉक 13 गेंदों पर 24 रन बना सके। छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 57 रन है। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 20 गेंदों पर 27 रन और मनीष पांडे तीन गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

मुंबई के फैबियन एलेन को बधाई देते साथी खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ सुपरजाएंट्स ने तेज शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केएल राहुल नौ गेंदों पर नौ रन और क्विंटन डिकॉक नौ गेंदों पर 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह केएल राहुल का 100वां आईपीएल मैच भी है।
लखनऊ के ओपनर्स कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए सात रन है। फिलहाल राहुल छह रन और डिकॉक एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
लखनऊ के चार विदेशी खिलाड़ी क्विंटन डिकॉक, मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर और दुष्मंथा चमीरा हैं। वहीं, मुंबई के चार विदेशी खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस, कीरोन पोलार्ड, टाइमल मिल्स और फैबियन एलेन है।
लखनऊ सुपरजाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), मनीष पांडे, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बदोनी, जेसन होल्डर, क्रुणाल पांड्या, दुष्मंथा चमीरा, अवेश खान, रवि बिश्नोई।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड, फैबियन एलेन, जयदेव उनादकट, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टाइमल मिल्स।
लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। मुंबई की टीम में एक बदलाव है। बसिल थंपी की जगह फैबियन एलेन को मौका दिया गया है। एलेन का यह मुंबई के लिए डेब्यू मैच है। वहीं, लखनऊ की टीम में भी एक बदलाव है। कृष्णप्पा गौतम की जगह मनीष पांडे की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में अब तक इस सीजन में कुल छह मैच हुए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम दो बार मैच जीती है। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए टीमों को चार बार जीत हासिल हुई। सुनील गावस्कर के मुताबिक, पहले बैटिंग करने वाली टीम को 190 से 200 रन तक स्कोर करना होगा, तभी वह टीम मैच बचा सकेगी। शुरुआत में गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलेगी।
मुंबई की टीम 2014 के बाद एक बार फिर शुरुआती पांच मैच हार चुकी है और अभी से रोहित की टीम के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। लखनऊ के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा जीत हासिल कर अपनी टीम को शर्मनाक रिकॉर्ड से बचाना चाहेंगे। अगर मुंबई यह मैच हार जाती है तो किसी सीजन के शुरुआती छह मैच हारने वाली पहली टीम बन जाएगी। मुंबई के बल्लेबाज और गेंदबाज साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। यही टीम की हार की सबसे बड़ी वजह रही है।
लखनऊ की टीम को सीजन के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद यह टीम संभली और लगातार तीन जीत दर्ज की। चौथे मैच में राजस्थान के खिलाफ यह टीम तीन रन से हार गई। लखनऊ के लिए केएल राहुल और डिकॉक के जोड़ी अच्छा खेल दिखा रही है। मध्यक्रम में दीपक हुड्डा और आयुष बदोनी ने अच्छी बल्लेबाजी की है। स्टोइनिस के आने से टीम और मजबूत हुई है। अब बदोनी और स्टोइनिस सही तरीके से मैच खत्म कर सकते हैं।
गेंदबाजी में आवेश खान और रवि बिश्नोई ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बाकी गेंदबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी है। इसी वजह से लखनऊ को दो मैचों में हार का सामना भी करना पड़ा है। अब अपने छठे मैच में लखनऊ की टीम एकजुट होकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी।
मुंबई के लिए सबसे बड़ी परेशानी कप्तान रोहित का खराब फॉर्म है। रोहित इस सीजन बल्ले के साथ कुछ खास नहीं कर पाए हैं। उन्होंने पांच मैचों में 108 रन बनाए हैं। उनके अलावा गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन भी मुंबई की हार के लिए जिम्मेदार है। ईशान किशन ने शुरुआती दो मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन इसके बाद उनका बल्ला भी खामोश हो चुका है। डेवाल्ड ब्रेविस, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मध्यक्रम में अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन अब तक अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए हैं।
एक मैच को छोड़कर पोलार्ड का बल्ला अभी तक नहीं चला है। इस वजह से भी मुंबई मैच नहीं जीत पा रही है। गेंदबाजी में बुमराह ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन वो भी मैच जिताने वाला प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बुमराह को बाकी गेंदबाजों से समर्थन नहीं मिला है। इसी वजह से मुंबई के गेंदबाज किसी मैच में प्रभावी नहीं साबित हुए हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 26वें मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपरजाएंट्स से है। मुंबई की टीम अपने पिछले पांच मैच हार चुकी है। ऐसे में टीम यह मैच जीतकर लीग में वापसी करना चाहेगी। एक और हार से उन पर प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडराने लगेगा। वहीं, लखनऊ की टीम अब तक पांच मैच में से तीन मैच जीत चुकी है। वहीं, दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ की टीम अपना पिछला मैच हारकर आ रही है। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।